छ्पी-अनछपी: चुनाव आयोग से सुप्रीम कोर्ट- हम कई सवाल पूछेंगे, प्रियंका बोलीं- इसराइल नरसंहार कर रहा
बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। बिहार में एसआईआर को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग से कहा है कि वह उसके सवालों के लिए तैयार रहे। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने कहा है कि इसराइल नरसंहार कर रहा है और भारत सरकार चुप है। बिहार में पांच हजार नर्सों की बहाली के लिए 14 से 28 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन होगा।
और, जानिएगा कि 300 भारतीय परिवारों के पास है 140 लाख करोड़ की संपत्ति।
पहली खबर
हिन्दुस्तान के अनुसार सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को एक बार फिर दोहराया कि यदि बिहार में वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में किसी भी तरह की अनियमितता पाई जाती है तो पूरी प्रक्रिया रद्द कर दी जाएगी। सुप्रीम कोर्ट ने आयोग से कहा कि आप तथ्यों और आंकड़ों के साथ तैयार रहें। कई सवाल उठेंगे और हम पूछेंगे। जस्टिस सूर्यकांत और जॉयमाल्या बागची की पीठ ने बिहार में एसआईआर को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए टिप्पणी की कि बिहार में एसआईआर को लेकर जो विवाद है वह काफी हद तक विश्वास की कमी का मामला है, और कुछ नहीं। आयोग द्वारा 24 जून को एसआईआर कराने को जारी आदेश को इस आधार पर चुनौती दी गई है कि इससे एक करोड़ मतदाताओं के नाम कट जाएंगे और वे मताधिकार से वंचित हो जाएंगे। वहीं, आयोग के हलफनामे में बिहार में एसआईआर कवायद को यह कहते हुए उचित ठहराया गया है कि यह मतदाता सूची से अयोग्य व्यक्तियों को हटा चुनाव की शुचिता को बढ़ाता है।
हम शिकायत भेज रहे, चुनाव आयोग दर्ज नही कर रहा: दीपंकर
भाकपा माले की केंद्रीय कमेटी ने चुनाव आयोग से एसआईआर की पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने व सभी आपत्तियों का सार्वजनिक संज्ञान लिए जाने की मांग की है। पटना में शुरू हुई केंद्रीय कमेटी की बैठक में पार्टी महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य ने एसआईआर की प्रक्रिया व उसके परिणामों पर गहरी चिंता और आक्रोश जताया। उन्होंने कहा कि हमारी ओर से पार्टी पैड पर चुनाव आयोग को कई गंभीर शिकायतें भेजी गई हैं, लेकिन आयोग यह दावा कर रहा है कि किसी भी राजनीतिक पार्टी ने अब तक कोई शिकायत दर्ज नहीं की है। यह रवैया न केवल भ्रामक है, बल्कि लोकतंत्र की मूल भावना के प्रतिकूल भी है। आयोग को यह स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर किस प्रकार की आपत्ति को वह आधिकारिक शिकायत मानेगा।
इसराइल नरसंहार कर रहा: प्रियंका
भास्कर के अनुसार कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी के ग़ज़ा संकट पर की गई टिप्पणी पर इसराइली राजदूत के जवाब से विवाद खड़ा हो गया है। प्रियंका ने मंगलवार को सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा कि इसराइल ग़ज़ा में नरसंहार कर रहा है और 60000 से ज्यादा लोगों को मार चुका है जिनमें 18430 बच्चे थे। प्रियंका ने लिखा कि इसने कई बच्चों समेत सैकड़ों लोगों को भूखा मार दिया और लाखों लोगों को भूखा मारने की धमकी दे रहा है। प्रियंका गांधी ने कहा कि यह शर्मनाक है कि भारत सरकार फलस्तीन के लोगों पर इसराइल जो कहर बरपा रहा है, उस पर भारत सरकार चुप है। उन्होंने फलस्तीन में अल जजीरा के पांच पत्रकारों की हत्या को घृणित अपराध बताया। प्रियंका गांधी की इस पोस्ट को इसराइल के राजदूत ने ढकोसलाबाजी बताया। इधर शिवसेना (उद्धव) की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने इसराइल के राजदूत के बयान पर कहा कि उम्मीद है कि विदेश मंत्रालय राजदूत को फटकार लगाएगा। उन्होंने कहा कि यह अस्वीकार्य है कि हमारे देश में रहते हुए कोई विदेशी राजदूत भारतीय सांसदों से इस तरह की भाषा में बात करे।
पांच हजार नर्सों की बहाली के लिए ऑनलाइन आवेदन 14 से
प्रभात खबर के अनुसार बिहार में 5006 नर्सों (एएनएम) की कॉन्ट्रैक्ट पर बहाली होगी। इसके लिए राज्य स्वास्थ्य समिति की ओर से विज्ञापन जारी किया गया है। इन पदों पर बहाली के इच्छुक अभ्यर्थियों को 14 अगस्त से 28 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन का मौका दिया गया है। कॉन्ट्रैक्ट पर नर्सों की नियुक्ति 11 माह के लिए और एकमुश्त ₹15000 प्रति माह के मानदेय पर किया जाएगा। संतोषप्रद कार्य और सेवा के आधार पर कॉन्ट्रैक्ट की अवधि को 60 वर्ष की आयु तक के लिए एनएचएम के तहत विस्तारित किया जा सकेगा।
