छ्पी-अनछपी: ईरान ने अमेरिका का फाइटर जेट गिराया, ज्वेलरी दुकान से दो करोड़ की लूट
बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। ईरान ने एक और अमेरिकी लड़ाकू विमान एफ-15 फाइटर जेट मार गिराया है और जंग के बीच अमेरिका ने अपने आर्मी के को हटा दिया है। दरभंगा में एक ज्वेलरी दुकान से 2 करोड़ के जेवर लूट लिए गए। पूर्वी चंपारण में ज़हरीली शराब से पांच लोगों की मौत हो गई।
पहली ख़बर
प्रभात ख़बर के अनुसार ईरान ने शुक्रवार को एक और अमेरिकी लड़ाकू विमान एफ-15 फाइटर जेट मार गिराया. यह पहली बार है, जब अमेरिका ने ईरानी क्षेत्र में कोई विमान खोया है. ट्रंप को भी इस घटनाक्रम की जानकारी दे दी गयी. अमेरिकी सेना ने भी इसकी पुष्टि की. विमान गिरने से पहले पायलट पैराशूट की मदद से कूद गये. वे ईरान के अंदर ही कहीं उतरे. हालांकि, ईरान ने किसी पायलट को हिरासत में लेने की खबरों से इनकार किया. अमेरिकी सेना ने सर्च ऑपरेशन चला कर अपने एक पायलट को ढूंढ निकाला. इस ऑपरेशन में ब्लैक हॉक हेलिकॉप्टर सी130 हरक्यूलिस विमान लगाये. इसराइल इस तलाश एवं बचाव अभियान में अमेरिका की मदद कर रहा है. वहीं, ईरान ने दुश्मन पायलट को पुलिस के हवाले करने पर इनाम देने का एलान किया है. इससे पहले, लोगों से आग्रह किया गया था कि अगर वे दिखें, तो उन्हें गोली मार दें.
अमेरिका ने अपना आर्मी चीफ हटाया
हिन्दुस्तान के अनुसार ईरान के साथ जंग के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निर्देश पर रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने सेना के चीफ ऑफ स्टाफ जनरल रैंडी जॉर्ज को पद से हटा दिया। उनके साथ दो अन्य जनरल को भी पद से हटाया गया है। इन्हें हटाने का कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया गया है। पेंटागन के मुख्य प्रवक्ता सीन पार्नेल ने कहा कि जनरल रैंडी जॉर्ज तत्काल प्रभाव से सेना के 41वें चीफ ऑफ स्टाफ के पद से सेवानिवृत्त हो गए हैं। जॉर्ज अगस्त 2023 से (बाइडन प्रशासन के तहत) इस पद पर थे। यह पद आमतौर पर चार साल का होता है। रक्षा मंत्री हेगसेथ के पिछले साल पद संभालने के बाद से यह एक दर्जन से अधिक शीर्ष जनरल और एडमिरल की बर्खास्तगी की कड़ी में नया मामला है। वहीं अटॉर्नी जनरल पाम बॉन्डी को पद से हटा दिया गया।
ईरान ने खाड़ी क्षेत्रों में आठ पुल उड़ाने की धमकी दी
प्रभात ख़बर के अनुसार पश्चिम एशिया में एक महीने से जारी संघर्ष अब नये मोड़ पर पहुंचता दिख रहा है. हाल ही में अमेरिका ने ईरान के सबसे ऊंचे बी1 पुल पर हमला कर उसे आंशिक रूप से ध्वस्त कर दिया. इस हमले में आठ लोगों की मौत और 95 के घायल होने की खबर है. बताया जा रहा है कि 136 मीटर ऊंचा यह पुल निर्माणाधीन था और तेहरान को करज से जोड़ने वाला अहम इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट था. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हमले के बाद सख्त रुख अपनाते हुए ईरान को जल्द समझौते की चेतावनी दी. उन्होंने कहा कि अगर युद्ध खत्म नहीं हुआ, तो और बड़े हमले हो सकते हैं. इसके जवाब में ईरान ने भी आक्रामक तेवर दिखाते हुए खाड़ी क्षेत्र के कई अहम पुलों को संभावित निशाना बताया है. ईरान की ओर से जारी सूची में कुवैत में शेख जाबेर अल-अहमद अल-सबा समुद्री पुल, यूएइ में तीन शेख जायद, अल मकता और शेख खलीफा पुल, सऊदी अरब को बहरीन से जोड़ने वाला किंग फहद कॉजवे पुल, जॉर्डन में भी तीन पुल किंग हुसैन, दामिया और अब्दौन ब्रिज शामिल हैं.
