छ्पी-अनछपी: तेजस्वी बोले- बिहार को चला रहे दो गुजराती, मोदी जंगल राज में अटके

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। महागठबंधन के सीएम उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने कहा है कि बिहारी को ही अपना वोट दें बाहरी को नहीं। उधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर जंगल राज की बात की और कहा कि लालटेन युग वापस नहीं आना चाहिए। मुजफ्फरपुर में वायरल फीवर से 24 घंटे में 6 बच्चों की मौत हो गई। आंध्र प्रदेश में बाइक से टकराने के बाद बस में आग लगने से 20 लोगों की जलकर मौत हो गई। भारत ने कहा है कि सिर पर बंदूक रखकर अमेरिका व्यापार समझौता नहीं कर सकता।

और, जानिएगा कि विधानसभा चुनाव के लिए सबसे ज्यादा उड़नखटोले किसने भाड़े पर लिए हैं।

पहली ख़बर

प्रभात खबर के अनुसार राजद नेता और महागठबंधन की तरफ से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को भाजपा पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को ‘हाईजैक’ कर लेने का आरोप लगाया और दावा किया कि अगर बिहार में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनी, तो नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री नहीं बनाया जायेगा. सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए तेजस्वी ने यह भी कहा कि विपक्षी गठबंधन की सरकार बनने पर मुकेश सहनी के अलावा अन्य समाज और धर्म के लोगों को भी उप मुख्यमंत्री का दायित्व सौंपा जायेगी तथा इस बारे में जल्द घोषणा की जायेगी. उन्होंने आरोप लगाया कि गुजरात के दो लोग बिहार चला रहे हैं. तेजस्वी ने मतदाताओं से अपील की कि बिहारी को वोट दें, बाहरी को नहीं. तेजस्वी यादव ने कहा कि वे सत्ता में आने पर स्वच्छ, जवाबदेह और जनोन्मुखी सरकार देंगे. उन्होंने कहा कि हम एक ऐसी सरकार देंगे जो जनता की शिकायतें सुनेगी, गरीबों को सस्ती दवाइयां देगी और युवाओं को रोजगार उपलब्ध करायेगी.

मोदी जंगल राज में अटके

भास्कर के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को समस्तीपुर और बेगूसराय की चुनावी सभाओं से एनडीए के बिहार अभियान का शंखनाद किया। समस्तीपुर के कर्पूरीग्राम से शुरुआत करते हुए उन्होंने भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर को श्रद्धांजलि दी। मोदी ने कहा कि बिहार अब ‘जंगलराज नहीं, विकासराज’ चाहता है। जनता से कहा जात-पात, परिवारवाद व भ्रष्टाचार की राजनीति को हमेशा के लिए नकार दें। बेगूसराय में मोदी ने कहा कि फिर एनडीए सरकार आएगी। नई रफ्तार से चलेगा बिहार। उन्होंने महागठबंधन पर तीखा हमला बोला और कहा- लालटेन का दौर अब खत्म। हर हाथ में मोबाइल की रोशनी है। महागठबंधन को ‘लठबंधन’ बताते हुए कहा कि ये लोग नौकरी के नाम पर गरीबों की जमीन हड़पने वाले हैं। ये कभी नौकरी नहीं देंगे। मोदी ने चेताया कि जंगलराज वालों से सतर्क रहें।

अमित शाह बोले- सरकार बनी ती घुसपैठियों को निकालेंगे

प्रभात ख़बर के अनुसार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को सीवान सदर विधानसभा क्षेत्र के कैलगढ़ और बक्सर शहर के किला मैदान में चुनावी जनसभा को संबोधित किया. सीवान की सभा में उन्होंने कहा कि एनडीए की सरकार बनते ही बिहार से एक-एक घुसपैठिये को चुन-चुनकर बाहर किया जायेगा. सीवान ने 20 साल तक लालू- राबड़ी के जंगलराज को सहा, खौफ और अत्याचार झेला, लेकिन कभी झुका नहीं. आज मोदी-नीतीश के शासन में अगर सौ शहाबुद्दीन भी आ जाएं, तो किसी का बाल भी बांका नहीं कर सकते. भाजपा नेता ने कहा कि लालू प्रसाद ने रघुनाथपुर से शहाबुद्दीन के बेटे को टिकट दिया है.  

