छ्पी-अनछ्पी: हेमंत सोरेन गिरफ्तार-आज झारखंड बंद, नीतीश बोले- तेजस्वी बच्चा

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ईडी ने बुधवार की रात गिरफ्तार कर लिया। इसके विरोध में आज झारखंड बंद की घोषणा की गई है। आज के सभी अखबारों की पहली खबर यही है। महागठबंधन सरकार गिरने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव में क्रेडिट लेने की होड़ मची है। नीतीश कुमार ने तेजस्वी को बच्चा बताया है। यह खबर भी सभी जगह है।

हिन्दुस्तान की पहली सुर्खी है: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गिरफ्तार। प्रभात खबर की सुर्खी है: इस्तीफा के बाद हेमंत गिरफ्तार। भास्कर की पहली खबर है: हेमंत गिरफ्तार, चंपई ने सरकार बनाने का दावा ठोका। जागरण ने लिखा है: मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा के बाद हेमंत सोरेन गिरफ्तार। झारखंड के निवर्तमान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ईडी ने रांची जमीन घोटाला मामले में बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। हेमंत सोरेन से रांची स्थित सीएम आवास में ईडी ने दोपहर से रात 8:00 बजे तक लंबी पूछताछ की। फिर जमीन घोटाले में आरोपी बनाते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी से पहले रात लगभग 8:30 बजे हेमंत सोरेन ने राजभवन जाकर त्यागपत्र सौंपा जिसे राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने स्वीकार कर लिया। बुधवार को ईडी के हाथों गिरफ्तार किए जाने के पहले हेमंत सोरेन ने झारखंड हाईकोर्ट में ईडी की कार्रवाई के खिलाफ याचिका दायर की जिस पर आज गुरुवार को सुनवाई होगी।

चंपई सोरेन नए नेता

हेमंत सोरेन के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद महागठबंधन ने झारखंड सरकार के मंत्री चंपई सोरेन को विधायक दल का नेता चुनकर सीएम के रूप में उनका नाम आगे किया। चंपई सरायकेला विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। परिवहन विभाग के साथ आदिवासी कल्याण मंत्री का प्रभार भी उनके पास है। चंपई सोरेन ने महागठबंधन के 43 विधायकों के समर्थन का पत्र भी रात में ही राज्यपाल को सौंप दिया। अब नए मुख्यमंत्री के रूप में उनके शपथ ग्रहण को लेकर राज भवन पर सब की नज़रें टिकी हैं। बताया जा रहा है कि राज्यपाल निर्णय लेने में एक-दो दिन का समय ले सकते हैं।

राबड़ी को नोटिस

ईडी की एक टीम पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के 10, सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास बुधवार की दोपहर को पहुंची। इस टीम ने आवास में मौजूद लालू प्रसाद के परिवार के एक नजदीकी को बंद लिफाफा में रखे इस नोटिस को थमाया। इसके अंदर क्या लिखा है, इसकी सटीक जानकारी किसी को नहीं है। परंतु यह कयास लगाए जा रहे हैं कि 9 फरवरी 2024 को पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, सांसद मीसा भारती, हेमा यादव के अलावा अमित कात्याल एवं ह्रदयानंद चौधरी को नोटिस देकर पूछताछ के लिए दिल्ली स्थित ईडी मुख्यालय में बुलाया गया है। इन सभी को निर्धारित समय पर पूछताछ के लिए बुलाया गया है। इन सभी से रेलवे में हुई जमीन के बदले नौकरी घोटाला मामले में पूछताछ होनी है।

तेजस्वी बच्चा, सारा काम मेरा: नीतीश

भास्कर की सुर्खी है: नीतीश बोले- तेजस्वी बच्चा है, उसे क्या पता? 2005 से पहले शाम के बाद कोई घर से निकलता भी नहीं था। राज्य में एनडीए सरकार के आने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विपक्षी राजद और कांग्रेस के एक-एक दावे को फालतू बताते हुए राज्य के सभी विकास काम को खुद का किया बताया है। उन्होंने राहुल गांधी, तेजस्वी यादव, हेमंत सोरेन और इंडिया गठबंधन से खुद के निकलने पर राय रखी। कहा, हम विकास के काम में लगे रहते हैं और आगे भी लगे रहेंगे। अब सब दिन इधर ही रहेंगे। मुख्यमंत्री ने शिक्षक बहाली पर कहा कि जो क्रेडिट लिया जा रहा है बिल्कुल गलत है। वह मेरा विजन था। सीएम ने तेजस्वी को बच्चा बताया, कहा- उसे क्या पता।

कांग्रेस नहीं फैलने देगी नफरत: राहुल

कटिहार से भास्कर की खबर है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि पिछले साल कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा की। उन्होंने कहा, “तब हमने नफरतों के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलने की कोशिश की। यही हमारा लक्ष्य है। यह न्याय यात्रा मणिपुर से महाराष्ट्र तक की है। कोई भी देश बिना भाईचारे और मोहब्बत के तरक्की नहीं कर सकता। भाजपा और आरएसएस देश में नफरत फैला रही है। इसलिए कांग्रेस और इंडिया गठबंधन उनके सामने खड़ी है।” राहुल गांधी ने आसपास के जिलों से आए अग्निवीर अभ्यर्थियों से मुलाकात कर सरकार बनने पर नियमों में बदलाव का भरोसा दिया।

