छ्पी-अनछपी: इसराइल ने फिर फलस्तीनियों का कत्लेआम किया- 400 मरे, पटना में एक करोड़ की लूट
बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। सीजफायर के बावजूद इसराइल ने फलस्तीनियों पर अंधाधुंध बमबारी कर 400 से अधिक लोगों को मार डाला। पटना में एक प्रॉपर्टी डीलर से दिनदहाड़े एक करोड़ रुपए लूट लिए गए। अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स धरती पर लौट आयी हैं। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी से ईडी ने पूछा कि जमीन कैसे हासिल की। कुटुंबा के विधायक राजेश कुमार बिहार कांग्रेस के नए अध्यक्ष बने।
और, जानिएगा कि बिहार में अब मुर्गियों में भी लगाया जाएगा क्यूआर कोड।
प्रभात खबर के अनुसार इसराइल ने मंगलवार की सुबह ग़ज़ा पट्टी में हमास के ठिकानों पर सिलसिलेवार हवाई हमले किए। ग़ज़ा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि हमले में कम से कम 404 लोगों की मौत हो गई जिनमें महिलाएं और बच्चे भी हैं। कहा जा रहा है कि जनवरी में युद्ध विराम के प्रभावी होने के बाद से यह ग़ज़ा में अब तक का सबसे भीषण हमला है। बुरेजी इलाके में शरणार्थी कैंपों पर हमले किए गए। विस्थापित फलस्तीनियों ने एक स्कूल में शरण ली थी। उस स्कूल को भी निशाना बनाया गया। धमाकों के बाद जगह-जगह धुएं का गुबार देखा गया। इधर हमास ने आरोप लगाया है कि इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने संघर्ष विराम समझौते को खत्म कर दिया और बंधकों के भविष्य को खतरे में डाल दिया है।
पटना में दिनदहाड़े एक करोड़ की लूट
जागरण के अनुसार पटना के कंकड़बाग थाना क्षेत्र के अशोक नगर रोड नंबर 14 में दिनदहाड़े दो प्रॉपर्टी डीलर की कनपटी पर पिस्टल बड़ा कर अपराधियों ने एक करोड़ नगद लूट लिए। वारदात के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। पीड़ित अभिषेक कुमार और राजू कुमार ने डकैती के बाद पुलिस को सूचना दी। दोनों रूपसपुर के रहने वाले हैं। सिटी एसपी पूर्वी के रामदास ने बताया कि एक निजी कार्यालय में दोनों पीड़ित रुपया गिन रहे थे। वह एक जमीन को लेकर बयाना देने आए थे। तभी डकैतों ने धागा बोल दिया और पिस्तौल भिड़ा कर रुपये लूट लिए।
अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स धरती पर लौटीं
भास्कर के अनुसार करीब नौ महीने तक अंतरिक्ष में फंसे रहने के बाद नासा की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स बुधवार तड़के 3:28 पर फ्लोरिडा के तट पर समुद्र में सकुशल लैंड हो गईं। उनके साथ विल्मर, निक हेग और रूस के एलेग्जेंडर गोर्बुनोव भी हैं। वे भारतीय समय अनुसार मंगल 10:35 पर इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन स्पेसएक्स से ड्रैगन कैप्सूल से पृथ्वी के लिए रवाना हुए थे। अंतरिक्ष यात्रियों ने करीब 17 घंटे की यात्रा की। एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स का स्पेसक्राफ्ट ड्रैगन 10 बार अंतरिक्ष यात्रियों को सकुशल स्पेस स्टेशन ले जा चुका है और 10 बार वापस भी लौट चुका है।
ईडी का राबड़ी से सवाल- जमीन कैसे हासिल की?
ईडी ने लैंड फॉर जॉब मामले के तहत मनी लांड्रिंग केस में राजद सुप्रीमो व पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद की पत्नी और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी तथा उनके पुत्र विधायक तेज प्रताप यादव से पूछताछ की। ईडी दफ्तर में यह पूछताछ दोनों से अलग-अलग चार घंटे तक चली। राबड़ी देवी और तेज प्रताप यादव को समन भेज कर पूछताछ के लिए पटना स्थित ईडी कार्यालय में बुलाया गया था। ईडी सूत्रों के अनुसार लैंड फॉर जॉब मामले से जुड़े सवालों की लंबी सूची मां बेटे को दी गई। एड के अधिकारियों ने राबड़ी देवी से पूछा है कि उनके नाम से जो जमीन है वह उन्होंने कैसे हासिल की है। उनसे यह भी पूछा गया कि जिन लोगों से नौकरी के बदले जमीन ली गई उनको कैसे जानती हैं।
अखिलेश की जगह राजेश नए बिहार कांग्रेस अध्यक्ष
हिन्दुस्तान के अनुसार बिहार में विधानसभा चुनाव के पहले कांग्रेस पार्टी ने बिहार संगठन में बड़ा बदलाव किया है। वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह की छुट्टी करते हुए दलित समाज से आने वाले औरंगाबाद जिले के कुटुम्बा से दो बार के विधायक राजेश कुमार को बिहार कांग्रेस का नया अध्यक्ष बनाया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने राजेश कुमार को मंगलवार देर शाम यह जिम्मेदारी सौंपी। राजेश कुमार बिहार में बड़े दलित नेता की पहचान रखने वाले स्व. दिलकेश्वर राम के पुत्र हैं। राजेश ने कहा कि मैं सकारात्मक राजनीति करूंगा। बिहार में महागठबंधन की सरकार बनेगी।
