छ्पी-अनछपी: नीतीश कुमार के बेटे को नेता बनाने की तैयारी होर्डिंग पर आई, भारत-पाक मुकाबला आज

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। परिवारवाद के लिए दूसरे नेताओं की आलोचना करने वाले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत को नेता बनने की तैयारी होर्डिंग पर आ चुकी है। चैंपियंस ट्रॉफी क्रिकेट प्रतियोगिता में आज भारत-पाकिस्तान का मुकाबला होने वाला है। अमेरिकी फंडिंग के विवाद के दौरान यह बात पता चली है कि भारत में उससे 7 प्रोजेक्ट चल रहे हैं। गोरखपुर से सिलीगुड़ी एक्सप्रेस वे का एलाइनमेंट तय हो गया है।

और, जानिएगा कि केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह को हवाई जहाज में मिली टूटी सीट पर एयर इंडिया ने क्या कहा।

हिन्दुस्तान में एक खबर की शुरुआत इस तरह है: ‘बिहार करे पुकार, आइए निशांत कुमार..।’ जदयू दफ्तर के बाहर बड़े होर्डिंग लगाकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार को बिहार की राजनीति में प्रवेश के लिए आमंत्रित किया गया है। होर्डिंग में बायीं ओर सबसे ऊपर सीएम नीतीश कुमार की तस्वीर है, जबकि दायीं ओर उनके पुत्र निशांत कुमार की। होर्डिंग पर लगी सभी तस्वीरों में मुख्य आकर्षण निशांत कुमार ही हैं। जदयू के वरिष्ठ नेता और मंत्री विजय कमार चौधरी ने कहा है कि निशांत राजनीति में आएंगे या नहीं, यह फैसला सिर्फ और सिर्फ नीतीश कुमार करेंगे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा है कि अगर निशांत कुमार राजनीति में आते हैं तो स्वागत है।

तेजस्वी ने कहा, स्वागत है

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार राजनीति में आएंगे तो उनका स्वागत है। उन्होंने निशांत को अपना भाई बताते हुए कहा कि हम चाहेंगे कि वे जल्दी घर भी बसा लें। शनिवार को दस सर्कुलर रोड स्थित आवास के समीप मीडिया से बातचीत में तेजस्वी ने कहा कि निशांत को यह सोचना होगा कि जो लोग आज उनके पिता नीतीश कुमार के साथ हैं, वह पार्टी खत्म कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस के लोग शरद यादव की बनाई पार्टी को हाईजैक करना चाहते हैं।

मांझी भी निशांत के साथ

हम संरक्षक और केंद्रीय एमएसएमई जीतन राम मांझी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के राजनीति में आने का स्वागत किया है। सोशल मीडिया एक्स पर शनिवार को लिखे पोस्ट में उन्होंने कहा कि इस पर सवाल खड़े करना उचित नहीं है। उन्होंने लिखा कि राजनीति में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमारजी के पुत्र निशांत का स्वागत है। हम निशांत के साथ हैं।

चैंपियंस ट्रॉफी में आज भारत-पाकिस्तान मुकाबला

प्रभात खबर के अनुसार चैंपियंस ट्रॉफी में क्रिकेट प्रेमियों के लिए 23 फरवरी का दिन खास होने वाला है। वैसे तो भारत ने बांग्लादेश को 6 विकेट से हराकर चैंपियंस ट्रॉफी में शानदार शुरुआत की लेकिन रविवार को भारत का सामना चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से होगा। चैंपियंस ट्रॉफी में भारत के खिलाफ पाकिस्तान का रिकॉर्ड बेहतर रहा है। इस टूर्नामेंट में दोनों टीम में कुल पांच बार आमने-सामने हुए हैं। इसमें तीन बार पाकिस्तान जीता है जबकि दो बार भारतीय टीम को जीत मिली है। भास्कर ने लिखा है कि भारत-पाकिस्तान के बीच दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में मैच होगा जहां 25000 फैंस बैठ सकते हैं। यूएई में करीब 37 लाख भारतीय और 17 लाख पाकिस्तानी रहते हैं। टिकट रीसेल करने वाली वेबसाइट पर सामान्य टिकट 90000 रुपए तक पहुंच चुकी है। ग्रैंड स्टैंड की कीमत 5 लाख रुपए बताई जा रही है।

भारत में अमेरिकी फंड से 7 प्रोजेक्ट चल रहे

भास्कर के अनुसार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दावों के बीच नए तथ्य सामने आए हैं। जहां ट्रंप भारत में वोटर टर्नआउट के नाम पर 182 करोड़ रुपए देने के बयानों को दोहरा रहे हैं, वहीं भारत में यूएसएड से अभी 7 प्रोजेक्ट के लिए 840 करोड़ मिल रहे हैं लेकिन इसमें वोटर टर्न आउट के नाम पर किसी प्रोजेक्ट में फंड नहीं मिल रहा है। विदेशी सहायता पर नजर रखने वाले वित्त मंत्रालय के आर्थिक मामलों के विभाग की ताजा वार्षिक रिपोर्ट 2023 24 में यह पता चला है। इस बीच वाशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार 2008 के बाद से भारत को यूएसएड से चुनाव संबंधी किसी मदद का रिकॉर्ड नहीं है। यूएसएड से जो सात प्रोजेक्ट भारत में चल रहे हैं उनमें एग्रीकल्चर एंड फूड सिक्योरिटी के लिए साझेदारी समझौता और सस्टेनेबल फॉरेस्ट एंड क्लाइमेट एंड एडॉप्शन प्रोग्राम के लिए समझौता यदि शामिल हैं।

