छ्पी-अनछपी: मोदी का ज़िक्र एपस्टीन फाइल्स में, नीट छात्र से दरिंदगी का केस सीबीआई को

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। विवादों से घिरे एपस्टीन फाइल्स में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र आने के बाद विदेश मंत्रालय ने इसे नकारा है। पटना में नीट परीक्षा की तैयारी कर रही नाबालिग छात्रा की मौत के मामले की जांच अब करेगी। औरंगाबाद के अमझर शरीफ पंचायत के सैदपुर गांव में एक ही साथ चार नाबालिग बच्चियों की संदिग्ध हालात में मौत हो गयी। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण रविवार को लगातार नौवीं बार आम बजट पेश कर रही हैं।

और, जानिएगा कि मध्यप्रदेश में मिट्टी के दाने वाली सरसों खरीदने का भंडाफोड़ कैसे हुआ।

पहली ख़बर

भास्कर के अनुसार भारतीय विदेश मंत्रालय ने एपस्टीन फाइल्स में प्रधानमंत्री के नाम से जुड़े दावों को निराधार बताकर खारिज किया है। मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, ऐसी रिपोर्ट देखी गई हैं, जिनमें तथाकथित एपस्टीन फाइल्स के एक ईमेल में प्रधानमंत्री और उनकी इसराइल यात्रा का जिक्र है। जायसवाल ने कहा, प्रधानमंत्री ने जुलाई 2017 में इसराइल यात्रा की थी। इस तथ्य के अलावा ईमेल में कही अन्य बातें एक अपराधी (एपस्टीन) की बकवास से ज्यादा कुछ नहीं। इन्हें पूरी तरह से और तिरस्कार के साथ खारिज किया जाना चाहिए। इससे पूर्व कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने एपस्टीन फाइल्स की रिपोर्ट को लेकर सरकार से जवाब मांगा। भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कहा, कांग्रेस ने एफ्स्टीन फाइल्स से जुड़ी ईमेल में फर्जीवाड़ा कर झूठ फैलाने की कोशिश की। एपस्टीन जैसे अपराधी से जुड़े ईमेल को आधार बनाना कांग्रेस की सोच दिखाता है।

नीट छात्र से दरिंदगी का केस सीबीआई को

प्रभात ख़बर के अनुसार पटना में नीट परीक्षा की तैयारी कर रही नाबालिग छात्रा की मौत के मामले की जांच अब केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआइ) करेगी. राज्य सरकार ने इस बहुचर्चित मामले की सीबीआइ जांच की सिफारिश कर दी है. शनिवार की सुबह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ‘एक्स’ पर इसकी जानकारी दी. गृह विभाग के सचिव प्रणव कुमार ने सीबीआइ जांच से संबंधित अधिसूचना जारी कर दी. 23 दिनों के भीतर यह तीसरी जांच एजेंसी है, जिसे इस मामले की जांच की जिम्मेदारी सौंपी गयी है. इससे पहले बिहार पुलिस की एसआइटी और सीआइडी इसकी जांच कर रहे थे. इधर, नीट छात्रा के पिता ने पटना हाइकोर्ट में न्याय की गुहार लगाते हुए रिट याचिका दायर की है और कहा है कि जांच की निगरानी करें. जहानाबाद की रहने वाली नाबालिग छात्रा पटना के चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र स्थित एक गर्ल्स हॉस्टल में रहकर नीट की तैयारी कर रही थी. छह जनवरी को उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था. 11 जनवरी को उसकी मौत हो गई थी।

अजित पवार की विधवा बनीं डिप्टी सीएम

हिन्दुस्तान के अनुसार राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के दिवंगत अध्यक्ष अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार शनिवार को महाराष्ट्र की पहली महिला उप मुख्यमंत्री बनीं। राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। अजित पवार की 28 जनवरी को विमान हादसे में मौत हो गई थी। इसके बाद ‘महायुति’ गठबंधन सरकार की प्रमुख घटक राकांपा ने सुनेत्रा पवार को विधायक दल की नेता चुना। शपथ ग्रहण समारोह में सीएम देवेंद्र फडणवीस, उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, एनसीपी नेता सुनीत तटकरे, प्रफुल्ल पटेल, छगन भुजबल मौजूद रहे। हालांकि, शरद पवार मौजूद नहीं रहे।

