छ्पी-अनछपी: आज-आज में अटकी है सीट शेयरिंग, अफगान मंत्री ने दारुल उलूम में पढ़ी हदीस

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए एनडीए और महागठबंधन में हर दिन आज सीट शेयरिंग की बात हो रही है लेकिन अब तक फैसला अटका हुआ है। अफगानिस्तान के विदेश मंत्री आमीर खान मुत्तक़ी ने देवबंद के दारु में हदीस पढ़ी। पटना से देश भर में 40 लोगों से 14 करोड़ की ठगी करने वाले 13 साइबर ठग गिरफ्तार किए गए हैं। चुनाव की गहमागामी के बीच आईआरसीटीसी घोटाले मामले में तेजस्वी यादव और लालू प्रसाद आज दिल्ली जाएंगे।

और, जनिएगा कि चीफ जस्टिस ऑफ़ इंडिया ने क्यों कहा कि डिजिटल युग में लड़कियां सबसे ज्यादा असुरक्षित हैं।

पहली ख़बर

प्रभात खबर के अनुसार एनडीए में रालोमो अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा की नाराजगी और जीतन राम मांझी के तीखे तेवर के बीच रविवार को घटक दलों के बीच सीटों के बंटवारे की घोषणा नयी दिल्ली में हो जायेंगी। इस दौरान सभी घटक दलों के शीर्ष नेता मौजूद रहेंगे। इसमें शामिल होने के लिए शनिवार देर शाम जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा और वरिष्ठ नेता व केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह नयी दिल्ली के लिए रवाना हो गये। एनडीए के अन्य घटक दल लोजपा (रा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, हम के सुप्रीमो व केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी सहित रालोमो के सुप्रीमो उपेंद्र कुशवाहा पहले से ही दिल्ली में हैं। इधर, शनिवार को नयी दिल्ली में सीट शेयरिंग और उम्मीदवारों के चयन आदि अहम मसलों पर निर्णय लेने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर पार्टी की कोर कमेटी की सात घंटे तक बैठक चली। माना जा रहा है कि इसमें एनडीए सहयोगी दलों के बीच सीट बंटवारे को अंतिम रूप दे दिया जाएगा।

महागठबंधन में सीटों के बंटवारे पर इंतजार बढ़ा

महागठबंधन की सीट साझेदारी की घोषणा 14 की शाम या पंद्रह अक्तूबर तक टल सकती है। राजद सूत्रों के मुताबिक लालू प्रसाद और तेजस्वी यादव कोर्ट केस के मामले में 12 तारीख को दिल्ली जायेंगे। इसलिए यह स्थिति बन सकती है, इससे पहले सीट साझेदारी की घोषणा 12 अक्तूबर रविवार को प्रस्तावित की गयी थी। इस तरह 12 अक्तूबर को दोपहर तक सूची नहीं आयी तो फिर दो दिन और इंतजार करना पड़ सकता है। इधर सूत्रों का कहना है कि राजद ने 50 से अधिक प्रत्याशियों को अपने अपने चुनाव क्षेत्र में रवाना कर दिया है, लेकिन अभी तक किसी भी प्रत्याशी को सिंबल नहीं दिया गया है।

चुनाव बुलेटिन:

  • राजद ने चार दर्जन सीटों पर सिंबल देना शुरू किया
  • भाजपा ने अपने हिस्से की सीटों पर नाम तय किए, आज हो सकती है घोषणा
  • हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के संरक्षक जीतन राम मांझी ने 15 सीटों की सूची भाजपा को सौंपी
  • एआईएमआईएम 100 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, 32 विधानसभा क्षेत्रों की घोषणा
  • भारतीय जनता पार्टी के विधायक मिश्रीलाल यादव ने पार्टी से इस्तीफा दिया, भाजपा पर पिछड़ा विरोधी होने का आरोप लगाया
  • बिहार में 28 लाख नए वोटर कार्ड भेजने का काम शुरू
  • नामांकन की तारीख को देखते हुए दूसरे चरण की मतदाता सूची में नाम जोड़ने पर भी रोक

