छपी-अनछपी: बांग्लादेश में भारी बवाल, सट्टेबाजी में युवराज सिंह की संपत्ति जब्त
बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। छात्र नेता उस्मान हादी की हत्या के दूसरे दिन शुक्रवार को भी बांग्लादेश में हिंसा हुई और भारी बवाल मचा है। ईडी ने अवैध सट्टेबाजी ऐप से जुड़े 1,000 करोड़ रुपये से अधिक के मनी लांड्रिंग मामले में पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह समेत कई लोगों की संपत्ति जब्त की है। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी किसी हारे उम्मीदवार को डीएम से कहकर चुनाव जितवाने की बात कहकर विवाद में फंस गए हैं।
और, जानिएगा कि विजिलेंस ने पूर्वी चंपारण जिले की एक अधिकारी को घूस लेते पकड़ा तो उसने कागज़ क्यों निगला।
पहली ख़बर
हिन्दुस्तान के अनुसार उस्मान हादी की हत्या के दूसरे दिन शुक्रवार को भी बांग्लादेश में हिंसा हुई। ढाका में प्रदर्शन तेज हो गया। प्रदर्शनकारियों ने शाहबाग चौराहे को जाम कर दिया। वहीं, ढाका की टोपखाना रोड स्थित उदिची शिल्पी गोष्ठी के कार्यालय में आगजनी की गई। हादी की मौत के विरोध में शुक्रवार को राजधानी के विभिन्न हिस्सों से छात्र और आम लोग शाहबाग चौराहे पर इकट्ठा हुए। प्रदर्शनकारी छात्र झंडे लिए हुए थे। वे हम हादी भाई के खून को बर्बाद नहीं जाने देंगे। जैसे नारे लगा रहे थे। छात्र अशफकुर रहमान ने कहा कि हमने एक सच्चे देशभक्त को खो दिया है। मुझे रात को नींद नहीं आई। मैं सुबह विरोध प्रदर्शन करने यहां आ गया। उधर, ढाका की टोपखाना रोड स्थित उदिची शिल्पी गोष्ठी के कार्यालय को आग के हवाले कर दिया गया। ढाका में प्रदर्शनकारी बुलडोजर लेकर आए और धनमंडी 32 में बंगबंधु शेख मुजीबुर्रहमान के ऐतिहासिक घर के बचे हुए हिस्से को गिरा दिया। मुजीबुर्रहमान पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के पिता है।
बांग्लादेश के हालात को देखते हुए भारतीय सेना चौकस
बांग्लादेश के हालात को देखते हुए भारतीय सेना भी सक्रिय हो गई है। वहां की स्थिति पर नजर बनाए हुए है। भारतीय सेना के पूर्वी कमान के अधिकारी ने सेना के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बांग्लादेश बॉर्डर का दौरा किया है। एक ही दिन के अंदर बांग्लादेश से सटी दो सीमाओं पर पूर्वी आर्मी कमांड के कमांडर गए और सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। पूर्वी कमान के सेना कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल आर. सी. तिवारी ने वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के साथ मिजोरम के परवा क्षेत्र में स्थित असम राइफल्स एवं सीमा सुरक्षा बल की कंपनी ऑपरेटिंग बेस का दौरा किया। यह इकाइयां स्पीयर कोर के तहत भारत–बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा दायित्व निभा रही हैं।
हिंदू युवक की पीट-पीटकर हत्या
बांग्लादेश में हिंसा का नया दौर शुरू हो गया है। इंकलाब मंच के नेता शरीफ उस्मान हादी की हत्या के बाद बेकाबू भीड़ ने गुरुवार देर रात से शुक्रवार सुबह तक कई शहरों में उत्पात मचाया और आगजनी व तोड़फोड़ की। इसी दौरान, ईशनिंदा के आरोप में एक हिंदू युवक की पीट-पीटकर हत्या कर शव को जला दिया गया। बांग्लादेश में पिछले वर्ष जुलाई में हुए विद्रोह में शामिल प्रमुख नेताओं में से एक हादी की गुरुवार रात सिंगापुर के एक अस्पताल में मौत हो गई थी। ढाका के बिजोयनगर इलाके में 12 दिसंबर को एक चुनावी अभियान के दाैरान हुए हमले में उनके सिर में गोली मार दी गई थी। उनकी मौत की खबर फैलते ही समर्थक और कट्टरपंथी छात्र सड़कों पर उतर आए। उन्होंने आगजनी, तोड़फोड़ और लक्षित हमले शुरू कर दिए।
सट्टेबाजी से जुड़ी मनी लांड्रिंग मामले में युवराज सिंह और दूसरों की संपत्ति जब्त
जागरण के अनुसार ईडी ने अवैध सट्टेबाजी ऐप से जुड़े 1,000 करोड़ रुपये से अधिक के मनी लांड्रिंग मामले में पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह और रोबिन उथप्पा के अलावा तृणमूल कांग्रेस की पूर्व सांसद मिमी चक्रवर्ती एवं अभिनेता सोनू सूद की संपत्तियों को जब्त कर लिया है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय जांच एजेंसी ने प्रिवेंशन आफ मनी लांड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) के तहत बिहार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजीत शर्मा की पुत्री अभिनेत्री नेहा शर्मा, माडल उर्वशी रौतेला की मां और बंगाली अभिनेता अंकुश हाजरा की संपत्तियों को भी जब्त किया है। जब्त संपत्तियों में सोनू सूद की लगभग एक करोड़, मिमी चक्रवर्ती की 59 लाख रुपये, युवराज सिंह की 2.5 करोड़ रुपये, नेहा शर्मा की 1.26 करोड़ रुपये, रोबिन उथप्पा की 8.26 लाख रुपये, अंकुश ह्याजरा की 47 लाख रुपये और रौतेला की मां की 2.02 करोड़ की संपत्तियां शामिल हैं।