निर्मला सीतारमण आज पेश कर रही हैं बजट

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण रविवार को लगातार नौवीं बार आम बजट पेश करेंगी। वित्त मंत्री ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को ध्यान में रखकर बजट में बड़े सुधार और नई घोषणाओं का ऐलान कर सकतीं हैं। बजट में मुख्य फोकस आर्थिक सुधारों की गति को तेज करने पर होगी। युवा, नौकरीपेशा, किसान, गरीब और महिलाओं के हितों में कुछ योजनाओं का विस्तार किया जा सकता है तो कुछ नई योजनाओं की घोषणा भी संभव है।

“अरब जगत के साथ भारत का भाईचारा”

अरब लीग के 19 सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। प्रधानमंत्री ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि अरब जगत भारत के विस्तारित पड़ोस का हिस्सा है, जो गहरे सभ्यतागत संबंधों, सशक्त जन-से-जन संपर्कों और स्थायी भाईचारे के रिश्तों से जुड़ा है। साथ ही शांति, प्रगति और स्थिरता के प्रति साझा प्रतिबद्धता भी रखता है।

औरंगाबाद में पांच बच्चियों ने जहर खाया, चार की मौत

प्रभात खबर के अनुसार औरंगाबाद के हसपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत अमझर शरीफ पंचायत के सैदपुर (मोती बिगहा) गांव में एक ही साथ चार नाबालिग बच्चियों की संदिग्ध हालात में मौत हो गयी और एक की हालत गंभीर है. उसका इलाज किसी जगह पर कराया जा रहा है. हालांकि, इस संबंध में कोई भी व्यक्ति कुछ भी बताने से परहेज कर रहा है. लेकिन, जहरीला पदार्थ खाने से मौत होने की चर्चा है. इस घटना ने न सिर्फ प्रशासन को कटघरे में खड़ा कर दिया है, बल्कि समाज को भी झकझोर कर रख दिया है. इलाके में एक ही सवाल गूंज रहा है आखिर पांचों नाबालिग बच्चियों ने एक साथ जहर क्यों खाया. नाम नहीं छापने की शर्त पर 60 वर्षीया एक महिला ने बताया कि यह घटना जमाल बिगहा गांव की ओर जाने वाली सड़क के किनारे स्थित पइन और तालाब के पास हुई. महिला के अनुसार, पांचों नाबालिग बच्चियां वहां बैठीं और एक साथ जहर खा लिया. एक नाबालिग किसी तरह अपने घर पहुंच गयी और परिजनों को पूरी बात बतायी. इसके बाद परिजनों ने उसका इलाज कराया, जिससे उसकी जान बच गयी. लेकिन, बाकी चार नाबालिग बच्चियां पास के गेहूं के खेत में चली गयीं, जहां तड़प-तड़प कर उनकी मौत हो गयी.

मध्यप्रदेश में मिट्टी के दाने वाली सरसों खरीद का घोटाला

जागरण के अनुसार मध्य प्रदेश में सरसों की सरकारी खरीद में बढ़ा घोटाला सामने आया है। घोटालेबाजों ने मिट्टी से सरसों के दाने बनाकर मिलावट की। नीलामी के बाद खरीदार ने सरसों को पानी में डाला तो मिट्टी के दाने घुल गए। शिकायत के बाद अधिकारियों ने मामले क जांच की तो इस घोटाले का भांडा फूटा। अब खरीद प्रक्रिया से जुड़े पांच लोगों के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई है। रबी सीजन 2024-25 में भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ (नेफेड) ने न्यूनतम समर्थन मूल्य पर सरसों खरीदी थी। सागर जिले की रहली मंडी में सहकारी समिति खैराना और छिरारी ने 8950 क्विंटल सरसों की खरीद की।

