छ्पी-अनछपी: हिज़्बुल्लाह का इसराइल के पीएम के घर ड्रोन अटैक, शराब कांड का सरगना गिरफ्तार

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। हिज़्बुल्लाह ने इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू के घर पर ड्रोन से हमला किया हालांकि वह उस समय अपने घर पर मौजूद नहीं थे। सीवान और सारण में हुए शराब कांड के सरगना को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आईएएस अधिकारी संजीव हंस के दो करीबी लोगों को मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में गिरफ्तार किया गया है। झारखंड में भाजपा से पांच पूर्व मुख्यमंत्रियों के रिश्तेदारों को टिकट दिया गया है।

हिन्दुस्तान के अनुसार हिज़्बुल्लाह ने इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतान्याहू के आवास को शनिवार को ड्रोन से निशाना बनाया। सरकार ने बताया कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। सरकार ने बताया कि लेबनान की ओर से गोलाबारी के मद्देनजर शनिवार सुबह इसराइल में सायरन बज उठा। इसके बाद नेतन्याहू की सैसरिया स्थित आवास पर ड्रोन से हमला किया गया। प्रधानमंत्री के प्रवक्ता ने एक बयान में बताया कि प्रधानमंत्री आवास पर जिस समय यह हमला हुआ तब नेतन्याहू और उनकी पत्नी वहां मौजूद नहीं थे। नेतन्याहू ने हमले को हिज़्बुल्लाह की भयंकर गलती बताया है।

शराब कांड का सरगना गिरफ्तार

भास्कर के अनुसार जहरीली शराब बनाने के लिए स्पिरिट सप्लाई करने वाला सिकंदर कुमार उर्फ मंटू सिंह गिरफ्तार हो गया है। उसकी गिरफ्तारी शनिवार को गोपालगंज जिले के मोहम्मदपुर से हुई। मंटू सारण के मशरक के बाली बिशनपुर का रहने वाला है। मशरक थाने में सीवान एसपी अमितेश कुमार और एसआईटी की टीम ने मंटू से घंटों पूछताछ की। शराब मामले में केस मशरक थाने में दर्ज है। मंटू सिंह समेत 8 लोगों को पुलिस ने जेल भेजा है। आठ में से तीन ने सरेंडर किया था। मंटू बड़े पैमाने पर स्पिरिट की खेत मांगता था। इसी स्पिरिट से सीवान के रजनीकांत ने शराब बनाई और बची। शराब बनाने में रजनीकांत की पत्नी माला देवी भी शामिल थी। पुलिस पहले ही दोनों को जेल भेज चुकी है। माला ने पुलिस को बताया कि शराब पीने से मौत होने लगी तो बची हुई शराब उसने घर के शौचालय की टंकी में बहा दी। इस कांड में मरने वालों की संख्या 60 हो गई है।

संजीव हंस के दो करीबी गिरफ्तार

 

हिन्दुस्तान की सबसे बड़ी खबर के अनुसार ईडी ने आईएएस संजीव हंस की गिरफ्तारी के बाद शनिवार को उनसे जुड़े दो अन्य लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इसमें दिल्ली के रहने वाले प्रवीण चौधरी और शादाब खान शामिल हैं। प्रवीण मूल रूप से बिहार के मधुबनी जिले के रहने वाले हैं। वह बिहार के सरकारी विभागों में भी ठेकेदारी का काम करते हैं। उनपर संजीव हंस की काली कमाई को दिल्ली में कई स्थानों पर निवेश करने का आरोप है। आईएएस हंस ने दिल्ली के आनंद निकेतन कॉलोनी में मौजूद सी-35 नंबर बंगला प्रवीण चौधरी के नाम से बेनामी संपत्ति के तौर पर बनाई थी। इसी बंगले में आईएएस का परिवार रहता है। इसके अलावा दिल्ली से गिरफ्तार हुआ एक अन्य शख्स शादाब खान भी संजीव हंस से सीधे तौर पर जुड़ा हुआ था। वह उनके सभी काली कमाई का निवेश अनेक स्थानों खासकर रियल एस्टेट में करता था।

भाजपा से पांच पूर्व मुख्यमंत्रियों के रिश्तेदारों को टिकट

प्रभात खबर के अनुसार भारतीय जनता पार्टी ने झारखंड विधानसभा के लिए 66 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। भाजपा की ओर से इस बार पांच पूर्व सीएम के परिजन मैदान में होंगे वहीं दो पूर्व सीएम भी चुनाव लड़ रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री के जिन परिजनों को टिकट मिला है उनमें वर्तमान में ओडिशा के राज्यपाल रघुवर दास की बहू पूर्णिमा दास साहू को जमशेदपुर पूर्वी, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा की पत्नी मीरा मुंडा को पोटका, चंपाई सोरेन के पुत्र बाबूलाल सोरेन को घाटशिला और मधु कोड़ा की पत्नी गीता कूड़ा को जगन्नाथपुर से टिकट दिया गया है। इसके अलावा पूर्व सीएम शिबू सोरेन की बड़ी बहू सीता सोरेन को भी जामताड़ा से भाजपा ने टिकट दिया है।