अमेरिकी विशेषज्ञों ने ईरान पर हमले को बताया युद्ध अपराध
जागरण के अनुसार ईरान के खिलाफ युद्ध का अमेरिका में विरोध तेज हो गया है। अमेरिका में 100 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय कानून विशेषज्ञों ने एक खुले पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसमें ईरान पर अमेरिका के हमले को युद्ध अपराध बताया गया है। यह पत्र अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस धमकी के बाद जारी किया गया, जिसमें उन्होंने ईरान के ऊर्जा संयंत्रों पर हमले की धमकी दोहराई है। ट्रंप ने बुधवार को टेलीविजन संबोधन में कहा कि अगर ईरान ने वाशिंगटन की शर्तों को नहीं माना तो युद्ध बढ़ सकता है। उसके ऊर्जा और तेल ढांचों को निशाना बनाया जा सकता है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने इससे पहले युद्ध के लिए समयसीमा और उद्देश्यों में बदलाव की बात कही थी।
दरभंगा में ज्वेलरी दुकान से 2 करोड़ की लूट
दरभंगा के नगर थाना क्षेत्र के बड़ा बाजार में शुक्रवार को हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े लूट की बड़ी घटना को अंजाम दिया. प्रभात खबर के अनुसार दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने प्रेम ज्वेलर्स से 22 लाख नकद व लगभग दो करोड़ के जेवरात लूट लिये. लूट के बाद प्रतिष्ठान के मालिक व कर्मियों को दुकान में बंद कर अपराधी आराम से निकल लिये. जानकारी के अनुसार दोपहर बाद लगभग दो बजे दो बाइक पर सवार चार बदमाश प्रतिष्ठान के निकट पहुंचे. सभी नकाब में थे. पुलिस का कहना है कि जिले की नाकेबंदी कर दी गई है और लुटेरों को जल्दी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पूर्वी चंपारण में ज़हरीली शराब से पांच लोगों की मौत
पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) के तुरकौलिया थाना क्षेत्र के बालगंगा, परसौना, मांझी टोला व हरदिया गांवों में स्प्रिट से बनी जहरीली शराब ने पांच लोगों की जान ले ली। 13 लोग अब भी बीमार हैं। कुछ लोग इलाज के बाद घर लौटे हैं, जबकि कई के गुपचुप इलाज की चर्चा है। बुधवार रात चंदू कुमार की मौत के बाद गुरुवार को प्रमोद यादव ने दम तोड़ा। देर रात परीक्षण मांझी और हीरालाल भगत की जान गई। शुक्रवार को मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच में संपत साह की मौत हो गई। गांवों में मातमी सत्राटा है। लोग डरे हुए हैं। मामले में लापरवाही पर एसपी ने तुरकौलिया थानाध्यक्ष उमाशंकर मांझी को सस्पेंड किया है। चौकीदार भरत राय गिरफ्तार है। मुख्य आरोपी नागा राय समेत उसके परिवार के पांच सदस्य भी पकड़े गए हैं। दो थानों में हत्या का केस दर्ज हुआ है। प्रशासन का दावा है कि बड़े स्प्रिट नेटवर्क तक पहुंच बना ली गई है।
ट्रंप ने दवाओं पर 100% टैरिफ लगाया
हिन्दुस्तान के अनुसार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार रात आयातित ब्रांडेड दवाओं पर 100% टैरिफ लगाने का आदेश जारी किया। दूसरे आदेश में ट्रंप ने इस्पात, एल्युमीनियम और तांबे के उत्पादों पर टैरिफ घटा दिया है। इसका मकसद अमेरिका में दवाओं की कीमतें कम करना, देश में दवाओं के उत्पादन को बढ़ावा देना है। अब विदेशी कंपनियों के लिए अमेरिका में महंगी दवाएं बेचना कठिन हो गया है। अब भारत पर भी पेटेंट वाली दवाओं के आयात पर 100% टैरिफ लागू होगा। ट्रंप ने नई नीति लागू करने के लिए 120 दिनों की समय-सीमा भी तय कर दी है।
