छ्पी-अनछपी: बाबा सिद्दीक़ी के मर्डर के बाद टार्गेट पर सलमान, संयुक्त राष्ट्र के सैनिकों पर इसराइली हमला

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। महारष्ट्र के चर्चित नेता बाबा सिद्दीकी के मर्डर के बाद फ़िल्म स्टार सलमान खान की सुरक्षा बढ़ा दी गई है क्योंकि उन्हें लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का टार्गेट माना जा रहा है। संयुक्त राष्ट्र के शांति रक्षक बलों पर इसराइली हमले की निंदा की गई है। बिहार से मॉनसून विदा हो गया है और इस साल सामान्य से 20 फ़ीसद कम बारिश हुई है। गुजरात में 5000 करोड़ रुपये की ड्रग्स ज़ब्त की गई है।
आज के अखबारों की यह अहम खबरें हैं।
जागरण की सबसे बड़ी खबर के अनुसार मुंबई के बांद्रा ईस्ट इलाके में शनिवार रात अज्ञात हमलावरों ने अजित पवार की अगुवाई वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता एवं महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी। बांद्रा ईस्ट से तीन बार विधायक बाबा सिद्दीकी इस वर्ष फरवरी में कांग्रेस छोड़कर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए थे। उनके पुत्र जीशान सिद्दीकी वर्तमान में बांद्रा ईस्ट से ही विधायक हैं। पुलिस ने हत्या में आरोपित दो शूटरों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि तीसरा फरार है। बाबा सिद्दीकी मूल रूप से बिहार के गोपालगंज जिले के मांझागढ़ थाना क्षेत्र के शेख टोली गांव के निवासी थे।
सलमान की सुरक्षा बढ़ाई गई
एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के अपार्टमेंट के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इस घटना के तार लॉरेंस गैंग से जुड़ रहे हैं। लॉरेंस गैंग ने पहले ही सलमान खान पर हमले की धमकी दी है। इस साल अप्रैल में बांद्रा स्थित उनके घर के बाहर गोलीबारी भी हुई थी। इन्हीं तथ्यों को ध्यान में रखते हुए उनके घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
संयुक्त राष्ट्र बलों पर इसराइल के हमले की निंदा
जागरण के अनुसार अंतरराष्ट्रीय नियमों से बेपरवाह इसराइली सेना ने रविवार को दक्षिणी लेबनान में दो टैंकों से संयुक्त राष्ट्र के शांति रक्षक बल परिसर का मुख्य दरवाजा तोड़ दिया और रोके जाने के बावजूद भी टैंक परिसर में घुस गए। गुरुवार से तीन अलग-अलग घटनाओं में इसराइली सेना के हमले में संयुक्त राष्ट्र शांति रक्षक बल के कुल पांच जवान घायल हो चुके हैं। एक जवान शनिवार देर रात घायल हुआ था। संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस और पश्चिमी देशों के नेताओं ने इन घटनाओं की कड़ी निंदा की है। शांति रक्षक बल पर इसराइली हमलों की भारत और 34 अन्य देशों ने कड़ी निंदा की है।
बिहार से मॉनसून विदा
भास्कर के अनुसार बिहार से मानसून विदा हो गया। मौसम विज्ञान केंद्र ने इसकी आधिकारिक घोषणा रविवार को कर दी। 11 अक्टूबर को राज्य के पश्चिमी इलाके से और रविवार को संपूर्ण बिहार से मानसून विदा हुआ। इस साल पिछले साल के मुकाबले में 3 फ़ीसद अधिक बारिश हुई है लेकिन कुल मिलाकर सामान्य से 20 फ़ीसद कम वर्षा हुई है। इस साल सबसे अधिक नवादा में 94 फीसद और सबसे कम शिवहर में 64 फ़ीसद बारिश हुई।
5000 करोड़ की ड्रग्स ज़ब्त
हिन्दुस्तान के अनुसार दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने रविवार को गुजरात के अंकलेश्वर स्थित निजी कंपनी अवकार ड्रग्स लिमिटेड में छापेमारी कर पांच हजार करोड़ रुपये की 518 किलोग्राम कोकीन (ड्रग्स) बरामद की है। बीते दिनों दिल्ली के महिपालपुर और रमेश नगर स्थित गोदाम से ड्रग्स जब्त किए जाने के बाद मिले सबूतों के आधार पर दिल्ली पुलिस ने गुजरात पुलिस के साथ मिलकर ड्रग्स की बड़ी खेप जब्त करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने कुछ कर्मचारियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
प्रोफेसर साईं बाबा का देहदान
