छपी-अनछपी: बिहार चुनाव में लगे ईवीएम से डेटा डिलीट होगा, यूजीसी खत्म होगा
बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। बिहार चुनाव में लगे लगभग दो एवं से 29 दिसंबर के बाद डाटा डिलीट कर दिया जाएगा। यूजीसी को खत्म कर इसकी जगह दूसरा आयोग बनेगा। राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा के बेटे और मंत्री बने दीपक प्रकाश ने निर्दलीय उम्मीदवार का पोलिंग एजेंट बनकर मां की मदद की।
और, जानिएगा की मुजफ्फरपुर में छापेमारी में बरामद हुए 15 लाख में से तीन लाख सिपाहियों ने चुरा लिए, फिर क्या हुआ?
पहली ख़बर
हिन्दुस्तान के अनुसार बिहार विधानसभा चुनाव में उपयोग की गई दो लाख से अधिक ईवीएम से 29 दिसंबर के बाद आंकड़े डिलीट हो जाएंगे। इस चुनाव में रिजर्व सहित 1,14,364 बैलेट, 1,09,295 कंट्रोल यूनिट व 1,17,770 वीवीपैट का उपयोग हुआ था। इस चुनाव में सभी एम – 3 मॉडल के अत्याधुनिक ईवीएम का उपयोग किया गया। मतदान में इस्तेमाल ईवीएम का दूसरे राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों में उपयोग किया जाएगा। आयोग द्वारा दूसरे राज्यों में उपयोग के लिए रैंडमली ईवीएम का चयन किया जाता है और मांग के अनुसार राज्यों में भेजा जाता है। मतगणना खत्म होने के बाद प्रत्याशियों द्वारा संभावित मुकदमेबाजी को लेकर 45 दिनों तक सुरक्षित रखे गए हैं। इन्हें स्ट्रांग रूम में सीलबंद कर रखा गया है।
यूजीसी की जगह लगा नया आयोग
जागरण के अनुसार सरकार ने संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान पेश करने के लिए कुल 10 विधेयकों को सूचीबद्ध किया है, जिनमें भारतीय उच्च शिक्षा आयोग विधेयक भी शामिल है। प्रस्तावित कानून के जरिये उच्च शिक्षा आयोग की स्थापना की जाएगी। यह उच्च शिक्षा आयोग विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) जैसी संस्थाओं की जगह लेगा और उच्च शिक्षा के एकीकृत नियामक के तौर पर काम करेगा। निजी कंपनियों के लिए असैन्य परमाणु क्षेत्र को खोलने वाला विधेयक भी सरकार के एजेंडे में शामिल है। परमाणु ऊर्जा विधेयक, 2025 भारत में परमाणु ऊर्जा के उपयोग और विनियमन को नियंत्रित करने के उद्देश्य लाया जा रहा है। नया कानून परमाणु ऊर्जा के उपयोग और उसके नियमन से जुड़े ढांचे को आधुनिक और प्रभावी बनाएगा। संसद का शीतकालीन सत्र एक दिसंबर से शुरू हो रहा है।
मंत्री दीपक प्रकाश डमी कैंडिडेट के पोलिंग एजेंट बन मां की मदद की
