छ्पी-अनछपी: चांदी पहली बार ₹3 लाख पार, नितिन नवीन बिना चुनाव बीजेपी अध्यक्ष बने
बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। पटना के बांकीपुर से विधायक नितिन नवीन बीजेपी के निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किए गए हैं। स्पेन में दो हाई स्पीड ट्रेनों की टक्कर में कम से कम 39 लोगों की मौत हो गई।
और, जानिएगा कि भारत और यूएई के बीच व्यापार को 200 अरब डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया गया है।
पहली ख़बर
हिन्दुस्तान के अनुसार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और यूरोपीय संघ के बीच ग्रीनलैंड को लेकर गरमाते टैरिफ वार की वजह से सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोना-और चांदी में रिकॉर्ड तोड़ उछाल आया। एक तरफ, चांदी 10,000 रुपये के जोरदार उछाल के साथ रिकॉर्ड 3,02,600 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर जा पहुंची। वहीं, सोना भी 1,900 रुपये उछलकर 1,48,100 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। सर्राफा कारोबारियों ने कहा कि घरेलू और वैश्विक बाजारों में मजबूत मांग के चलते चांदी के दाम में जबर्दस्त तेजी देखी गई। विशेषज्ञों ने कहा कि कीमती धातुओं की मांग में निरंतर वृद्धि और वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के बीच निवेशक सुरक्षित परिसंपत्तियों की ओर बढ़ रहे हैं, जिससे सोना और चांदी दोनों के दामों में लगातार तेजी दर्ज की जा रही है। चांदी ने 2025 की गति को बरकरार रखते हुए करीब 30 प्रतिशत का ‘रिटर्न’ दिया है।
नितिन नवीन बिना चुनाव अध्यक्ष चुने गए
नई दिल्ली से जागरण ने लिखा है, जेपी नड्डा के बाद भाजपा अध्यक्ष कौन? लंबे समय तक इस प्रश्न के साथ चलती रही अटकलों पर विराम तो 14 दिसंबर 2025 को नितिन नवीन को कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने के साथ ही लग गया था, लेकिन सोमवार को चुनाव प्रक्रिया की औपचारिकता पूरी होने के बाद अंततः भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नितिन नवीन के नाम पर अधिकृत रूप से मुहर लग गई। चूंकि, उनके अतिरिक्त किसी अन्य दावेदार का नामांकन नहीं हुआ है, इसलिए मंगलवार को उनके निर्विरोध अध्यक्ष बनने की घोषणा होगी। साथ ही वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार ग्रहण करेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नाडा अपने विस्तारित कार्यकाल में दायित्व निर्वहन कर रहे थे। पार्टी संविधान के अनुसार 36 में से 30 प्रदेशों में अध्यक्ष का निर्वाचन पूरा होने के बाद 16 जनवरी 2026 को राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्वाचन कार्यक्रम की अधिसूचना पार्टी के राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी के लक्ष्मण द्वारा जारी की गई। हालांकि यह पहले से ही लगभग तय था कि पार्टी नेतृत्व की ओर से राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए गए बिहार के युवा नेता नितिन नवीन ही सर्वसम्मति से राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाएंगे।
स्पेन में दो हाईस्पीड ट्रेनों की टक्कर में 39 की मौत
प्रभात ख़बर के अनुसार स्पेनिश पुलिस ने सोमवार को बताया कि देश के दक्षिणी हिस्से में रविवार की रात एक उच्च गति वाली ट्रेन की टक्कर में कम से कम 39 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है. रेल संचालक एडिफ के अनुसार, यह हादसा रविवार शाम करीब 7:45 बजे हुआ, जब 300 यात्रियों को मलागा से राजधानी मैड्रिड जा रही ट्रेन का पिछला हिस्सा पटरी से उतर गया. इसके बाद वह मैड्रिड से दक्षिणी स्पेन के एक अन्य शहर हुएल्वा जा रही सामने से आ रही एक अन्य ट्रेन से टकरा गयी. स्पेनिश पुलिस के अनुसार, इस हादसे में 159 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से पांच की हालत गंभीर बतायी जा रही है. इसके अलावा 24 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं. यह टक्कर मैड्रिड से लगभग 370 किलोमीटर दक्षिण में कॉर्डोबा प्रांत के एक कस्बे आदमुज के पास हुई. मैड्रिड और अंडालूसिया के शहरों के बीच सोमवार को ट्रेन सेवाएं रद्द कर दी गयीं.
