छपी-अनछपी: कोहरे से थमी रफ्तार- 25 जिलों में अलर्ट, नन बैंकिंग कंपनियों पर कसेगी नकेल
बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। पटना सहित 25 जिलों में अत्यंत घने कोहरे को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। बिहार में संचालित नन बैंकिंग कंपनियों की वित्तीय अनियमितताओं के खिलाफ दर्ज मामले में आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) कार्रवाई तेज करेगी। बेगूसराय के जिला कल्याण पदाधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल घूस लेते गिरफ्तार किए गए हैं।
और, जानिएगा कि कैसे झारखंड कर एक ग्राहक के बैंक खाते में अचानक आ गए 9,99,99,97,401 रुपए।
पहली ख़बर
जागरण के अनुसार राजधानी पटना सहित प्रदेश के मौसम ने गुरुवार को करवट ले ली। घने कोहरे का प्रभाव बना रहा। दिन में धूप का प्रभाव कमजोर रहा। बर्फीली पछुआ हवा के कारण कनकनी का एहसास हुआ। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, अगले तीन दिनों तक मौसम में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। पूरा राज्य कोहरे की चपेट में रहेगा। पटना सहित 25 जिलों में अत्यंत घने कोहरे को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों में कोहरे को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया। ये जिले पटना सहित पूर्वी व पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, भभुआ, रोहतास, औरंगाबाद, गया, नवादा, शेखपुरा, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, बेगूसराय, समस्तीपुर, वैशाली, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, शिवहर, सीतामढ़ी हैं।
पूजा स्पेशल ट्रेन 26 घन्टे लेट
पटना समेत उत्तर भारत में घने कोहरे का असर रेल परिचालन पर लगातार बना हुआ है। दिल्ली, कोलकाता, रांची समेत विभिन्न शहरों से पटना आने वाली कई प्रमुख ट्रेनें घंटों की देरी से पहुंचीं। दिल्ली से पटना आने वाली तेजस राजधानी एक्सप्रेस करीब 7 घंटे 23 मिनट विलंब से पहुंची। दरभंगा पूजा स्पेशल ट्रेन सबसे अधिक प्रभावित रही, जो अपने निर्धारित समय से 26 घंटे 17 मिनट देरी से चली। इसी तरह फरक्का एक्सप्रेस 7 घंटे 15 मिनट की देरी से पहुंची। वहीं, गरीब रथ को रद कर दिया गया।
नन बैंकिंग कंपनियों पर कसेगी नकेल
बिहार में संचालित नन बैंकिंग कंपनियों (एनबीएफसी) की वित्तीय अनियमितताओं के खिलाफ दर्ज मामले में आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) कार्रवाई तेज करेगी। ईओयू जल्द आरोप पत्र दाखिल करेगी। गुरुवार को मुख्य सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित ‘अनियमित जमा योजनाओं पर प्रतिबंध अधिनियम, 2019’ (बैनिंग ऑफ अन-रेगुलेटेड डिपोजिट स्कीम एक्ट, 2019 के तहत गठित राज्यस्तरीय समन्वय समिति (एसएलसीसी) की बैठक में इसका निर्णय लिया गया। मुजफ्फरपुर सामूहिक आत्महत्या कांड के बाद ऐसे मामलों में कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। इसके बाद यह निर्णय लिया गया है।
बेगूसराय के जिला कल्याण पदाधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल घूस लेते गिरफ्तार
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने बेगूसराय के जिला कल्याण पदाधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल और उनके कार्यालय के नाजिर जीवेंद्र कुमार सिंह को 18 सौ रुपये घूस लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को निगरानी ब्यूरो की टीम ने दोनों अभियुक्तों को उनके कार्यालय से गिरफ्तार किया। इनके द्वारा बिल भुगतान के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही थी। निगरानी ब्यूरो कार्यालय में बेगूसराय के बछवाड़ा निवासी स्व. सुरेश राम के पुत्र मुकेश राम ने लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। ब्यूरो ने प्राप्त शिकायत की जांच की और उसे रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण मिला। आरोप सही पाए जाने के बाद निगरानी थाने में कांड संख्या – 114/25 दर्ज किया गया और डीएसपी शिव कुमार साह को अनुसंधानकर्ता बनाया गया। फिर उनके नेतृत्व में धावा दल का गठन किया गया। निगरानी ब्यूरो की टीम ने गिरफ्तारी के बाद दोनों से पूछताछ की।
अमेरिका जाने को तैयार 70 हज़ार भारतीय प्रोफेशनल्स परेशान
भास्कर के अनुसार अमेरिका में भारतीय प्रोफेशनल्स की एंट्री में नई दिक्कतें सामने आ रही हैं। एच-1 बी वीज़ा अपॉइंटमेंट कैंसल होने और रिशेड्यूलिंग के कारण अब 11 महीने बाद तक की तारीख मिल रही है। ऐसे में लगभग 70 हजार भारतीयों पर असर पड़ने की आशंका है। सोशल मीडिया प्रोफाइल जांच के नाम पर मई 2026 तक इन्हें टाला जा चुका था, लेकिन अब आशंका जताई जा रही है कि अगले साल अंत तक इंटरव्यू प्रक्रिया चल सकती है। 15 दिसंबर तक के इंटरव्यू पहले ही मार्च तक टाले जा चुके हैं।
पटना की 19 मुख्य सड़कों को प्रधान मुख्य सड़क में अपग्रेड, वेल्थ टैक्स बढ़ेगा
प्रभात ख़बर के अनुसार पटना नगर निगम क्षेत्र में संपत्ति कर निर्धारण की प्रक्रिया को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है. नगर विकास एवं आवास विभाग से मंजूरी के बाद नगर निगम ने शहर की सड़कों का पुनर्वर्गीकरण कर दिया है. इसके तहत 19 मुख्य सड़कों को प्रधान मुख्य सड़क में अपग्रेड कर दिया गया है. नयी व्यवस्था के अनुसार संपत्ति कर का निर्धारण भी इसी के अनुसार प्रभावी होगा. निगम ने शहर की करीब 112 सड़कों की सूची जारी की है. इनमें 43 सड़कों को प्रधान मुख्य सड़क की श्रेणी में रखा है, जबकि 69 को मुख्य सड़क में रखा गया है. पहले 24 प्रधान मुख्य सड़कें व 88 मुख्य सड़कें थीं. कंकड़बाग, किदवईपुरी, कांग्रेस मैदान, बुद्ध मार्ग, आशियाना-दीघा रोड, हनुमान नगर आदि पहले मुख्य सड़क की श्रेणी में थे. लेकिन, अब इसे प्रधान मुख्य सड़क में रखा गया है.
