छ्पी-अनछपी: भारत-पाक के डीजीएमओ आज करेंगे बात, जस्टिस गवई बोले- संविधान सबसे ऊपर

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। भारत और पाकिस्तान के डायरेक्टर जनरल आफ मिलिट्री ऑपरेशंस में आज दोपहर से बातचीत शुरू होगी। सुप्रीम कोर्ट के जज जस्टिस गवई ने कहा है कि संसद नहीं बल्कि संविधान सबसे ऊपर है। परमाणु मसले पर अमेरिका और ईरान में सकारात्मक वार्ता की खबर है। भारत-पाकिस्तान तनाव के बावजूद विदेशी निवेशकों ने भारतीय शहरों में खरीदारी की है।

और, जानिएगा कि 8372 करोड रुपए खर्च होने के बावजूद यमुना नदी साफ नहीं हो पाई।

पहली खबर

हिन्दुस्तान के अनुसार भारत-पाक के सैन्य संचालन के महानिदेशकों के बीच सोमवार को संघर्ष विराम को लेकर वार्ता होगी। बातचीत दोपहर 12 बजे के करीब होगी। सूत्रों के अनुसार, वार्ता के दौरान भारत पाक प्रायोजित आतंकवाद से निपटने के लिए पाकिस्तानी पक्ष से प्रभावी कार्ययोजना की मांग कर सकता है। भारत द्वारा पाकिस्तान में आतंकी शिविरों पर कार्रवाई के बाद दोनों देशों के बीच तनातनी हो गई थी लेकिन, 10 मई को पाकिस्तान और भारत संघर्ष रोकने पर सहमत हो गए थे। इस बीच, भारतीय सेना ने स्पष्ट शब्दों मे कहा है कि अगर पाकिस्तान ने फिर हिमाकत की तो नतीजे और बुरे होंगे। सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के विषय में रविवार को विस्तृत जानकारी दी।

आज की हेडलाइन्स

  • पाक माना नहीं तो फिर मारेंगे: हिन्दुस्तान
  • परमाणु कमांड सेंटर के पास पहुंची ब्रह्मोस तब पाकिस्तान में लगे अमेरिका से गुहार: जागरण
  • सिर्फ पीओके लौटने पर होगी बात: प्रभात खबर
  • तीन दिन में पाक के 40 सैनिक मारे, विमान गिराए

युद्ध से कम नहीं थी कार्रवाई: डीजीएमओ

पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर के तहत की गई सैन्य कार्रवाई में भारत ने पाकिस्तानी सेना को भारी नुकसान पहुंचाया। उसके नवीनतम प्रौद्योगिकी से लैस लड़ाकू विमानों को मार गिराया गया। डीजीएमओ लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई ने कहा, पिछले तीन-चार दिनों से जो गतिविधियां चल रही हैं, वह किसी युद्ध से कम नहीं हैं। भारतीय सेना, वायुसेना और नौसेना के वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऑपरेशन सिंदूर का ब्योरा दिया। तीनों सेनाओं ने एक घंटा 10 मिनट तक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। ब्योरे में बताया गया कि किस प्रकार भारत ने भारतीय सैन्य प्रतिष्ठानों और नागरिक क्षेत्रों को निशाना बनाने के पाकिस्तानी मंसूबों को नाकाम कर किया। किस तरह राजधानी इस्लामाबाद स्थित प्रमुख सैन्य प्रतिष्ठानों को भी नुकसान पहुंचाया गया। डीजीएमओ लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई ने कहा कि संघर्ष में नई दिल्ली ने अपने वांछित लक्ष्य हासिल कर लिए हैं। उन्होंने कहा कि यदि पाकिस्तान ने कोई दुस्साहस किया तो उसे भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।

ट्रंप ने की कश्मीर पर मध्यस्थता की पेशकध

प्रभात खबर के अनुसार भारत ने साफ कर दिया है कि कश्मीर के मुद्दे पर किसी तीसरे पक्ष की अध्यक्षता कबूल नहीं होगी। इससे पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को कश्मीर पर मध्यस्थता की पेशकश की। ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट में ट्रंप ने कहा कि मैं यह पता लगाने के लिए काम करूंगा कि क्या कश्मीर के संबंध में कोई समाधान निकाला जा सकता है। इधर, भारत ने दो टूक स्पष्ट किया है कि वह सिर्फ पाक अधिकृत कश्मीर की वापसी को लेकर ही बात करेगा। कश्मीर को लेकर और कोई मुद्दा नहीं है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपने पोस्ट में भारत और पाकिस्तान के मजबूत और दृढ़ नेतृत्व की प्रशंसा की। ट्रंप ने कहा, दोनों देशों के बीच संघर्ष लाखों निर्दोष लोगों की मौत और विनाश का कारण बन सकता था। इसलिए वर्तमान संघर्ष को रोकने का समय आ गया था।

