छ्पी-अनछपी: अभी और सताएगी सर्दी, पाकिस्तान का ईरान पर जवाबी हमला

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। अक्सर अखबारों में बिहार में ठंड और बढ़ने की खबर दी गई है। उधर पाकिस्तान ने ईरान पर जवाबी हमला किया है जिसकी खबर को भी अच्छी कवरेज मिली है। राम मंदिर उद्घाटन की तैयारी से जुड़ी खबरें भी अखबारों में भरी पड़ी हैं।

भास्कर की खबर है: ठिठुरन और बढ़ेगी, 3 डिग्री गिरेगा पारा। पटना समेत पूरे बिहार में कनकनी से फिलहाल राहत नहीं मिलेगी। 24 जनवरी तक कोल्ड डे को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। 24 के बाद ही मौसम में कुछ सुधार होने की उम्मीद है। बिहार में कनकनी बढ़ाने की वजह बर्फीली पछुआ और उत्तर पछुआ हवा है। घना कुहासा लग रहा है। जमुई के सिकंदरा में 12.4 एमएम बारिश हुई। इसके अलावा नवादा वारिसलीगंज और शेखपुरा में भी बारिश हुई।
पाकिस्तान का जवाबी हमला
हिन्दुस्तान की दूसरी सबसे बड़ी खबर है: पाक का ईरान पर पलटवार, नौ मरे। ईरान द्वारा मंगलवार देर रात बलूचिस्तान में आतंकी ठिकानों पर किए गए मिसाइल हमलों के बाद पाकिस्तान ने पलटवार किया। पाक वायु सेना ने गुरुवार तड़के ईरान के सिस्तान-बलूचिस्तान प्रांत में आतंकी ठिकानों पर जवाबी हवाई हमले किए। इन हमलों में तीन महिलाओं और चार बच्चों सहित नौ लोग मारे गए। पाक ने दावा किया कि उसने आतंकियों को मार गिराया है।
कोचिंग में दाखिले की उम्र
प्रभात खबर की सबसे बड़ी खबर है: 16 साल से कम उम्र में कोचिंग में दाखिला नहीं। कोचिंग संस्थान 16 साल से कम उम्र के विद्यार्थियों को अपने यहां दाखिला नहीं दे सकेंगे और अच्छे नंबर या रैंक लाने की गारंटी जैसे भ्रामक वादे भी नहीं कर सकेंगे। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने इसे लेकर नए दिशा निर्देश जारी किया है यह दिशा निर्देश कोचिंग संस्थानों को रेगुलेट करने के लिए एक कानूनी ढांचे की आवश्यकता को पूरा करेगा। दिशा निर्देश में कहा गया कि कोई भी कोचिंग संस्थान स्नातक से कम योग्यता वाले शिक्षकों को नियुक्त नहीं करेगा। ध्यान रहे कि बिहार के 12736 निजी कोचिंग संस्थानों में 10 लाख से अधिक छात्र पढ़ाई कर रहे हैं।
राम मंदिर उद्घाटन की तैयारी
हिन्दुस्तान और जागरण की लीड राम मंदिर उद्घाटन से जुड़ी खबर है। हिन्दुस्तान ने लिखा है: अयोध्या में गुरुवार को नवीन मंदिर के गर्भगृह में कूर्म शिला पर रामलला की प्रतिमा प्रतिष्ठित कर दी गई। श्याम शिला से निर्मित रामलला का विग्रह उसी शिला से बने कमल दल पर विराजित किया गया है। पांच वर्ष के बालक स्वरूप रामलला की लंबाई 51 इंच है जबकि आधार समेत उनकी ऊंचाई सात फुट दस इंच है।
मणिपुर में फिर 5 की हत्या
हिन्दुस्तान के अनुसार पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में गुरुवार शाम चार लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना निंगथौखोंग खा खुनौ में हुई। पीड़ितों में एक व्यक्ति और उसके 60 वर्षीय पिता शामिल भी थे। पुलिस मामले की जांच कर रही हैं। वहीं, कांगपोकपी जिले में दो समुदायों के बीच गोलीबारी में एक स्वयंसेवक की मौत हो गई। एक पुलिस अधिकारी ने कहा, बिष्णुपुर जिले में जब मजदूर खेत में टाइल लगा रहे थे तो पांच-छह हथियारबंद बदमाश आए और उन्हें नजदीक से गोली मार दी।
असम में सबसे भ्रष्ट सरकार: राहुल
