छ्पी-अनछपी: पारस मर्डर केस में तौसीफ गिरफ्तार! विपक्ष की मांग- जनवरी की लिस्ट पर हो विधानसभा चुनाव
बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। पटना के पारस हॉस्पिटल मर्डर केस में शूटर तौसीफ रजा को गिरफ्तार किए जाने की खबर है। विपक्ष ने बिहार में जनवरी की पुरानी मतदाता सूची के आधार पर विधानसभा चुनाव कराने की मांग की है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि भारत-पाक के बीच संघर्ष में पांच लड़ाकू विमान गिरे थे।
और, जानिएगा कि कैसे 10000 कदम बीमा का प्रीमियम बचा सकते हैं।
पहली ख़बर
प्रभात खबर के अनुसार पटना के पारस अस्पताल में हुए गैंगस्टर चंदन मिश्रा की हत्या के मामले में पटना पुलिस एसटीएफ और पश्चिम बंगाल की टीम ने कोलकाता के न्यू टाउन, आनंदपुर व कई इलाकों में छापेमारी कर मुख्य शूटर तौसीफ रजा उर्फ बादशाह और निशु सहित 8 बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार बदमाशों में उर्फ हरीश कुमार, सचिन सिंह, भीम कुमार व एक महिला अल्पना दास शामिल है। गिरफ्तार निशु बादशाह का मौसेरा भाई है। निशु ने उनके रहने के लिए समनपुरा में फ्लैट उपलब्ध कराया था। घटना के दो दिन पहले हर सभी को पारस अस्पताल स्थित चंदन मिश्रा के कमरा नंबर 209 को दिखाने के लिए गया था। पुलिस इन सभी गिरफ्तार बदमाशों को ट्रांजिट डिमांड पर पटना लाने की कार्रवाई कर रही है।
पुरानी मतदाता सूची पर विधानसभा चुनाव कराएं: विपक्ष
भास्कर के अनुसार इंडिया एलायंस ने बिहार में चल रहे विशेष मतदाता पुनरीक्षण पर फिर सवाल खड़ा किया है। शनिवार को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के साथ राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। बैठक में एलायंस ने कहा कि इसी वर्ष प्रकाशित मतदाता सूची को ही आधार बना विधानसभा चुनाव कराया जाए। तर्क दिया कि इतने कम समय में गहन पुनरीक्षण ठीक से संभव नहीं है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण में अब तक 90% तक फॉर्म जमा हो चुके हैं। विशेष पुनरीक्षण की प्रक्रिया सुचारू रूप से चल रही है। बैठक में राजद सहित एलायंस के दलों ने दलील दी कि चुनाव में कुछ ही दिन बचे हैं। पुनरीक्षण का कोई औचित्य नहीं है। यह गरीबों, दलितों, पिछड़ों, अति पिछड़ों और अल्पसंख्यकों को वोट देने से वंचित करने की साजिश है। बीएलओ फॉर्म की पावती नहीं दे रहे हैं। राजद प्रवक्ता चितरंजन गगन ने कहा कि आयोग स्पष्ट रूप से दिशा निर्देश जारी करे।
भारत-पाक संघर्ष में पांच विमान गिरे: ट्रंप
हिन्दुस्तान के अनुसार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत-पाक के बीच संघर्ष रोकने का एक बार फिर दावा किया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि मई में संघर्ष के दौरान पांच लड़ाकू विमान मार गिराए गए थे। हालांकि, ट्रंप ने यह स्पष्ट नहीं किया कि वह किस पक्ष के विमान थे। व्हाइट हाउस में कुछ रिपब्लिकन अमेरिकी सांसदों के साथ रात्रिभोज के दौरान ट्रंप ने शुक्रवार को यह टिप्पणी की। ट्रंप ने कहा,एक तरफ भारत और दूसरी ओर पाकिस्तान था। दोनों के बीच सैन्य टकराव जारी था। विमान मार गिराए जा रहे थे… चार या पांच विमान। मुझे लगता है वास्तव में पांच विमान मार गिराए गए थे। दोनों के पास परमाणु हथियार हैं, वे एक-दूसरे पर हमले कर रहे थे। ट्रंप ने कहा, स्थिति गंभीर होती जा रही थी। हमने व्यापार के जरिये इसका समाधान किया। इस बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से स्पष्टीकरण मांगा और कहा कि देश को सच्चाई जानने का अधिकार है। ‘एक्स’ पर पोस्ट में उन्होंने कहा कि मोदी जी, पांच जहाज़ों का सच क्या है? देश को जानने का हक है!