झारखंड में सीट बंटवारे से राजद रूठा

भास्कर के अनुसार इंडिया गठबंधन में सीट शेयरिंग की गुटी शनिवार को भी नहीं सुलझी। दरअसल गठबंधन के सबसे बड़े दल झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस ने 81 में से 70 सीटें आपस में बांट लीं। अन्य घटक दलों के लिए केवल 11 सीटें छोड़ीं। इससे राजद रूठ गया। इसको लेकर देर रात तक तकरार चलती रही। गठबंधन के तीन दलों के बड़े नेता कांग्रेस के राहुल गांधी, झारखंड मुक्ति मोर्चा के हेमंत सोरेन और राजद के तेजस्वी यादव शनिवार को रांची में थे। इस बीच दोपहर करीब 2:00 बजे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रदेश कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर, विधायक दल के नेता रामेश्वर उरांव और कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश्वर ठाकुर के साथ सामने आए। उन्होंने कांग्रेस और झामुमो के बीच समझौता होने की घोषणा कर दी। इधर राजद के प्रवक्ता मनोज झा ने कहा कि झारखंड में उनकी ताकत मजबूत है लेकिन इसके अनुरूप सीट नहीं दी गई। उन्होंने कहा 12 सीटों पर राजद का मजबूत दावा बनता है।

ड्रोन से पहुंचेगी मछली

प्रभात खबर की सबसे बड़ी खबर के अनुसार अब ड्रोन तकनीक से आपके घरों और होटल में ताजा मछली भेजी जा सकेगी। इसके साथ ही ड्रोन से संकट के समय मछुआरों तक लाइफ़ जैकेट भी पहुंचाया जा सकेगा। इसका उपयोग कर मछलियों तक आहार भेजा जा सकेगा और उनकी बीमारियों की पहचान भी हो सकेगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को पटना के ज्ञान भवन में मत्स्य पालन के क्षेत्र में ड्रोन तकनीक का उपयोग कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस दौरान ड्रोन तकनीक का लाइव ट्रायल दिखाया गया। ड्रोन द्वारा आहार और मछली उठाकर ले जाने की प्रक्रिया विभिन्न जिलों से आए किसानों को दिखाई गई।

कुछ और सुर्खियां

  • उपचुनाव: प्रोफेसर खिलाफत हुसैन बेलागंज से और जितेंद्र पासवान इमामगंज से जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार
  • भाजपा ने तरारी से पूर्व विधायक सुनील पांडे के बेटे विशाल प्रशांत को टिकट दिया
  • पैसे लेकर ग्रामीण डाक सेवक की बहाली में सासाराम के डाक अधीक्षक को 3.47 लाख रुपये के साथ सीबीआई ने दबोचा
  • जम्मू कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा देने का प्रस्ताव एलजी ने मंजूर किया
  • जदयू से भाजपा में गए आरसीपी सिंह अब बनाएंगे अपनी नई पार्टी
  • चुनाव आयोग ने झारखंड के कार्यवाहक डीजीपी अनुराग गुप्ता को हटाया, अजय कुमार सिंह तैनात

अनछपी: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को पटना में एक कार्यक्रम के दौरान दावा किया कि उन्होंने हिंदू मुस्लिम का झंझट खत्म कर दिया है। लेकिन बिहार के माहौल को देखते हुए क्या ऐसा लगता है कि हिंदू मुस्लिम झंझट खत्म हो चुका है? एक तरफ नीतीश कुमार हिंदू मुस्लिम झंझट खत्म करने का दावा कर रहे हैं तो ठीक इसी समय गिरिराज सिंह हिंदू स्वाभिमान यात्रा के नाम पर इस झंझट को बढ़ा रहे हैं। हालांकि भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने यह जरूर कहा कि उनकी पार्टी इस यात्रा से सरोकार नहीं रखती लेकिन गिरिराज सिंह जो विवादास्पद बातें करते हैं या इस यात्रा के दौरान कर रहे हैं उसकी रोकथाम के लिए नीतीश कुमार क्या कर रहे हैं, इसका पता नहीं चलता। गिरिराज सिंह अपनी इस यात्रा में पूरी तरह निराधार बातें और सांप्रदायिक नफरत को बढ़ाने वाली बातें कर रहे हैं। वह कह रहे हैं कि कटिहार में 16 प्रखंड हैं लेकिन कुछ प्रखंडों में घुसपैठियों ने कब्जा कर लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे लोग कटिहार को बांग्लादेश बना देना चाहते हैं। नीतीश कुमार अगर समझते हैं कि हिंदू मुस्लिम का झंझट खत्म होना चाहिए तो ऐसे झंझट करने के लिए बयान देने वाले गिरिराज सिंह को वह क्यों नहीं रोकते? इस तरह के गलत दावों से निपटने के लिए नीतीश कुमार क्या कर रहे हैं? गिरिराज ने कटिहार के बारे में ही कहा कि यहां 3000 मस्जिदें हैं और पूरे भारत में 20 लाख मस्जिदें हैं। अगर गिरिराज सिंह को इस बात से कोई कष्ट नहीं है तो इसे बताने की क्या जरूरत है और इस आंकड़े का स्रोत क्या है वह यह नहीं बताते। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पहले कह चुके हैं कि एनआरसी नहीं लागू होगा लेकिन गिरिराज सिंह कहते हैं कि देश में एनआरसी लागू होना चाहिए। गिरिराज सिंह के अलावा भी कई दूसरे भाजपा नेता हैं जो ऐसे विवादास्पद बयान देते रहते हैं लेकिन सरकार चलाने के लिए भाजपा से सहयोग लेने की मजबूरी में नीतीश कुमार उनके खिलाफ कोई कार्रवाई करते नजर नहीं आते हैं। नीतीश कुमार ने अगर इन बातों पर ध्यान नहीं दिया तो कहीं ऐसा ना हो कि वह यह कहने की स्थिति में नहीं रहें कि उन्होंने हिंदू मुस्लिम झंझट खत्म किया।

 234 total views

Share Now

Leave a Reply