चुनाव बुलेटिन:

  • चुनावी सभा में नीतीश कुमार का आरोप, कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न देने की मांग को कांग्रेस सरकार ने नहीं माना था
  • जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने फिर लगाया आरोप, “हमारे उम्मीदवारों पर दबाव बना रहे हैं अमित शाह”
  • महागठबंधन के लिए चुनाव प्रचार करने को आएंगे समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और उनकी पत्नी डिंपल यादव भी
  • विधानसभा की 243 सीटों के लिए 2616 उम्मीदवार है मैदान में
  • बाहुबली पूर्व विधायक और जदयू के मोकामा से उम्मीदवार अनंत सिंह के पास है 2 करोड़ 70 लाख की लैंड क्रूजर कार

मुजफ्फरपुर में वायरल फीवर से 24 घंटे में 6 बच्चों की मौत 

जागरण के अनुसार मौसम में तेजी से बदलाव के कारण वायरल फीवर जानलेवा बन गया है। श्रीकृष्ण मेडिकल कालेज अस्पताल (एसकेएमसीएच) में पिछले 24 घंटे में वायरल फीवर से पीड़ित छह बच्चों की मौत हो गई। वहीं 80 बच्चों को भर्ती किया गया है। इनमें आधा दर्जन की हालत गंभीर है। उन्हें वेटिलेटर पर रखा गया है। दो दिनों में बीमार बच्चों की संख्या बढ़ने से एसकेएमसीएच का पीआइसीयू (बाल गहन चिकित्सा कक्ष) और एनआइसीयू (नवजात गहन चिकित्सा कक्ष) फुल हो गया है। ओपीडी में बच्चों के साथ स्वजन की लंबी कतार लग रही। 

आंध्र प्रदेश में बाइक से टकराने के बाद बस में आग लगने से 20 लोगों की जलकर मौत

हिन्दुस्तान के अनुसार आंध्र प्रदेश के कुरनूल में शुक्रवार तड़के सड़क हादसे के बाद बस में आग लगने से 20 लोगों की जलकर मौत हो गई। बस हैदराबाद से बेंगलुरु जा रही थी। हादसे के समय अधिकांश यात्री सो रहे थे। मृतकों के शव इतने जल चुके हैं कि उनकी पहचान के लिए डीएनए जांच कराई जा रही है। यह हादसा निजी बस के बाइक से टकराने पर हुआ। हादसे में बाइक सवार की भी मौत हो गई है। पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना के समय बाइक बस से टकराकर उसके नीचे फंस गई। बाइक की ईंधन की टंकी फट गई, जिससे आग तेजी से फैल गई। शॉर्ट सर्किट के कारण बस का दरवाजा जाम हो गया और देखते ही देखते बस जलकर खाक हो गई। बस से अब तक 19 शव बरामद किए गए हैं। इसमें चालक समेत 41 लोग सवार थे।

कंधे पर बंदूक रखकर अमेरिका व्यापार समझौता नहीं कर सकता

जागरण के अनुसार वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि भारत अमेरिका के साथ व्यापार समझौते को लेकर किसी जल्दी में नहीं है। भारत दूसरे देश की इच्छा के मुताबिक व्यापार समझौता नहीं करने वाला है। जर्मनी में एक कार्यक्रम के दौरान गोयल ने कहा कि व्यापार समझौता आपसी विश्वास का मसला है और लंबे समय की साझेदारी को ध्यान में रखकर व्यापार समझौता किया जाता है। उन्होंने कहा कि हम यूरोपीय यूनियन (ईयू) के साथ भी व्यापार समझौते पर वार्ता कर रहे हैं। अमेरिका के साथ भी व्यापार समझौते को लेकर वार्ता हो रही है, लेकिन वह हमसे किसी निर्धारित समयसीमा में या कनपटी पर बंदूक लगाकर समझौता नहीं करा सकता।  

सबसे ज़्यादा उड़नखटोले किसके पास?

