छ्पी-अनछपी: ईरान मुद्दे पर रूस-चीन ने अमेरिका को चेताया, ई रिक्शा की बैट्री फटने से तीन की मौत

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। ईरान के खिलाफ जंग में इसराइल के साथ अमेरिका के उतरने की अटकलबाजी के बीच रूस और चीन ने चेतावनी जारी की है। मुजफ्फरपुर में एक ई रिक्शा की बैट्री फटने से एक ही परिवार के तीन लोगों के मौत हो गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सीवान आ रहे हैं। पेपर लीक मामले में पटना और नालंदा समेत 11 ठिकानों पर ईडी ने छापा मारा है। राजद प्रमुख लालू प्रसाद ने कहा है कि तेजस्वी यादव ही महागठबंधन के मुख्यमंत्री चेहरा होंगे।

और, जानिएगा कि राष्ट्रगान के समय हाथ जोड़ने के मामले में नीतीश कुमार को कैसे मिली हाईकोर्ट से राहत।

पहली खबर

हिन्दुस्तान के अनुसार ईरान और इसराइल के बीच पिछले सात दिन से संघर्ष जारी है। मध्य-पूर्व में बढ़े तनाव को लेकर दुनिया के कई देश बयान जारी कर रहे हैं। इस बीच, रूस-चीन ने अमेरिका को ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई न करने की चेतावनी दी है। दरअसल, यह अटकलबाजी होने लगी है कि वाशिंगटन अगले हफ्ते तक इसराइल के साथ लड़ाई में शामिल हो सकता है। रूस के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोवा ने गुरुवार को कहा, ईरान के खिलाफ अमेरिका के सैन्य हस्तक्षेप करना खतरनाक कदम होगा। यह कई अप्रत्याशित नकारात्मक परिणामों को साथ लेकर आएगा। दूसरी तरफ चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कहा कि ईरान-इसराइल के संघर्ष से दुनिया में तनाव और बढ़ेगा। उन्होंने सीजफायर पर ध्यान देने को कहा।

पुतिन ने मध्यस्थता की पेशकश की

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने इसराइल और ईरान के बीच संघर्ष को समाप्त कराने के लिए मध्यस्थता की पेशकश की और कहा कि मॉस्को एक ऐसा समझौता कराने में मदद कर सकता है, जिसके तहत ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम पर शांतिपूर्वक आगे बढ़ सकता है और इसराइल की सुरक्षा चिंताएं भी कम हो सकती हैं। पत्रकारों से बात करते हुए पुतिन ने कहा कि यह एक संवेदनशील मुद्दा है। मेरे विचार से, एक समाधान निकल सकता है। पुतिन ने कहा कि हम किसी पर कुछ भी थोप नहीं रहे हैं। सिर्फ इस बारे में बात कर रहे हैं कि हम इस स्थिति से बाहर निकलने का संभावित रास्ता कैसे ढूंढ सकते हैं। लेकिन, निश्चित रूप से, यह निर्णय इन सभी देशों, मुख्य रूप से ईरान और इसराइल के राजनीतिक नेतृत्व पर निर्भर है।

ईरान-इसराइल के हमले जारी

ईरान ने गुरुवार तड़के दक्षिणी इसराइल के अस्पताल पर मिसाइल से हमला किया, जिसमें 70 लोग घायल हो गए। इससे पहले, इसराइल ने ईरान में मर्कीजी प्रांत स्थित अराक भारी जल परमाणु रिएक्टर पर हमला किया था। गुरुवार को ईरानी मिसाइल ने बीरशेबा स्थित एक हजार बेड वाले सोरोका अस्पताल को निशाना बनाया। अस्पताल पर हमले की निंदा करते हुए इसराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि हम तेहरान में बैठे अत्याचारियों से इसकी कीमत वसूलेंगे। इसराइल के रक्षा मंत्री काट्ज़ ने कहा कि ईरान के नए मिसाइल हमलों के बाद उसके सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई का वजूद अब नहीं रहेगा। इसराइली सेना ने अराक रिएक्टर और नतांज को निशाना बनाया गया। सेना ने कहा, प्लूटोनियम उत्पादन के इस्तेमाल को रोकने के लिए अराक रिएक्टर पर हमला किया गया।