3 दिन में पाक के 40 सैनिक मारे: भारतीय सेना

भास्कर के अनुसार पाकिस्तान के खिलाफ सैनिक कार्रवाई रोकने की सहमति के करीब 24 घंटे बाद भारतीय सेवा ने ऑपरेशन सिंदूर की जानकारी साझा की। डायरेक्टर जनरल आफ मिलिट्री ऑपरेशंस (डीजीएमओ) लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई, वाइस एडमिरल एएन प्रमोद और एयर मार्शल एके भारती ने पाकिस्तान की हरकतों और भारत की कार्रवाई के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि हमने जिस मकसद से ऑपरेशन शुरू किया उसे पूरा कर लिया। वायु सेना ने हमले में अहम भूमिका निभाई और इनमें से कुछ शिविरों पर हमला किया। घई ने बताया कि भारत ने 7 मई की रात 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाकर हमला किया इसमें 100 से ज्यादा आतंकी मारे गए। इस सवाल पर कि भारत में कितने पाकिस्तानी विमान गिराए, भारती ने कहा उनके विमान को हमारी सीमा में घुसने से रोका गया। हमने कुछ विमान गिराए हैं। सेना ने कहा 7 से 10 मई के बीच पाकिस्तान के 35 से 40 सैनिक और अफसर मारे गए हैं।

संसद नहीं, संविधान सबसे ऊपर: जस्टिस गवई

हिन्दुस्तान के अनुसार देश के अगले प्रधान न्यायाधीश बीआर गवई ने कहा है कि ‘देश में संसद नहीं, संविधान सर्वोच्च है।’ गवई 14 मई से देश के 52वें सीजेआई के रूप में न्यायपालिका की बागडोर संभालने जा रहे हैं। जस्टिस गवई ने रविवार को अपने आवास पर अनौपचारिक बातचीत में कई मुद्दों पर खुलकर बातचीत की। उन्होंने न्यायपालिका, खासकर सुप्रीम कोर्ट पर विधायिका के कार्यक्षेत्र में दखल देने के आरोपों के बारे में कहा कि ‘केशवानंद भारती बनाम भारत सरकार के मामले में 13 जजों की संविधान पीठ ने तय कर दिया है कि ‘देश में संविधान ही सर्वोच्च है और हम सभी इससे बंधे हैं।’

विदेशी निवेशकों की भारतीय शहरों में खरीदारी जारी

जागरण के अनुसार विदेशी पोर्टफोलियो निवेशक (एफपीआई) का भारतीय शेयर बाजार में भरोसा बना हुआ है और वे मई अब तक 14167 करोड़ रुपए के शेयरों की शुद्ध रूप से खरीदारी कर चुके हैं। खास बात यह है कि यह निवेश भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे सैन्य तनाव के बावजूद आया है। नेशनल सिक्योरिटीज़ डिपॉजिटरी लिमिटेड के डेटा के अनुसार इससे पहले अप्रैल में भी एफपीआई ने भारतीय बाजारों में 4223 करोड़ रुपए का शुद्ध निवेश किया था।

अमेरिका ईरान में सकारात्मक वार्ता

जागरण के अनुसार परमाणु शक्ति के इस्तेमाल के मसले पर रविवार को अमेरिका और ईरान के बीच ओमान की राजधानी मस्कट में फिर वार्ता हुई। ओमान की मध्यस्थता में दोनों पक्षों ने वार्ता को जारी रखने पर सहमति जताई है। जल्द ही वार्ता के लिए अगली तिथि की घोषणा होगी। यह वार्ता ईरान को परमाणु बम बनाने से रोकने के उद्देश्य से हो रही है। माना जा रहा है कि ईरान ने पिछले कई वर्षों में यूरेनियम के शोध का जो स्तर बढ़ाया है उससे उसे परमाणु बम बनाने में मदद मिल सकती है। तीसरे दौर की वार्ता के बाद गतिरोध पैदा हो जाने के बाद 13 मई से शुरू होने वाले ट्रंप के अरब देशों के दौरे से पहले यह वार्ता फिर हुई है।

