छ्पी-अनछपी: अमेरिका ने वापस भेजे 205 भारतीय- 20 हज़ार लिस्ट में, दिल्ली में आज वोटिंग
बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। अमेरिका में ग़ैर कानूनी ढंग से रह रहे 205 भारतीयों को वापस भेजा गया है और 20 हज़ार लोग इस लिस्ट में हैं। दिल्ली में आज विधानसभा चुनाव के लिए वोट डाले जा रहे हैं। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि केंद्र सरकार ने बकाए पैसे नहीं दिए तो वह कोयले की सप्लाई रोक देंगे। उत्तर बिहार के लिए 20 हज़ार करोड़ रुपये की योजनाओं को मंजूरी मिली है। डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ के जवाब में चीन ने भी अमेरिका पर टैरिफ लगाया है।
और जानिएगा कि भारत में खराब हवा के चलते किस अरबपति ने पॉडकास्ट शो छोड़ा।
जागरण के अनुसार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चुनाव से पहले ग़ैर कानूनी तौर पर अमेरिका में रहने वाले भारत समय दूसरे देशों के नागरिकों को वापस भेजने की जो बात कही थी उस पर अमल शुरू कर दिया है। सोमवार देर रात अमेरिकी शहर टेक्सस से 205 ऐसे भारतीयों को एक सैन्य विमान से रवाना कर दिया गया। इस विमान के बुधवार सुबह अमृतसर पहुंचने के आसार हैं। इस बारे में भारत सरकार ने आधिकारिक तौर पर कोई टिप्पणी नहीं की है लेकिन माना जा रहा है कि अगले हफ्ते अमेरिका की यात्रा के दौरान जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच मुलाकात होगी तो उसमें इस पर चर्चा होगी। अमेरिकी मीडिया में प्रकाशित खबरों के मुताबिक अभी अमेरिकी सरकार के पास इस लिस्ट में 20 हज़ार 447 भारतीयों के नाम हैं। इनमें से 17940 भारतीयों के पते आदि का सत्यापन हो चुका है और उन्हें भारत भेजने की तैयारी है जबकि बाकी भारतीयों के बारे में अभी जांच पड़ताल की जा रही है। उधर एक निजी एजेंसी की रिपोर्ट में पहले बताया गया था कि अमेरिका में गैर कानूनी तौर पर रहने वाले भारतीयों की संख्या 7.25 लाख से ज्यादा है।
दिल्ली विधानसभा के लिए आज वोटिंग
हिन्दुस्तान के अनुसार दिल्ली विधानसभा की सभी 70 सीटों के लिए बुधवार को मतदान होगा। चुनाव में ताल ठोक रहे 699 प्रत्याशियों का भविष्य ईवीएम में कैद हो जाएगा। डेढ़ करोड़ से अधिक मतदाता तय करेंगे कि दिल्ली की सत्ता का ताज किसके सिर सजेगा।
मतदान की प्रक्रिया बुधवार सुबह सात बजे से शुरू हो जाएगी और शाम छह बजे तक चलेगी। दिल्ली में 2020 में हुए विधानसभा चुनाव में 62.82 फीसदी लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।
…तो रोक देंगे कोयले की सप्लाई: हेमंत
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने केंद्र सरकार पर फिर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार अगर रॉयल्टी का बकाया 1.36 लाख करोड़ रुपए झारखंड को नहीं देती है तो वह कोयला रोकने की भी ताकत रखते हैं। जरूरत पड़ी तो झारखंड की कोयला खदानों को बंद करा देंगे। अगर हम अपने पर आ जाएं तो पूरे देश में अंधेरा छा जाएगा। मुख्यमंत्री मंगलवार को धनबाद के गोल्फ ग्राउंड में आयोजित झामुमो के 53वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे।
उत्तर बिहार की योजनाओं के लिए 20 हज़ार करोड़
भास्कर के अनुसार उत्तर बिहार के लिए कैबिनेट ने 20 हज़ार करोड़ की योजनाओं को मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को कैबिनेट की बैठक में 136 मामलों को स्वीकृति दी गई। इसमें 82 योजनाएं मुख्यमंत्री की उत्तर बिहार के जिलों में प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाएं हैं। मुख्यमंत्री ने पिछले दो महीनों में उत्तर बिहार में प्रगति यात्रा के दौरान कुल 188 योजनाओं की घोषणा की है।
चीन ने लगाया जवाबी टैरिफ
जागरण के अनुसार चीन से आयात पर 10% अमेरिकी टैरिफ मंगलवार से लागू हो गए जिससे दुनिया की दो शीर्ष अर्थव्यवस्थाओं के बीच नए ट्रेड वॉर का खतरा पैदा हो गया क्योंकि चीन ने भी मंगलवार को अमेरिकी आयात पर 10 से 15% तक जवाबी टैरिफ लगा दिए। चीन ने गूगल के विरुद्ध एंटी ट्रस्ट जांच की घोषणा की है और दो अन्य अमेरिकी कंपनियों को अविश्वसनीय कंपनियों की सूची में रख दिया है जो उन्हें चीन में निवेश करने से रोक सकती है। इस बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को मेक्सिको के बाद कनाडा के विरुद्ध भी अतिरिक्त टैरिफ लगाने के आदेश पर 30 दिनों के लिए रोक लगा दी।