जागरण ने खबर दी है कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा के नगालैंड से असम में प्रवेश करने के तुरंत बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को दावा किया कि राज्य में देश की सबसे भ्रष्ट सरकार और सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री काम कर रहे हैं। इस पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने पलटवार करते हुए कहा कि गांधी परिवार देश में सबसे भ्रष्ट है। यही नहीं उन्होंने कहा कि यह राहुल की न्याय यात्रा नहीं बल्कि ‘मिया यात्रा’ है। शिवसागर जिले के हेलो वेटिंग से कांग्रेस की न्यायधरा ने गुरुवार को असम में प्रवेश किया। इस दौरान वहां पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा शायद भारत में सबसे भ्रष्ट सरकार असम में है। हम जानते हैं कि यहां क्या हो रहा है। हम भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान असम के मुद्दों को उठाएंगे। मणिपुर के बारे में राहुल ने कहा कि पहाड़ी राज्य में गृह युद्ध जैसी स्थिति है।
कुछ और सुर्खियां
● 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा के कारण केंद्र सरकार के दफ्तरों और बैंकों में आधे दिन की छुट्टी होगी
● नौकरी के बदले जमीन मामले में ईडी के आरोप पत्र पर सुनवाई पूरी, 20 को आएगा फैसला
● बिहार विधान मंडल का बजट सत्र 5 से 29 फरवरी तक
● आधार कार्ड पर दर्ज जन्मतिथि ईपीएफओ में मान्य नहीं होगी
● गुजरात में पिकनिक मनाने गए छात्रों की नाव पलटी, 12 छात्रों समेत 16 की मौत
अनछपी: भारतीय जनता पार्टी अक्सर यह दावा करती है कि वह जाति की राजनीति नहीं करती लेकिन उसके नेता के बयानों को देखा जाए तो मामला इसके उलट है। भारतीय जनता पार्टी जाति का नाम इसलिए लेते हैं ताकि उसकी धर्म की राजनीति पर सवाल नहीं उठाया जाए। सच्चाई यह है कि भारतीय जनता पार्टी धर्म और जाति दोनों का इस्तेमाल राजनीति के लिए करती है लेकिन अफसोस यह है कि आम लोग अब भी उसकी इस चाल से पूरी तरह परिचित नहीं हैं। कल मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव बिहार के दौरे पर आए थे और उनके दो बयानों से यह पता चलता है कि भारतीय जनता पार्टी जाति की राजनीति में कितनी गहरी डूबी हुई है। मोहन यादव ने बयान दिया के नरेंद्र मोदी ने उन्हें मुख्यमंत्री बना कर यादव समाज को सम्मानित किया है। उनके दूसरे बयान में बिहार के यादव समुदाय के लोगों को मध्य प्रदेश में व्यवसाय करने का निमंत्रण दिया गया। वास्तव में मोहन यादव जब मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री बनाए गए थे तब भी यह बात कही गई थी कि उन्हें यादव समाज को खुश करने के लिए मुख्यमंत्री बनाया गया है। इस तरह खुलकर जाति की राजनीति करने वाली भारतीय जनता पार्टी आखिर किस मुंह से यह कहती है कि वह जाति की राजनीति नहीं करती। सच्चाई यह है की जाति की राजनीति करने में भारतीय जनता पार्टी ने दूसरी पार्टियों को जबर्दस्त चुनौती दे रखी है। यहां तक कि सहयोगियों को चुनने में भी भारतीय जनता पार्टी उनकी जाति का ध्यान रखती है जैसे जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा को उनकी जाति के वोट बैंक के कारण भाजपा को होने वाले राजनीतिक लाभ का हिसाब किताब किया जाता है। इस समय भारतीय जनता पार्टी के बिहार अध्यक्ष सम्राट चौधरी को भी उनकी जाति के कारण महत्व मिलने की बात कही जाती है। इस मामले में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा तो सभी मर्यादाओं को लांघ जाते हैं। उन्होंने राहुल गांधी की न्याय यात्रा को मिया यात्रा बताया है। ध्यान रहे कि मिया मूल रूप से असम में बंगाली भाषी मुसलमानों के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला अपमानजनक शब्द है। इस मामले की कड़वी सच्चाई यह है कि विपक्ष भारतीय जनता पार्टी की जाति और धर्म की राजनीति को उजागर करने में पूरी तरह नाकाम है। विपक्ष को अगर जनता के बीच पकड़ बनानी है तो उसे भारतीय जनता पार्टी की इस चाल को विफल करना होगा।

 

 794 total views

Share Now

Leave a Reply