मांझी डीएम से कहकर चुनाव जितवाने की बात कहकर फंसे
प्रभात खबर के अनुसार केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी के एक वायरल वीडियो ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है. इसमें मांझी किसी हारे उम्मीदवार को डीएम से कहकर चुनाव जितवाने की बात कर रहे हैं. इस वायरल वीडियो के बाद राजद ने उन पर निशाना साधा है. हालांकि मांझी ने इसे फर्जी बताया है और छेड़छाड़ का आरोप लगाया है. मगही में वायरल इस वीडियो में मांझी किसी अभिषेक सिंह कलक्टर का नाम ले रहे हैं, जिससे बोलकर 2020 में किसी उम्मीदवार को चुनाव में जीत दिलाने की बात करते हुए सुने जा रहे हैं. मांझी यह भी कह रहे हैं
राबड़ी का केस दूसरे कोर्ट को देने की अर्जी ख़ारिज
हिन्दुस्तान के अनुसार बिहार की पूर्व सीएम राबड़ी देवी की याचिका को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने खारिज कर दिया है। राबड़ी ने अपने और परिवार के सदस्यों पर आपराधिक मामले को दूसरी अदालत में स्थानांतरित करने की मांग की थी। उन्होंने संबंधित अदालत पर भेदभाव का आरोप लगाया था। अदालत में राबड़ी देवी और उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ ईडी व सीबीआई द्वारा दाखिल किए गए चार मामलों को विशेष न्यायाधीश विशाल गोगने की अदालत से दूसरी अदालत में स्थानान्तरित करने की अर्जी दायर की गई थी।
घूस लेते पकड़ाई लेडी सुपरवाइज़र ने कागज़ क्यों निगला
विजिलेंस ने पूर्वी चंपारण जिले के आइसीडीएस कार्यालय केसरिया में तैनात महिला पर्यवेक्षिका अंबालिका कुमारी को रिश्वत लेते रंगेहाथ दबोच लिया. टीम ने उसके पास से चार हजार रुपये रिश्वत राशि व हर आंगनबाड़ी केंद्र से वसूले जाने वाले कमीशन से संबंधित दस्तावेज बरामद किया है. कार्रवाई के दौरान पर्यवेक्षिका ने नवंबर में हर आंगनबाड़ी केंद्र से वसूली की सूची निगल ली. आरोप है कि पोषाहार मद के 13,500 रुपये के वाउचर पास कराने के एवज में महिला पर्यवेक्षिका ने चार हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी. गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ हुई.
कुछ और सुर्खियां:
- दो नौकरियों में 60 दोनों का अंतर अब सर्विस ब्रेक नहीं माना जाएगा
- फरवरी में रविवार को पेश हो सकता है आम बजट
- राजद के पूर्व सांसद और अधिवक्ता राजनीति प्रसाद का निधन
- पश्चिम चंपारण के बेटियां और नौतन थाना क्षेत्र में एसबीआई का एटीएम काटकर 23 लख रुपए उड़ा लिए
- जदयू नेता और बिहार के मंत्री अशोक चौधरी फिलहाल नहीं बनेंगे राजनीति विज्ञान के प्राध्यापक
अनछपी: भारत और बांग्लादेश के बीच बढ़ते तनाव के दौरान ढाका में एक छात्र नेता उस्मान हादी की हत्या हुई और उसके नतीजे में बांग्लादेश में भारी हिंसा देखी गई जिसमें एक हिंदू युवक की मॉब लिंचिंग कर दी गई। इसके अलावा भारत के हाई कमीशन पर भी हमला करने की कोशिश की गई। इस हत्या के लिए अगर बांग्लादेश के लोग भारत को जिम्मेदार मानते हैं तो यह दोनों देशों के लिए बेहद चिंताजनक बात है। यह आरोप सही हो या नहीं हो लेकिन यह बात तो किसी भी तरह सही नहीं है कि वहां के लोग अपने ही हिंदू अल्पसंख्यक पर हमला करें और उनकी जान माल को नुकसान पहुंचाएं। ऐसा लगता है कि जिस तरह पाकिस्तान की किसी हरकत के लिए भारत में मुसलमान को जिम्मेदार बात कर उनके साथ हिंसा की जाती है वैसा ही कुछ बांग्लादेश में हिंदुओं को भारत की किसी कथित कार्रवाई के लिए जिम्मेदार मानकर हिंसा का शिकार बनाया गया है। बहरहाल इस समय हिंदू और मुसलमान की बहस से आगे बढ़कर यह सूचना चाहिए की हिंसा की यह आग कैसे बुझे और भारत के लिए बांग्लादेश कैसे एक मित्र देश की तरह बना रहे। दोनों देशों में उन तत्वों पर नियंत्रण की जरूरत है जो सरकार के हिस्सा तो नहीं लेकिन सरकार की शह पर ऐसी हरकतें कर रहे हैं जो आम इंसान के लिए घातक हैं और दोनों देशों के बीच के संबंध के लिए भी बेहद नुकसानदेह हैं। ऐसे में जरूरत इस बात की है कि दोनों देश के नागरिक अपनी सरकार और सरकार की शह पर चल रहे संगठनों की हर हिंसात्मक गतिविधि की निंदा करें और उन्हें रोकने की भरपूर कोशिश करें। इस तरह हिंसा प्रतिहिंसा के खेल में कोई नहीं जीतता और इंसानियत हारती रहती है।
205 total views
