छ्पी-अनछपी: स्कूलों में ‘खरीदारी घोटाला’ की जांच कराएगी सरकार, पूर्णिया में दो करोड़ की ज़ेवर लूट

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। बिहार सरकार पिछले दिनों स्कूलों में बैग और अन्य खरीदारी में घोटाले की शिकायत की जांच कराएगी। पूर्णिया के तनिष्क शोरूम से 2 करोड़ रुपए के जेवर लूट लिए गए। आरजेडी एमएलसी सुनील कुमार सिंह की विधान परिषद की सदस्यता छिन गई है। पेरिस ओलंपिक का रंगारंग उद्घाटन हुआ है ( साथ लगी तस्वीर)। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने फलस्तीन पर हमले के लिए इसरायल के पीएम बिन्यामिन नेतन्याहू की आलोचना की है

आज के अखबारों की यह अहम खबरें हैं।

जागरण की सबसे बड़ी सुर्खी है: राज्य के सरकारी स्कूलों में बैग व बेंच खरीदने में गड़बड़ी, होगी जांच। राज्य के सरकारी स्कूलों में बेंच-डेस्क से लेकर बच्चों के लिए बैग आदि की खरीद की जांच कराई जाएगी। करीब 885 करोड़ रुपए की योजना से हाल ही में स्कूलों के लिए सामान की खरीदारी की गई है। शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने शुक्रवार को विधान परिषद में जांच की घोषणा की। जदयू के संजीव कुमार सिंह के साथ एक दर्जन विधान पार्षदों ने ध्यान आकर्षण लाकर शिक्षा विभाग के तत्कालीन अपर मुख्य सचिव के द्वारा लिए गए असंवैधानिक निर्णय एवं वित्तीय अनियमितता की जांच करने की मांग सरकार से की थी। संजीव कुमार सिंह ने सभापति की अनुमति से सदन में स्कूल बैग और उसमें रखी बोतल को दिखाते हुए कहा कि यह ₹100 में मिलने वाला स्कूल बैग बच्चों को ₹1200 बता कर दिया जा रहा है। मानक के अनुरूप बेंच डेस्क सप्लाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा बता कि बेंच में 22 एमएम की प्लाईवुड की जगह 16 एमएम की प्लाईवुड लगाई गई है। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि ₹30 की थाली की ₹70 में खरीदारी हो रही है। उन्होंने स्कूलों में सबमर्सिबल पंप लगाने में भी गड़बड़ी का आरोप लगाया।

पूर्णिया में दो करोड़ की लूट

भास्कर के अनुसार पूर्णिया शहर के बीचो-बीच स्थित लाइन बाजार के डाक बंगला चौराहा के पास तनिष्क ज्वैलरी शॉप में शुक्रवार को दिनदहाड़े आधा दर्जन अपराधियों ने 20 मिनट में 2 करोड़ के ज़ेवरात लूट लिए। अपराधियों ने गेट पर मौजूद गार्ड अविनाश कुमार को पिस्तौल के बट से मारकर उसे फर्श पर बिठा दिया। शॉप के अन्य कर्मियों को भी हथियार का भय दिखाते हुए फर्स्ट फ्लोर के शोरूम में ले गया और सबको फर्श पर बैठने के लिए कहा। कर्मियों के साथ शोरूम के मालिक के भतीजे रुचि राज भी थे। तनिष्क शोरूम के पड़ोसी अमरेश कुमार ने बताया कि भागने के दौरान एक अपराधी की पिस्टल गिर गई। शुक्रवार की दोपहर 12:05 पर शोरूम में एक-एक कर पहले तीन बदमाश घुसे। अंदर आकर सभी अलग-अलग स्थान पर जाकर सोने के झुमके देखने लगे। कुछ देर बाद दो और युवक दोनों हाथों में हथियार लहराते हुए घुसे और सभी को एक तरफ होने को कहा। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता पहले से आभूषण देख रहे बदमाशों ने पिस्तौल निकाल ली और लूटपाट शुरू कर दी और बाहर खड़ी बाइक पर सवार होकर फरार हो गया।

सुनील सिंह की विधान परिषद सदस्यता छिनी

हिन्दुस्तान की सबसे बड़ी खबर के अनुसार राजद विधान पार्षद सुनील कुमार सिंह की सदस्यता समाप्त कर दी गई है। शुक्रवार को विधान परिषद में सभापति अवधेश नारायण सिंह ने इसकी घोषणा की। सदन के नेता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी और उनकी मिमिक्री करने के मामले में विधान परिषद की आचार समिति ने उन्हें दोषी मानते हुए उनकी सदस्यता समाप्त करने की अनुशंसा की थी। इसी मामले में कारी सोहैब को विधान परिषद के अगले सत्र में दो दिनों के लिए निलंबन की सजा दी गई है। शुक्रवार को आचार समिति के सभापति प्रो. रामवचन राय ने समिति की रिपोर्ट पर सहमति के लिए प्रस्ताव रखा। इसके बाद सभापति ने सदन का मत जाना। प्रस्ताव के पक्ष में ‘हां’ का बहुमत आने के बाद उन्होंने सुनील सिंह की सदस्यता समाप्त करने की घोषणा की। श्री सिंह 2020 में परिषद के सदस्य बने थे। अभी उनका दो साल का कार्यकाल बचा था। इससे पूर्व विपक्ष की नेता राबड़ी देवी ने सुनील सिंह की सदस्यता समाप्त नहीं करने का आग्रह किया। कहा कि सदन में गलत परंपरा शुरू की जा रही है।

