छ्पी-अनछपी: अनंत के काफिले से भिड़ंत में दुलारचंद का मर्डर, तेजस्वी बोले- बिहार जीते तो यूपी-बंगाल भी जीतेंगे

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। डबल इंजन और चुनाव आयोग की देखरेख में चल रही सरकार में हुई एक भयानक चुनावी हिंसा के दौरान जन सुराज के प्रचारक दुलारचंद यादव की हत्या कर दी गई जिसका आरोप बाहुबली और जदयू के उम्मीदवार अनंत सिंह पर लगाया गया है। महागठबंधन के मुख्यमंत्री उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने कहा है कि बिहार चुनाव जीतेंगे तो यूपी और बंगाल भी जीतेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने चुनावी भाषण में कहा है की छठी मैया का अपमान करने वालों को माफ नहीं करेगा बिहार। मुंबई में ढाई घंटे में बंधक बनाए गए 17 बच्चे छुड़ाए गए बंधक बनाने वाला मुठभेड़ में ढेर।

पहली ख़बर

प्रभात खबर के अनुसार पटना के मोकामा टाल के बाहुबली दुलारचंद यादव (70 वर्ष) की गुरुवार को गोली मार कर हत्या कर दी गयी. यह घटना भदौर थाने के बसावनचक गांव के पास जनसुराज पार्टी के मोकामा से प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी का चुनाव प्रचार करने के दौरान घटित हुई. घटना के बाद इलाके में तनाव है. पूरे इलाके को पुलिस व अर्धसैनिक बलों की छावनी में तब्दील कर दिया गया है. इस विधानसभा चुनाव में आपसी संघर्ष में राज्य में हत्या की यह पहली घटना है. घटनास्थल पर पुलिस के आलाधिकारी कैंप कर रहे हैं. दुलारचंद यादव घोसवरी के तारतार गांव के रहने वाले थे. इधर, दुलारचंद यादव की बहू और अन्य परिजनों ने हत्या करने का आरोप एनडीए प्रत्याशी अनंत सिंह व उनके समर्थकों पर लगाया है. परिजनों का कहना है कि पैर में गोली मारने के बाद उनके शरीर पर गाड़ी चढ़ा दी गयी. इस मामले में दुलारचंद के पोते के बयान पर अनंत सिंह, उनके दो भतीजे रणवीर व कर्मवीर के अलावा छोटन सिंह व कंजय सिंह समेत दर्जनों अज्ञात पर हत्या का केस दर्ज हुआ है. छोटन सिंह खुसरूपुर के जमाल बीघा का है. अनंत सिंह और अन्य नामजद लदमा गांव के हैं. देर रात तक शव उनके घर पर ही पड़ा था. इधर आनंद सिंह ने कहा है कि इस घटना के पीछे सूरजभान सिंह का हाथ है जबकि सूरजभान सिंह की पत्नी और रजत प्रत्याशी वीणा देवी ने कहा कि यह आरोप बेबुनियाद है.

आंखों देखी

गुरुवार को एनडीए प्रत्याशी अनंत सिंह काफिले के साथ तारतार पंचायत में चुनाव प्रचार करने गये थे, पीयूष प्रियदर्शी और दुलारचंद यादव पंडारक के खुशहालचक में जनसंपर्क अभियान में गये थे, शाम करीब चार बजे दोनों प्रत्याशियों का काफिला लौटने के दौरान एक-दूसरे के सामने आ गया. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि एक पक्ष ने थार गाड़ी को सड़क पर आड़े-तिरछे खड़ा कर दिया. इससे पीयूष का काफिला रुक गया. इसके बाद एक ओर से पथराव शुरू हो गया. इलाका रणक्षेत्र में तब्दील हो गया, इस दौरान दूसरे पक्ष के समर्थकों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. इसमें दुलारचंद के पैरों के पंजे में गोली लगी और वे गिर पड़े. इसके बाद उन पर गाड़ी चढ़ा दी गयी. इससे उनकी मौत हो गयी. फिर इस पक्ष के समर्थकों की गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की गयी.

