छ्पी-अनछपी: प्रियंका बोलीं- देश को अंग्रेजों की तरह चला रहे मोदी, समस्तीपुर में फेंकी मिली वोटिंग पर्ची
बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और सांसद प्रियंका गांधी ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अंग्रेजों की तरह देश चला रहे हैं। समस्तीपुर जिले के सरायरंजन विधानसभा के गुड़मा गांव में शनिवार को सैकड़ों की संख्या में वीवीपैट की पर्ची फेंकी मिली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बच्चों को रंगदार बनाने वालों को बिहार कभी स्वीकार नहीं करेगा। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने मोदी के बयान के जवाब में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सलाह दी है कि वे कट्टा ले जाकर प्रधानमंत्री की कनपटी पर रख दें और अपने आप को मुख्यमंत्री घोषित करवा लें।
पहली ख़बर
भास्कर के अनुसार कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और सांसद प्रियंका गांधी ने शनिवार को कटिहार की एक चुनावी सभा में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अंग्रेजों की तरह देश चला रहे हैं। वह जनता को दबाते हैं, लोगों में फूट डालते हैं। हम आज भी आपके अधिकार और सत्य के लिए संघर्ष कर रहे हैं। जिस सत्ता-साम्राज्य से हमारी लड़ाई है, वह मोदी का साम्राज्य है। प्रियंका ने कहा-जनता का सबसे महत्वपूर्ण अधिकार वोट का अधिकार है। यही तय करता है कि सरकार कौन बनाएगा। लेकिन बीजेपी ने इस अधिकार को कमजोर करने की साजिश रची है। जब उन्हें एहसास हुआ कि 2024 में जनता उनके खिलाफ है, तब उन्होंने संविधान पर हमला रोकने के बजाय वोट चोरी की तैयारी शुरू कर दी। चुनाव आयोग के तीन शीर्ष अधिकारी लोकतंत्र की रक्षा करने के बजाय 65 लाख वोट काट दिए। उन्होंने मोदी पर हमला करते हुए कहा कि देश के सारे उद्योग-धंधे दो बड़े सेठों को सौंप दिए गए हैं।
समस्तीपुर में वीवीपैट पर्ची फेंकी मिली
जागरण के अनुसार समस्तीपुर जिले के सरायरंजन विधानसभा के गुड़मा गांव में शनिवार को सैकड़ों की संख्या में वीवीपैट की पर्ची फेंकी मिली। उक्त स्थल की दूरी डिस्पैच सेंटर से आधा किलोमीटर की बताई गई है। मतदान पर्ची फेंकी हुई देखकर लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना पर डीएम सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी रोशन कुशवाहा, एसपी अरविंद प्रताप सिंह, उप निर्वाचन पदाधिकारी विनोद कुमार समेत आला अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारी इसका जायजा लेते हुए कार्रवाई की तैयारी में जुट गए। लापरवाही बरतने वाले एआरओ को तत्काल निलंबित किया गया है। इसी दौरान निर्दल प्रत्याशी कुणाल कुमार और जनसुराज के प्रत्याशी सज्जन मिश्र भी मौके पर पहुंच गए। इन प्रत्याशियों ने प्रशासन से समुचित कार्रवाई की मांग की है। लोग प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करते रहे। लोगों की भीड़ को देखते हुए, एहतियात के तौर पर पुलिस टीम की तैनाती की गई। कई थानों की पुलिस टीम के साथ सदर एसडीपीओ वन संजय कुमार स्वयं मोर्चा संभालते दिखे।
बच्चों को रंगदार बनाने वाले मंजूर नहीं: मोदी
