छ्पी-अनछपी: तेजस्वी से ईडी ने पूछा- इनकम का ज़रिया, झारखंड सीएम हेमंत की कुर्सी डांवाडोल

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। राजद नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव से ईडी ने पूछताछ की है। इससे एक दिन पहले उनके पिता और राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद से भी लंबी पूछताछ हुई थी। उधर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की कुर्सी हिलती नजर आ रही है क्योंकि उनसे भी आज ईडी पूछताछ करने वाली है और मामला गंभीर बताया जा रहा है।

प्रभात खबर की पहली खबर है: ईडी ने तेजस्वी से पूछा- नाबालिग थे तो कंपनी बनाने का आइडिया कैसे आया, कमाई का स्रोत क्या है? जागरण की सुर्खी है: तेजस्वी से 8 घंटे ईडी ने की पूछताछ। रेलवे में नौकरी के बदले जमीन मामले में पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को करीब साढ़े आठ घंटे तक पूछताछ की। इस दौरान ईडी की टीम ने तेजस्वी से 65 से ज्यादा सवाल पूछे। इनमें उनके नाम से दिल्ली एवं पटना में मौजूद संपत्ति से लेकर उनके निदेशक मंडल वाली निजी कंपनी में निवेश से जुड़े सवाल शामिल थे। अधिकतर सवालों पर तेजस्वी ने अनभिज्ञता जाहिर की।
तेजस्वी से आय का साधन पूछा गया
तेजस्वी से पूछा गया कि वर्तमान में उनकी आय का साधन क्या है। महीने की आमदनी कितनी है। जब वे नाबालिग थे, निजी कंपनी मेसर्स एबी एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के निदेशक मंडल में कैसे शामिल हो गए। उनके बालिग होने पर भी वे इस कंपनी में बने रहे। वे बताएं कि यह कंपनी क्या काम करती है, इसका सालाना टर्नओवर 4 करोड़ के आसपास होते हुए भी इसका कार्यालय दिल्ली के पॉश फ्रेंड्स कॉलोनी में कैसे है।
हेमंत की सरकार डांवाडोल
भास्कर की पहली खबर है: गिरफ्तारी हुई तो कल्पना को सीएम बनाना चाहते हैं हेमंत, पर सीता समेत तीन का विरोध। दिल्ली में सीएम हाउस में ईडी की कार्रवाई के बाद मंगलवार दोपहर दो बजे झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन रांची में दिखे। उन्होंने सत्ताधारी दल के विधायकों के साथ बैठक की। इसमें पहली बार अपनी पत्नी कल्पना सोरेन को भी शामिल किया। दरअसल गिरफ्तारी होने की स्थिति में वह कल्पना सोरेन को सीएम बनाना चाहते हैं। इसलिए उन्हें बैठक में बुलाकर इसका संकेत दे दिया गया। शाम में फिर विधायकों की बैठक हुई। इसमें सीता सोरेन, लोबिन हेंब्रम, चमरा लिंडा और रामदास सोरेन नहीं पहुंचे। रामदास दिल्ली में इलाज करा रहे हैं जबकि तीन अन्य विधायक नाराज हैं। उधर ईडी ने दावा किया कि हेमंत सोरेन के दिल्ली आवास से 36 लाख कैश, दो कारें और जमीन से जुड़े दस्तावेज मिले हैं।
राहुल बोले- हमारे दबाव में हुई जाति गणना
भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान पूर्णिया के रंगभूमि मैदान में मंगलवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने दावा किया कि बिहार में जातिगत गणना उनके (कांग्रेस और राजद) दबाव में हुई। उन्होंने कहा, “देश को सामाजिक और आर्थिक न्याय की जरूरत है। सामाजिक न्याय का पहला कदम हिन्दुस्तान का एक्सरे है। देश में किस वर्ग की कितनी आबादी है। कितने अमीर और कितने गरीब हैं। कितने किसान और मजदूर हैं। यह जानना जरूरी है। भाजपा नहीं चाहती देश में सामाजिक न्याय हो। इसलिए ध्यान भटकाने के लिए इधर-उधर के मुद्दों को उछालती है।” उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि नीतीश कुमार बीच में फंस गए, थोड़ा दवाब पड़ते ही वह यू टर्न ले लेते हैं। “हमें नीतीश की जरूरत नहीं। हमारा इंडिया गठबंधन सामाजिक न्याय देगा।”
पीएफआई से जुड़े 15 को मौत की सज़ा