अफ़ग़ान मंत्री ने दारुल उलूम में पढ़ी हदीस

जागरण के अनुसार सात दिन के दौरे पर भारत आए अफगानिस्तान के विदेश मंत्री अमीर खान मुत्तकी शनिवार को एशिया के बड़े इस्लामिक शिक्षण केंद्र दारुल उलूम देवबंद पहुंचे। जमीयत उलमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी समेत वरिष्ठ उलेमा ने उनका जोरदार स्वागत किया। मुत्तकी तीन घंटे तक दारुल उलूम में रहे। छात्रों के साथ कक्ष में बैठकर हदीस पढ़ी। भारत एवं अफगानिस्तान के बीच बेहतर होते रिश्तों पर प्रसन्नता व्यक्त की। कहा, देवबंद का अफगानिस्तान से गहरा रिश्ता है, जहां हमारे यहां से छात्र इस्लामी शिक्षा ग्रहण करने पहुंचते है। अब उनका आना-जाना और बढ़ जाएगा। काबुल में भारतीय दूतावास को फिर से सक्रिय करने की घोषणा से दोनों देशों के बीच शैक्षिक और व्यापारिक रिश्तों में और अधिक मजबूती अएगी। पूरे क्षेत्र में अमन शांति और स्थिरता के कायम होने में मदद मिलेगी।

आईआरसीटीसी घोटाला: लालू राबड़ी और तेजस्वी आज जाएंगे दिल्ली

हिन्दुस्तान के अनुसार राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद, पूर्व सीएम राबड़ी देवी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव रविवार की सुबह दिल्ली जाएंगे। राउज एवेन्यू कोर्ट आईआरसीटीसी होटल घोटाले में 13 अक्टूबर को आरोप तय कर सकता है। इसलिए कोर्ट ने इस मामले में सभी आरोपितों को कोर्ट में व्यक्तिगत रूप से पेश होने को कहा है। इस मामले में कोर्ट में हाजिर होने के लिए ही तीनों दिल्ली जाएंगे। हालांकि दो दिवसीय दौरे में लालू प्रसाद और तेजस्वी कांग्रेस के वरीय नेताओं से भी मुलाकात करेंगे। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की मुलाकात हो सकती है। इस मुलाकात में ही कांग्रेस और राजद के बीच सीटों को लेकर चल रहे अनबन का निबटारा हो सकता है। सोमवार या मंगलवार को महागठबंधन की ओर से सीटों के बंटवारे का औपचारिक एलान हो सकता है।

14 करोड़ की ठगी करने वाले 13 साइबर ठग गिरफ्तार

जागरण के अनुसार अलग- अलग राज्यों के लोगों से आनलाइन टेलीग्राम पर टास्क देने, बिटकाइन में निवेश कर मुनाफा कमाने, माइक्रो काइनेंस कंपनी से लोन दिलाने और गेमिंग एप के नाम पर ठगी करने बाले अंतरराज्यीय साइबर गिरोह के 13 ठगों को गिरफ्तार किया गया है। बिहार एसटीएफ, साइबर थाना और शास्त्रीनगर थाना की संयुक्त कार्रवाई में शनिवार को इन सभी को खाजपुरा नेहरू पथ मातृ होटल एवं बैंक्वेट से दबोचा गया। इनके मोबाइल फ़ोन में कई बैंक खाता नंबर और लेनदेन के साक्ष्य मिले हैं। छानबीन के क्रम में एनसीआरपी पोर्टल की मदद से प्राप्त खातों की तकनीकी जांच करने पर पता चला कि इनके पास जो बैंक खाता नंबर मिले हैं, उससे जुड़े मामलों में देश के कई राज्यों से करीब 40 शिकायत दर्ज हैं। जांच में अब तक लगभग 14 करोड़ 10 लाख 36 हजार रुपये की साइबर ठगी की बात सामने आई है। इनके पास से पुलिस ने 15 मोबाइल और एक कार को भी जब्त किया है। गिरोह के एक अन्य आरोपित की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