अरबपति हवा खराब बताकर रोक दिया शो
हिन्दुस्तान के अनुसार भारत की आबोहवा खराब हो चुकी है। पिछले दिनों 47 वर्षीय अरबपति ब्रायन जॉनसन ने भारत में आयोजित एक पॉडकास्ट (बातचीत शो) को इसलिए बीच में छोड़ दिया, क्योंकि वहां की हवा प्रदूषित थी। ब्रायन को उस कमरे में बैठने के दौरान जलन महसूस हुई और त्वचा पर निशान पड़ गए। एज-रिवर्सिंग सीईओ ब्रायन ने सोशल मीडिया पोस्ट पर भारत की यात्रा के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा, जहां कार्यक्रम आयोजित हो रहा था, वहां एक्यूआई 130 था, जो 24 घंटे के एक्सपोजर में तीन सिगरेट पीने के बराबर है। इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। उन्होंने कहा कि जिस पांच सितारा होटल के कमरे में बैठे थे, वहां से बाहरी हवा अंदर आ रही थी। हालांकि, मैं अपने साथ एयर प्यूरिफायर लेकर गया था, लेकिन खराब हवा के कारण वायुशोधक काम करने में असमर्थ रहा।
सीएचओ परीक्षा धांधली में नालंदा का आदित्य गिरफ्तार
प्रभात खबर के अनुसार सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी (सीएचओ) की ऑनलाइन परीक्षा में हुए फर्जीवाड़ा मामले में बिहार पुलिस की आर्थिक अपराधिकारी ने रवि भूषण गिरोह के सदस्य और मुख्य प्राथमिकी अभियुक्त आदित्य कुमार उर्फ अंशु को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में यह अड़तीसवीं गिरफ्तारी है। आदित्य की गिरफ्तारी नालंदा जिले के नगरनौसा थाना स्थित महानंदपुर गांव से हुई। जरूरी पूछताछ के बाद आदित्य को न्याय खराशित में जेल भेज दिया गया।
कुछ और सुर्खियां
- बिहार विधान मंडल का सत्र 28 फरवरी से, 3 मार्च को बजट
- 25 फरवरी को पीएमसीएच के शताब्दी समारोह में राष्ट्रपति मुर्मू होंगी शामिल
- मुजफ्फरपुर के कांटी थाना क्षेत्र की पठान टोली में घर में आग लगने से मामा-भांजी जिंदा जले
- रांची के नगड़ी में टोल प्लाजा का हाई मास्ट टावर ऑटो पर गिरा, मां-बेटी की मौत
- राजगीर में 7 मार्च से महिला विश्व कप कबड्डी चैंपियनशिप
अनछपी: दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी का दावा करने वाली भारतीय जनता पार्टी के पास शायद पैसे भी सबसे ज्यादा हों लेकिन इस पार्टी के एक प्रमुख नेता के बारे में अब यह खबर आई है कि उन्हें भीख मांगते देखा गया है। यह सुनकर ताज्जुब लगता है और सवाल उठता है कि आखिर पार्टी ने उन्हें इस हाल में कैसे ला दिया? एक समय पश्चिम बंगाल भारतीय जनता पार्टी के ताकतवर नेता रहे इंद्रजीत सिन्हा को बीमारी की हालत में बीरभूमि जिले के तारापीठ स्थित श्मशान घाट में कटोरा लेकर भीख मांगते देखा गया। भीख मांगते उनकी तस्वीर वायरल होने के बाद भारतीय जनता पार्टी के बीच हड़काम मचने की खबर आई। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने तुरंत भाजपा जिला अध्यक्ष को फोन कर उनके इलाज की व्यवस्था करने का आदेश दिया। भाजपा के वरिष्ठ नेता और नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी ने भी उनकी मदद की। उसके बाद सिन्हा को कोलकाता के एक बड़े अस्पताल में भर्ती कराया गया। विडंबना यह है कि श्री सिन्हा एक समय बंगाल भाजपा के स्वास्थ्य सेवा प्रकोष्ठ के संयोजक थे। वह बीमार और बेसहारा लोगों को सरकारी अस्पतालों में भर्ती करते थे। 40 साल के श्री सिन्हा ने शादी नहीं की है और उनके माता-पिता भी जीवित नहीं है। करीब 10 साल पहले वह कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे। इस खबर की चर्चा इस लिहाज से जरूरी है कि यह तय होना चाहिए कि जो राजनीतिक कार्यकर्ता हैं उनकी आमदनी का जरिया क्या होगा? बिहार में प्रशांत किशोर ने जब ऐसे कार्यकर्ताओं को पैसे देना शुरू किया तो कई लोगों ने इसकी आलोचना की। फिर भी यह सवाल है कि जो लोग राजनीतिक कार्यकर्ता के तौर पर काम करते हैं उनकी आमदनी का जरिया क्या होना चाहिए? एक तरीका तो पार्टी की मदद है जैसा कि प्रशांत किशोर कर रहे हैं। वैसे यह बात भी अपनी जगह सही है कि ऐसे राजनीतिक कार्यकर्ताओं पर अक्सर कमीशनखोरी और दलाली के और आरोप लगते हैं। हैरत की बात यह है कि इतनी धनी भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता को भी ऐसी हालत का सामना करना पड़ा।
730 total views