केरल की एक अदालत ने भाजपा नेता रंजीत श्रीनिवासन की हत्या के मामले में प्रतिबंधित संगठन पीएफआई से जुड़े 15 लोगों को मंगलवार को मौत की सजा सुनाई। रंजीत अलप्पुझा जिले में भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश सचिव थे। दिसंबर 2021 में उनकी हत्या कर दी गई थी।अतिरिक्त जिला जज, मावेलिक्कारा वी. जी. श्रीदेवी ने दोषियों को सजा सुनाई।
इमरान को दस साल की सज़ा
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान और विदेशी मंत्री शाह महमूद कुरैशी को गोपनीय राजनयिक दस्तावेज लीक मामले में दस-दस साल की सजा सुनाई गई है। चुनाव से ठीक पहले सजा के इस ऐलान से चुनाव पर असर पड़ सकता है। रावलपिंडी में विशेष अदालत ने मंगलवार को अड्याला जेल में पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के प्रमुख और कुरैशी को सजा का ऐलान किया, जिस समय सजा सुनाई गई दोनों वहां मौजूद थे।
कुछ और सुर्खियां
* छत्तीसगढ़ के बीजापुर में नक्सलियों से मुठभेड़ में तीन जवानों की जान गई
* संसद का बजट सत्र आज से, निलंबित सांसद बहाल होंगे
* बिहार सरकार 12 फरवरी को पेश करेगी बजट
* इंटर परीक्षा कल से, 13 लाख परीक्षार्थी शामिल होंगे
* प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 4 फरवरी का बेतिया दौरा स्थगित
* उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा को जेड प्लस सुरक्षा मिली
* 73 डीएसपी का हुआ तबादला, बिहार प्रशासनिक सेवा के 196 अफसर भी बदले
अनछपी: कांग्रेस और विपक्षी दल के नेता कहते हैं कि 2024 में अगर नरेंद्र मोदी दोबारा प्रधानमंत्री चुन लिए गए तो देश में अगला चुनाव नहीं होगा। वह ऐसा क्यों कहते हैं, इसे समझने के लिए चंडीगढ़ में हुए नगर निगम चुनाव में हुई धांधली पर नजर दौड़ाना जरूरी है। चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में 14 पार्षदों वाली भाजपा ने मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पद पर कब्जा बरकरार रखा। वहीं गठबंधन बनाकर लड़ी कांग्रेस और आम आदमी पार्टी 20 वोट पाने के बावजूद हार गई। प्रेसाइडिंग ऑफ़िसर ने गठबंधन के 8 वोट रद्द कर दिए। चंडीगढ़ नगर निगम में 35 सदस्य होते हैं। इस बार कांग्रेस के सात और आम आदमी पार्टी के 13 पार्षद जीत कर आए हैं। दूसरी ओर भाजपा के 14 पार्षद और एक सांसद मिलकर 15 वोट थे। एक वोट शिरोमणि अकाली दल के पार्षद का था। भारतीय जनता पार्टी के बारे में कहा जाता है कि चुनाव जीतने के लिए धार्मिक ध्रुवीकरण से लेकर हर हथकंडे अपनाती है और चुनाव हारने के बाद भी सरकार बनाने के लिए ऑपरेशन लोटस चलाती है। मध्य प्रदेश में चुनाव हार कर भी भाजपा ऑपरेशन लोटस के जरिए वहां शासन कर रही है। हमेशा के लिए दरवाजा बंद करने की बात कहने के बाद भी नीतीश कुमार के साथ हाथ मिलाकर भाजपा बिहार में सरकार में आ गई है। झारखंड में ईडी ने अपना घेरा इतना तंग कर लिया है कि हेमंत सोरेन को इस्तीफा देना पड़ सकता है और भाजपा वहां कोई नया खेल दिखा सकती है। जहां ऑपरेशन लोटस नहीं चल पाता यानी जहां भाजपा चुने हुए प्रतिनिधियों को तोड़ नहीं पाती वहां ऐसी धांधली की शिकायत सामने आती है। इस चुनाव की काफी चर्चा थी और यह मुमकिन नहीं लगता कि आठ-आठ पार्षद ऐसी गलती करेंगे जिससे उनका वोट रद्द कर दिया जाए। चंडीगढ़ नगर निगम के चुनाव में जो धांधली हुई उसके बारे में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी का कहना है कि बैलेट पेपर पर पेन से निशान लगाए गए। इसके कई वीडियो वायरल हुए हैं। इस धांधली के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने हाई कोर्ट में अर्जी दी है। इस मामले पर बुधवार को सुनवाई मुमकिन है। उम्मीद की जानी चाहिए कि हाई कोर्ट इस मामले में इंसाफ करेगा और प्रशासन की धांधली पर भी सख्त टिप्पणी की उम्मीद है। न्यायिक अदालत के साथ-साथ जनता की अदालत के बीच भी यह बात ले जाने की है कि कैसे चुनाव हारने के बाद भी पद पर कब्जा करने के लिए भाजपा हर हथकंडे अपनाती है।

 430 total views

Share Now

Leave a Reply