सृजन घोटाले के एक मामले का ट्रायल शुरू
हिन्दुस्तान के अनुसार सीबीआई की विशेष अदालत में मंगलवार को 36 करोड़ 99 लाख रुपए के सृजन घोटाले के एक मामले का ट्रायल शुरू हो गया। सीबीआई के विशेष न्यायाधीश सुनील कुमार-2 ने घोटाला के आरोपी सह भागलपुर के तत्कालीन डीएम बीरेन्द्र प्रसाद यादव के खिलाफ आरोप गठित किया। विशेष अदालत ने आरोपी अधिकारी पर जालसाजी, धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश और भ्रष्ट्राचार निवारण अधिनियम के तहत आरोप गठित किया है। वर्तमान में बीरेन्द्र प्रसाद यादव कृषि विभाग में विशेष सचिव हैं। कोर्ट में उपस्थिति रहने के दौरान उनके ऊपर लगे आरोप को सुनाया गया। हालांकि, उन्होंने अपने ऊपर लगे आरोप से इनकार किया। इसके बाद विशेष अदालत ने इस मामले की अगली तारीख 26 अगस्त 2025 निर्धारित की है। साथ ही सीबीआई को अभियोजन गवाह पेश करने का निर्देश दिया है।
300 भारतीय परिवारों के पास है 140 लाख करोड़ की संपत्ति
जागरण के अनुसार अरबपति मुकेश अंबानी के नेतृत्व वाले अंबानी परिवार के पास 28 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति है। यह अदानी परिवार की 14 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति से दुगने से ज्यादा है। 300 सबसे मूल्यवान भारतीय परिवारों के पास 1.6 ट्रिलियन डॉलर यानी 140 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा की संपत्ति है। यह देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का 40% से भी अधिक है। अकेले अंबानी परिवार की संपत्ति देश की जीडीपी की 12% है। हुरून द्वारा बार्कलेज के सहयोग से तैयार रिपोर्ट के अनुसार अंबानी परिवार की संपत्ति में पिछले साल 10% की वृद्धि हुई है और इसने अपनी शीर्ष रैंकिंग बरकरार रखी। इन 300 परिवारों में 91 परिवार मुंबई में और एनसीआर में 62 परिवार रहते हैं जबकि कोलकाता में 25 परिवार रहते हैं।
कुछ और सुर्खियां:
- छपरा के भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूडी बने कांस्टीट्यूशन क्लब के सचिव, अपनी ही पार्टी के संजीव बालियान को हराया
- घर पर नकदी मिलने के मामले से चर्चा में आए इलाहाबाद हाई कोर्ट के जस्टिस यशवंत वर्मा के खिलाफ महाभियोग की प्रक्रिया शुरू
- पटना के पालीगंज में अरवल के एक ही परिवार के दो बच्चों की फूड प्वाइजनिंग से मौत
- बिहार में अब डीएम की अध्यक्षता वाली कमेटी करेगी शिक्षकों के तबादले
अनछपी: आपने सीवान की मिंता देवी का नाम शायद नहीं सुना हो लेकिन पिछले दो दिनों से वह काफी चर्चा में हैं क्योंकि उनकी उम्र हालांकि 35 साल है लेकिन जो वोटर कार्ड उन्हें दिया गया उसमें उन्हें 124 वर्ष का दिखाया गया है। उनके मतदाता पहचान पत्र में जन्मतिथि 15 जुलाई 1900 अंकित हो गई है जबकि उनकी वास्तविक जन्म तिथि 15 जुलाई 1990 है। इसमें भी चुनाव आयोग ने एक साल की गड़बड़ी कर दी है क्योंकि अगर 1900 ही उनकी जन्मतिथि मानी जाए तो कायदे से उनकी उम्र 125 वर्ष लिखी जानी चाहिए थी। मिंता देवी की बात चर्चा में इसलिए भी आ गई क्योंकि कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने उनके नाम और तस्वीर के साथ एक टीशर्ट बनवा कर पहनी जिसपर लिखा था- 124 नॉट आउट। इधर मिंता देवी का कहना है कि वह घरेलू महिला हैं और उन्हें इस तरह मोहरा बनाए जाने पर दुख है लेकिन कांग्रेस की सांसद प्रियंका गांधी ने चुनाव आयोग के काम करने के ढंग पर सवाल उठाने के लिए यह शर्ट बनवाई। बिहार में मिंता देवी जैसी अकेली कहानी नहीं है बल्कि सैकड़ों ऐसे लोग मिल जाएंगे जिनके नाम, उम्र और पते में गड़बड़ी चुनाव आयोग ने ही कर रखी है। फिर भी, चुनाव आयोग आजकल अपने बारे में ऐसे दावे कर रहा है मानो उससे कोई गलती कभी हो ही नहीं सकती। दूसरी तरफ ऐसी खबरें आ रही हैं जिनसे चुनाव आयोग के दावों की धज्जियां उड़ रही हैं और लोग यह भी सवाल कर रहे हैं कि वह विनम्रता से अपनी गलती स्वीकार क्यों नहीं कर लेता है। चुनाव आयोग को मतदाता सूची और वोटर कार्ड में गलतियों की कहानी आज नहीं शुरू हुई लेकिन आज चुनाव आयोग के बारे में बड़े पैमाने पर यह शिकायत है कि वह भारतीय जनता पार्टी के अंग के रूप में काम कर रहा है। इसलिए चुनाव आयोग की गलतियों को सबके सामने लाते रहना जरूरी है।
592 total views