हिन्दुस्तान के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बच्चों को रंगदार बनाने वालों को बिहार कभी स्वीकार नहीं करेगा। हम बच्चों के हाथ में किताबें, कंप्यूटर दे रहे हैं और आरजेडी के लोग इन्हें कट्टा-दोनाली देने की बात कर रहे। आरजेडी के मंच से मासूमों से कहलवाया जा रहा कि उन्हें रंगदार बनना है। सीतामढ़ी और पश्चिम चंपारण की चुनावी सभाओं में शनिवार को विपक्ष पर हमलावर प्रधानमंत्री ने जंगलराज का जिक्र करते हुए कहा, वे अपने बच्चों को मंत्री, सांसद बनाना चाहते हैं और आपके बच्चों को रंगदार। अब बिहार में हैंड्सअप कहने वालों के लिए जगह नहीं है। अब यहां स्टार्टअप के सपने देखने वाले ही चाहिए।
कट्टा ले जाकर प्रधानमंत्री की कनपटी पर रख दें नीतीश: खेड़ा
कांग्रेस मीडिया एवं पब्लिसिटी विभाग के राष्ट्रीय चेयरमैन पवन खेड़ा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कट्टा को लेकर दिये बयान पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सलाह दी है कि वे कट्टा ले जाकर प्रधानमंत्री की कनपटी पर रख दें और अपने आप को मुख्यमंत्री घोषित करवा लें। उन्होंने शनिवार को पटना में प्रेस कांफ्रेंस कर आरोप लगाया कि गृह मंत्री अमित शाह अधिकारियों के साथ गुप्त बैठक कर रहे हैं। जांच होनी चाहिए कि मुलाकात के दौरान सीसीटीवी कैमरा बंद कराकर वे किनसे मिल रहे हैं।
बिहार में कट्टा नहीं, तोप-मिसाइलें बनेंगी: राजनाथ
भास्कर के अनुसार रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रोहतास के बिक्रमगंज में चुनावी सभा की। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर तंज कसा। कहा कि लालू जी अपने बेटे को सीएम और सोनिया जी अपने बेटे को पीएम बनाना चाह रही हैं। तेजस्वी पर चुटकी लेते हुए कहा कि बिहार का कुल बजट 3 लाख 25 हजार करोड़ रुपए के आसपास है, ऐसे में 12 लाख करोड़ रुपए कहां से आएंगे? तेजस्वी और राहुल को झूठ बोलकर राजनीति नहीं करनी चाहिए। अभी पहले चरण का चुनाव हुआ है और कट्टे कि बात होने लगी है। कहा कि तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश में डिफेंस कॉरिडोर है। अब बिहार में भी डिफेंस कॉरिडोर बनेगा। यहां कट्टा नहीं, तोप और मिसाइलें बनेंगी।
दूसरे चरण में 9 मंत्रियों की साख दांव पर
प्रभात ख़बर के अनुसार बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण में 122 सीटों पर वोटिंग के लिए प्रचार का शोर रविवार शाम को थम जायेगा. ऐसे में मतदान के पहले सभी दल और प्रत्याशी अपने क्षेत्र में प्रचार-प्रसार को लेकर पूरी ताकत झोंकने की तैयारी में हैं. अंतिम चरण का मतदान मंगलवार (11 नवंबर) को सुबह सात बजे से शुरू हो जायेगा. इस चरण में करीब ढाई दर्जन दिग्गजों समेत कुल 1302 उम्मीदवारों की प्रतिष्ठा दांव पर होगी. इसमें नौ वर्तमान मंत्री, 15 को राजनीतिक दलों के प्रदेश अध्यक्ष चुनाव मैदान में हैं. पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा की पत्नी स्नेहलता सासाराम से रालोमो की उम्मीदवार हैं. वहीं, केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी की बहू दीपा कुमारी इमामगंज से हम (से) की टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं.