बिहार जीते तो यूपी-बंगाल भी जीतेंगे: तेजस्वी

हिन्दुस्तान के अनुसार राजद नेता तेजस्वी यादव ने गुरुवार को कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में अगर हमारी जीत हुई तो हम यूपी और बंगाल भी जीत लेंगे। इसके बाद दिल्ली से मोदी व शाह को भगाएंगे। दरभंगा में दो और मुजफ्फरपुर में पांच चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए तेजस्वी ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह मुझे धमकी दे रहे हैं कि ऐसा सबक सिखाएंगे कि चुनाव लड़ने से पहले सोचना पड़ेगा, लेकिन याद रखिए, बिहारी किसी से डरने वाला नहीं है। तेजस्वी ने मुजफ्फरपुर के कुढ़नी, कांटी, गायघाट, मीनापुर और बोचहां में चुनावी सभाएं की। वहीं, दरभंगा के गौड़ाबौराम और जाले में चुनावी सभा को संबोधित किया। तेजस्वी ने कहा कि अमित शाह बिहार को कब्जाना चाहते हैं, लेकिन हम ऐसा नहीं होने देंगे। मैं लालू प्रसाद यादव का बेटा हूं। जब वे आडवाणी से नहीं डरे थे तो मैं क्या अमित शाह से डर जाऊंगा? उन्होंने कहा कि वे लोग गुजरात में फैक्ट्री लगाते हैं और बिहार में विक्ट्री चाहते हैं।

छठी मैया का अपमान करने वालों को माफ नहीं करेगा बिहार: मोदी

जागरण के अनुसार लोक आस्था का महापर्व छठ बीत गया, लेकिन बिहार विधानसभा चुनाव में यह एक बड़े मुद्दे के रूप में फिर सामने है। मोतीपुर के चीनी मिल मैदान में गुरुवार को हुई जनसभा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि छठ बिहार और देश का गौरव है। छठी मैया की पूजा में मां की भक्ति, समता, ममता और सामाजिक समरसता है। यह हमारी सादगी और विरासत का उत्सव है। इसीलिए एनडीए की सरकार का प्रयास है कि दुनिया भी इन मूल्यों से सीखे। हम छठ को मानवता और समरसता के महापर्व के रूप में यूनेस्को की विश्व विरासत की सूची में शामिल करने का प्रयास कर रहे हैं। हर बिहारी और हिंदुस्तानी को इसपर गर्व होगा। लेकिन, राजद और कांग्रेस के नेता छठी मैया के साथ निर्जला व्रत करने वालीं मां-बहनों का अपमान कर रहे हैं। बिहार की जनता छठी मैया का अपमान करने वालों को माफ नहीं करेगी। विदित हो कि बुधवार को मुजफ्फरपुर के सकरा की सभा में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने पीएम के साथ पानी में छठ मनाने की टल गई योजना को ड्रामा और नौटंकी बताकर जो मुद्दा उठाया था 24 घंटे के भीतर मुजफ्फरपुर में ही एनडीए की रैली में मोदी ने उसे हथियार बनाते हुए पटवार किया।

बंधक बनाए गए 17 बच्चे छुड़ाए गए, बंधक बनाने वाला मुठभेड़ में ढेर

हिन्दुस्तान के अनुसार मुंबई के पवई स्थित एक स्टूडियो में गुरुवार को 50 वर्षीय रोहित आर्य ने ऑडिशन के बहाने 17 बच्चों को बंधक बना लिया। पुलिस की कार्रवाई में गोली लगने से घायल आरोपी ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। बाथरूम के रास्ते अंदर घुसकर सभी बंधकों को सुरक्षाकर्मियों ने सुरक्षित निकाला। इसी के साथ करीब दो घंटे में बंधक संकट खत्म हो गया। बच्चों के साथ एक वरिष्ठ नागरिक और एक अन्य व्यक्ति को बंधक बनाने के बाद आरोपी रोहित ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर इसकी पुष्टि की। पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी), बम निरोधक दस्ते और दमकल टीम मौके पर पहुंची। अग्निशमन दस्ते ने पहली मंजिल तक पहुंचने के लिए सीढ़ियां लगाई और पुलिस की टीम बाथरूम के रास्ते स्टूडियो में दाखिल हुई।