राष्ट्रपति के अभिभाषण में राम मंदिर

प्रभात खबर की खबर है: सदियों बाद श्री राम मंदिर की आकांक्षा पूरी हुई: मुर्मू। संसद का बजट सत्र बुधवार को शुरू हो गया। सत्र की शुरुआत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण से हुई। संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति मुर्मू ने अयोध्या में श्री राम मंदिर बनने और महिला आरक्षण कानून सहित सरकार के विभिन्न कार्यों का लेखा-जोखा दिया। राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि अयोध्या में श्री राम मंदिर की आकांक्षा सदियों से थी जो अब पूरी हुई और प्रभु रामलला अपने भव्य मंदिर में विराजमान हुए।

ज्ञानवापी तहखाने में पूजा की अनुमति

वाराणसी के जिला जज डॉ. अजयकृष्ण विश्वेश ने ज्ञानवापी परिसर स्थित व्यासजी के तहखाने (दक्षिणी तहखाना) में पूजन, राग-भोग शुरू करने का आदेश दिया है। उन्होंने तहखाने के रिसीवर के रूप में डीएम को आदेशित किया है कि सात दिन के अंदर पूजा आदि के लिए अनुकूल व्यवस्था करें। जिला जज कोर्ट ने यह फैसला पं. सोमनाथ व्यास के नाती शैलेन्द्र पाठक व्यास की ओर से दायर वाद पर दिया है।

कुछ और सुर्खियां

  • वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज पेश करेंगी अंतरिम बजट
  • तेजस्वी यादव से हटी जेड श्रेणी की सुरक्षा, राजीव प्रताप रूडी को मिली
  • पेटीएम बैंक पर आरबीआई की कार्रवाई, 29 के बाद बैंकिंग, वॉलेट सेवाओं पर रोक
  • तोशा खाना मामले में इमरान खान और पत्नी बुशरा बीवी को 14 साल जेल की सजा
  • ईडी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भेजा पांचवा समन

अनछपी: आखिरकार झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को गिरफ्तार कर लिया गया। झारखंड में फिलहाल किसकी सरकार है यह पता लगाना मुश्किल है। अखबारों के अनुसार महागठबंधन विधायक दल के नए नेता चंपई सोरेन को राज्यपाल ने सरकार बनाने का न्योेता भी नहीं दिया है। चंपई सोरेन के पास बहुमत होने के बावजूद उन्हें सरकार बनाने का न्योता नहीं देने का कारण क्या हो सकता है? क्या झारखंड में राष्ट्रपति शासन लगाने की तैयारी है या राज्यपाल भारतीय जनता पार्टी को तोड़फोड़ के जरिए सरकार बनाने में मदद करना चाहते हैं? रांची में सेना की ज़मीन के कथित घोटाले में उनका जुर्म है या नहीं यह तो अदालत में साबित होगा लेकिन फिलहाल उन्हें ईडी के कारण क़ैद रहना होगा। ईडी के राजनीतिक इस्तेमाल की बात लगभग आम हो चुकी है और इससे पूरा विपक्ष परेशान है। इससे पहले पश्चिम बंगाल में भी ईडी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस पार्टी के कई नेताओं को गिरफ्तार किया है। बिहार में भी लालू प्रसाद और तेजस्वी यादव को भी लगातार ईडी का नोटिस मिल रहा है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भी ईडी का पांचवा समन मिल चुका है। आरोप लगाया जाता है कि झारखंड में सरकार बनने से चूकने के बाद भारतीय जनता पार्टी वाली केंद्र सरकार ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को तोड़ने की कई कोशिश की। लेकिन हेमंत सोरेन झुके नहीं और अपनी बात पर डटे रहे। गिरफ्तारी के बाद सोशल मीडिया पर उन्होंने एक कविता साझा की जिसमें भी यह लिखा है: हर पल लड़ा हूं, हर पल लड़ूंगा, पर समझौते की भीख मैं लूंगा नहीं। कविता की इस लाइन में भी उन्होंने समझौते की बात की है जिससे यह लगता है कि भारतीय जनता पार्टी को हेमंत को अपनी ओर करने की कोशिश में नाकामी मिली है। कहा जाता है कि भारतीय जनता पार्टी की राजनीति पहले किसी भी तरह चुनाव जीतने और चुनाव नहीं जीतने के बाद जीतने वालों को तोड़कर अपनी ओर करने की रही है। हेमंत सोरेन अपना मामला हाई कोर्ट ले जा चुके हैं। देखना यह है कि हेमंत सोरेन की कानूनी लड़ाई कितनी लंबी होती है और उनकी पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा का अगला कदम क्या होगा।

 1,362 total views

Share Now

Leave a Reply