छ्पी-अनछपी: यूक्रेन ने रूस के 41 जहाज़ तबाह किए, नॉर्थ-ईस्ट में बाढ़ से बिगड़े हालात
बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। यूक्रेन ने रूस के 4000 किलोमीटर अंदर ड्रोन हमला करके 41 मिलिट्री जहाज तबाह कर दिए। नॉर्थ ईस्ट में भारी बारिश से तबाही के हालात। दिल्ली में आईआरएस अधिकारी को 25 लाख रुपए घूस के मामले में गिरफ्तार किया गया। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना पर सामूहिक हत्या का आरोप तय और वारंट जारी। बिहार में जमीन के बारे में जानकारी और शिकायतों के लिए अब टोल फ्री नंबर।
और, जानिएगा पासपोर्ट के लिए फर्जी वेबसाइटों से कैसे बिहार के दस हज़ार से ज़्यादा लोग ठगे गए।
पहली खबर
प्रभात खबर के अनुसार यूक्रेन ने रविवार को रूस पर बड़ा ड्रोन अटैक किया। यूक्रेन का दावा है कि उसने रूस की सीमा में दाखिल होकर उसके 40 से अधिक सैन्य विमान नष्ट कर दिए हैं। यह हमला उसी दिन हुआ जब यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंसकी ने कहा कि यूक्रेन सोमवार को रूस के साथ सीधी शांति वार्ता के लिए इस्तांबुल में अपना एक प्रतिनिधिमंडल भेजेगा। विभिन्न सूत्रों ने बताया कि हमले के लिए ट्रकों में लाद कर ड्रोन को रूसी सीमा के अंदर काफी अंदर तक ले जाया गया। एक अधिकारी के मुताबिक ड्रोन से रविवार दोपहर को रूस के कई हवाई अड्डों पर 41 बम वर्षक विमान को निशाना बनाया गया। एक अधिकारी के मुताबिक यूक्रेन से 4000 किलोमीटर से अधिक दूर रूस के इरकुत्स्क क्षेत्र में स्थित वायु सेना का बेलाया हवाई अड्डा भी हमले में शामिल है। रूस के रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में पुष्टि की है कि उसके पांच हवाई क्षेत्र को निशाना बनाया गया है। उसने कहा कि एफपीवी ड्रोन ने यूक्रेन से 4000 किलोमीटर से अधिक दूर इरकुत्स्क क्षेत्र के साथ-साथ रूस के उत्तरी मरमस्क हवाई अड्डों पर विमान को नुकसान पहुंचाया।
नॉर्थ ईस्ट में बाढ़ से बिगड़े हालात
जागरण के अनुसार भारी बारिश और बाढ़ से पूर्वोत्तर के कई राज्यों में स्थिति बदहाल हो गई है। असम में ब्रह्मपुत्र समेत 7 प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं और 20 से अधिक जिलों में चार लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं। राज्य में पिछले 24 घंटे के दौरान बाढ़ और जमीन खिसकने से दो और लोगों की मौत के साथ ही मरने वालों की संख्या 10 हो गई है। अरुणाचल प्रदेश में लगातार भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन में नौ लोगों की मौत हो गई। वर्षा और भूस्खलन से उत्तरी सिक्कम में करीब 1500 पर्यटक फंसे हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार 29 मई से जारी बारिश और बाढ़ के चलते पूर्वोत्तर के 6 राज्यों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 34 हो गई है।
आईआरएस अधिकारी 25 लाख घूस के मामले में गिरफ्तार
