छ्पी-अनछपी: भास्कर का दावा- जमीनी जंग शुरू, आईपीएल को रोका गया

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान पर भारत की कार्रवाई के बाद हमलों को सिलसिला थमा नहीं है। भास्कर ने दावा किया है कि दोनों देशों के बीच जमीनी जंग शुरू हो गई है। दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग आईपीएल को स्थगित कर दिया गया है। अमेरिका ने कहा है कि वह भारत-पाक जंग में हस्तक्षेप नहीं करेगा। बिहार की सिपाही भर्ती में आधी से अधिक सीटों पर महिलाओं को कामयाबी मिली है। बिहार में 40% लड़कियों की शादी 18 साल से पहले हो जाती है।

और, जानिएगा कि भारत पाक तनाव लंबा खींच तो खाने पीने के सामान की सप्लाई कैसे प्रभावित होगी।

पहली खबर

भास्कर की खबर है कि भारत और पाकिस्तान की सेवा में शुक्रवार रात पंजाब बॉर्डर पर आमने-सामने की जमीनी लड़ाई शुरू हो गई। पाकिस्तान सेना की तोपों से गोलाबारी के जवाब में अजनाला के बल्लड़वाल के पास सुंदरगढ़ में भारतीय सेना ने अंतरराष्ट्रीय सीमा पर मुंहतोड़ जवाब दिया। यह जगह रावी नदी के किनारे अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास है। पाक ने बीओपी घोगा, डीएस पुरा, शेरपुर और कलम डोगर में गोलाबारी की थी। गोलाबारी रात 1:45 बजे से सुबह 3:30 तक जारी रहे। इस बीच पाकिस्तान ने हरियाणा और पंजाब में बैलिस्टिक मिसाइल दागी जिसे भारत ने हवा में ही नष्ट कर दिया। सिरसा में धमाके की आवाज सुनी गई। वहीं राजस्थान में सीमा पर पाक ने रेंजर्स की जगह सेना की तैनाती शुरू कर दी है। पाक के उकसावे के बाद भारत ने रावलपिंडी में नूर खान एयरबस और चकलाला कैंट पर बड़ा हमला किया। चकलाला कैंट से महल 10 किलोमीटर दूर पाकिस्तानी सेवा प्रमुख आसिम मुनीर का घर भी है। जालंधर और अमृतसर में देर रात तक सायरन बजाते रहे। पंजाब के फिरोजपुर में पाकिस्तान के ड्रोन घर पर गिरने से तीन लोग घायल हो गए। हिन्दुस्तान के अनुसार पाकिस्तान ने देर शाम जम्मू-कश्मीर, पंजाब, राजस्थान के 26 से अधिक शहरों पर एक साथ ड्रोन हमले किए। इनमें से ज्यादातर को सेना के संयुक्त प्रयासों से हवा में मार गिराया गया। पाक का कोई प्रयास बड़ा नुकसान नहीं पहुंचा सका। अधिकारियों ने बताया, श्रीनगर एयरपोर्ट और अवंतीपोरा एयरबेस पर ड्रोन से हमला किया गया। वहीं जम्मू, सांबा, बारामूला, अवंतीपुरा, पंजाब के पठानकोट, फिरोजपुर, फाजिल्का और गुरदासपुर के साथ राजस्थान के जैसलमेर, बाड़मेर समेत कई इलाकों में पाकिस्तान ड्रोन देखे गए, जिन्हें सुरक्षा बलों ने मार गिराया।

36 जगहों पर 400 ड्रोन

जागरण के अनुसार विदेश सचिव विक्रम मिसरी के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में सैन्य प्रवक्ता कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने शुक्रवार को बताया कि 7-8 मई की रात पाकिस्तानी सेना ने पूरी पश्चिमी सीमा पर भारत की वायु सीमा का कई बार उल्लंघन किया तो नियंत्रण रेखा पर भारी कैलिबर वाले हथियारों से गोलाबारी की। भारतीय हवाई क्षेत्र में ले से लेकर सरकारी लाइन तक 36 स्थानों पर पाकिस्तान ने 300 से 400 ड्रोन भेजने की कोशिश की जिनमें से 70 को सेनाओं ने मार गिराया तो बाकी लौट गए। इतने बड़े पैमाने पर हवाई घुसपैठ की पाकिस्तान की कोशिशों से साफ है कि उसका मकसद भारत की वायु रक्षा प्रणालियों का परीक्षण करना और खुफिया जानकारी एकत्र करना था।