हिन्दुस्तान के अनुसार बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन और महागठबंधन की तरफ से प्रचार के लिए 15 हेलीकॉप्टर की बुकिंग हुई है। इनमें भाजपा ने 9 और जदयू, कांग्रेस, राजद ने दो-दो हेलीकॉप्टर की बुकिंग कराई है। प्रचार के लिए जहां एनडीए के सभी 11 हेलीकॉप्टर उड़ान भर रहे हैं, वहीं महागठबंधन की तरफ से शुक्रवार को पहली बार तेजस्वी यादव और मुकेश सहनी ने संयुक्त रूप से हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल किया। इससे पहले कांग्रेस के एक हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल सिर्फ पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ही प्रचार के लिए कर रहे हैं। एनडीए और महागठबंधन द्वारा लगभग 12 से 13 हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल प्रतिदिन प्रचार के लिए किया जा रहा है। हेलीकॉप्टर बुक करने पर कम से कम 3 घंटे का उड़ान शुल्क 9 लाख और 18 प्रतिशत जीएसटी देना होता है। यानी एक दिन में एक हेलीकॉप्टर का शुल्क कम से कम 10 लाख 62 हजार रुपये लग रहा है

 कुछ और सुर्खियां: 

  • बिहार में स्वाइन फ्लू की दस्तक, पटना में इलाज करा रही समस्तीपुर की एक महिला में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई
  • आज से 4 दिन बंद रहेंगे बैंक, एटीएम से मिल सकेगा पैसा
  • बिहटा-सरमेरा फोरलेन पर ओवरटेक के दौरान स्कॉर्पियो से भिड़ंत के बाद कंटेनर ड्राइवर प्रमोद कुमार की पीट-पीट कर हत्या
  • अमृतसर से पूर्णिया कोर्ट आ रही जनसेवा एक्सप्रेस में आग लगने से तीन यात्री झुलसे
  • अबकी बार मोदी सरकार और मिले सुर मेरा तुम्हारा जैसे स्लोगन देने वाले विज्ञापन जगत के दिग्गज पीयूष पांडे नहीं रहे
  • नहाए खाए के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व आज से

अनछपी: बिहार चुनाव के लिए प्रचार अभियान में जो तेजी देखने को मिल रही है उससे यह साफ हो चुका है कि अब दावों और वादों के साथ-साथ इस बात पर भी बहस होगी कि बिहार में 2005 के पहले के हालात क्या थे और 2025 के बाद बिहार के लोगों को क्या चाहिए। ध्यान देने की बात यह है कि बिहार चुनाव में हार का मतलब केवल बिहार से एनडीए शासन का ख़ात्मा नहीं बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की केंद्र सरकार भी खतरे में पढ़ सकती है। इस खतरे को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वरिष्ठ भाजपा नेता अमित शाह से बेहतर कौन समझ सकता है। जाहिर है ऐसे में यह दोनों नेता और आरएसएस का पूरा तंत्र बिहार को हर हाल में अपने कब्जे में रखने के लिए हर तरह की चाल चलेंगे। इन दोनों नेताओं को इस बात का एहसास है कि 2005 के पहले के बिहार के हालात के बारे में आज की युवा पीढ़ी को बहुत मतलब नहीं है बल्कि वह 2025 के बाद के अपने भविष्य के बारे में सोच रहे हैं। आज की पीढ़ी इस बहस में नहीं पड़ना चाहती कि 2005 के पहले के हालात के बारे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जो दावे करते हैं वह सही हैं या नहीं। ऐसे में तेजस्वी यादव का हर घर एक नौकरी देने का वादा नई पीढ़ी को भा सकता है हालांकि उनके विरोधी कहते हैं कि यह वादा पूरा करने लायक नहीं क्योंकि इसके लिए जितने पैसों की जरूरत होगी वह बिहार के पास नहीं है। तेजस्वी यादव इसके अलावा यह बात भी बताना चाह रहे हैं कि दरअसल बिहार में इस समय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का शासन नहीं चल रहा है बल्कि गुजरात से आने वाले प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा नेता अमित शाह बिहार का शासन चला रहे हैं। मगर सवाल यह है कि क्या तेजस्वी यादव अपने इस दावे और चल को आम वोटर तक पहुंचने में कामयाब होंगे और वॉटर इस बात पर उन्हें कितना समर्थन देंगे? अब हमें अगले दो-तीन हफ्ते तक चुनाव की यह तीखी बहस सुनने को मिलती रहेगी। 

 484 total views

Share Now