अमेरिका ने जी 20 सम्मेलन का बायकॉट किया
हिन्दुस्तान के अनुसार अमेरिका ने दक्षिण अफ्रीका में 22 नवंबर से होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन का पहली बार बहिष्कार किया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि सम्मेलन में कोई भी अमेरिकी अधिकारी नहीं जाएगा। उन्होंने यह निर्णय प्रिटोरिया में श्वेत किसानों के साथ हो रहे व्यवहार को लेकर लिया। ट्रंप ने सोशल मीडिया मंत्र ट्रूथ सोशल पर लिखा कि यह पूरी तरह से शर्मनाक है कि जी-20 शिखर सम्मेलन दक्षिण अफ्रीका में आयोजित किया जाएगा। अफ्रीकी लोग मारे जा रहे हैं और उनकी जमीन और खेतों को अवैध रूप से जब्त किया जा रहा है। वे डच, फ्रांसीसी और जर्मन प्रवासियों के वंशज हैं। ट्रंप ने पहले भी घोषणा की थी कि वह 22-23 नवंबर को प्रमुख और उभरती अर्थव्यवस्थाओं के नेताओं की बैठक में हिस्सा नहीं लेंगे।
कुछ और सुर्खियां:
- मधुबनी की बेनीपट्टी सीट में भाजपा उम्मीदवार और बागी उम्मीदवार के रोड शो में हुई मारपीट
- वैशाली के हाजीपुर में मिलिट्री स्पेशल मालगाड़ी की दो खाली बोगियां बेपटरी हुईं
- सोनपुर का मशहूर मेला आज से शुरू होगा, 10 दिसंबर तक चलेगा
- संसद का शीतकालीन सत्र 1 दिसंबर से 19 दिसंबर तक चलेगा
- राजद प्रमुख लालू प्रसाद के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को अब वाई प्लस सुरक्षा मिलेगी
अनछपी: बिहार विधानसभा चुनाव के लिए आज प्रचार खत्म हो जाएगा और इसके साथ ही लोगों को यह बात याद आएगी कि किसने किस वादे पर अपनी पार्टी के लिए वोट मांगे। तेजस्वी यादव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर इस बात के लिए हमलावर रहे कि वह बिहार नहीं बल्कि बाहरी हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मोटे तौर पर 2005 के पहले के राज, परिवारवाद और अपने राज्य में किए गए विकास के काम के नाम पर वोट मांगते रहे। तेजस्वी यादव ने हर परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने का वादा किया हालांकि इस पर बहुत से लोगों ने सवाल भी उठाए। तेजस्वी यादव के पास अभी अपने वादे को सच करने का वक्त नहीं मिला है लेकिन जिस तरह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बिहार को अगले 5 साल में बाढ़ मुक्त करने की घोषणा कर रहे हैं, इससे यह सवाल जरूर बनता है कि आखिर पिछले 11 साल में केंद्र और 20 साल में बिहार की सरकार में नीतीश कुमार और भारतीय जनता पार्टी के लोग ही रहे हैं तो उन्होंने इसके लिए कोई उपाय क्यों नहीं किया। इसके अलावा चीनी मिलों को खोलने के बारे में भी अमित शाह लगातार बयान दे रहे हैं। याद रखने की बात यह है कि 2014 में तब भारतीय जनता पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने मोतिहारी में कहा था कि वह यहां की चीनी मिल चालू करवाएंगे और इस मिल से बनी चीनी की चाय पियेंगे। जाहिर है बिहार को बाढ़मुक्त बनाने और चीनी मिल खोखले दावे पूरी तरह खोखले साबित हुए हैं। अमित शाह अपनी चुनावी भाषणों में यह भी कह रहे हैं कि बिहार के युवाओं की नौकरी घुसपैठियों ने ले ली है और उन्हें वह बिहार से निकालेंगे। यानी अगर अमित भाषणों पर ध्यान दिया जाए तो वह लोक लुभावन वादों के साथ ध्रुवीकरण की बातें भी कर रहे हैं। ध्रुवीकरण की इन कोशिशों पर नीतीश कुमार जिस तरह चुप्पी साधे हुए हैं वह उस कहावत की याद दिलाता है कि जब रोम जल रहा था तो नीरो बांसुरी बजा रहा था।
419 total views