कुछ और सुर्खियां:

  • भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव आयोग से कांग्रेस नेता राहुल गांधी को चुनाव प्रचार से रोकने की मांग की
  • इलाहाबाद से ट्रांसफर होकर पटना हाई कोर्ट आए जस्टिस संजय कुमार सिंह बने चीफ जस्टिस
  • सीबीएसई की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा 17 फरवरी से
  • जस्टिस सूर्यकांत भारत के 53वें चीफ जस्टिस नियुक्त
  • पटना के राम कृष्ण नगर में पांच भाइयों के घर से सवा करोड़ के गहनों की चोरी
  • हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में संजौली मस्जिद को पूरी तरह गिरने का आदेश

अनछपी: मोकामा में जनसुरज पार्टी के उम्मीदवार के समर्थन में प्रचार कर रहे दुलारचंद यादव की दिनदहाड़े हत्या की खबर पर अखबारों की सुर्खियां कैसी बनी हैं, यह देखना इसलिए जरूरी है ताकि यह समझ में आए कि 2005 के पहले की हत्याओं को जंगल राज का नाम देने वाले मीडिया ने अपना रुख कैसे बदल दिया है और उसे ऐसी घटनाओं में कोई जंगल राज क्यों नजर नहीं आता है। हिन्दुस्तान अखबार की तीन कॉलम की सुर्खी है- प्रचार के दौरान हमले में दुलारचंद की हत्या। जागरण में तो यह पहले पेज की खबर है भी नहीं और पांच कॉलम में लगी उसकी सुर्खी है: मोकामा में जनसुरज से जुड़े दुलारचंद यादव की चुनाव प्रचार के दौरान हत्या। प्रभात खबर की चार कॉलम की हेडलाइन है- मोकामा के बाहुबली दुलालचंद यादव की गोली मारकर हत्या।। भास्कर की साढ़े तीन कॉलम की सुर्खी है- बाहुबली से नेता बने दुलारचंद की हत्या। बिहार के सबसे बड़े अंग्रेजी अखबार द टाइम्स आफ इंडिया में भी यह खबर तीन कॉलम में नीचे छपी है और उसकी सुर्खी है: Don turned politician shot dead in Mokama. इन सुर्खियों का जिक्र यहां इसलिए किया गया है ताकि यह अंदाजा हो सके कि कैसे इस मामले में अनंत सिंह को हेडलाइन से हटा दिया गया। आजकल मीडिया मैनेजमेंट में हेडलाइन मैनेजमेंट को सबसे ज्यादा अहमियत मिलती है और मीडिया के रोल को समझने में यह कवरेज एक अच्छी मददगार बन सकती है। कॉलम का जिक्र इसलिए किया ताकि यह पता चले कि आठ कॉलम में कितने कॉलम का इस्तेमाल इस खबर के लिए किया गया। ऐसा नहीं है कि अखबारों ने अनंत सिंह का नाम बिल्कुल ही गायब कर दिया है। अनंत सिंह का जिक्र इस तरह है कि कोई अखबारों पर यह आरोप ना लगाए कि वह डर कर, शौक़ से या लालच में पक्षपात कर रहा है। यह उसके लिए अब मजबूरी बन गई है क्योंकि सोशल मीडिया के दौर में अखबार ऐसी बातों को पूरी तरह से दबाने में कामयाब नहीं हो सकते। एक और ध्यान में देने की बात यह है कि प्रशासन ने जो विज्ञप्ति जारी की उसमें मर्डर की बात ना लिखकर मृत पाए गए या संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई जैसे शब्दों का प्रयोग किया गया है। याद रखने की बात यह है कि इस वक़्त बिहार में डबल इंजन की सरकार है और अगर चुनाव आयोग को जोड़ लें तो ट्रिपल इंजन की सरकार है। इस चुनावी हिंसा से भी यह बात साबित होती है कि नीतीश कुमार को कानून से बहुत प्यार है, यह कहना दरअसल एक बड़ा मजाक है क्योंकि जिस अनंत सिंह पर इस मर्डर का आरोप लग रहा है वह नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड के आधिकारिक उम्मीदवार हैं।

 718 total views

Share Now