लगातार घट रहा विदेशी मुद्रा भंडार
जागरण के अनुसार आरबीआई ने शुक्रवार को कहा कि 27 मार्च को समाप्त हुए सप्ताह में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 10.28 अरब डालर घटकर 688.06 अरब डालर रह गया। इससे पिछले सप्ताह में कुल भंडार 11.413 अरब डालर घटकर 698.34 अरब डालर रहा था। पश्चिम एशिया संघर्ष शुरू होने से पहले 27 फरवरी को समाप्त सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 728.49 अरब डालर के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था। फरवरी अंत में पश्चिम एशिया संघर्ष शुरू होने के बाद से रुपया लगातार दबाव में है और आरबीआइ डालर की बिक्री के जरिये विदेशी मुद्रा बाजार में हस्तक्षेप कर रहा है। साथ ही, गिरावट को रोकने के लिए कुछ बड़े नीतिगत कदम भी उठाए गए हैं।
कुछ और सुर्खियां:
- अफगानिस्तान में भूकंप से 8 की मौत भारत और पाकिस्तान में भी झटके महसूस किए गए
- पीएमसीएच के पैथोलॉजी डिपार्मेंट में आग लगी, एक मशीन और केमिकल जले
- एनसीईआरटी को मिला डीम्ड यूनिवर्सिटी का दर्जा, अब खुद देगा अपनी डिग्रियां
- नासा के आरती में दो मिशन के अंतरिक्ष यात्रियों की चांद का चांद का सफर शुरू
- पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में पुलिस थाने पर आत्मघाती हमले में पांच की मौत
अनछपी: कुछ दिनों में नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री पद से हट जाएंगे और उनके बारे में जो बात याद रखने की होगी उनमें एक प्रमुख यह है कि पिछले 20 सालों में बिहार के लोगों को बेतहाशा भ्रष्टाचार का सामना करना पड़ा है। रिश्वतखोरी के एक से एक नमूने सामने आए हैं और अब ताजा मामला मुंगेर का है जहां के कमिश्नर के पेशकार को पौने दो लाख रुपए घूस लेते हुए पकड़ा गया। अब बताया जा रहा है कि लगभग 90000 रुपए मासिक वेतन पाने वाले इस पेशकार मुकेश कुमार हर महीने लगभग ₹30000 तो अपनी कार की सवारी में ही खर्च करता था। मुकेश के इस भ्रष्टाचार में कौन-कौन लोग शामिल होंगे और उसका कौन लोग साथ दे रहे थे इसका अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि वह 10 साल से एक ही जगह जमा हुआ था। मुकेश का काम यह था कि वह जमीन के झगड़ों में गलत लोगों को पैसे के बदले यह भरोसा दिलाता था के फैसला उसके पक्ष में आएगा। याद रखने की बात यह है की जमीन के झगड़े के मामले की सुनवाई सीओ लेवल से शुरू होती है और फिर वहां से डीएसएलआर के पास पहुंचता है लेकिन इन दोनों के बाद यह मामला कमिश्नर के पास पहुंचता है। एक खबर में बताया गया है कि घूसखोरी के मामले में जितने लोग पकड़े गए हैं उनमें से 20% लोग राजस्व कर्मचारी या अधिकारी हैं। इस आंकड़े से पता चलता है कि बिहार में भ्रष्टाचार का क्या स्तर है। एक और दिलचस्प बात यह है कि पकड़ा गया घूसखोर पेशकार छोटे-मोटे मामले को भी बड़ा चढ़ा कर बताता था और जो सही हकदार होते थे उनसे भी अच्छी खासी रकम ऐंठता था। बताया जाता है कि बेगूसराय में मुकेश कुमार का 5 से 6 करोड़ रुपए का आलीशान मकान है। सच्चाई यह है कि बिहार के सरकारी विभागों में ऐसे मुकेश कुमारों की भरमार है और आम आदमी लगातार उनका शिकार होने के लिए अभिशप्त है।
50 total views
