छ्पी-अनछपी: शेयर बाजार में कत्लेआम, राहुल बोले-भारत में सच बोलना मुश्किल
बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ के डर से भारतीय शेयर बाजार में सोमवार को कत्लेआम हुआ और निवेशकों को 14 लाख करोड़ रुपए से अधिक का नुकसान हुआ। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि देश में सच बोलना मुश्किल हो गया है । सऊदी अरब ने भारत पर अस्थाई वीजा प्रतिबंध लगा दिया है। रसोई गैस सिलेंडर ₹50 महंगा कर दिया गया है।
और, जानिएगा कि राष्ट्रीय राजनीतिक दलों को मिले चंदे में भाजपा को 88% के हिस्सेदारी मिली।
जागरण के अनुसार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ ने सोमवार को भारत समेत दुनिया भर के शेयर बाजारों को हिला कर रख दिया। सुबह 9:00 बजे भारतीय शेयर बाजार खुलते ही चंद सेकंड के भीतर निवेशकों के करीब 20 लाख करोड़ रुपए डूब गए। हालांकि बाद में बाजार में रिकवरी की और निवेशकों को घाटा लगने का फाइनल आंकड़ा करीब 14.09 लाख रुपए करोड़ रुपए रहा। ट्रंप के टैरिफ के दर से मुंबई स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स कारोबारी दिन के दौरान 3940 और निफ्टी 1160 अंक से ज्यादा गिरकर खुले। दिन भर चले उतार-चढ़ाव के बीच बाजार बंद होने तक इसमें कुछ सुधार दिखा। सेंसेक्स कारोबारी दिन के दौरान 5.22% अंकों की बड़ी गिरावट देखने के बाद अंतत 2227 अंक (2.95 प्रतिशत) लुढ़क कर 73138 अंकों पर बंद हुआ।
सच बोलना मुश्किल: राहुल
हिन्दुस्तान के अनुसार लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि आज देश में सच बोलना मुश्किल हो गया है। बड़े-बड़े नेता भी कुछ बोलना नहीं चाहते हैं। बड़े-बड़े मसलों पर भी चुप रह जाते हैं। लेकिन देश की जनता डरने वाली नहीं है। जनता को दबाया नहीं जा सकता है। जो सच्चाई है, उसे हम देश के सामने लाएंगे।
सोमवार को एक दिवसीय बिहार दौरे पर आए राहुल गांधी पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में संविधान सुरक्षा सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। कहा कि देश में जाति गणना जरूरी है। इससे ही सामाजिक एक्स-रे हो सकता है। भाजपा और आरएसएस इसे रोकना चाहती है। पर दुनिया की कोई भी ताकत इसे करने से हमें नहीं रोक सकती है।
बिहार में गठबंधन बना रहेगा
कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने स्पष्ट कर दिया कि बिहार में महागठबंधन बना रहेगा। आगामी विधानसभा चुनाव में महागठबंधन के साथ ही कांग्रेस मैदान में उतरेगी। सोमवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में बैठक में उन्होंने पार्टी नेताओं को टास्क दिया कि आगामी विधानसभा चुनाव में जीत के लिए खूब मेहनत करें। उन्होंने कहा कि अगला चुनाव जीतना ही है। पार्टी के सांसद, विधायक, पूर्व विधायक और जिलाध्यक्षों के साथ लगभग 35 मिनट तक चली बैठक में उन्होंने कहा कि पंचायत से लेकर प्रखंड स्तर तक की कांग्रेस की कमेटी भी सतरंगी होगी, यानी कांग्रेस की विभिन्न कमेटियों में सभी जाति और वर्गों का प्रतिनिधित्व होगा।
सऊदी अरब के वीजा पर अस्थाई प्रतिबंध
