छपी-अनछपी: बिहटा में 55 लाख का मुआवजा घोटाला, ईरान में आर्थिक संकट- झड़प
बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। पटना जिले के बिहटा अंचल में मेगा इंडस्ट्रियल पार्क (भूमि बैंक) के लिए अधिग्रहित जमीन के मुआवजे में बड़ा घोटाला सामने आया है. ईरान में आर्थिक संकट को लेकर चल रहा विरोध-प्रदर्शन बुधवार देर रात और हिंसक हो गया। स्विट्जरलैंड के ट्रांस मोंटाना स्की रिसॉर्ट में धमाके के बाद 40 लोगों की मौत हो गई।
और जानिएगा कि मंत्री जी की दौलत के ब्योरे में कैसे 2 करोड़ की टाइपिंग भूल 22 करोड़ बन गयी।
पहली ख़बर
पटना जिले के बिहटा अंचल में मेगा इंडस्ट्रियल पार्क (भूमि बैंक) के लिए अधिग्रहित जमीन के मुआवजे में बड़ा घोटाला सामने आया है. निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने जांच में पाया कि किसानों को दिये जाने वाले लगभग 55 लाख रुपये कागजों में फर्जी इंट्री कर निकाल लिये गये. इस मामले में निगरानी थाने में पटना के तत्कालीन जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, अपर जिला भू अर्जन अधिकारी, भू-अर्जन कार्यालय के कानूनगो, सहायक, प्रधान सहायक और अमीन, तथा अंचल कार्यालय बिहटा तत्कालीन सीओ और राजस्व कर्मचारी तथा एक बाहरी व्यक्ति सहित कुल 11 के खिलाफ मामला (संख्या-01/2026) दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी है. मामला मौजा सिकंदरपुर से जुड़ा भूमि अधिग्रहण वाद संख्या 01/2011-12 का है. राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग को 11 किसानों की ओर से शिकायत मिली थी कि उन्हें मिलने वाला मुआवजा बैंक खातों तक नहीं पहुंचा. शिकायत के आधार पर निगरानी ने फाइलों, भुगतान आदेशों और रिकॉर्ड का मिलान किया और सामने आया कि किसानों के नाम पर दस्तावेज गढ़कर भुगतान दिखाया गया.
6 अधिकारियों और दो पूर्व मुखिया की संपत्ति जब्त होगी
प्रभात ख़बर के अनुसार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने आठ लोकसेवकों की अवैध संपत्ति राजसात (जब्त) करने का प्रस्ताव तैयार कर सरकार को भेज दिया है. कुल चार करोड़ 13 लाख 61 हजार 612 रुपये की संपत्ति जब्ती के लिए प्रक्रिया शुरू हो गयी है. इस सूची में पंचायत प्रतिनिधि से लेकर इंजीनियर, एसडीओ, टैक्स दारोगा और बाल विकास परियोजना पदाधिकारी तक के नाम शामिल हैं. इन सभी के खिलाफ साल 2012 से साल 2019 के बीच निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया था.
ईरान में आर्थिक संकट
हिन्दुस्तान के अनुसार ईरान में आर्थिक संकट को लेकर चल रहा विरोध-प्रदर्शन बुधवार देर रात और हिंसक हो गया। इस दौरान अर्धसैनिक बल बासिज मिलिशिया के एक सदस्य की मौत हो गई, जबकि 13 अन्य घायल हुए। गुरुवार को लोरदेगान शहर में सुरक्षा बलों और प्रदर्शनकारियों के बीच ताजा झड़पों में दो नागरिक मारे गए। ईरान के पश्चिमी लोरेस्टान प्रांत के कुहदाश्त में हुई यह घटना उस अशांति में वृद्धि का संकेत है। ये प्रदर्शन रविवार को दुकानदारों द्वारा मुद्रास्फीति और गिरती मुद्रा दर को लेकर शुरू हुआ था, जो पूरे देश में फैल गया। तीन वर्ष पहले बुर्का विवाद में हुई महसा अमीनी की मौत के बाद यह सबसे बड़ा प्रदर्शन है।
बिहार में दो दिनों में बारिश की संभावना, सात तक सर्दी से रहेगी परेशानी
प्रभात खबर के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले दो दिन तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में हल्की वर्षा/बर्फबारी की संभावना है. इससे बिहार में कई जगहों पर पांच-सात दिनों तक रात/सुबह के समय घने से बहुत घना कोहरा छाये रहने की आशंका है. सात जनवरी तक ठंड से राहत के आसार नहीं हैं. गुरुवार को राज्य के छपरा और मधुबनी में भीषण कोल्ड डे की स्थिति रही. भागलपुर, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर मे शीत दिवस रहा. आइएमडी पटना की रिपोर्ट के मुताबिक बिहार में सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस जीरादेई (सौवान) में रहा. खास बात यह रही कि पूरे राज्य में न्यूनतम तापमान 5.8-10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा है. गुरुवार को सबसे कम न्यूनतम दृश्यता 20 मीटर भागलपुर में रही, राज्य का सर्वाधिक उच्चतम तापमान 24.2 डिग्री किशनगंज में रहा.