अचानक आए 9,99,99,97,401 रुपए
जागरण के अनुसार झारखंड के गिरिडीह के हीरोडीह थाना निवासी गणेश प्रसाद वर्मा ने गुरुवार को हीरोडीह थाना में आवेदन देकर अपने बैंक खाते में हुई अनियमितता की शिकायत की है। पीड़ित के अनुसार उनका खाता बैंक आफ इंडिया शाखा में संचालित है। इस बावत गणेश ने बताया कि उनके खाते में अचानक 9,99,99,97,401 रुपये आ गए हैं, जबकि खाते में पूर्व से जमा करीब 10 हजार रुपये भी गायब हो गए हैं। इस अप्रत्याशित और गंभीर तकनीकी गड़बड़ी से खाताधारक मानसिक रूप से परेशान है। भुक्तभोगी को जब केवाईसी करने की नौबत आई तो इस रकम का पता चल पाया। फिलहाल बैंक द्वारा खाते को बंद कर दिया गया है। पीड़ित का कहना है कि इस संबंध में बैंककर्मियों से संपर्क करने पर कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
कुछ और सुर्खियां:
- उड़ीसा हाई कोर्ट के जस्टिस संगम कुमार साहू पटना हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस बनेंगे
- मुजफ्फरपुर में बिजली का सर्विस वायर टूट कर गिरा, बाप-बेटे और भांजे की मौत
- सासाराम में आवारा कुत्ते ने एक परिवार के चार लोगों समेत 70 लोगों को काटा
- गोपालगंज के थावे मंदिर से मुकुट समेत करोड़ के आभूषण चोरी
- भारत ने बांग्लादेश के खुलने और राजशाही में वीजा आवेदन केंद्र बंद किए
- केंद्र सरकार ने जानकारी दी, रूस की सेना में तैनात थे 202 भारतीय, 26 की हो गई मौत
अनछपी: दत्तात्रेय होसबाले आरएसएस के वरिष्ठ अधिकारी (सरकार्यवाह) हैं। गोरखपुर में आयोजित हिंदू सम्मेलन में होसबाले ने हिंदू धर्म के सिद्धांतों को दैनिक जीवन में शामिल करने की जरूरतbबताई और कहा, “मुसलमानों को पर्यावरण संरक्षण के लिए नदियों, पेड़ों और सूर्य का सम्मान करने से कोई नुकसान नहीं होगा।” इस खबर में यह बात भी लिखी गई है कि मुस्लिम अगर नदी की पूजा करें तो क्या हर्ज है? होसबाले का यह सवाल अगर मामले को समझने के लिए है तो उनका स्वागत किया जाना चाहिए। शायद वह यह समझना चाह रहे हैं कि मुसलमान आखिर नदी की पूजा करने में क्या परेशानी महसूस करते हैं। रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा कि अगर मुस्लिम भाई नमाज के साथ-साथ पर्यावरण के दृष्टिकोण से नदी की पूजा और सूर्य नमस्कार करें तो इसमें कोई हर्ज नहीं है। अच्छी बात यह है कि उन्होंने मुस्लिम भाई जैसे संबोधन का इस्तेमाल किया। अब इससे अच्छी बात यह होगी कि वह उनसे मुलाकात करें और उनसे जानें कि आखिर मुसलमान इन चीजों की पूजा क्यों नहीं करता। जहां तक पर्यावरण सुरक्षा की बात है तो मुसलमान को यह तालीम दी जाती है कि वह पानी बर्बाद ना करें, पेड़ पौधों को नुकसान ना पहुंचाएं। यहां तक कि जंग के जो उसूल बताए गए हैं उसमें भी कहा गया है कि पेड़ पौधों को नुकसान नहीं पहुंचाना है। होसबाले साहब को यह भी सोचना चाहिए कि दुनिया भर में नदियों और वनों के संरक्षण के लिए वैज्ञानिक सोच अपनाई जाती है, उनकी पूजा नहीं की जाती। सूर्य नमस्कार में सबसे बड़ी दिक्कत यह है कि मुसलमान केवल एक पूज्य को मान्यता देता है जिसे हम आम तौर पर अल्लाह के नाम से जानते हैं, इसलिए वह किसी और सृष्टि की पूजा नहीं कर सकता, चाहे वह इंसान हो, सूरज हो, जंगल हो या कोई और चीज। वैसे भी सूर्य को नमस्कार करें या ना करें, सूर्य की सेहत पर क्या फर्क पड़ता है, यह बताया जाना चाहिए। होसबाले साहब ने अगर नेकदिली से यह सवाल पूछा है तो उन्हें इसे समझने की भी कोशिश करनी चाहिए।
239 total views