सीबीआई ने नई दिल्ली में टैक्स पेयर सर्विस डायरेक्टरेट में तैनात एडिशनल डायरेक्टर जनरल अमित कुमार सिंघल को 25 लख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। सिंगल 2007 बैच के आईआरएस अधिकारी हैं। गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने सिंगल से जुड़े ठिकानों पर दिल्ली मुंबई और पंजाब में छापा मारा। सीबीआई के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार अमित कुमार सिंघल ने आयकर से जुड़ी जांच को खत्म करने के लिए एक इनकम टैक्स पेयर से 45 लाख रुपए के रिश्वत की मांग की थी। रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 25 लाख रुपए दे जाने थे। इसकी जानकारी मिलने के बाद सीबीआई ने सिंघल को रंगे हाथों गिरफ्तार करने की योजना बनाई। सिंगल का घर पंजाब के मोहाली में है जहां 25 लाख रुपए दिए जाने थे।
शेख हसीना पर सामूहिक हत्या का आरोप तय, वारंट जारी
भास्कर के अनुसार बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय अपराध ट्रिब्यूनल (आईसीटी) ने बेदखल की गईं प्रधानमंत्री शेख हसीना के खिलाफ पिछले वर्ष छात्रों के प्रदर्शन को हिंसक रूप से दबाने के लिए जनसंहार समेत कई आरोप तय किए हैं। इस कार्रवाई के बाद अब हसीना के खिलाफ उनकी गैर हाजिरी में मुकदमा शुरू किया जाएगा। यह कार्रवाई छात्रों के विरोध प्रदर्शनों के बाद हसीना सरकार के सत्ता से हटाने के 10 महीने बाद शुरू हुई है। न्यायाधिकरण ने हसीना, तत्कालीन गृह मंत्री असदुज्जमां खान कमाल के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। तीसरे आरोपी तत्कालीन पुलिस महानिरीक्षक चौधरी अल-मामून हिरासत में हैं।
ग़ज़ा में अनाज लेने जुटे लोगों पर फायरिंग, 31 की मौत
जागरण के अनुसार ग़ज़ा में अनाज लेने के लिए जुटे हजारों फलस्तीनियों पर रविवार को इसराइली सैनिकों ने फायरिंग कर दी। फायरिंग में 31 लोग मारे गए और 170 घायल हुए हैं। लंबे इंतजार के बाद आई खाद्य सामग्री के वितरण की जिम्मेदारी इसराइल समर्थित संगठन पर है। करीब 3 महीने के बाद ग़ज़ा आई खाद्य सामग्री को लेने के लिए मारामारी मची हुई है। इसराइली सेना की रोक-टोक के बीच आने वाली सामग्री मांग से बहुत कम होती है।
जमीन की जानकारी और शिकायतों का हल अब एक कॉल पर
जागरण के अनुसार जमीन से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने बड़ी पहल की है। विभाग ने राज्य का पहला हेल्पलाइन सेंटर शुरू किया है। हेल्पलाइन के फ्री नंबर 1800 3456215 के माध्यम से नागरिकों को भूमि संबंधी दस्तावेज विभागीय योजनाओं शिकायतों और समाधान से जुड़ी सेवाएं एक ही नंबर पर प्राप्त हो सकेंगे। हेल्पलाइन सेंटर का उद्घाटन रविवार को पटना के दानापुर स्थित सीएससी कार्यालय में राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री संजय सरावगी ने किया।
पासपोर्ट की फर्जी वेबसाइटों से ठगे गए दस हजार लोग
हिन्दुस्तान के अनुसार पासपोर्ट बनाने की इच्छा रखनेवाले हजारों लोग फर्जीवाड़े के फेर में फंस गए हैं। पासपोर्ट के लिए उन्होंने आवेदन तो किया, लेकिन सही जगह पर नहीं। फर्जी वेबसाइट बनाकर जालसाजों ने सिर्फ उनका समय ही बर्बाद नहीं किया बल्कि पैसे भी ऐंठ लिये। जालसाजों ने बिहार के 10 हजार से अधिक लोगों को अपना शिकार बनाया। दरअसल, 10564 लोगों ने पासपोर्ट बनाने के लिए ऑनलाइन आवेदन किया। इस दौरान ये नकली वेबसाइट के फेर में फंस गए। जालसाजों ने मामूली फेरबदल कर मिलता-जुलता वेबसाइट बनाया और इसके चक्कर में दस हजार से अधिक लोग फंस गए। जब महीनों तक कागजात सत्यापन की तिथि नहीं मिली तो क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय और पासपोर्ट सेवा केंद्र पहुंचे तो पता चला कि जिस वेबसाइट पर इन्होंने आवेदन किया, वह फर्जी है। पासपोर्ट बनाने के लिए विदेश मंत्रालय के आधिकारिक वेबसाइट www.passportindia.gov.in पर ही आवेदन करें।
