छ्पी-अनछपी: इसराइल पहुंच हमास पर बोले मोदी, सीमांचल में शाह की घुसपैठ चिंता
बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसराइल की संसद में कहा, हम मुंबई और हमास के आतंकी हमलों को भूले नहीं हैं लेकिन वह ग़ज़ा में क़त्ले आम पर कुछ नहीं बोले। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सीमांचल में ‘घुसपैठ’ को लेकर बैठक की है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत के सोलर इक्विपमेंट्स पर 126% टैरिफ लगा दिया है।
और, जानिएगा कि चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया को क्यों कहना पड़ा कि न्यायपालिका बदनाम करने की इजाज़त नहीं देंगे।
पहली ख़बर:
हिन्दुस्तान के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को इसराइल की संसद ‘नेसेट’ में अपने ऐतिहासिक संबोधन में कहा कि आतंकवाद जहां भी हो उससे शांति को खतरा है। उन्होंने कहा, हम मुंबई और हमास के आतंकी हमलों को भूले नहीं हैं। इसराइली संसद पहुंचने पर सांसदों ने प्रधानमंत्री मोदी का खड़े होकर अभिवादन किया। इस दौरान मोदी ने कहा कि इसराइल की तरह भारत भी आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाता है और दोहरे मानदंडों पर विश्वास नहीं करता। सात अक्तूबर 2023 को इसराइल पर हमास के हमले की निंदा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, जो लोग इसमें मारे गए उसके प्रति मेरी संवेदना है। भारत इस समय और भविष्य में भी इजरायल के साथ खड़ा है। किसी भी चीज से गलती को सही नहीं ठहराया जा सकता। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत भी आतंकवाद के दर्द को लंबे समय से झेल रहा है। मुंबई में 26/11 के हमले में निर्दोष लोग मारे गए, जिनमें इसराइइली नागरिक भी शामिल थे।
घुसपैठ के मुद्दे पर अमित शाह की बैठक
जागरण ने लिखा है कि सीमापार से हो रही घुसपैठ के मुद्दे पर केंद्र सरकार अब ठोस और स्थायी समाधान की दिशा में आगे बढ़ रही है। सीमांचल की सुरक्षा, विकास और घुसपैठ पर प्रभावी रोक को लेकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में बुधवार को किशनगंज में उच्चस्तरीय बैठक हुई। इसमें केंद्रीय गृह सचिव, आइबी के निदेशक, आइटीबीपी और एसएसबी के महानिदेशक, बिहार के एडीजी के साथ ही सीमावर्ती सात जिलों के डीएम के साथ घुसपैठ और सीमा सुरक्षा पर मंथन किया गया। घुसपैठ के स्थायी समाधान के लिए एक्शन प्लान तैयार करने पर जोर दिया गया। इस दौरान केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, बिहार के उप मुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी भी मौजूद रहे। सीमांचल में जनसंख्या संरचना यानी डेमोग्राफी में हो रहे बदलाव और उससे जुड़े सुरक्षा पहलुओं पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने 2011 की जनगणना के बाद क्षेत्र में आबादी के स्वरूप में आए परिवर्तन, सीमावर्ती आवाजाही और सामाजिक-आर्थिक कारणों पर प्रस्तुति दी। देश के अन्य हिस्सों की तुलना में सीमांचल में अल्पसंख्यकों की आबादी बढ़ी है, जिसे बांग्लादेशी घुसपैठ, उच्च जन्म दर, स्थानीय सामाजिक-आर्थिक कारणों से जुड़ा माना जाता है। सिलीगुड़ी कारिडोर यानी ‘चिकन नेक’ क्षेत्र की सामरिक स्थिति पर भी चर्चा हुई। गृह मंत्री ने सुरक्षा बलों के बीच समन्वय, आधुनिक संसाधनों के उपयोग और सतर्क निगरानी को आवश्यक बताते हुए सीमांचल की सुरक्षा को राष्ट्रीय सुरक्षा से सीधे जुड़ा विषय बताया। कहा, नेपाल, बांग्लादेश और चीन द्वारा ‘चिकन नेक’ यानी सिलीगुड़ी गलियारा को लेकर नकारात्मक बात की जाती है।
भारत के सोलर इक्विपमेंट्स पर 126% टैरिफ
हिन्दुस्तान के अनुसार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर अनुचित सब्सिडी दिए जाने का आरोप लगाते हुए कुछ भारतीय सौर उत्पादों के आयात पर 126 फीसदी प्रतिपूर्ति शुल्क लगाने की घोषणा की है। अमेरिका ने इंडोनेशिया पर 86 से 143% और लाओस पर करीब 81% तक की शुरुआती ड्यूटी भी तय की है। इन दरों का आधार विदेशी सब्सिडी को माना गया है, जिससे अमेरिकी घरेलू सोलर उत्पादकों को नुकसान होने की बात कही गई है। ये शुल्क अमेरिकी प्रशासन द्वारा 24 फरवरी से सभी देशों पर घोषित 10% शुल्क के अतिरिक्त है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी वाणिज्य विभाग ने यह फैसला इस आधार पर लिया कि भारत ने अनुचित सब्सिडी दी। इससे भारतीय निर्यातकों को अमेरिकी कंपनियों से सस्ते दाम पर उत्पाद बेचने में मदद मिली।
दिल्ली में बिहार की महिला और तीन बेटियों की गला रेतकर हत्या