नई घोषणा के तहत सभी दफ्तरों में हुई सुनवाई
हिन्दुस्तान के अनुसार पंचायत से मुख्यालय तक सभी कार्यालयों में अधिकारी जनता की समस्या सुनने को सोमवार को मौजूद रहे। पहले दिन जमीन और थानों से जुड़े कार्यालयों में ज्यादा फरियादी पहुंचे। कई जगहों पर मौके पर ही कई मामलों का निबटारा किया गया। कुछ मामलों में अगली तिथि दी गई। लोगों की शिकायतों की ऑनलाइन निगरानी होगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश पर शुरू की गयी जनसुनवाई कार्यक्रम में तय तिथि को कितने शिकायतकर्ता आए और शिकायत किस पदाधिकारी ने सुनी इसका पूरा विवरण ऑनलाइन दर्ज होगा।
भारत-यूएई के बीच दोगुना होगा व्यापार
भास्कर की खबर है कि भारत और यूएई (संयुक्त अरब अमीरात) के रिश्तों में सोमवार को एक और अध्याय जुड़ गया। यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद नाहयान करीब 3 घंटे के दौरे पर दिल्ली पहुंचे, जहां पीएम नरेंद्र मोदी से उनकी मुलाकात हुई। एयरपोर्ट पर पीएम मोदी ने खुद उनका स्वागत किया और दोनों नेता एक ही कार में पीएम आवास तक पहुंचे। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल स्तर पर बातचीत हुई। इस मुलाकात में दोनों देशों ने 2032 तक सालाना व्यापार को दोगुना करके 200 अरब डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया।
कुछ और सुर्खियां:
- किशनगंज में ट्रक और डंपर में टक्कर के बाद दोनों ड्राइवर समेत तीन लोग जिंदा जले
- भारत और यूएई के बीच रक्षा और गैस क्षेत्र में 10 समझौता पर दस्तखत
- बिहार का 2026- 27 का बजट 3.66 लाख करोड़ रुपये से अधिक का होगा
- इमारत-ए-शरिया का ऐलान- शाबान का चांद सोमवार को नजर नहीं आया, शब-ए-बरात 4 फरवरी को
- राजद के कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जा सकते हैं तेजस्वी यादव
- चिली के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में जंगल में लगी आग से 18 लोगों की मौत
अनछपी: पटना के बांकीपुर से विधायक नितिन नवीन को बिना किसी चुनाव के औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी का अध्यक्ष चुन लिया गया जिससे यह बात साबित हो गई कि अध्यक्ष चुनने में भाजपा और कांग्रेस में कोई फर्क नहीं है। ध्यान रहे कि पहले उन्हें भाजपा का कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया गया था जिसके लिए कोई चुनाव नहीं हुआ था। इस बार का माहौल ऐसा बनाया गया था कि नितिन नवीन के अलावा किसी ने नामांकन के लिए आवेदन दिया ही नहीं तो चुनाव की नौबत भी नहीं आई और इस तरह भारतीय जनता पार्टी ने सर्वसम्मति से चुनाव करने का दिखावा करने में कामयाबी हासिल की। कांग्रेस में अगर गांधी परिवार की मर्जी के अनुसार सब कुछ चलता है तो भारतीय जनता पार्टी में भी कोई लोकतांत्रिक व्यवस्था नहीं है, बल्कि दो-तीन लीडर ही हैं जो भाजपा को चलाते हैं और अध्यक्ष भी अपनी मर्जी का लाते हैं। इस वक्त भारतीय जनता पार्टी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की ऐसी स्थिति है कि कोई भी यह बात आसानी से समझ सकता है कि उनकी मर्जी के बिना कोई बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष नहीं बन सकता और चुनाव तो बस दिखाने के लिए आयोजित होता है। दूसरी तरफ कांग्रेस में पिछली बार राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए औपचारिक रूप से चुनाव हुआ और वर्तमान अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के सामने तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस के सांसद शशि थरूर चुनाव लड़े थे। इस पर भी बहस हो सकती है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए नाम के फैसले में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का कितना हस्तक्षेप होता है लेकिन संघ भी कोई ऐसी व्यवस्था नहीं कर सका इसमें कई उम्मीदवारों के बीच मतदान कराया जाए और उसके बाद अध्यक्ष का फैसला हो। कहा जा रहा है कि भाजपा को पहली बार युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष मिलेगा और बिहार से कोई नेता पहली बार भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर पहुंचेगा। 45 साल के नितिन नवीन का राजनीति करियर 20 वर्षों का रहा है। उनके पिता दिवंगत नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा पटना पश्चिम से भाजपा के विधायक रहे थे, तब नितिन नवीन की उम्र सिर्फ 25 साल की थी और वह इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे थे। 2006 में अपने पिता के निधन से खाली हुई सीट पर हुए उपचुनाव में वह भाजपा प्रत्याशी के रूप में उतरे और सफल रहे। यानी कांग्रेस पर जो वंशवाद का आरोप लगता था उससे भाजपा भी नहीं बची है। एक बात और ध्यान देने की यह है कि नितिन नवीन कायस्थ समाज से आते हैं और बिहार में विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान इस समाज का भाजपा से मोहभंग होता बताया जा रहा था। ऐसे में उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाकर भाजपा ने आम कायस्थ बिरादरी को खुश करने की कोशिश तो की है लेकिन सबको पता है कि नितिन नवीन की बागडोर किसके हाथ में होगी।
224 total views