मुजफ्फरपुर में ई रिक्शा की बैट्री फटने से तीन की मौत

जागरण के अनुसार मुजफ्फरपुर के गायघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत दरभंगा-मुजफ्फरपुर एनएच 27 पर बेरुआ गांव स्थित राजलक्ष्मी लाइन होटल के पास गुरुवार सुबह बैट्री चालित ई रिक्शा में अचानक लगी आग में झुलसने से मधुबनी जिले के एक ही परिवार की दो महिलाओं और एक बच्ची की मौत हो गई। तीन दूसरे लोग घायल हो गए। मृत महिला की पहचान मधुबनी जिले के खजौली थाने की रसीदपुर पंचायत के डुमरियाही वार्ड संख्या चार निवासी मोहम्मद जाहिद की पत्नी कमरुल खातून वह उनकी मां अरेर थाने के मूरहेठ ग्राम निवासी जैनब खातून के रूप में हुई। इसके अलावा 7 साल की सबीना खातून ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सीवान में

जागरण के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंत्र 21 दिनों के अंतराल पर शुक्रवार को बिहार दौरे पर आ रहे हैं। सीवान यात्रा में मोदी 10000 करोड़ रुपए से अधिक की योजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और कार्यारंभ करेंगे। इसमें राम जानकी पथ, वंदे भारत ट्रेन, रेल इंजन का निर्यात और वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट आदि का लाभ बिहार को मिलेगा। मोदी अमृत भारत की 11 एवं नमामि गंगे की चार परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी बड़हरिया विधानसभा क्षेत्र के जसौली में आयोजित कार्यक्रम में जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

पेपर लीक मामले में पटना 11 ठिकानों पर ईडी का छापा

बिहार पुलिस के सिपाही भर्ती पेपर लीक मामले में ईडी की टीम ने गुरुवार को बिहार झारखंड उत्तर प्रदेश और बंगाल के 11 ठिकानों पर छापेमाने की। पटना के दानापुर और नालंदा के नगरनौसा में सिपाही भर्ती और नीट यूजी पेपर लीक मामले में मुख्य आरोपित संजीव मुखिया और उसके बेटे डॉक्टर शिव से जुड़े ठिकानों की तलाशी ली गई। झारखंड के रांची में आरोपित सिकंदर यादवेन्दु, उत्तर प्रदेश के लखनऊ में पेपर लीक से जुड़े एजेंट और कोलकाता में प्रिंटिंग प्रेस और उसके निदेशक के घरों की तलाशी ईडी ने ली है।

तेजस्वी ही होंगे महागठबंधन के सीएम चेहरा: लालू

प्रभात खबर के अनुसार राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद ने ऐलान किया कि जो पार्टी के लिए मेहनत करेगा, पार्टी उसे विधानसभा चुनाव में अपना उम्मीदवार बनाएगी। श्री प्रसाद ने तेजस्वी यादव को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री का चेहरा भी घोषित किया। पार्टी की राज्य परिषद की बैठक को संबोधित करते हुए बापू सभागार में उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव को हर हाल में मुख्यमंत्री बनाना है। उन्होंने कहा कि आरएसएस और नीतीश कुमार की सरकार को इस बार किसी भी कीमत पर हटाना है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को राष्ट्रगान मामले में राहत