भास्कर के अनुसार दिल्ली के समयपुर बादली में बुधवार सुबह एक ही परिवार के चार लोगों की निर्मम हत्या हुई। किराए के कमरे में महिला और उसकी तीन बेटियों की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान अनीता (32), अनुष्का (5), मुस्कान (4) और पल्लवी के रूप में हुई है। घटना चंदन पार्क की गली नंबर-3 स्थित मकान की है। पीड़ित परिवार पटना के बाढ़ का रहनेवाला है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। डीसीपी एचवी स्वामी ने बताया कि अनीता अपने पति मुनचुन केवट (34) और तीन बेटियों के साथ किराए के कमरे में रहती थी। परिवार के सदस्य आजादपुर मंडी में अदरक का कारोबार करते हैं। बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे मुनचुन का 10 वर्षीय भतीजा अंकित घर पहुंचा। कमरे के अंदर चारों को खून से वह चिल्लाते हुए बाहर भागा। दिल्ली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या क्यों और किसने की इसका खुलासा मुनमुन केवट के पकड़े जाने के बाद ही चल पाएगा। उसकी तलाश में दिल्ली, यूपी, हरियाणा में छापेमारी की जा रही है। एक टीम को बिहार भी भेज दिया गया है।
न्यायपालिका को बदनाम करने की इजाज़त नहीं देंगे: चीफ जस्टिस
भास्कर के अनुसार सुप्रीम कोर्ट ने एनसीईआरटी की 8वीं की किताब में ‘न्यायपालिका में भ्रष्टाचार’ अध्याय जोड़ने पर कड़ी नाराजगी जताई। सीजेआई सूर्यकांत ने कहा, ‘न्यायपालिका की साख धूमिल करने की अनुमति किसी को नहीं देंगे। कानून अपना काम करेगा, कोई कितना ही प्रभावी क्यों न हो।’ कोर्ट इस मामले में गुरुवार को सुनवाई करेगा। वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल और अभिषेक मनु सिंघवी ने सीजेआई, जस्टिस जॉयमाल्या बागची व जस्टिस विपुल पंचोली की बेंच के सामने इस मुद्दे का उल्लेख किया। सिब्बल ने कहा, 8वीं के बच्चों को न्यायपालिका में भ्रष्टाचार पढ़ाना आपत्तिजनक है। बार व बेंच दोनों आहत हैं। सीजेआई ने कहा, देशभर से संदेश मिले हैं। कई हाई कोर्ट जज’ भी व्यथित हैं। कोर्ट की सख्ती के बाद एनसीईआरटी ने वेबसाइट से किताब हटा दी है।
कुछ और सुर्खियां:
- मुंबई में अनिल अंबानी के घर को एड में कुर्क किया, इसकी कीमत करीब 3716 करोड़ रुपए हैं
- पूर्व सांसद सूरजभान सिंह, उनके भाई चंदन सिंह और कन्हैया सिंह पर मोकामा के पंडारक के युवक की हत्या के प्रयास का केस दर्ज
- पूर्व मंत्री और बगहा विधानसभा क्षेत्र के पांच बार विधायक और गोपालगंज के सांसद रह चुके पूर्णमासी राम का लंबी बीमारी के बाद निधन
- झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में ट्रायल पर सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगाई
- बिहार में बनेगा शिव सर्किट, पौराणिक महत्व के मंदिर रोड नेटवर्क से जुड़ेंगे
अनछपी: अगर अंग्रेजी में कहा जाए तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को यह कहा जा सकता है कि नथिंग कैन जस्टिफाई जनोसाइड।
यह कहने की जरूरत इसलिए पड़ रही है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दोनों इसराइल में है और ऐसा लगता है कि वहां की हत्यारी सरकार को खुश करने के लिए हर वह बात कह रहे हैं जिससे इसराइल के जरिए जारी जेनोसाइड पर कोई चर्चा नहीं हो। इसीलिए कत्लेआम करने वाली सरकार की तारीफ करने पर सवाल खड़े करना जरूरी है। कांग्रेस पार्टी का यह कहना बिल्कुल सही है कि जब दुनिया इसराइली पीएम की आलोचना कर रही है, ऐसे समय में प्रधानमंत्री को वहां का दौरा नहीं करना चाहिए। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने उम्मीद जताई थी कि पीएम मोदी इसरायल की संसद को संबोधित करते हुए गाजा में हजारों निर्दोष पुरुषों, महिलाओं और बच्चों के नरसंहार का उल्लेख करेंगे और उनके लिए न्याय की मांग करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐसी कोई मानवीयता नहीं दिखाई। यहां तक की जिस दो स्टेट थ्योरी का समर्थन भारत औपचारिक रूप से करता है उसके बारे में भी एक शब्द नहीं बोले। भारत को अहिंसा का देश बताया जाता है लेकिन यहां के प्रधानमंत्री इसराइल जाकर वहां के हिंसक सरकार के खिलाफ बोलने से न केवल कतराते हैं बल्कि उसको खुश करने के लिए अजीबोगरीब तर्क भी देते हैं। भारतीय प्रधानमंत्री में इतनी हिम्मत नहीं देखी जा सकी कि वह अगर हमास की आलोचना करते हैं तो इस बात पर भी चिंता जताएं कि इसराइल के अंधाधुंध हमले में बेकसूर लोग मारे गए जिनकी पिछले कुछ वर्षों में संख्या 70000 से पार है। यह भारतीय समाज के लिए बेहद चिंताजनक बात है।
63 total views