प्रभात खबर के अनुसार सासाराम विधानसभा क्षेत्र से कुल 22 प्रत्याशी मैदान में थे. इनमें एक प्रत्याशी ऐसे निकले, जिनका मतगणना अभिकर्ता मंत्री बन गया. निर्दलीय मैदान में उतरे मुरादाबाद के रामायण पासवान के मतगणना अभिकर्ता रालोमो सुप्रीमो उपेंद्र कुशवाहा के पुत्र दीपक प्रकाश बने थे, जो अब राज्य के पंचायती राज मंत्री बन चुके हैं. मतगणना स्तर पर जाने के लिए वह रामायण पासवान का आरो एजेंट बने थे. रामायण पासवान को चुनावी चिन्ह बेबी वॉकर मिला था. इस बेबी वॉकर के सारे उन्हें 327 वोट मिले और जमानत जब्त हो गई. लेकिन उनके 327 वोट गिनने के लिए आरओ टेबल पर अभिकर्ता के रूप में वर्तमान पंचायती राज मंत्री बैठे थे। हालांकि उनकी मां स्नेहलता कुशवाहा भी इस विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रही थीं लेकिन मतगणना के दिन वह उनका आरओ एजेंट नहीं बने जबकि पूरे चुनाव के दौरान जनसभा से लेकर जनसंपर्क में वह मां के साथ-साथ दिखे थे।
सम्राट चौधरी बोल- हफ्ते भर रुकिए, बिहार से अपराधी भागेंगे बाहर
प्रभात खबर के अनुसार उपमुख्यमंत्री व गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने अपराधियों को बिहार छोड़कर चले जाने की चेतावनी दी है. शनिवार को बिहार की कानून व्यवस्था की बेहतरी के लिए कई कठोर कदम उठाने का संकेत देते हुए उन्होंने कहा कि बिहार के सुशासन ने यहां से अराजकता को हमेशा के लिए समाप्त किया है. बिहार अपराधियों के लिए नहीं है. यहां से अपराधियों को बाहर जाना होगा. सम्राट चौधरी गृह मंत्री बनने के बाद पहली बार भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुंचे थे. उन्होंने कहा कि भाजपा के नेतृत्व और नीतीश कुमार के निर्देशन में मुझे बिहार में गृह मंत्री के तौर पर काम करने का मौका दिया गया है. सम्राट चौधरी ने अपनी प्राथमिकताएं सार्वजनिक करने की बजाय सात दिन में कानून व्यवस्था और पब्लिक फेंडली पुलिसिंग के मॉडल पर काम शुरू करने की बात कही. गृह मंत्री ने कहा कि पांच सात दिन रुकिये. यहां एक भी अपराधी को नहीं रहने दिया जायेगा. अराजकता-जंगलराज समाप्त हो गया है. सुशासन लगातार स्थापित रहेगा. अपराधियों की अब यहां खैर नहीं है.
बेगूसराय में एनकाउंटर, गैंगस्टर शिवदत्त घायल
भास्कर के अनुसार बेगूसराय के साहेबपुरकमाल में एनकाउंटर में कुख्यात गैंगस्टर राय शिवदत्त घायल हो गया। उसके जांघ में गोली लगी है। मौके से पुलिस ने हथियारों का जखीरा बरामद किया है। एनकाउंटर के बाद एसटीएफ ने कुख्यात शिवदत्त राय को गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार की रात करीब 10 बजे साहेबपुरकमाल थाना क्षेत्र के हुई। शिवदत्त राय को पैर में दो गोली शालीग्राम गांव में पुलिस से मुठभेड़ लगी है। पुलिस और अपराधियों के बीच 10 राउंड से ज्यादा गोलीबारी हुई। जख्मी शिवदत्त राय को पुलिस ने मौके पर से हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया। 5 अन्य साथी ने शनिवार को बताया कि गिरफ्तार भाग निकले। एसपी मनीष कुमार शिवदत्त राय तेघड़ा थाना क्षेत्र के बनहारा गांव का निवासी है। वह एक केस में 2 माह पहले जमानत पर बाहर निकला था।
तीन लाख सिपाहियों ने चुरा लिए, फिर क्या हुआ?
