छ्पी-अनछपी: औरंगजेब के मुद्दे पर एनडीए में बिगड़े बोल, क्या राघोपुर में तेजस्वी से भिड़ेंगे पीके
बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। मुगल बादशाह औरंगजेब को अच्छा बताने पर एनडीए के दो नेताओं के बिगड़े बोल सामने आए हैं। प्रशांत किशोर ने कहा है कि अगर कार्यकर्ता चाहेंगे तो वह तेजस्वी यादव के खिलाफ राघोपुर से विधानसभा चुनाव लड़ सकते हैं। लंदन में विदेश मंत्री एस जयशंकर की कार को एक खालिस्तानी द्वारा घेरे जाने पर भारत ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। इसराइल के बंधकों को छोड़े जाने के मुद्दे पर राष्ट्रपति ट्रंप और हमास के बीच ठन गई है।
और, जानिएगा कि कोका-कोला जो फैंटा भारत में बेचता है उसमें शुगर कितना ज्यादा होता है।
मुगल बादशाह औरंगजेब को लेकर महाराष्ट्र में छिड़ा विवाद अब बिहार में भी तूल पकड़ने लगा है। भास्कर के अनुसार जदयू एमएलसी खालिद अनवर ने इतिहासकारों के हवाले से औरंगजेब को अच्छा शासक कहा तो भाजपा के एमएलए हरिभूषण ठाकुर बचौल व जदयू एमएलए डॉक्टर संजीव कुमार बोले कि ऐसा कहने वाले पाकिस्तान जाएं या उन्हें पाकिस्तान भेज दिया जाए। राजद और कांग्रेस ने जदयू व भाजपा के टकराव को उसका गेम प्लान बताया जिसका मकसद जनता को बरगला कर चुनावी फायदा बटोरना है। खालिद अनवर ने कहा कि औरंगजेब के बारे में इतिहासकारों की राय ही सही मानी जाएगी। इतिहासकार उन्हें अच्छा राजा बताते हैं। उन्होंने इसे एक एकेडमिक डिस्कशन का विषय बताते हुए कहा कि पढ़े-लिखे लोगों के बीच यह बहस होनी चाहिए। संसदी, विधानसभा या कोई राजनीतिक रैली इस पर बहस की सही जगह नहीं है। उन्होंने महाराष्ट्र के सपा विधायक अबू आज़मी को विधानसभा से सस्पेंड करने को गलत बताया। इधर, भाजपा के विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल ने कहा कि जिसको देश से प्यार नहीं है, उसको यहां रहने का अधिकार नहीं है। बचौल ने औरंगजेब को क्रूर शासक बताया। इस विवादास्पद विधायक ने कहा कि औरंगजेब के पक्ष में बोलने वाले पर कठोर कार्रवाई हो, सदस्यता खत्म हो। जदयू के विधायक संजीव कुमार ने कहा कि औरंगजेब का समर्थन करने वाले को पाकिस्तान, बांग्लादेश या फिर ग़ज़ा पट्टी भेज देना चाहिए।
राघोपुर से तेजस्वी के खिलाफ लड़ेंगे प्रशांत किशोर
प्रभात खबर की खबर है कि राघोपुर से विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए जन सुराज पार्टी के किसी कार्यकर्ता ने प्रशांत किशोर के नाम से पार्टी में आवेदन दिया है। अगर पार्टी ने अनुमति दी तो वह राघोपुर या फिर जहां से कहा जाएगा, वहां से चुनाव लड़ेंगे। यह जानकारी जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने दी। वे जन सुराज उद्घोष यात्रा के तहत गुरुवार को पूर्वी चंपारण में प्रेस वार्ता कर रहे थे। विधानसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर प्रशांत किशोर ने कहा कि अगर पार्टी तय करती है तो वह चुनाव जरूर लड़ेंगे। पार्टी का फैसला ही अंतिम फैसला होगा। उन्होंने कहा कि जनसुरज पार्टी सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। ध्यान रहे कि राघोपुर से तेजस्वी यादव फिलहाल राजद के एमएलए हैं।
