छपी-अनछपी: कोहरे व कोल्ड डे की चपेट में बिहार, ममता के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंची ईडी
बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। पूरे बिहार में ठंड और कोहरे का कहर जारी है। राज्य में रविवार से तीन दिनों तक कड़ाके की ठंड पड़ेगी। बिहार ने बाढ़ से स्थाई राहत के लिए स्पेशल पैकेज और विकास के लिए ब्याजमुक्त एक लाख करोड़ का लोन मांगा। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान को कड़ी चेतावनी दी है कि ईरान के हालात पर बहुत करीब से नजर रखी जा रही है।
और जानिएगा कि जब केसी त्यागी ने नीतीश कुमार के लिए भारत रत्न मांगा तो जेडीयू ने क्यों कहा- पार्टी से कोई लेना देना नहीं।
पहली ख़बर
हिन्दुस्तान के अनुसार पटना समेत पूरे बिहार में ठंड और कोहरे का कहर जारी है। राज्य में रविवार से तीन दिनों तक कड़ाके की ठंड पड़ेगी। इससे लोगों को कनकनी और ठिठुरन का अधिक एहसास होगा। रविवार को उत्तर बिहार के 12 और दक्षिण के पांच जिलों में शीत दिवस (कोल्ड डे) की चेतावनी है। साथ ही दक्षिण बिहार के 19 जिलों और उत्तर के 12 जिलों में घने कोहरे के आसार हैं। वहीं सोमवार और मंगलवार को ज्यादातर जिलों में शीत दिवस और घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। शनिवार को प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री तक की गिरावट आने से 32 जिलों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के नीचे रहा।
कोहरे में कंटेनर से टकराई कार, बाप-बेटी की मौत
जागरण के अनुसार शनिवार देर रात पटना ज़िले के अथमलगोला थाना क्षेत्र के फुलेलपुर गांव के पास बख्तियारपुर-मोकामा फोरलेन पर घने कोहरे के कारण एक कंटेनर से अनियंत्रित होकर दो गाड़ियां टकरा गईं। दुर्घटना में बोलेरो सवार पिता-पुत्री की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मां और बेटा समेत चार लोग घायल हैं। घायलों में एसबीआइ पटना के डिप्टी मैनेजर सुनील कुमार और बिहार क्रिकेट एसोसिएशन से जुड़े पदाधिकारी अजीत कुमार चंदन भी शामिल हैं। सभी को स्थानीय एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों की पहचान बांका जिले के रजौन निवासी अनुपम कुमार (52 वर्ष) और उनकी पुत्री आस्था (25 वर्ष) के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के बाद फोरलेन पर 1 घंटे तक बाधित परिचालन को सामान्य किया।
ममता बनर्जी के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंची ईडी
जागरण ने लिखा है कि तृणमूल कांग्रेस के लिए राजनीतिक व चुनावी प्रबंधन का काम कर रही संस्था इंडियन पालिटिकल एक्शन कमेटी (आइ-पैक) और इसके निदेशक प्रतीक जैन के परिसरों पर गत गुरुवार को छापेमारी के दौरान बाधा डाले जाने के मामले में ईडी कलकत्ता हाई कोर्ट व सुप्रीम कोर्ट पहुंची है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ सीबीआइ जांच की मांग करते हुए ईडी ने शुक्रवार को हाई कोर्ट व शनिवार को सुप्रीम कोर्ट में याचिकाएं दायर की हैं। इनमें आरोप लगाया गया है कि मुख्यमंत्री ने ईडी की छापेमारी के दौरान पुलिस की मदद से महत्वपूर्ण आपराधिक दस्तावेज, डिजिटल उपकरणों को छीन लिया। मुख्यमंत्री ने संवैधानिक पद पर रहते हुए जांच एजेंसी के कार्य में गैरकानूनी हस्तक्षेप किया है। इससे उसका जांच कार्य प्रभावित हो सकता है। वहीं, बंगाल की ममता सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में कैविएट दाखिल किया है जिसमें राज सरकार का पक्ष सुने बिना कोई आदेश पारित ना हो सके।
सुवेंदु ने ममता को भेजा नोटिस
बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष व भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को एक कानूनी नोटिस भेजा है। इसमें उन्होंने ममता से 72 घंटे के हैं, भीतर उनके उस दावों के सुबूत मांगे जिसमें उन्होंने कहा था कि वह कोयला तस्करी का पैसा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शह तक पहुंचाते हैं। सुवेंदु ने कहा कि ऐसा न करने पर वे ममता के खिलाफ मानहानि का मामला दायर करेंगे। सुर्वेदु ने कहा है कि ममता ने ईडी की जांच से ध्यान भटकाने की कोशिश में मेरे खिलाफ बिल्कुल निराधार मानहानिकारक आरोप लगाए और मुझे केंद्रीय गृह मंत्री के साथ कोयला तस्करी से जोड़ा है।
बाढ़ से स्थाई राहत के लिए स्पेशल पैकेज की मांग
प्रभात ख़बर की सबसे बड़ी खबर है कि बिहार ने केंद्र सरकार से 2026-27 के लिए पेश होने वाले केंद्रीय बजट में बिहार को बाढ़ की समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए स्पेशल पैकेज की घोषणा करने की मांग की है. इसके साथ ही राज्य ने केंद्र सरकार से अपनी विकास योजनाओं को गति देने के लिए एक लाख करोड़ रुपये ब्याज मुक्त कर्ज की मांग रखी है. शनिवार को केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के समक्ष बिहार के वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने राज्य की जरूरतों को गिनाते हुए उम्मीदों का मसौदा रखा. बिजेंद्र यादव ने अपने चार पन्नों के लिखित मांग पत्र में राज्य की अपनी वित्तीय और संरचनात्मक प्राथमिकताओं को स्पष्ट शब्दों में रखा है. वित्त मंत्री श्री यादव ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के सामने बाढ़ प्रबंधन, पूंजी निवेश, कृषि तकनीक औद्योगिक विकास और कर हिस्सेदारी से जुड़े अहम मुद्दे उठाए।
