छ्पी-अनछपी: ट्रंप रुकवाएंगे ईरान-इसराइल जंग? केदारनाथ में हेलीकॉप्टर क्रैश- 7 मरे

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। ईरान और इसराइल के बीच जंग जारी है लेकिन अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि वह इस जंग को खत्म करवाएंगे। उत्तराखंड के केदारनाथ में हेलीकॉप्टर हादसे में सात लोगों की मौत हो गई। राजद नेता तेजस्वी यादव ने राज्य के अयोगों और बोर्डों में नेताओं के रिश्तेदारों को भरने का आरोप लगाया है। मंगनी लाल मंडल राजद के नए प्रदेश अध्यक्ष घोषित किए गए हैं।

और, जानिएगा कि पटना एयरपोर्ट से 370 किलोमीटर दूर तक होगी निगरानी।

पहली खबर

हिन्दुस्तान के अनुसार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को दावा किया कि वह ईरान और इसराइल में समझौता करवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह समझौता ठीक वैसा ही होगा, जैसे मैंने भारत और पाकिस्तान के बीच व्यापार के जरिये टकराव रुकवाया था। ट्रंप ने अपनी सोशल मीडिया साइट ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा कि ईरान और इसराइल को समझौता करना चाहिए। ट्रंप ने कहा कि उन्होंने अपने पहले कार्यकाल में सर्बिया-कोसोवो के बीच युद्ध रुकवाया। मिस्र-इथियोपिया के बीच नील नदी के डैम विवाद को शांति से सुलझाया। अब वे मध्य पूर्व में स्थायी शांति लाने की दिशा में काम कर रहे हैं। ट्रंप ने कहा, समझौते के लिए मुझे क्रेडिट नहीं मिलता, पर जनता सब जानती है। वहीं, ट्रंप ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा कि वह अमेरिका को निशाना बनाने के बारे में न सोचे। इन हमलों से हमारा कोई लेना-देना नहीं है। यदि जरा भी हिमाकत की तो हम कड़ा जवाब देंगे।

तेहरान और तेल अवीव में तबाही जारी

इसराइल और ईरान के बीच जंग भयावह रूप लेती जा रही है। इजराइल ने रविवार को तीसरे दिन भी ईरान में हवाई हमले किए और इससे भी अधिक जोरदार हमलों की धमकी दी। वहीं, ईरान ने भी मिसाइलें दागना जारी रखा, जिसमें से कुछ इजराइली वायु रक्षा प्रणाली को भेदकर शहरों में इमारतों पर गिरीं। इस संघर्ष में तेहरान से लेकर तेल अवीव तक भारी तबाही हुई है। इसराइल ने ईरान के ऊर्जा उद्योग और रक्षा मुख्यालय के साथ उन स्थलों को भी निशाना बनाया, जिनके बारे में उसका कहना है कि वे देश के परमाणु कार्यक्रम से जुड़े हैं। उधर, ईरान ने भी जवाबी हमले तेज करते हुए मिसाइलों की बौछार कर दी। ईरान के अर्धसैनिक बल रिवॉल्यूशनरी गार्ड ने दावा किया कि मिसाइलों ने इसराइल के लड़ाकू विमानों के लिए ईंधन का उत्पादन करने वाले केंद्रों को निशाना बनाया। एक मानवाधिकार समूह का दावा है कि ईरान में अब तक कम से कम 406 लोग मारे गए हैं और 654 अन्य घायल हुए हैं। इसराइल की बचाव सेवा के अनुसार ईरानी हमलों में अब तक 13 की मौत हो गई है।

