बिहार विधानसभा के लिए 26 महिलाएं निर्वाचित, 2015 के मुकाबले 2 कम, एक भी मुस्लिम नहीं

बिहार लोक संवाद ब्यूरो
पटना 11 नवंबर: बिहार में इस बार के विधानसभा चुनाव में 26 महिला उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। हालांकि 2015 के विधानसभा चुनाव में 28 महिलाओं ने कामयाबी हासिल की थी।
इस बार विधानसभा जाने वाली महिलाओं में एक भी मुसलमाना नहीं हैं।
इस बार के चुनाव में कुल 3733 प्रत्याशी चुनावी मैदान में थे, जिनमें सिर्फ 370 महिलाएं थीं। यह कुल उम्मीदवार का महज 9.91 फीसद है। सबसे ज्यादा भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर 9 महिलाएं चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंची हैं। इसके बाद राष्ट्रीय जनता दल की 7 और जनता दल यूनाईटेड की 6 महिलाओं ने चुनाव जीता है। इसी तरह कांग्रेस की दो, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा और विकासशील इंसान पार्टी की एक-एक महिला प्रत्याशी ने चुनाव में जीत हासिल की है।
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ने इस बार के चुनाव में 37 महिलाओं को टिकट दिया था। इस गठबंधन में शामिल जदयू ने सबसे ज्यादा 22, भाजपा ने 13, हम और वीआईपी ने एक-एक महिला को टिकट दिया। इनमें से भाजपा से 9 महिलाओं- रेणु देवी, श्रेयसी सिंह, निक्की हेम्ब्रम, कविता देवी, रश्मि वर्मा, गायत्री देवी, निशा सिंह, भागरथी देवी और अरुणा देवी ने जीत हासिल की।

लेसी सिंह

इसी तरह जदयू से 6 महिला प्रत्याशी मीना कुमारी, लेसी सिंह, शालिनी मिश्रा, शीला कुमारी, बीमा भारती और वीणा भारती ने जीत हासिल की।
हम के टिकट पर ज्योति देवी जबकि वीआईपी के टिकट पर स्वर्णा सिंह निर्वाचित हुईं।
दूसरी ओर, महागठबंधन की ओर से 24 महिला चुनावी मैदान में उतरीं। महागठबंधन में शामिल राजद ने 16, कांग्रेस ने 7 और भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी-लेनिनवादी (भाकपा-माले) ने महज 1 महिला को उम्मीदवार बनाया। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने किसी महिला उम्मीदवार को उम्मीदवार नहीं बनाया।
राजद के टिकट पर 7 महिला उम्मीदवार वीणा सिंह, रेखा देवी, संगीता कुमारी, विभा देवी, अनिता देवी, किरण देवी और मंजू अग्रवाल ने कामयाबी हासिल की।
इसी तरह कांग्रेस के टिकट पर नीतू कुमारी और प्रतिमा कुमारी ने जीत हासिल की। भाकपा-माले की महिला उम्मीदवार को जीत हासिल नहीं हुई।
लोक जनशक्ति पार्टी ने 22, बहुजन समाज पार्टी ने 8, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी ने 9 और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने 5 महिलाओं को प्रत्याशी बनाया। इनमें से कोई भी जीत हासिल नहीं कर सकीं।
बताते चलें कि बिहार में 2015 के विधान सभा चुनाव में कुल 272 महिला उम्मीदवार खड़ी हुईं थी जिनमें 28 निर्वाचित हुई थीं। उस समय महागठबंधन में शामिल जदयू, राजद और कांग्रेस ने कुल 25 महिला प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतारा था। इनमें से 23 ने जीत हासिल की थी। जदयू और राजद ने 10-10 और कांग्रेस ने 5 महिलाओं को उम्मीदवार बनाया था। इनमें जदयू की 9, राजद की सभी 10 और कांग्रेस की 4 महिला उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की थी। चुनाव में भाजपा ने 13 महिला प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतारा था जिनमें से 4 ने सफलता प्राप्त की थी।
बोचहा(सु) से एक निर्दलीय प्रत्याशी बेबी कुमारी को कामयाबी हासिल हुई थी। बेबी ने परिवहन मंत्री रमई राम को हराया था।

 436 total views

Share Now

Leave a Reply