कुछ और सुर्खियां:

  • पटना के राजेंद्र नगर में रूम हीटर से लगी आग में 74 साल के डॉक्टर अजीत कुमार जिंदा जले
  • ईरान के अलग-अलग शहरों में गैस रिसाव से हुए धमाकों में पांच लोगों की मौत
  • तेजी से बढ़कर ₹4 लाख प्रति किलोग्राम हुई चांदी की कीमत अब घटकर 3 लाख 12000 रुपए हुई

अनछपी: 2014 से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासनकाल और खुद उनके बारे में जितनी गड़बड़ियों और घोटाले की खबरें आई हैं उनमें एपस्टीन फ़ाइल्स में उनका ज़िक्र होना सबसे ज्यादा परेशान करने वाला हो सकता है। यह विपक्ष की कमजोरी है कि इन तमाम गड़बड़ियों के बावजूद वह जनता को यह समझाने में नाकाम रहे कि देश की हालत क्या है। अब कांग्रेस ने इसके बारे में बयान जारी कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कटघरे में खड़े करने की कोशिश तो की है लेकिन सवाल यह है कि क्या वह इन बातों को लेकर जनता तक भी जाएगी? कांग्रेस ने शनिवार को दावा किया था कि अमेरिकी यौन अपराधी और मानव तस्कर जेफ़री एपस्टीन से जुड़ी फ़ाइल्स में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी नाम है। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “यह राष्ट्रीय शर्म का विषय है. पीएम मोदी हमारे तीन सवालों का सामने आकर जवाब दें.” इसके बारे में ज्यादा चर्चा हिंदी अखबारों में नहीं है लेकिन बीबीसी के अनुसार कांग्रेस ने लिखा कि एपस्टीन का साफ़ कहना है कि “मोदी ने मुझसे सलाह ली और अमेरिकी राष्ट्रपति के फ़ायदे के लिए इसराइल में जाकर नाचे और गाए. यह भी कहा कि ये काम कर गया।” “याद रहे- पीएम मोदी 4 से 6 जुलाई 2017 के बीच इसराइल दौरे पर थे। इसके तीन दिन बाद एपस्टीन ने यह मेल लिखा है। इसराइल दौरे से ठीक पहले 25-26 जून 2017 को मोदी, अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मिले थे। जेफ़री एपस्टीन के मेल की कड़ियों को जोड़ें तो समझ आता है कि मोदी, जून 2017 में अमेरिका गए और वहां एपस्टीन से सलाह ली.” “इसके एक हफ्ते बाद (4 से 6 जुलाई 2017) मोदी इसराइल पहुंचे और सलाह के मुताबिक- वहां नाचे और गाए और काम हो गया. अब साफ है कि प्रधानमंत्री मोदी का जेफ़री एपस्टीन से बहुत ही गहरा और पुराना नाता है, जो भारत के लिए शर्मनाक है. यह मामला राष्ट्रीय गरिमा और अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा का है, जिसके लिए प्रधानमंत्री मोदी को जवाब देना चाहिए.” कांग्रेस ने तीन सवाल करते हुए लिखा, “नरेंद्र मोदी, जेफ़री एपस्टीन से कैसी सलाह ले रहे थे? मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के किस फायदे के लिए इसराइल में नाच और गा रहे थे? एपस्टीन ने लिखा है- ‘इट वर्क्ड’…तो इसका क्या मतलब है?” “नरेंद्र मोदी जी देश जवाब मांग रहा है. सीरियल रेपिस्ट एपस्टीन से आपका क्या रिश्ता है?” कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तो यह बात उठाई है लेकिन उसे जनता के बीच जाकर उन्हें इन बातों से अवगत कराना चाहिए ताकि देश की हालत के बारे में सबको सही सूचना मिले।

 

 294 total views

Share Now