भास्कर के अनुसार पुलिस महकमे से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। पूर्वी चंपारण की अरेराज पुलिस ने मुजफ्फरपुर के साहेबगंज स्थित माधोपुर हजारी गांव में छापेमारी की। इस दौरान बरामद 15 लाख रुपए में से चार पुलिसकर्मियों ने 3 लाख रुपए चोरी कर लिए। रुपए कम मिलने पर अरेराज डीएसपी रवि कुमार ने सिपाहियों से पूछताछ की। पहले इनकार किया, लेकिन बाद में चोरी स्वीकार ली। सिपाही की निशानदेही पर पुलिस गाड़ी के मैट के नीचे से रुपए बरामद हुए। इसके बाद चारों सिपाहियों को गिरफ्तार कर लिया गया। साहेबगंज पुलिस ने सभी को जेल भेज दिया। है. प्रभात खबर नहीं लिखा है कि यूपी के आभूषण व्यवसायी से गोविंदगंज में 19 लाख की छिनतई हुई थी. पुलिस को सूचना मिली कि मुजफ्फरपुर के साहेबगंज में लूट की राशि को छिपाया गया है. मुजफ्फरपुर एवं मोतिहारी की पुलिस टीम ने माधोपुर हजारी गांव में छापेमारी की. बाकी पैसा अपराधी के घर में ही छोड़ दिया. इसकी भनक लगने पर पुलिस ने दूसरी बार अपराधी के घर पर छापेमारी की तो बैग में भरे 12 लखी रुपए बरामद हुए. वहीं जवानों के पास से भी चोरी का 3 लाख कैश मिला.
कुछ और सुर्खियां:
- वैशाली जिले के मदेरणा चौक के पास जेवर दुकान से 18 लाख की लूट
- समस्तीपुर के विभूतिपुर थाना क्षेत्र में जेवर दुकान के गार्ड का हाथ पैर बांध 15 लाख की लूट
- अमेरिका की अदालत ने एडुटेक कंपनी बायजू के संस्थापक रविंद्रन पर एक अरब डॉलर का जुर्माना ठोका
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दक्षिण अफ्रीका के जोहानसबर्ग में जी 20 सम्मेलन में बोले- आतंकवाद और ड्रग्स के गठजोड़ पर वार हो
- सारण के एकमा में पोखर में डूबने से दो चचेरे भाइयों समेत तीन बच्चों की जान गई
अनछपी: भोजपुर जिले में एक थाने का नाम है बिहिया। वहां के एक गांव कल्याणपुर के रहने वाले हर्ष उर्फ झम्मन ओझा को पंजाब पुलिस की छापेमारी में 19 नवंबर को गांव के घर से गिरफ्तार किया गया। पहले यह बताया गया कि उसे आर्म्स एक्ट में गिरफ्तार किया गया है लेकिन अब यह बात बताई जा रही कि उसे पंजाब के लुधियाना में ग्रेनेड विस्फोट की साजिश और आतंकी से जुड़ाव के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। यह भी कहा जा रहा है कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से भी उसका जुड़ाव रहा है। इस खबर के साथ एक और खबर आई है कि दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े एक अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्कर नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिनके नाम हैं, दलविंदर, अजय, रोहन और मनदीप। यह नेटवर्क विदेशी हथियारों की तस्करी के लिए पाकिस्तान में मौजूद अपने आईएसआई समर्थित संपर्कों पर निर्भर था। यह संपर्क तुर्की और चीन से खरीदी गई महंगी पिस्तौलें पाकिस्तान में इकट्ठी करते थे और फिर रात के समय बेहद एडवांस्ड ड्रोन के जरिए पंजाब के संवेदनशील सीमा क्षेत्र में गिरा देते थे। इन दोनों खबरों को बताने का मकसद यह है कि विदेशी खुफिया एजेंसियां समाज के किसी भी वर्ग को निशाना बना सकती हैं लेकिन जब मुस्लिम समुदाय का कोई व्यक्ति ऐसी हरकतों में पकड़ा जाता है तो उस समय उसका धर्म भी घसीट लिया जाता है। देश में इस्लामोफोबिया को बढ़ावा देने में सरकार का भी कम योगदान नहीं है और इस तरह की घटनाओं के बाद सोशल मीडिया पर यह नैरेटिव चलाया जाता है कि उनके धर्म में ही कसूर है। जरूरत है कि देश के हर तबके को आतंकी नेटवर्क से बचाया जाए और धर्म को इससे जोड़ने की किसी भी कोशिश को तुरंत रोका जाए।
1,388 total views