आज की हेडलाइन्स

  • नापाक पाक फिर नाकाम: हिन्दुस्तान
  • पाकिस्तान का दूसरे दिन भी ड्रोन हमला, भारत ने फिर चटाई धूल: जागरण
  • पाकिस्तानी सैन्य चौकी हुआ तबाह: प्रभात खबर
  • जमीन पर उतरी जंग, पंजाब की सीमा पर भारत पाक की टॉप आमने-सामने: भास्कर

आईपीएल को रोका गया

भास्कर के अनुसार  भारत और पाकिस्तान के बीच सीमा पर बढ़ते तनाव के कारण आईपीएल का मौजूदा 18 सीजन एक हफ्ते के लिए टाल दिया गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया की ओर से जारी बयान के अनुसार यह फैसला आईपीएल गवर्निंग काउंसिल की बैठक के बाद लिया गया। शुक्रवार को करीब 2:40 पर सभी टीमों को आईपीएल स्थगित करने की सूचना दी गई जिसके तुरंत बाद टीमों ने अपने खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को अगली उपलब्ध फ्लाइट से रवाना करने की तैयारी शुरू कर दी। बीसीसीआई ने अपने बयान में कहा कि आईपीएल को तत्काल प्रभाव से एक हफ्ते के लिए स्थगित किया जाता है। नए शेड्यूल और वेन्यू की जानकारी हालत की समीक्षा और सभी हिट धारकों से चर्चा के बाद दी जाएगी।

सिपाही भर्ती: आधी से ज़्यादा सीटों पर महिलाएं

जागरण के अनुसार केंद्रीय चयन परिषद सिपाही भर्ती में सिपाही के 21391 पदों पर नियुक्ति के लिए शुक्रवार को अंतिम परिणाम जारी कर दिया। चयनित अभ्यर्थियों में 19958 का चयन बिहार पुलिस और 1433 अभ्यर्थियों के चरण बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस के लिए किया गया है। चयनित अभ्यर्थियों में पुरुषों की तुलना में महिला अभ्यर्थियों की संख्या अधिक है। 10179 पुरुष और 11174 महिला अभ्यर्थी चयनित हुई हैं। आठ थर्ड जेंडर के उम्मीदवार भी कामयाब हुए हैं।

बिहार में 40% लड़कियों की शादी 18 साल से पहले

चाणक्य नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी (सीएनएलयू) के जेंडर रिसर्च सेंटर और यूनाइटेड नेशन्स पॉपुलेशन फंड के सहयोग से ‘बिहार में बाल विवाह और किशोरावस्था में गर्भावस्था को कम करने’ विषय पर वर्कशॉप का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में बताया गया कि राष्ट्रीय पारिवारिक स्वास्थ्य सर्वेक्षण के आंकड़े बताते हैं कि देश में सबसे अधिक बाल विवाह की दर बिहार में है। यहां 40.8 प्रतिशत लड़कियों का विवाह 18 वर्ष की उम्र से पहले हो जाता है। किशोरावस्था में गर्भावस्था भी बड़ी चिंता का विषय है। आंकड़े बताते हैं कि 15 से 19 वर्ष की 11 प्रतिशत लड़कियां पहली बार गर्भवती होती हैं।

अमेरिका ने कहा- हम हस्तक्षेप नहीं करेंगे

हिन्दुस्तान ने लिखा है कि भारत-पाक में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच अमेरिका ने स्पष्ट किया है कि वह इस जंग में हस्तक्षेप नहीं करेगा। अमेरिका ने कहा कि यह मूलरूप से हमारे दखल का मामला नहीं है। अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने एक चैनल को दिए इंटरव्यू में कहा कि अमेरिका दोनों परमाणु संपन्न पड़ोसी देशों से तनाव कम करने की अपील तो कर सकता है, लेकिन उन्हें नियंत्रित नहीं कर सकता। जब दो परमाणु ताकतें टकराती हैं और बड़ा संघर्ष होता है तो हमें चिंता होती है। वेंस ने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और विदेश मंत्री मार्को रुबियो पहले ही कह चुके हैं कि वॉशिंगटन चाहता है कि यह तनाव जितनी जल्दी हो सके खत्म हो जाए। वेंस ने कहा कि हम इन देशों को नियंत्रित नहीं कर सकते।