प्रभात खबर के अनुसार माओवादियों से कथित संबंधों के एक मामले में महज़ 7 महीने पहले बरी किए गए दिल्ली यूनिवर्सिटी के अंग्रेजी के पूर्व प्रोफेसर एन साईंबाबा का शनिवार को हैदराबाद के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह गॉलब्लैडर के ऑपरेशन के बाद इंफेक्शन से परेशान थे। दो हफ्ते पहले उनका ऑपरेशन हुआ था। इस बीच उनके परिजनों ने रविवार को कहा कि उनकी इच्छा के अनुसार उनका पार्थिव शरीर गांधी मेडिकल कॉलेज को 14 अक्टूबर को दान कर दिया जाएगा। गौरतलब है कि मुंबई हाई कोर्ट की नागपुर पीठ ने इस मामले में साईंबाबा एवं पांच अन्य को इस साल मार्च में बरी कर दिया था। उन्हें 2014 में यूएपीए के गिरफ्तार किया गया था।
कटिहार पुलिस की गोली से हुई थी प्रदर्शनकारियों की मौत
अनियमित बिजली आपूर्ति के विरोध में कटिहार के बारसोई अनुमंडल परिसर में 26 जुलाई 2023 को धरना प्रदर्शन हुआ था। तब हंगामा कर रहे लोगों को नियंत्रित करने में पुलिस की फायरिंग में दो लोगों की मौत हो गई और एक घायल हो गया था। घटना के बाद बवाल मचा और पुलिस की फायरिंग से दोनों की मौत का आरोप लगा। तब तत्कालीन डीएम रवि प्रकाश और एसपी जितेंद्र कुमार ने आरोपों को खारिज करते हुए इसे सुनियोजित साजिश बताया। भास्कर के अनुसार अब घटना के साल भर बाद सरकार ने भी माना है कि प्रदर्शनकारी पुलिस की गोली के शिकार हुए थे। जांच में पाया गया कि तत्कालीन बारसोई के एसडीओ राजेश्वरी पांडे मामले की गंभीरता का अनुमान लगाने में असफल रहे।
कुछ और सुर्खियां
● जम्मू कश्मीर से राष्ट्रपति शासन हटाया गया, नई सरकार के गठन का रास्ता साफ
● सारण जिले के एकमा के भूईली गांव में दशहरा जुलूस में भड़के हाथी ने एक व्यक्ति को मार डाला
● झारखंड और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए तारीखों की घोषणा आज संभव
● केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह 18 अक्टूबर को भागलपुर से निकलेंगे हिंदू स्वाभिमान यात्रा
● पीएम इंटर्नशिप के लिए 24 घंटे में ही डेढ़ लाख का रजिस्ट्रेशन
अनछपी: एक डबल इंजन सरकार वाले राज्य गुजरात में बंद अपराधी के इशारे पर दूसरे डबल इंजन सरकार वाले राज्य महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के पॉश इलाके बांद्रा में पूर्व मंत्री और वर्तमान महाराष्ट्र सरकार में शामिल एनसीपी के सदस्य ज़ियाउद्दीन उर्फ़ बाबा सिद्दीकी का मर्डर पूरे भारत के लिए शर्मिंदगी की बात है। अजीब बात यह है कि इस गिरोह के जिस एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया है वह एक तीसरे डबल इंजन सरकार वाले राज्य हरियाणा का बताया गया है। केंद्र की तरह इन तीनों राज्यों में भी भारतीय जनता पार्टी या सहयोगी की सरकार है और ऐसी सरकार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बहुत ही गर्व से डबल इंजन की सरकार कहते हैं। ऐसी हत्या पहली बार नहीं हुई है लेकिन इससे एक बार फिर यह साबित हुआ है कि भारत में ऐसा गुंडा गिरोह मौजूद है जो जब चाहे जिसकी चाहे हत्या करवा सकता है। जिस लॉरेंस बिश्नोई गिरोह ने इस हत्या की जिम्मेदारी ली है उसका दुस्साहस देखिए कि उसका एक सदस्य फेसबुक पर आकर यह दावा करता है। इसी गिरोह पर सिद्धू मूसेवाला के मर्डर का भी आरोप है। ऐसा नहीं है कि बाबा सिद्दीकी की जान को खतरे का अंदाजा नहीं था बल्कि इसीलिए उन्हें सुरक्षा भी प्रदान की गई थी इसके बावजूद उनकी हत्या हो जाना पूरे देश की नाकामी है। भारतीय जनता पार्टी दूसरे राज्यों की विधि व्यवस्था के बारे में बहुत सवाल खड़े करती है लेकिन गुजरात में बंद इस गुंडे का गिरोह देश के कई हिस्सों में हत्याएं कर रहा है और उसे कोई रोक नहीं पा रहा है। राजनीति में नैतिकता के नाम पर इस्तीफा देने का सिलसिला भारतीय जनता पार्टी ने बंद कर रखा है वरना ऐसे मामले में कम से कम राज्य के गृह मंत्री का इस्तीफा जरूर हो जाना चाहिए था जो विभाग देवेंद्र फडणवीस के पास है। इस मर्डर के बाद भी यह सवाल बना हुआ है कि लॉरेंस बिश्नोई यूरोप का अगला टार्गेट कौन होगा क्योंकि वह फ़िल्म स्टार सलमान खान को भी मारना चाहता है। ऐसे में यह सवाल भी वाजिब मालूम पड़ता है कि क्या भारत में इस तरह के गिरोह को खत्म करने की शक्ति या इच्छा शक्ति मौजूद है?

 416 total views

Share Now