जयशंकर की सुरक्षा में सेंध पर भारत का एतराज
हिन्दुस्तान के अनुसार ब्रिटेन दौरे पर गए विदेश मंत्री एस. जयशंकर की सुरक्षा में सेंध का मामला सामने आया है। लंदन में एक खालिस्तान समर्थक ने सुरक्षा घेरा तोड़कर जयशंकर के काफिले पर हमले का प्रयास किया। सूत्रों के अनुसार, इस मामले में भारत ने ब्रिटेन के उच्चायुक्त को तलब कर पत्र जारी किया और कड़ी आपत्ति दर्ज कराई। घटना उस समय हुई जब जयशंकर थिंक टैंक ‘चैथम हाउस’ के मुख्यालय से बाहर निकल रहे थे। इस दौरान खालिस्तान समर्थक नारेबाजी कर रहे थे। तभी एक व्यक्ति ने भारतीय ध्वज लहराते हुए विदेश मंत्री का रास्ता रोकने की कोशिश की। पुलिस ने उसे तत्काल वहां से हटा दिया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जैसवाल ने कहा कि अलगाववादियों के समूह की हरकतों की निंदा करते हैं।
इसराइल के बंधक छोड़े जाने पर ट्रंप व हमास में ठनी
भास्कर के अनुसार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हमास को अंतिम चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि ग़ज़ा में बचे हुए सभी बंधकों को तुरंत रिहा करो और जिनकी हत्या की है उनके शव तुरंत लौटाओ वरना सब मारे जाओगे… केवल बीमार और विकृत मानसिकता वाले लोग ही शव रखते हैं…आप बीमार और विकृत हैं। वहीं, हमास के प्रवक्ता अब्दुल लतीफ अल क़ानूआ ने कहा, “ग़ज़ा पट्टी में जब तक स्थाई युद्ध विराम नहीं होगा, हम इसराइली बंधकों को रिहा नहीं करेंगे। यह पहली बार है जब अमेरिका ने 1997 में हमास को विदेशी आतंकवादी संगठन घोषित करने के बाद उसे सीधी और गुप्त बातचीत शुरू की है।
आतंकवाद से विश्व में दूसरा सबसे ज्यादा प्रभावित देश पाकिस्तान
भास्कर की खबर में बताया गया है कि दुनिया भर में आतंकवाद में गिरावट के करीब एक दशक बाद साल 2024 में इसमें फिर से इजाफा हुआ। ग्लोबल टेररिज्म इंडेक्स 2025 के अनुसार आतंकी हमले से प्रभावित देशों की संख्या 58 से बढ़कर 66 हो गई है। पिछले साल दुनिया के चार सबसे घातक आतंकवादी संगठनों ने हिंसा बढ़ाई जिससे वैश्विक स्तर पर आतंकी हमले में 11% का इजाफा हुआ। इंडेक्स में पाकिस्तान की स्थिति और खराब हुई। वह चौथे से दूसरे नंबर पर फिसल गया। पहले नंबर पर अफ्रीकी देश बुर्कीना फासो है।
गांव में खुलेगा सुधा का सेंटर
हिन्दुस्तान के अनुसार बिहार के गांवों में सुधा उत्पाद के आउटलेट खुलेंगे। यहां पेड़ा, दही, और गुलाबजामुन सहित सुधा के अन्य सभी उत्पाद मिलेंगे। बिहार राज्य सहकारी दुग्ध उत्पादक संघ लिमिटेड (कॉम्फेड) के माध्यम से राज्य की सभी 8053 पंचायतों के पंचायत सरकार भवन में ये आउटलेट खुलेंगे। इसके लिए कॉम्फेड की ओर से पंचायती राज विभाग से शीघ्र ही करार होगा।
भारत के फैंटा में 3 गुना चीनी
भास्कर ने लिखा है कि जैसा देश वैसा प्रोडक्ट… मल्टीनेशनल कंपनियों के लिए यह मुनाफे का फार्मूला है। ताजा मामला कोका-कोला कंपनी के ब्रांड फैंटा को लेकर सामने आया है। मलेशिया की फैंटा में हर 100 एमएल में 4.6 ग्राम शुगर और तीन मिलीग्राम सोडियम होता है। वहीं भारत में बिकने वाली फैंटा में हर 100 एमएल में 13.6 शुगर होता है जो तीन गुना ज्यादा है और 22.3 मिलीग्राम सोडियम यानी 7 गुना ज्यादा है। भारत में फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया के अनुसार कोल्ड ड्रिंक में शुगर व सोडियम की मात्रा सीमित होनी चाहिए लेकिन अभी तक शुगर पर सख्त सीमा नहीं लगाई गई है।