डिजिटल युग में लड़कियां सबसे ज्यादा असुरक्षित

हिन्दुस्तान के अनुसार भारत के मुख्य न्यायाधीश बीआर गवई ने शनिवार को डिजिटल दौर में लड़कियों की असुरक्षा पर चिंता जताई। मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि ऑनलाइन उत्पीड़न, साइबर धमकी, व्यक्तिगत डेटा और डीपफेक तस्वीरों लड़कियों के लिए चिंता बन गई हैं। उन्होंने इस संदर्भ में विशेष कानून बनाए जाने और कानून प्रवर्तन एजेंसियों व नीति निर्धारकों को विशेष प्रशिक्षण देने की आवश्यकता पर जोर दिया। मुख्य न्यायाधीश ‘बालिकाओं की सुरक्षा: भारत में उनके लिए एक सुरक्षित और सक्षम वातावरण’ की ओर विषय पर शीर्ष अदालत परिसर में आयोजित राष्ट्रीय वार्षिक हितधारक परामर्श बैठक को संबोधित कर रहे थे। सीजेआई ने कहा कि संवैधानिक और कानूनी संरक्षण के बावजूद देशभर में बालिकाओं को अब भी उनके मौलिक अधिकारों और यहां तक कि जीवन-निर्वाह के बुनियादी साधनों से भी वंचित रहना पड़ रहा है। यह असुरक्षा उन्हें यौन शोषण, उत्पीड़न और अन्य गंभीर जोखिमों के प्रति अत्यधिक संवेदनशील बना देती है। बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना केवल उसके शरीर की रक्षा करना नहीं है, बल्कि उसकी आत्मा को मुक्त करना है।

कुछ और सुर्खियां:

  • अनिल अंबानी की कंपनी रिलायंस पावर के चीफ़ फाइनेंस ऑफ़िसर अशोक कुमार पाल मनी लांड्रिंग के मामले में गिरफ्तार
  • पाकिस्तान के डेरा इस्माइल जिले में पुलिस ट्रेनिंग सेंटर पर बड़ा हमला 23 की मौत
  • सारण जिले के दिघवारा में बाढ़ से पानी से भरे गड्ढे में नहाने गईं चार बहने डूबीं, तीन की मौत
  • अमेरिका ने चीन पर फिर 100% टैरिफ लगाने का ऐलान किया

अनछपी: बिहार में पहले चरण के चुनाव की तारीख 6 नवंबर में अब कुछ ही दिन बचे हैं लेकिन अभी तक इसी बात पर बहस चल रही है कि किस गठबंधन में किस पार्टी को कितनी सीट मिलेगी। ना तो एनडीए में यह फैसला हो पा रहा है और ना ही महागठबंधन की उलझनें दूर हो रही हैं। अखबारों की सुर्खियां रोज आज-आज की खबर दे रही हैं। यूट्यूब चैनलों और सोशल मीडिया पर तरह-तरह के लोग तरह-तरह के दावे कर रहे हैं। एक-एक सीट पर हर पार्टी की तरफ से 10-10 उम्मीदवार बताए जा रहे हैं। ऐसे में गंभीर और जनता के लिए की जाने वाली राजनीति की बात कैसे हो सकती है? वैसे तो चुनाव जनता की सेवा के नाम पर लड़ा जाता है लेकिन आज के दौर में चुनाव जीतने का मतलब 5 साल के लिए एक इलाके पर राज करना और वहां के विकास के नाम पर दिए जा रहे पैसों की बंदरबांट करना माना जाता है। जनता को भी पता होता है कि उनके वोट लेने वाले उनके लिए कुछ खास नहीं करेंगे लेकिन जाति और धर्म के नाम पर लोग उन्हें वोट दे ही देते हैं। इन सब के बीच हुआ यह है कि बिहार में चुनाव किस मुद्दे पर लड़ा जाएगा यह बहस दूर हो गई है। यही वजह है कि बिहार में हर जाति और धर्म का आदमी यह कहते हुए मिल जाएगा कि बहुत घूसखोरी है लेकिन वह इस तकलीफ को वोट देने के वक्त याद नहीं रख पाता है। वोट देने वाला आदमी स्कूलों में पढ़ाई और अस्पतालों में इलाज की कमी की शिकायत भी करेगा लेकिन वोट देने वक्त यह बात भूल जाएगा। बाढ़ और जल जमाव से परेशान लोग भी बूथ पर जाते ही यह बातें भूल जाते हैं। ऐसी और बहुत सी बातें हैं लेकिन जब चुनाव से कुछ दिन पहले इन मुद्दों पर बातचीत ही बंद हो जाए और सारी चर्चा इस बात की हो कि किस पार्टी को कितनी सीट मिल रही है तो जनता का भला कैसे हो सकता है। यह गंभीर विषय है और आसानी से कहा जा सकता है कि बिहार में लोकतंत्र दरअसल अपना सेवक नहीं बल्कि शासक चुनने का पर्व है।

 

 596 total views

Share Now