यमुना को साफ करने पर ₹8372 करोड़ खर्च

भास्कर के अनुसार यमुना नदी का महत्व प्रतिशत हिस्सा दिल्ली में पड़ता है और यमुना के प्रदूषण का 80% हिस्सा दिल्ली से मिलता है। यमुना को साफ करने के लिए अब तक 8372 करोड रुपए खर्च हो चुके हैं और इतने खर्चे से दिल्ली में 37 सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाए गए और नतीजा है कि देश की राजधानी से गुजरने वाली यमुना नदी देश की सबसे प्रदूषित नदी है। विडंबना यह है कि दिल्ली सरकार का दावा है कि उसके पास पानी को साफ करने का इतना बड़ा बुनियादी ढांचा है कि वह दिल्ली में पैदा होने वाले गंदे पानी का 80% साफ कर सकता है। सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरमेंट ने अपनी नई रिपोर्ट में पाया है कि यदि दिल्ली के एसपी के ट्रीटेड पानी को यदि यमुना में सीधे पहुंचाया जाए तो यमुना फिर से जीवंत हो जाती।

कुछ और सुर्खियां

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस महीने के अंत में बिहार आएंगे, बिक्रमगंज में होगी सभा
  • कांग्रेस नेता राहुल गांधी इसी सप्ताह बिहार आएंगे
  • पटना, सारण, गोपालगंज, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, शेखपुरा, भागलपुर और बांका जिलों में आज लू का अलर्ट
  • आईपीएल के स्थगित मैच 16-17 मई से हो सकते हैं शुरू

अनछपी: बेहद सम्मान से देखे जाने वाले विदेश सचिव विक्रम मिसरी को कल अपना एक्स हैंडल प्रोटेक्ट करना पड़ा यानी उस पर कोई जवाब नहीं देने की व्यवस्था लानी पड़ी क्योंकि भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर की वजह से भयंकर गालियां दी जा रही थीं। यही नहीं उनकी बेटियों के फोन नम्बर सहित दूसरी निजी जानकारी फैला दी गई और ट्रोलों ने उन्हें भी निशाना बनाया। यह वही ट्रोल हैं जो मुसलमानों और खासकर मुस्लिम महिलाओं को निशाना बनाते हैं। मुस्लिम महिलाओं की ऑनलाइन बोली लगाने वाले ऐसे ही लोग थे। उम्मीद थी कि आज के अखबारों में इस खबर की चर्चा होगी और शायद इस पर कोई एडिटोरियल भी लिखे लेकिन यहां तो अखबारों ने इस खबर को पूरी तरह से गायब कर दिया या फिर ऐसी जगह छाप जिसका पता ना चल सके। हिंदूत्ववादी दक्षिणपंथी तत्व गाली गलौज और आतंक की जिस भाषा का इस्तेमाल करते हैं उस पर हिंदी अखबारों की चुप्पी बेहद शर्मनाक और अफसोसनाक है। याद रखने की बात यह है कि ट्रोलों को इस तरह की हरकत करने की सोच ऊपर से मिलती है। फर्क सिर्फ उनकी भाषा में होता है भाव तो एक ही होते हैं। ऐसे में भारत का पिछला लोकसभा चुनाव याद आता है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुसलमानों को सीधे गालियां तो नहीं दीं लेकिन ऐसी भाषा का प्रयोग किया जिसे बेहद आपत्तिजनक माना गया और उसकी भरपूर आलोचना हुई। इस मामले में तो यह जानकारी नहीं मिली है लेकिन कई मामलों में ऐसा देखा गया है कि ऐसे गाली गलौज करने वाले हैंडल्स को प्रधानमंत्री या उनके कार्यालय द्वारा फॉलो किया जाता है। विदेश सचिव विक्रम मिसरी की बेटी को इसलिए भी निशाना बनाया गया क्योंकि वह लंदन की एक लॉ फर्म में काम करती हैं और रोहिंग्या शरणार्थियों के अधिकारियों के लिए अपनी दलीलें देती हैं। यह बताने की जरूरत नहीं है कि रोहिंग्या शरणार्थियों के लिए नफरत और दुश्मनी फैलाने वाले कौन लोग हैं।

 479 total views

Share Now