कुछ और सुर्खियां:
- बिहार में यूनिवर्सिटी और कॉलेज में भी शिक्षकों और विद्यार्थियों की ऑनलाइन हाजिरी की व्यवस्था होगी
- श्री श्री रवि शंकर का पटना में आज महासत्संग
- रांची के आनंद आश्रम में भागलपुर के साधु सहित दो लोगों की गोली मारकर हत्या
- राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मेक्सिको पर लागू 25% टैरिफ एक माह के लिए टाला
- झारखंड में बाबूलाल मरांडी को भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया, नेता प्रतिपक्ष भी होंगे
अनछपी: उत्तर प्रदेश से पश्चिम बंगाल का सफर तय कर भारतीय क्रिकेट टीम में शामिल मोहम्मद शमी (समी) की चर्चा वैसे तो उनकी गेंदबाजी के लिए होनी चाहिए लेकिन मीडिया के एक बड़े हिस्से में इस बात पर बहस चल रही है कि उन्होंने रमज़ान के दौरान रोज़ा नहीं रखकर सही किया या ग़लत? इसकी वजह सोशल मीडिया बना है क्योंकि मोहम्मद शमी के मैदान पर एनर्जी ड्रिंक पीने की तस्वीर वायरल हुई और उनकी ट्रोलिंग भी शुरू हुई। मोहम्मद शमी के इस अमल से कई लोग यह भी साबित करने में लगे हैं कि उन्होंने धर्म के ऊपर देश को रखा हालांकि यह सोच बिल्कुल गलत है। इसमें कोई दो राय नहीं हो सकती कि रमज़ान का रोज़ा हर समझदार और स्वस्थ मुस्लिम मर्द और औरत पर फ़र्ज़ पर है। इसमें भी कोई दो राय नहीं कि सफ़र कर रहे और बीमार लोगों को बाद में रोज़ा रखने की छूट दी गई है। यह सवाल हो सकता है कि मोहम्मद शमी अकेले ऐसे व्यक्ति नहीं है जो रोज़ा से नहीं थे लेकिन यह ज़रूर है कि नामी लोगों के रोज़ा रखने और ना रखने का असर होता है। बहरहाल सवाल यह है कि क्या किसी की रोज़ा नहीं रखने के लिए सार्वजनिक तौर पर ट्रोलिंग की जा सकती है? जहां तक इस्लामी शिक्षाओं का सवाल है तो यह व्यक्तिगत तौर पर समझाने की बात है और इसके लिए आम मंचों पर किसी एक को चुनकर बुरा भला कहना बिल्कुल ग़लत है। खेल के दौरान रोज़ा रखना या ना रखना एक बेहद मुश्किल फ़ैसला होता है। दक्षिण अफ्रीका के क्रिकेटर हाशिम अमला के बारे में कहा जाता है कि वह रमज़ान में मैच के दिन भी रोज़ा रखते थे। इसी तरह मशहूर पारा तैराक मोहम्मद शम्स आलम ने भी अपने बारे में बताया है कि वह रोज़ा रखकर ट्रेनिंग ले रहे हैं। मोहम्मद शमी के लिए दो उपाय थे, या तो वह रोज़ा रखकर खेलते या भारतीय क्रिकेट टीम के प्रबंधन से कह देते कि वह रमज़ान के दौरान नहीं खेल सकते। सवाल यह है कि क्या भारतीय क्रिकेट प्रबंधन इसके लिए तैयार होता? इसके बाद मोहम्मद शमी के पास दो विकल्प थे, कि वह बिना रोज़ा रखे खेलें या खेल से अलविदा ले लें। उन्होंने बिना रोज़ा रखे खेलने का विकल्प चुना और अब यह उनके और अल्लाह के बीच का मामला है। जिन लोगों को रोज़ा नहीं रखने के बारे में अफसोस है उन्हें उन हजारों लोगों पर ध्यान देना चाहिए जो किसी मजबूरी के बिना भी रोज़ा नहीं रखते हैं।
636 total views