सऊदी अरब ने भारत-पाकिस्तान समेत दुनिया के 14 देशों के वीजा पर अस्थायी प्रतिबंध लगा दिया है। सऊदी अरब की सरकार का यह अस्थायी प्रतिबंध बिजनेस और फैमिली वीजा के साथ-साथ उमराह वीजा पर भी लागू होगा। क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के नेतृत्व वाली सऊदी सरकार ने यह प्रतिबंध बिना रजिस्ट्रेशन के दूसरे देशों के लोगों के हज में शामिल होने से रोकने के लिए लगाया है। हालांकि यह अस्थायी बैन सभी देशों पर मध्य जून यानी इस साल हज पूरा होने तक ही जारी रहेगा। उसके बाद वीजा प्रोग्राम को फिर से सामान्य तौर पर लागू कर दिया जाएगा। उमराह वीजा के लिए विदेशी 13 अप्रैल तक ही आ सकते हैं। इसके बाद उमराह वीजा रोक दिया जाएगा। भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश, मिस्र, इंडोनेशिया, नाइजीरिया, इराक, जॉर्डन, अल्जीरिया, सूडान, इथियोपिया, मोरक्को, ट्यूनीशिया और यमन के वीजा पर रोक लगी है।
रसोई गैस सिलेंडर ₹50 महंगा
भास्कर ने लिखा है कि ट्रंप टैरिफ और दुनिया भर के बाजारों में हड़कंप के बीच केंद्र सरकार ने रसोई गैस एलपीजी की कीमतों में ₹50 प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की है। इसका भार उज्ज्वला योजना के तहत लाभान्वित गरीबों और सामान्य ग्राहक को दोनों पर पड़ेगा। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप पुरी ने कहा कि नई कीमत मंगलवार से प्रभावित होगी। पटना में रसोई गैस सिलेंडर की कीमत अब 901 रुपए से बढ़कर 951 होगी।
सुप्रीम कोर्ट ने कहा- उत्तर प्रदेश में कानून का शासन पूरी तरह ध्वस्त
जागरण के अनुसार सुप्रीम कोर्ट ने दीवानी मामले को आपराधिक केस में बदलने की प्रवृत्ति पर उत्तर प्रदेश पुलिस को कड़ी फटकार लगाते हुए सोमवार को टिप्पणी की कि उत्तर प्रदेश में कानून का शासन पूरी तरह ध्वस्त हो गया है। कहा कि दीवानी मामले को आपराधिक मामले में तब्दील करना स्वीकार नहीं किया जा सकता। शीर्ष अदालत ने उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) और गौतम बुद्ध नगर के जांच अधिकारी या संबंधित थाना अध्यक्ष को दो हफ्ते में हलफनामा दाखिल कर यह बताने को कहा कि दीवानी विवाद के मामले में आपराधिक केस क्यों शुरू किया गया।
ग़ज़ा में इसराइल की बमबारी, 60 की मौत
हिन्दुस्तान के अनुसार ग़ज़ा पट्टी में रविवार देर रात इजरायली हमलों में एक स्थानीय पत्रकार समेत 15 लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य लोग घायल हैं। सेना ने कहा कि उसने हमास आतंकियों को निशाना बनाया था। बीते चौबीस घंटे में 60 लोगों की मौत हो चुकी है। गजा के स्थानीय अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि खान यूनुस में नासिर अस्पताल के बाहर एक तंबू पर रात करीब दो बजे हमला हुआ, जिससे उसमें आग लग गई।
88% चंदा भाजपा को मिला
भास्कर के अनुसार वित्तीय वर्ष 2023-24 में देश की 6 राष्ट्रीय पार्टियों को मिले चंदे में सबसे बड़ा हिस्सा भाजपा के खाते में गया है। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) की रिपोर्ट के अनुसार वित्तीय वर्ष 2023-24 में भाजपा को 6 राष्ट्रीय पार्टियों में सबसे ज्यादा 2243 करोड़ रुपये का चंदा मिला जो 2022-23 की तुलना में 1524 करोड़ रुपये अधिक है। यह कुल चंदे का 88 फीसद है। हालांकि कांग्रेस को मिले चंदा में भी बढ़ोतरी हुई है। देश की राष्ट्रीय पार्टियों को कुल 12547 घोषित रूप से चंदा मिला।