पटना के कई निचले इलाके में बाढ़
गंगा, पुनपुन और दरधा नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर होने के कारण पटना जिले के कई ग्रामीण इलाकों में पानी घुस गया है। धोवा और फल्गु का जलस्तर बढ़ने से फतुहा के सिरपतपुर एवं दनियावां प्रखंड के निम्मी सिलारपुर स्थित जमींदारी बांध क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे कई गांवों में पानी घुस गया। हालांकि इसकी मरम्मत कर दी गई है। दनियावां के महात्माइन में उफान से दनियावां-नगरनौसा पथ (एनएच 30ए) पर होरिल बिगहा पेट्रोल पंप के समीप पानी चढ़ गया है। दियारा इलाके में सबसे ज्यादा परेशानी है, क्योंकि फसलें डूब गई हैं।
दस हज़ार कदम से बच सकता है बीमा का प्रीमियम
जागरण के अनुसार रोजाना सुबह तेज चलकर सिर्फ सेहत ही नहीं बल्कि अपनी जेब का भी ख्याल रखा जा सकता है। साल में एक निश्चित दिन तक 10000 कदम चलकर हेल्थ इंश्योरेंस के रिन्यूअल प्रीमियम पर 30% तक की बचत की जा सकती है। इस काम के लिए हेल्थ इंश्योरेंस कंपनी के ऐप को डाउनलोड करके उसे गूगल फिट से सिंक करना होगा ताकि कंपनी को पता चल सके कि बीमा धारक रोजाना कितने कदम चल रहा है। हेल्थ इंश्योरेंस बेचने वाली केयर हेल्थ, निवा, बूपा, मणिपाल और आदित्य बिरला जैसी कंपनियां इस प्रकार की पेशकश कर रही हैं। अलग-अलग कंपनियों ने अपना अलग मापदंड बना रखा है लेकिन साल के 365 दिनों में कम से कम 270 दिन 10000 कदम चलने वाले पर ही कंपनी प्रीमियम राशि में छूट देती है।
कुछ और सुर्खियां:
- समस्तीपुर की महिला थाना अध्यक्ष पुतुल कुमारी को 20000 रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया
- पारस हॉस्पिटल मर्डर केस में शास्त्री नगर थाने के आठ पुलिस वाले सस्पेंड
- अररिया जिले के जोगबनी में पोखर में नहाने के दौरान तीन किशोर की डूबने से गई जान
- भारी बारिश से राजस्थान में 23 और उत्तर प्रदेश में 18 की मौत
- बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के सभी बूथों पर डेढ़ लाख से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे
अनछपी: बिहार में वोटर वेरीफिकेशन के नाम पर चुनाव आयोग ने जो कुछ कराया है उसके मद्देनजर विपक्ष की मांग विचारणीय है कि अक्टूबर-नवंबर में होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव में इस मतदाता सूची का इस्तेमाल किया जाए जिसे चुनाव आयोग ने जनवरी में अंतिम रूप दिया था। इस इस तरह भी समझा जा सकता है कि जिस वोटर लिस्ट से 2024 का लोकसभा चुनाव हुआ और जिसे बाद में रिवाइज किया गया उसे वोटर लिस्ट की बुनियाद पर ही विधानसभा चुनाव कराया जाए। एक जुलाई से जब पुनरीक्षण का काम शुरू हुआ तब से ही लोग इसको लेकर अपनी आशंकाएं जता चुके थे और अब जबकि एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) को पूरा होने में कुछ ही दिन बचे हैं इस प्रक्रिया के बारे में इतनी शिकायतें मिली हैं कि चुनाव आयोग के लिए बेहतर होगा कि वह पुराने वोटर लिस्ट से ही विधानसभा चुनाव कराए। इस मामले की सुनवाई सुप्रीम कोर्ट में भी चल रही है और उम्मीद है कि सुप्रीम कोर्ट ने जो सवाल चुनाव आयोग के सामने रखे हैं और जो सलाह उसको दी है उसे पर चुनाव आयोग गंभीरता से विचार कर रहा होगा। हालांकि यह अफसोस की बात है कि 10 जुलाई के बाद चुनाव आयोग को इतने दिन मिले फिर भी उसने सुप्रीम कोर्ट की उस बात पर अपना कोई फैसला नहीं सुनाया कि दस्तावेज के तौर पर आधार कार्ड, राशन कार्ड और वोटर कार्ड को भी मान्यता दी जाए। विपक्षी दलों की इस बात में दम है कि चुनाव आयोग के पास इतने बड़े काम के लिए काफी कम वक्त था और इस दौरान जिस तरह की धांधलियों की शिकायत आई हैं, उसके मद्देनजर बेहतर यही होगा कि इसे फिर से कराया जाए और और यह सुनिश्चित किया जाए कि अब किसी तरह की धांधली न हो।
569 total views