कुछ और सुर्खियां:
- भारत में अगले साल तक करीब 10 लाख एआई प्रोफेशनल्स की जरूरत होगी
- नेपाल में राजशाही समर्थकों के साथ पुलिस की भिड़ंत, पूर्व उप प्रधानमंत्री कमल थापा गिरफ्तार
- उत्तर प्रदेश में मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास अंसारी की विधायकी खत्म
- पटना के मसौढ़ी में आबकारी पुलिस को देख नाले में कूदे आधा दर्जन शराबी, एक की मौत
- बांग्लादेश में जमात-ए-इस्लामी का रजिस्ट्रेशन बहाल, लड़ सकती है चुनाव
अनछपी: बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे लगातार इस बात का दावा करते रहे हैं कि यहां स्वास्थ्य सेवाएं बहुत बेहतर की गई हैं। बिहार के सबसे पुराने पटना मेडिकल कॉलेज ऐंड हॉस्पिटल (पीएमसीएच) के बारे में बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं और यह भी कहा जा रहा है कि इसकी जो नई बिल्डिंग बन रही है, उससे पीएमसीएच एशिया का दूसरा सबसे बड़ा अस्पताल बनेगा। लेकिन पिछले तीन-चार दिनों से मुजफ्फरपुर के कुढ़नी थाना क्षेत्र के एक गांव की 10 साल की महादलित लड़की के साथ जो कुछ हुआ वह हर लिहाज से शर्मसार करने वाला है। इस लड़की के साथ रेप किया गया और उसका गला रेत दिया गया। इसके बाद इस बच्ची को मुजफ्फरपुर के सरकारी मेडिकल कॉलेज एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया। वहां से इसे पीएमसीएच रेफर किया गया क्योंकि मुजफ्फरपुर में इलाज की जरूरी व्यवस्था नहीं थी। मुजफ्फरपुर से जब यह लड़की पीएमसीएच पहुंची तो चार घंटे तक वह एंबुलेंस में ही पड़ी रही हालांकि पीएमसीएच के अधिकारियों का कहना है कि वहां उसका इलाज हुआ लेकिन उसके घर वालों का कहना है कि उसे कोई इलाज नहीं दिया गया और बेड और इलाज कमी से उसकी हालत बिगड़ती गई। यह भी आरोप है कि 4 घंटे तक एंबुलेंस में रहने के बाद उन्हें एक विभाग से दूसरे विभाग तक दौड़ाया गया। अखबारों के अनुसार पहले उसके रिश्तेदार उसे सेंट्रल इमरजेंसी में ले गए थे लेकिन पीड़िता के गले और सीने में ज्यादा जख्म था, इसलिए उसे ईएनटी विभाग में रेफर किया गया। वह एसकेएमसीएच के बाल रोग विभाग में भर्ती थी इसलिए फिर से उसे बाल रोग विभाग में भेजा गया। मगर शिशु रोग विभाग ने फिर से ईएनटी में ही रेफर कर दिया। पीएमसीएच के प्रभारी सुपरिंटेंडेंट डॉक्टर अभिजीत कुमार सिंह का कहना है कि उनके यहां ईएनटी में आईसीयू की व्यवस्था नहीं है। इसलिए विशेषज्ञ टीम की देखरेख में गायनी में भर्ती कराया गया। अक्सर अखबारों ने यह बात नहीं लिखी है लेकिन यह बात भी सामने आई है कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम के हस्तक्षेप के बाद ही उस बच्ची को पीएमसीएच में भर्ती लिया गया था। बहरहाल यह सिर्फ एक बच्ची की मौत की खबर नहीं है बल्कि बिहार में स्वास्थ्य विभाग की अमानवीय हो चुकी हालत भी बताती है। बिहार में मानवाधिकार आयोग है और महादलित आयोग भी है, क्या हम यह उम्मीद कर सकते हैं कि इस बच्ची के घरवालों को इंसाफ मिलेगा और पीएमसीएच के दोषी लोगों को सजा मिलेगी?
513 total views