तनाव लंबा खिंचा तो सप्लाई पर पड़ेगा असर

हिन्दुस्तान के अनुसार भारत-पाकिस्तान के बढ़ते तनाव के बीच राष्ट्रीय राजमार्गों पर परिचालन सुरक्षा कारणों से बाधित है। इसका असर बिहार में सामानों की आवक पर पड़ने की उम्मीद है। तनाव के कारण फिलहाल जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, पंजाब से आने वाले सामान की आपूर्ति बाधित हुई है। कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कमल नोपानी बताते हैं कि लगन को देखते हुए जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र सहित अन्य जगहों से आने वाले खाने-पीने सहित अन्य सामान का स्टॉक उपलब्ध है, लेकिन एक महीने से ज्यादा समय तक यदि यह तनाव बरकरार रहा तो निश्चित रूप से खाने-पीने की सामग्री पर इसका असर देखने को मिलेगा। कृषि उत्पादन बाजार समिति मुसल्लहपुरहाट के थोक कारोबारी जयप्रकाश वर्मा बताते हैं कि जम्मू-कश्मीर से सेब की आवक रुक गई है।

कुछ और सुर्खियां:

  • भारत के 32 हवाई अड्डे 15 मई तक बंद रहेंगे
  • पटना के 2800 हवाई यात्रियों ने एक दिन में रद्द कराई टिकट
  • कश्मीर के सारे पर्यटन स्थल बंद, वैष्णो देवी आने पर रोक
  • बिहार में सरकारी स्कूलों के आठवीं क्लास तक के एक करोड़ बच्चों की पोशाक के लिए 145 करोड़ रुपए की राशि जारी
  • बिस्कोमान अध्यक्ष के चुनाव रिज़ल्ट पर झारखंड हाई कोर्ट की रोक
  • पीएमसीएच के पूर्व मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉक्टर ओपी चौधरी समेत अन्य की 3 करोड़ की संपत्ति जब्त

अनछपी: एक तरफ बिहार में नौकरियों की कमी और बेरोजगारी बढ़ाने की खबर आती रहती है तो दूसरी और कभी-कभी ऐसी खबर भी आती है जो हैरत में डालने वाली होती है। पिछले दिनों बीपीएससी ने विज्ञापन निकालकर इमर्जेंसी मेडिसिन में असिस्टेंट प्रोफेसर की 74 सीटों के लिए आवेदन मांगा था। अगर यही विज्ञापन छोटे-मोटे पदों के लिए होता तो हजारों आवेदन आ जाते लेकिन इन 74 सीटों के लिए केवल दो आवेदन आए हैं। यह अकेला ऐसा मामला नहीं हो सकता और भी कई बार इस तरह की चौंकाने वाली बात सामने आती रहती है। इसके अलावा बिहार में सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों में आधी सीटों का खाली रह जाना भी खबर बनती रही है। ऐसे में इस बात की बहस भी शुरू हो जाती है कि क्या नौकरियों में डोमिसाइल का नियम होना चाहिए। इस नौकरी के बारे में डोमिसाइल की शर्त थी या नहीं यह तो नहीं मालूम, लेकिन अगर यह शर्त थी तो इसके लिए इतने कम आवेदन की एक वजह वह भी हो सकती है। इतने कम आवेदन की एक बड़ी वजह यह बताई जाती है कि बहाली की प्रक्रिया बहुत ही उलझी हुई है। एक और वजह यह है कि बिहार के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में इमर्जेंसी मेडिसिन विभाग में पढ़ाई नहीं हो रही थी और नियुक्ति के लिए संबंधित विभाग में तीन साल के लिए सीनियर रेसिडेंट का अनुभव मांगा गया है। फिलहाल बिहार में आईजीआईएमएस और पटना एम्स में ही इमर्जेंसी मेडिसिन की पढ़ाई हो रही है। बीपीएससी को यह सलाह भी दी गई है कि ऐसी स्थिति में ऑर्थोपेडिक्स, सर्जरी और मेडिसिन में सीनियर रेसीडेंट की पढ़ाई कर चुके डॉक्टर को इस पद पर चयन लिए योग्य घोषित किया जाना चाहिए। जो भी हो इस तरह की खबरें बिहार के स्वास्थ्य विभाग के लिए अच्छी नहीं मानी जा सकतीं और सरकार और स्वास्थ्य विभाग को इस पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।

 701 total views

Share Now