कुछ और सुर्खियां:
● ट्रंप ने चीन पर 50% टैरिफ लगाने की धमकी दी, चीन ने कहा- अमेरिका अपनी धौंस दिखा रहा
● नए वक़्फ़ कानून के खिलाफ दायर अर्जियों की सुनवाई पर विचार करेंगे चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया
● मधेपुरा के मुरलीगंज में पारिवारिक कलह से तंग आकर महिला ने अपनी दो मासूम बेटियों के साथ जहर खाकर जान दी
● विवादास्पद नए वक़्फ़ कानून पर जम्मू कश्मीर विधानसभा में हंगामा
● कम्यूनिटी हेल्थ ऑफिसर के 4500 पदों पर बहाली की ऑनलाइन परीक्षा में धांधली करने वाला सरगना रवि भूषण गिरफ्तार
● भोजपुर जिले के उदवंत नगर क्षेत्र के बेलाउर में 2 लाख के इनामी बूटन चौधरी के घर से एक-47 और हैंड ग्रेनेड बरामद
अनछपी: आमतौर पर भारत और भारत के बाहर रहने वाले भारतीय समुदाय के इस्लामोफोबिया की शिकायत मिलती रहती है लेकिन भारतीय मूल की सॉफ्टवेयर इंजीनियर वानिया अग्रवाल ने हाल ही में अमेरिका में जो कुछ किया वह बहुत ही सुखद आश्चर्य की बात है। हमारे समाज को वानिया अग्रवाल जैसे लोगों की भारी जरूरत है। वानिया अग्रवाल ने ग़ज़ा में इसराइल के हाथों जारी नरसंहार के खिलाफ माइक्रोसॉफ्ट से इस्तीफा दे दिया है। वानिया अग्रवाल अब वहां 11 अप्रैल तक ही काम करेंगी उन्होंने अपने इस्तीफा के ईमेल में कहा कि वह अब ऐसे संगठन का हिस्सा नहीं रह सकतीं जो पीड़ितों के बजाय उत्पीड़न को ताकतवर बनाता है। वानिया का कहना है कि माइक्रोसॉफ्ट ग़ज़ा के खिलाफ इसराइल के हमले में भागीदार था। इससे पहले उन्होंने माइक्रोसॉफ्ट के मुख्यालय में कंपनी के वर्तमान और पूर्व सीईओ सत्य नडेला, स्टीव बामर और बिल गेट्स के सामने कंपनी को कटघरे में खड़ा किया था। वानिया ने यह सवाल तब उठाया जब कंपनी की 50वीं वर्षगांठ पर कार्यक्रम हो रहा था। वानिया ने कहा कि ग़ज़ा में 50 हज़ार फलस्तीनियों की हत्या माइक्रोसॉफ्ट की तकनीक से की गई है। वानिया माइक्रोसॉफ्ट के एआई सेगमेंट के लिए काम कर रही थीं। वह माइक्रोसॉफ्ट के इसराइल के साथ 133 मिलियन डॉलर के एआई कॉन्ट्रैक्ट के खिलाफ थीं। वानिया के इस्तीफा और उनकी बात से एक बार फिर यह सच सामने आया है कि इसराइल ग़ज़ा में जो नरसंहार कर रहा है उसमें अमेरिका और अक्सर पश्चिमी देशों का हाथ है। इसके साथ ही सऊदी अरब और दूसरे मध्य पूर्व के देशों पर भी अमेरिका के दबाव में इसराइल के साथ मिलीभगत का आरोप लगाता रहा है। वानिया ने विरोध की जो आवाज उठाई है उसके लिए न केवल उन्होंने अपनी नौकरी देने से इस्तीफा देने का फैसला किया बल्कि जो इसराइल समर्थक लॉबी है उनके भी निशाने पर वह आ गई हैं। भारत में भी केवल इस्लाम और मुस्लिम दुश्मनी में बहुत सारे लोग इसराइल के हाथों फलस्तीनियों के नरसंहार का समर्थन करते हैं। वानिया ने ऐसे तत्वों को अपनी ओर से अच्छा जवाब दिया है। वानिया के इस कदम के लिए इंसानियत उन्हें याद रखेगी।
658 total views