भास्कर के अनुसार पटना हाई कोर्ट ने कहा है कि हाथ जोड़कर प्रणाम करना राष्ट्रगान का अपमान नहीं है। कोर्ट ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को राहत देते हुए उनके खिलाफ राष्ट्रगान के अपमान को लेकर बेगूसराय की निचली अदालत में दायर आपराधिक मुकदमे को रद्द कर दिया। न्यायमूर्ति चंद्रशेखर झा की एकल पीठ ने मुख्यमंत्री की याचिका को मंजूर करते हुए यह आदेश दिया। गत 20 मार्च को सेपक टाकरा वर्ल्ड कप के उद्घाटन में राष्ट्रगान के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा हाथ जोड़कर प्रणाम करने का वीडियो सामने आया था। इस पर बलिया थाना निवासी विकास पासवान ने बेगूसराय के मुख्य न्यायाधीश दंडाधिकारी की अदालत में परिवाद दायर कर मुख्यमंत्री के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की याचना की थी।

कुछ और सुर्खियां:

  • बिहार लोक सेवा आयोग ने 7279 रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए आवेदन मांगा
  • बिहार में पहुंचा मानसून, 14 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, तेज हवाएं भी चलेंगी
  • अमेरिका ने छात्रों के लिए वीजा जारी करने पर लगाई रोक हटाई, सोशल मीडिया की जांच की शर्त पर मिलेगा वीजा
  • झारखंड में भारी बारिश से जन जीवन अस्त-व्यस्त, तीन दिनों में पांच लोगों की मौत
  • बिहार में ताड़ के पेड़ काटने पर एनजीटी ने मांगा जवाब

अनछपी: बिहार में सड़क हादसों के बारे में कितना कम सोचा जाता है और उसके प्रति जागरूकता की कितनी कमी है इसके बारे में हम इस कॉलम में बात करते रहे हैं। फिलहाल पूरा देश अहमदाबाद के प्लेन क्रैश के बारे में चर्चा कर रहा है लेकिन यह भी देखने की बात है कि हर दिन सड़क पर होने वाले दुर्घटनाओं में मौत का हम बहुत ज्यादा नोटिस नहीं लेते। सड़क पर होने वाली दुर्घटनाओं के अलावा जैसी गाड़ियां चलती हैं उनके बारे में तो चर्चा और कम होती है। फिटनेस और प्रदूषण के नाम पर खानापुरी की जाती है और यह दरअसल ट्रैफिक सिपाहियों की उगाही का जरिया ही बना हुआ है। जब कोई बड़ा हादसा होता है तब तो इस बात का ध्यान रखा जाता है कि ऑटो रिक्शा में कितनी सवारी चढ़ाई जा रहे है लेकिन बड़ी गाड़ियों पर इन मानकों को लागू करते हुए शायद ही देखा जाता हो। फिलहाल मुजफ्फरपुर से ई-रिक्शा के बैट्री विस्फोट में तीन लोगों की मौत हमें यह बताती है कि ट्रांसपोर्ट डिपार्मेंट की ओर से सुरक्षा मानकों का ध्यान बिल्कुल नहीं रखा जाता। सवारी के लिए चाहे छोटी गाड़ी हो या बड़ी गाड़ी हो शायद ही आप यह खबर सुनते हो कि फिटनेस में कमी के लिए किसी गाड़ी वाले पर फाइन किया गया हो। इस वक्त पूरे बिहार में ई-रिक्शा का धड़ल्ले से इस्तेमाल हो रहा है और इसके सुरक्षा मानकों की कोई परवाह नहीं की जा रही है। ई रिक्शा चलाने वाले अक्सर नाबालिग भी मिल जाते हैं। उसमें चलना बेहद खतरनाक होता है और कई बार गाड़ी पलटने की भी शिकायत आती है। लेकिन बैट्री फटने का मामला थोड़ा अलग और ज्यादा गंभीर है। अफसोस की बात यह है कि हमारे समाज में इस पर चर्चा नहीं होती और सरकार भी इस तरफ ध्यान नहीं देती। ऐसे में सड़क सुरक्षा में लगे संगठनों के लिए यह एक चुनौती है और उनकी जिम्मेदारी बढ़ जाती है कि वह सड़क सुरक्षा में गाड़ियों के सही रखरखाव और उनके सुरक्षा मानकों के बारे में समाज में जागरूकता फैलाएं और सरकार पर दबाव डालें ताकि जान माल का नुकसान ना हो।

 642 total views

Share Now