केदारनाथ में हेलीकॉप्टर क्रैश, सात की मौत

जागरण के अनुसार केदारनाथ त्रासदी की 12वीं बरसी पर रविवार सुबह केदार घाटी में हृदय विधायक घटना सामने आई। धाम से तीर्थ यात्रियों को लेकर गुप्तकाशी आ रहा आर्यन एवियशन का हेलीकॉप्टर गौरीकुंड के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसमें सवार 6 तीर्थयात्रियों और पायलट की मौत हो गई। हादसे का कारण मौसम का अनुकूल न होना बताया जा रहा है। उत्तराखंड में सवा महीने में यह पांचवीं और केदार घाट में तीसरी हेलीकॉप्टर दुर्घटना है। यहां आर्यन कंपनी का हेलीकॉप्टर 3 वर्ष पहले भी दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। तब भी उसमें सवार सात लोगों की मौत हो गई थी। अब आर्यन कंपनी पर मुकदमा दर्ज कर उसकी हेली सेवाओं पर रोक लगा दी गई है।

फरीदाबाद से समस्तीपुर आ रही एंबुलेंस पिकअप से टकराई, 5 की मौत

अमेठी से खबर है कि फरीदाबाद से एंबुलेंस से पिता का शो बिहार के अपने पैतृक गांव लेकर जा रहे पुत्र समेत पांच लोगों की पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दुर्घटना में मौत हो गई। रविवार सुबह 5:30 बजे चालक को झपकी आ गई और उसकी एंबुलेंस आगे चल रही पिकअप से जा टकराई। हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। समस्तीपुर रामभद्र कल्याण गांव निवासी राजकुमार उर्फ सतीश शर्मा के पिता अशोक शर्मा का हरियाणा के फरीदाबाद में निधन हो गया था। वह शनिवार को पिता का शव एंबुलेंस से लेकर पैतृक गांव के लिए रवाना हुए। हरियाणा के नल्हार थाना मेवात निवासी सरफराज और फिरोजपुर थाना नूह के आबिद एंबुलेंस लेकर निकले थे जिनकी तीन दूसरे लोगों के साथ इस दुर्घटना में मौत हो गए।

पुणे में पुल टूटा, चार लोगों की मौत

पुणे जिले की मावल तहसील में रविवार दोपहर बड़ा हादसा हुआ। इंद्रायणी नदी पर बना एक लोहे का पुल अचानक गिर गया। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। पांच-छह लोग लापता हैं और 41 को बचाया गया है। हादसे के वक्त पुल पर करीब 50- 60 लोग थे जो नदी में गिर गए। यह हादसा कुंडमाला इलाके में हुआ जहां पिछले दिनों से लगातार भारी बारिश हो रही है।

आयोग-बोर्ड में नेताओं के रिश्तेदारों को भरने पर बिफरे तेजस्वी

जागरण के अनुसार नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एक बार फिर अफसरशाही के हावी होने और जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा का आरोप लगाया है। रविवार को प्रेस वार्ता कर उन्होंने कहा कि इन दोनों गठित हो रहे आयोग व बोर्ड में अफसरों और राजनेताओं के रिश्तेदारों को पद देकर उपकृत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नियम कानून और नैतिक मूल्यों को परे कर नियुक्ति और मनोनयन का खेल चल रहा है। “मुझ पर परिवारवादी होने का आरोप लगाने वाले एनडीए के नेताओं ने आखिर क्यों चुप्पी साध ली। भ्रष्टाचार व उगाही के साथ ट्रांसफर पोस्टिंग का खेल भी चरम पर है।”

मंगनी लाल मंडल निर्विरोध राजद प्रदेश अध्यक्ष बने

राजद के प्रदेश अध्यक्ष के पद पर मणिलाल मंडल निर्विरोध चुन लिए गए हैं। रविवार को प्रेस वार्ता में राज्य निर्वाचन पदाधिकारी डॉक्टर तनवीर हसन ने इसकी घोषणा की। उन्होंने बताया कि चार सेटों में एक मात्र नामांकन मंगनी लाल मंडल का था। जांच में नामांकन सही मिला है।