गड्ढे में गिरा बच्चा, एजेंसी पर 5.5 करोड़ जुर्माना
पटना के राजीव नगर रोड नंबर-23 में मंगलवार शाम को नमामि गंगे परियोजना के तहत निर्माणाधीन नाले के लिए खोदे गए गड्ढे में ई-रिक्शा समेत एक बच्चा गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही पूर्व की घटनाओं और कार्य में लापरवाही को देखते हुए बुडको एमडी अनिमेष कुमार पराशर ने संवेदक पर 5 करोड़ 50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। बुडको इंजीनियर पर अनुशासनिक कार्रवाई की गई है।
मुर्गियों को लगेगा क्यू आर कोड
जागरण की खास खबर के अनुसार चिकन की दुकानों पर बिकने वाली मुर्गियां की कुंडली अब बड़ी ही आसानी से खुल जाएगी। अगर आप भी चिकन की दुकान से मुर्गी खरीदने जा रहे हैं और उस मुर्गी के बारे में जानना चाहते हैं कि यह मुर्गी किस पोल्ट्री फार्म की है इसकी ब्रीड कौन सी है, इसे खिलाने के लिए किस तरह के दाने का इस्तेमाल किया गया, इस मुर्गी को पहले कोई बीमारी थी या नहीं, इसे किसी तरह का कोई केमिकल देखकर तो बड़ा नहीं किया गया है? ऐसे तमाम राज अब बस एक क्यू आर कोड के स्कैन करते ही सामने आ जाएंगे। दरअसल बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय और आहार सेतु प्राइवेट लिमिटेड के संयुक्त प्रयास से आहार सेतु और आहार फ्रेश ऐप विकसित किया गया है। आहार सेतु ऐप पोल्ट्री फार्म संचालक और आहार फ्रेश ऐप उपभोक्ताओं के लिए बनाया गया है।
कुछ और सुर्खियां:
- नागपुर में तनाव और हिंसा के बाद दस क्षेत्रों में लगा कर्फ्यू
- मतदाता पहचान पत्र को आधार से जोड़ा जाएगा
- रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से यूक्रेन में युद्ध रोकने पर सहमति जताई
- केंद्रीय गृह राज्यमंत्री का बयान- केंद्र सरकार के पास महाकुंभ भगदड़ का कोई आंकड़ा नहीं
- बिहार के अधिकतर हिस्सों में 21 और 22 मार्च को बारिश के आसार
अनछपी: बिहार में पुलिस की छवि आमतौर पर अच्छी नहीं है लेकिन पिछले कुछ दिनों से समाज में अश्लील गानों और अश्लील व्यवहार पर रोक के लिए किये जा रहे इसके प्रयास सराहनीय हैं। पिछले दिनों बिहार पुलिस ने होली के अवसर पर विशेष तौर पर यह निर्देश जारी किया था कि अश्लील गानों को किसी भी तरह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सुखद बात यह है कि खुद डीजीपी विनय कुमार ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने मंगलवार को आयोजित एक कार्यक्रम में एक बेहद संवेदनशील मामले को उठाते हुए कहा कि तिलक जैसे कार्यक्रम में अश्लील गाने पर नाच हो रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसा इसलिए होता है कि उसे क्षेत्र के लोग सुनना चाहते हैं। डीजीपी ने महिलाओं की भूमिका की चर्चा करते हुए कहा कि अगर महिलाएं घर से बाहर निकल कर ऐसे गाने बजाने पर रोक लगाने की बात करें तो सब बंद हो सकता है। डीजीपी ने सही ही कहा कि जब घर के बूढ़े नाच देखेंगे तो उनके बच्चे बिगड़ेंगे ही। बिहार पुलिस के इतने बड़े अधिकारी के जरिए कही गई यह बात पहली बार सामने आ रही है जबकि यह सामाजिक समस्या बहुत पुरानी है। दूसरी और यह बात भी सही है कि केवल पुलिस समाज से अश्लीलता दूर नहीं कर सकती बल्कि समाज को भी इसके लिए कोशिश करनी चाहिए। अलबत्ता पुलिस जो काम कर सकती है उसकी एक लिस्ट बनाकर उस पर अमल करना चाहिए ताकि बिहार में अश्लीलता और उसके कारण हो रही हिंसा पर रोक लग सके। अच्छी बात यह है कि कई चर्चित महिलाएं खास तौर पर भोजपुरी गीतों में जो अश्लीलता पाई जाती है उसके खिलाफ अभियान चला रही हैं और अपनी आवाज़ बुलंद कर रही हैं। इस सिलसिले में पुलिस यह कर सकती है कि जहां से यह अश्लील गाने तैयार होते हैं उन पर कार्रवाई करें। जब इस तरह के गाने उपलब्ध नहीं होंगे तो जाहिर है बजेंगे भी नहीं। इसके बाद केवल लाइव प्रोग्राम में ऐसे गानों का खतरा रहता है जिस पर तत्काल कार्रवाई के लिए थानेदारों को जिम्मेदार बनाया जाए। समाज में अश्लीलता रोकने के लिए पुलिस महानिदेशक की बातों पर गंभीर चर्चा होनी चाहिए।
731 total views