राम मंदिर परिसर में नमाज की कोशिश का आरोप, कश्मीरी हिरासत में
भास्कर के अनुसार अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर में शनिवार को सुरक्षा व्यवस्था में सेंध का मामला सामने आया है। जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले का 55 साल का अहमद शेख मंदिर में दर्शन के बाद सीता रसोई के पास बैठ गया और कथित तौर पर नमाज अदा करने की तैयारी करने लगा। वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों ने उसे तुरंत रोका और हिरासत में लेकर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में अहमद ने दावा किया कि वह अजमेर शरीफ जा रहा था। अयोध्या कैसे पहुंच गया, इसका स्पष्ट जवाब नहीं दे सका।
ट्रंप ने फिर दी ईरान को धमकी
प्रभात खबर के अनुसार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान को कड़ी चेतावनी दी है कि ईरान के हालात पर बहुत करीब से नजर रखी जा रही है. अगर प्रदर्शनकारियों को मारा गया, तो अमेरिका दखल देगा और वहीं हमला करेगा, जहां सबसे ज्यादा दर्द होगा. वहीं, ईरान के निर्वासित क्राउन प्रिंस रेजा पहलवी ने कहा कि अब लक्ष्य सिर्फ सड़कों पर उतरना नहीं, बल्कि शहरों के प्रमुख केंद्रों पर कब्जा कर उन्हें अपने नियंत्रण में रखना होना चाहिए.
केसी त्यागी ने नीतीश के लिए मांगा भारत रत्न, जेडीयू बोला- पार्टी से कोई लेना देना नहीं
जदयू ने पार्टी के वरिष्ठ नेता केसी त्यागी के बयानों से पल्ला झाड़ लिया है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा है कि त्यागी जो कुछ कह रहे हैं, वे पूरी तरह उनके अपने निजी विचार हैं। उनके बयान से पार्टी का कोई लेना-देना नहीं है। माना जा रहा है कि केसी त्यागी के बयानों के बाद पार्टी ने उनसे दूरी बना ली है। राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि वे पार्टी में हैं या भी नहीं, नेता-कार्यकर्ता नहीं जानते। ऐसे में वे जो कुछ बोल रहे हैं, उससे पार्टी खुद को अलग करती है। दरअसल, पिछले कुछ दिनों से त्यागी ने अपने बयानों से पार्टी को काफी असहज किया हुआ था। उनके बयानों से पार्टी नाराज भी चल रही थी। खासकर बांग्लादेश के क्रिकेट खिलाड़ी को लेकर उनके बयान कि खेल को राजनीति से दूर रखना चाहिए, काफी नाराजगी थी। इसके पहले भी वे अग्निवीर योजना की समीक्षा, इजराइल को लेकर दिये गये बयान से चर्चा में आए थे।
कुछ और सुर्खियां:
- पश्चिम चंपारण के वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के मदनपुर वन क्षेत्र से सटे इलाके में गन्ना तोड़ने गई किशोरी को खींच ले गया बाघ, बाद में मिली लाश
- तालिबान के वरिष्ठ सदस्य मुफ्ती नूर अहमद नूर दिल्ली में अफगानिस्तान दूतावास में चार्ज डी अफेयर्स होंगे
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के सोमनाथ मंदिर में किया ओमकार मंत्रोच्चार
- हाजीपुर में बनी बच्चों की सिरप अलमोंट किड पर लगी रोक तेलंगाना ने सुरक्षा अलर्ट जारी किया था
- बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के अध्यक्ष बने तारीख रहमान, भारतीय उच्चायुक्त ने की मुलाकात
अनछपी: पिछले कई हफ्तों से बच्चों की कफ सिरप के मामले में बेहद खतरनाक खबरें आती रही हैं। अब इस मामले में बिहार की भी एक सिरप का नाम सामने आना हम सबके लिए चिंतित और सतर्क होने का समय है। ख़बरों के अनुसार तेलंगाना औषधि नियंत्रण प्रशासन (डीसीए) ने बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर एक बड़ा सुरक्षा अलर्ट जारी किया है। डीसीए ने बिहार के हाजीपुर की कंपनी ट्राइडस रेमेडीज द्वारा बनायी गयी ‘अलमोंट-किड सिरप’ के इस्तेमाल पर तुरंत रोक लगा दी है। केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) की रिपोर्ट में इस सिरप में अत्यधिक विषैला पदार्थ ‘एथिलीन ग्लाइकॉल’ (इजी) पाए जाने की पुष्टि हुई है, जो स्वास्थ्य के लिए घातक हो सकता है। यह सिरप आमतौर पर बच्चों में एलर्जी और अस्थमा के इलाज के लिए इस्तेमाल किया जाता है। प्रशासन ने जनता को सलाह दी है कि अगर उनके पास बिहार की कंपनी ट्राइडस रेमेडीज द्वारा निर्मित इस दवा का बैच नंबर एएल-24002 मौजूद है, तो उसका इस्तेमाल तुरंत बंद कर दें। तेलंगाना ने तो इस सिरप की ज़हरीली सामग्री की पहचान कर ली लेकिन बिहार सरकार और स्वास्थ्य विभाग कब जगेगा? बिहार सरकार ने इस दवा के बारे में अबतक कोई एडवाइजरी क्यों नहीं जारी की? यह सवाल भी पूछा जाना चाहिए कि इस दवा कंपनी के लाइसेंस की क्या स्थिति है?
244 total views