पटना एयरपोर्ट से 370 किलोमीटर दूर तक होगी निगरानी

प्रभात खबर के अनुसार पटना एयरपोर्ट पर ग्राउंड रडार लगेगा। इसके लगने के बाद 370 किलोमीटर यानी 200 नॉटिकल मील दूर से ही पटना एयरपोर्ट की ओर आने वाले विमान की निगरानी संभव होगी। इसको लगाने पर लगभग डेढ़ सौ करोड़ रुपए खर्च होंगे। सूत्रों की मानें तो पहले चरण में देश के जिन आठ एयरपोर्ट के लिए ग्राउंड रडार लगाने के प्रोजेक्ट को मंजूरी मिली है उनमें पटना शामिल नहीं था लेकिन यहां की जरूरत को ध्यान में रखते हुए दूसरी जगह लगने वाले रडार को यहां डायवर्ट किया जा रहा है।

कुछ और सुर्खियां:

  • अनुसूचित जाति आयोग ने लालू प्रसाद को भीमराव आंबेडकर की तस्वीर के अपमान के मामले में नोटिस भेजा
  • मधुबनी के भाजपा सांसद अशोक कुमार यादव का पुत्र विभूति कुमार यादव घर से गायब, गुमशुदगी का मामला दर्ज
  • 20 जून से नगर निकाय कर्मचारियों की हड़ताल
  • पटना में कोरोना के तीन नए मरीज मिले, अब कुल संक्रमितों की संख्या 86 हुई

अनछपी: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बाकी अमेरिकी राष्ट्रपतियों से इस मामले में अलग है कि वह एक बड़े व्यापारी हैं और व्यापार को युद्ध रोकने का जरिया बनाने का दावा करते हैं। उन्होंने अपने ताजा बयान में कहा है कि वह ईरान और इसराइल के बीच चल रही जंग को रुकवा सकते हैं। इससे पहले ट्रंप ने भारत और पाकिस्तान के बीच चले चार दिन के संघर्ष को रुकवाने का दावा किया था और सबसे पहले दुनिया ने उनके ही जरिए यह जाना था कि दोनों देशों ने सीजफायर के लिए रजामंदी जाहिर की है। यह बात वह 10 से अधिक बार दोहरा चुके हैं और उनकी बात में यह शिकायत भी रहती है कि उन्हें इसका क्रेडिट नहीं दिया जा रहा है। लेकिन क्या ईरान और इसराइल की जंग में वह अपनी यह भूमिका दोहरा सकते हैं? यह बात तो आसानी से समझ में आने वाली है कि भारत और पाकिस्तान का मामला बिल्कुल अलग था और इसराइल और ईरान का मामला बिल्कुल अलग है। यह बात भी याद रखने की है कि भारत-पाकिस्तान के संघर्ष शुरू होने के बाद ट्रंप ने ऐसी कोई घोषणा नहीं की थी कि वह इसे रुकवाने की कोशिश कर रहे हैं। भारत-पाकिस्तान युद्ध से ईरान और इजराइल का युद्ध इस मामले में भी अलग है कि ईरान को जहां अमेरिका और पश्चिमी देशों से कोई सहायता नहीं मिलती बल्कि उल्टे उसे प्रतिबंधों का सामना करना पड़ता है वहीं इसराइल को हमेशा अमेरिका और पश्चिमी देश समर्थन और हथियार देते रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को भी यह बात मालूम है कि ईरान फलस्तीन और ग़ज़ा नहीं है जहां इसराइल इकतरफ़ा कत्लेआम जारी रख सकता है। ईरान को रूस और चीन का परोक्ष समर्थन प्राप्त है और उसकी अपनी तैयारी भी है। इसमें कोई शक नहीं कि ईरान को इसराइल ने काफी नुकसान पहुंचाया है और मोसाद के जासूसी तंत्र से भी ईरान को काफी नुकसान पहुंचा है। लेकिन ईरान ने भी शक्तिशाली मिसाइलों से हमले कर इसराइल को सोचने पर मजबूर जरूर किया होगा। यह बात सबको पता है की जंग किसी के फायदे की बात नहीं हो सकती इसलिए अगर राष्ट्रपति ट्रंप अपने दावे के मुताबिक इसराइल पर अपने हमले रोकने का दबाव सफलतापूर्वक डालें तो दुनिया उनके बारे में अपनी राय बदल सकती है।

 787 total views

Share Now