गोरखपुर- सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे का एलाइनमेंट तय

हिन्दुस्तान के अनुसार केंद्र सरकार ने गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे का मार्ग (एलाइनमेंट) मंजूर कर दिया है। अब इस एक्सप्रेस-वे के लिए जमीन अधिग्रहण शुरू होगा। छह महीने के भीतर टेंडर कर निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। उपमुख्यमंत्री सह पथ निर्माण मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने शनिवार को विभागीय कार्यालय कक्ष में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इस एक्सप्रेस-वे की लंबाई 568.42 किलोमीटर है। इसमें बिहार में 417.15 किमी है। परियोजना पर 37 हजार 465 करोड़ खर्च होंगे। पश्चिमी चम्पारण, पूर्वी चम्पारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया व किशनगंज से होकर गुजरने वाली इस सड़क में गंडक, बागमती व कोसी नदी पर पुल का निर्माण होगा। परियोजना के लिए 100 मीटर चौड़ाई में भू-अर्जन होगा।

जब केंद्रीय मंत्री शिवराज चौहान को हवाई जहाज में मिली टूटी सेट

प्रभात खबर के अनुसार केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को एयर इंडिया के विमान की टूटी सीट पर बैठकर यात्रा करनी पड़ी है। इसको लेकर शिवराज ने शनिवार को एयर इंडिया की आलोचना की और कहा कि उन्हें टूटी और धंसी हुई सीट दी गई। पूरा पैसा वसूलने के बाद एयरलाइन का यात्रियों को खराब और कष्टदायक सीट पर बैठाना अनैतिक है। उन्होंने कहा कि वह भोपाल से दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया की उड़ान में सवार हुए थे। उन्हें जो सीट दी गई वह टूटी और धंसी हुई थी। इसके बाद एयर इंडिया ने कहा कि उन्हें इस असुविधा के लिए खेद है और भविष्य में किसी भी घटना को रोकने के लिए इस मामले पर ध्यान देंगे। हालांकि उसके जवाब से यह नहीं लग रहा था कि वह किसी मंत्री को जवाब दे रहा है।

कुछ और सुर्खियां:

  • चैंपियंस ट्रॉफी में रिकॉर्ड 351 रन बनाकर भी हारा इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया पांच विकेट से जीता
  • रूबन मेमोरियल अस्पताल पटना एम्स के आगे खोलेगा मेडिकल कॉलेज
  • रिजर्व बैंक ऑफ़ इंडिया के पूर्व गवर्नर शशिकांत दास बने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रधान सचिव
  • भागलपुर में कल 2 घंटे रहेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, देश के 9.7 करोड़ किसानों को भेजेंगे पैसे
  • बिहार के नगर विकास विभाग में 663 गैर तकनीकी पदों पर बहाली होगी

अनछपी: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार फिलहाल ऐसी मानसिक स्थिति में नजर नहीं आते कि वह गंभीर सवालों का गंभीर जवाब दें। दूसरे नेताओं, विशेष कर लालू प्रसाद की परिवारवाद के लिए आलोचना करने वाले नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की राजनीति में आने की चर्चा पर जवाब कायदे से तो नीतीश कुमार को देना चाहिए लेकिन अब तक उनकी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है। उधर नीतीश के खास माने जाने वाले मंत्री विजय कुमार चौधरी कह रहे हैं कि निशांत कुमार राजनीति में आएंगे या नहीं इसका फैसला नीतीश कुमार करेंगे। नीतीश कुमार के स्वजातीय और नालंदा के निवासी मंत्री श्रवण कुमार तो पहले ही कह चुके हैं कि निशांत कुमार अगर राजनीति में आते हैं तो वह उनका स्वागत करेंगे। निशांत कुमार इस समय 49 साल के हो गए हैं और इससे पहले उन्हें सार्वजनिक रूप से बहुत देखा सुना नहीं गया है। लेकिन आजकल वह मीडिया को बयान दे रहे हैं और अपने पिता नीतीश कुमार को एक बार फिर से मुख्यमंत्री बनाने की अपील भी कर रहे हैं। इससे पहले की खबरों में बताया गया था कि निशांत कुमार की दिलचस्पी अध्यात्म में है लेकिन इंजीनियरिंग की डिग्री लेने के बाद उन्होंने क्या किया इसका पता नहीं चल पाता है। निशांत कुमार अपने पिता को हंड्रेड परसेंट फिट बता रहे हैं लेकिन वह खुद राजनीति में आने के लिए कितने फिट हैं इसका कोई जवाब नहीं मालूम है। अब नीतीश कुमार की अध्यक्षता वाले जनता दल यूनाइटेड के ऑफिस में होर्डिग लगाकर निशांत कुमार की राजनीति में आने की तैयारी दिखाई गई है। इस समय यह पता लगाना बहुत मुश्किल है कि क्या खुद नीतीश कुमार चाहते हैं कि उनका बेटा राजनीति में आए या उनकी पार्टी के वैसे लोग जो नीतीश कुमार को खुश रखना चाहते हैं, वह निशांत कुमार को राजनीति में लाने की तैयारी कर रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि विपक्षी नेता तेजस्वी यादव निशांत कुमार का राजनीति में स्वागत करने को तैयार हैं और इसी बहाने वह भारतीय जनता पार्टी पर भी हमलावर हैं। बहू, बेटा और समधिन के साथ राजनीति पदों का लाभ ले रहे जीतन राम मांझी ने भी निशांत कुमार की राजनीति में आने की तैयारी का स्वागत किया है। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए मुश्किल और बढ़ेगी कि वह किस मुंह से लालू प्रसाद के परिवारवाद की आलोचना करेंगे।

 

 1,236 total views

Share Now