स्विट्जरलैंड में धमाके के बाद 40 लोगों की मौत
हिन्दुस्तान के अनुसार स्विट्जरलैंड के क्रांस मोंटाना स्की रिसॉर्ट के बार में नए साल के जश्न के दौरान बुधवार देर रात धमाके के बाद भीषण आग लग गई। इस घटना में करीब 40 लोग मारे गए और लगभग 115 लोग घायल हो गए। इटली के विदेश मंत्रालय ने इसकी पुष्टि की। क्रांस-मोंटाना रिसॉर्ट स्की और गोल्फ के लिए जाना जाता है। क्षेत्रीय नेता मैथियास रेनार्ड के अनुसार, घायलों की संख्या इतनी ज्यादा थी कि पास के अस्पताल का इंटेंसिव केयर यूनिट और ऑपरेशन थिएटर जल्दी ही पूरी तरह भर गया। वालिस कैंटन पुलिस ने कहा कि हम मृतकों की पहचान और उनके परिवारों को सूचित कर रहे हैं। वालिस कैंटन की अटॉर्नी जनरल बीट्राइस पिलौड ने किसी भी तरह के हमले की बात से इनकार किया। मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग शैंपेन की बोतलों पर लगाए गए स्पार्कलर्स के कारण लगी।
मंत्री जी बोले- 2 करोड़ टाइपिंग की गलती से 22 करोड़
पटना ग्रामीण कार्य मंत्री डॉ. अशोक चौधरी ने गलती से अपनी पत्नी नीता केसकर चौधरी की संपत्ति 20.29 करोड़ ज्यादा बताई। उनके अनुसार, संपत्ति की घोषणा के पत्नी वाले कॉलम में 22567497 रुपए की जगह 225467497 लिखा गया। कुल संपत्ति 42.68 करोड़ हो गई। वे बिहार के सबसे अमीर मंत्री हुए। उन्होंने इसमें सुधार का आग्रह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत से किया है। उनसे कहा है- ‘हमारी कुल संपत्ति 22.39 करोड़ है।’ इस हिसाब से पिछड़ा अति पिछड़ा कल्याण मंत्री रमा निषाद सबसे अमीर मंत्री हुईं। उनकी कुल संपत्ति 31.85 करोड़ रुपए है। इसमें उनके पति की भी संपत्ति शामिल है।
कुछ और सुर्खियां:
- 2026 में बिहार के सरकारी कर्मचारियों के लिए 35 दिनों की छुट्टी, 52 रविवार मिलाकर कुल 81 छुट्टियां
- मंत्री अशोक चौधरी ने कहा- टाइपिंग की गलती से पत्नी की 2 करोड़ की संपत्ति की जगह 22 करोड़ लिखा गया
- भारतवंशी जोहरान ममदानी ने न्यूयॉर्क के मेयर पद की शपथ ली
- चीफ जस्टिस ऑफ़ इंडिया जस्टिस सूर्यकांत आज आएंगे पटना, हाई कोर्ट के कई प्रोजेक्ट की रखेंगे आधारशिला
- भारत और पाकिस्तान ने एक दूसरे के एटॉमिक सेंटर्स की लिस्ट साझा की
- राजद नेता तेजस्वी यादव 5 जनवरी को विदेश दौरे से पटना लौटेंगे
अनछपी: आपको यह खबर कोई खास खबर नहीं लग सकती है जिसमें यह बताया गया है कि पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन कोलकाता से गुवाहाटी के बीच शुरू की जाएगी। तो इस खबर की चर्चा हम यहां क्यों कर रहे हैं? यह बताने के लिए के नेता कैसे चुनाव के वादे करते हैं और आम लोगों की याद्दाश्त की कमजोरी का फायदा उठाते हैं। कुछ महीने पहले तक यह बात चली आ रही थी कि पहले वंदे भारत स्लीपर ट्रेन पटना से नई दिल्ली के बीच चलाई जाएगी। वह वक्त बिहार में चुनाव का था और अब यह वक्त बंगाल में चुनाव का है। दिलचस्प बात यह है कि किसी भी अखबार ने इस बात की चर्चा नहीं की कि पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को पटना से दिल्ली के लिए चलना था। अब अगर रेल मंत्रालय से यह पूछा जाए कि ऐसा क्यों है तो उसकी तरफ से जो संभावित जवाब है वह यह है कि पटना से दिल्ली के लिए वंदे भारत स्लीपर ट्रेन चलाने का कोई औपचारिक फैसला नहीं हुआ था। यह तो पूछने के बाद ही बताया जाएगा लेकिन लोग पूछते ही कितना है? खबरों में बताया गया है कि इस ट्रेन के लिए टेस्टिंग और सर्टिफिकेशन का काम पूरा हो गया है और उम्मीद है कि 17 या 18 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस ट्रेन को दूसरी और ट्रेनों की तरह हरी झंडी दिखाएंगे। बिहार के लिए बदकिस्मती की बात यह है कि विपक्ष अभी छुट्टियां मना रहा है और सत्ता पक्ष अपनी सरकार में मस्त है। लेकिन आप इस मामले पर जरूर अपनी राय दीजिएगा।
163 total views