पेरिस ओलंपिक की शुरुआत

फ्रांस की राजधानी पेरिस में शुक्रवार को ओलंपिक खेलों का रंगारंग उद्घाटन हुआ। खेलों के इतिहास में पहली बार उद्घाटन समारोह स्टेडियम के बाहर हुआ। इस बार दुनिया भर के खिलाड़ियों ने सीन नदी की लहरों पर नाव के सहारे छह किलोमीटर लंबी ‘परेड ऑफ नेशंस’ में हिस्सा लिया। 117 सदस्यीय भारतीय दल का नेतृत्व बैडिमंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु और टेबल टेनिस खिलाड़ी शरत कमल ने किया।

प्रियंका ने नेतन्याहू की आलोचना की

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने इसराइली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू और उनकी सरकार पर बर्बरता का आरोप लगाया। गजा में कार्रवाई के लिए नेतन्याहू की आलोचना की। प्रियंका ने कहा कि दुनिया की हर सरकार की यह जिम्मेदारी है कि वह इसराइल सरकार की नरसंहार की कार्रवाई की निंदा करे। पीएम नेतन्याहू के अमेरिकी कांग्रेस को दिए गए भाषण में युद्ध का बचाव करने के एक दिन बाद प्रियंका ने एक्स पर इसराइल सरकार की कड़ी आलोचना की।

तीन व्यापारियों को गोली मारी, एक की मौत

पटना के फुलवारी शरीफ प्रखंड में रंगदारी को लेकर शुक्रवार की देर रात रामकृष्णानगर थानांतर्गत पिपरा इलाके में अपराधियों ने छड़ और सीमेंट व्यवसायी राजेश कुमार और इलेक्ट्रिक दुकानदार (दो सहोदर भाइयों) गजेंद्र कुमार (28) और शिवम कुमार (23) को गोली मार दी। मौके पर ही रामकृष्णानगर के शेखपुरा निवासी राजेश कुमार ने दम तोड़ दिया। जबकि, दोनों सहोदर भाई घायल हैं। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी भाग निकले। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है। इधर, घटना से आक्रोशित सैकड़ों लोगों ने जमकर हंगामा किया।

कुछ और सुर्खियां

  • नीट यूजी का रिवाइज्ड रिजल्ट जारी, 67 की जगह 17 को मिले 720 में 720 अंक, दरभंगा के माजीन मंसूर को भी 720 अंक
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बयान- सेना को युवा बनाना ही अग्निपथ योजना का लक्ष्य
  • मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने कहा- मेरी रुचि आध्यात्म में है, राजनीति में नहीं
  • ओलंपिक के उद्घाटन से पहले पेरिस के रेल नेटवर्क पर तोड़फोड़, आगजनी
  • सीतामढ़ी निवासी और मध्य प्रदेश के भाजपा नेता पूर्व पत्रकार प्रभात झा का निधन
  • सोने की कीमत कम होने पर बाढ़ के बावजूद सूरत में खरीदारों की भारी भीड़

अनछपी: कांग्रेस की नेता प्रियंका गांधी ने फलस्तीन पर इसराइल की बर्बरता के खिलाफ आवाज उठाकर बेहद सराहनीय संदेश दिया है। वैसे तो भारत सरकार औपचारिक रूप से फलस्तीन में मानवीय मदद का समर्थन करती है लेकिन दूसरी सच्चाई यह भी है कि वह इसराइल के साथ अपने संबंध को और प्रगाढ़ करना चाहती है, इसलिए उसकी बर्बरता के खिलाफ कभी नहीं बोलती। फलस्तीन में पिछले कई महीनों से इसराइल द्वारा नरसंहार को अंजाम दिया जा रहा है लेकिन इसे रोकने में पूरी दुनिया नाकाम है। भारत सरकार भी इसराइल की खुलकर आलोचना नहीं कर रही है और गोल मटोल बातें कर रही है। ऐसे में प्रियंका गांधी का यह बयान महत्वपूर्ण माना जाता है हालांकि इससे कांग्रेस को भारतीय जनता पार्टी के हमले का निशाना भी बनना पड़ सकता है। भारतीय जनता पार्टी प्रियंका गांधी पर भारत की सरकारी नीति के विरुद्ध बोलने का आरोप लगा सकती है लेकिन मामला जहां इंसान की जान का हो, वहां इंसान की जान को ही प्राथमिकता देना सही मालूम होता है। प्रियंका गांधी का यह बयान ऐसे समय में आया है जबकि इसराइल के पीएम बिन्यामिन नेतन्याहू अमेरिका के दौरे पर हैं जो दुनिया के सबसे शक्तिशाली लोकतंत्र होने का दावा करता है लेकिन आम फलस्तीनियों को जिस तरह गाजर मूली की तरह काटा जा रहा है उस पर चुप्पी साधे रहता है। यह बात सबको पता है कि फलस्तीन में बूढ़े, बच्चे, बीमार सब की हत्या हो रही है और अस्पताल को भी हमले का निशाना बनाया जा रहा है। आम लोग इंसान की तरह जीने में नाकाम है। इसके बावजूद अमेरिका जैसा शक्तिशाली देश चुप है तो प्रियंका गांधी का बोलना बेहद महत्वपूर्ण बात मानी जानी चाहिए। सच्चाई तो यह है कि भारत सरकार को भी जल्द से जल्द इसराइल के नरसंहार को बंद करने के लिए बयान देना चाहिए और इस दिशा में जो जरूरी कदम हो सकता है उसे उठाया जाना चाहिए।

 222 total views

Share Now