छ्पी-अनछपी: मंत्री-एमएलसी में ‘चोर-चोट्टा’ की भाषा, स्पीकर बिरला नहीं जाएंगे सदन
बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। बिहार विधान परिषद में मंत्री अशोक चौधरी और राजद केएमएलसी सुनील सिंह के बीच जमकर गाली-गलौज हुई। लोकसभा के स्पीकर के खिलाफ अविश्वास नोटिस पर 120 सांसदों ने दस्तखत किए हैं। पूर्णिया मेडिकल कॉलेज में भर्ती महिला के दो बच्चों को ग़ायब कर दिया गया।
और जानिएगा कि तमिलनाडु में तीन करोड़ की ठगी के मामले में पटना से तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया।
पहली ख़बर
भास्कर के अनुसार बिहार के उच्च सदन, विधान परिषद में मंगलवार को जमकर गाली-गलौज हुई। हालात इतने बिगड़े कि मारपीट की नौबत आ गई। मार्शल ने बीच-बचाव कर हाथापाई रोकी। सदन की स्थिति बिगड़ते देख सभापति अवधेश नारायण सिंह ने तमाम विपक्षी विधान पार्षदों को दिन भर के लिए बाहर करा दिया। उन्होंने मार्शल से कहा- इन सबको पकड़कर बाहर निकालो। इसके बाद मार्शल विपक्षी सदस्यों को बाहर ले गए।
कब क्या हुआ
- सदन की कार्यवाही तय समय से 15 मिनट देर से, 12.15 बजे शुरू हुई। विपक्ष के सभी विधान पार्षद 12 बजे ही अपनी सीटों पर बैठ गए थे। सत्ता पक्ष 12.15 बजे सदन में पहुंचा।
- कार्यवाही शुरू होते ही अब्दुल बारी सिद्दीकी ने कहा-बगैर सूचना के सदन 15 मिनट देर से शुरू हुआ। सभापति ने कहा- यह हमारा विशेषाधिकार है।
- सिद्दीकी ने कहा-सोमवार को राबड़ी देवी के साथ मुख्यमंत्री का अभद्र व्यवहार हुआ। सत्ता पक्ष खेद व्यक्त करे। सभापति ने कहा- मामले की जांच हो रही है। फुटेज देखेंगे।
- अशोक चौधरी ने कहा- बगैर घंटी बजे सदन में बैठने का अधिकार नहीं है। इसके बाद विपक्ष वेल में आ गया और नारेबाजी शुरू कर दी।
- इसी दौरान अशोक चौधरी और सुनील कुमार सिंह के बीच तू-तू. मैं-मैं और गाली-गलौज शुरू हो गई। मार्शल ने हाथापाई रोकी।
सदन में अशोक और सुनील ने एक दूसरे को अपशब्द बोले। अशोक ने कहा- चोट्टा हो। तुम्हारी औकात क्या है? इस पर सुनील बोले- तुम घोटालेबाज हो। चोर हो। दोनों में हाथापाई शुरू होती इससे पहले मार्शल आ गए।
स्पीकर के खिलाफ अविश्वास नोटिस पर 120 लोकसभा सदस्यों का हस्ताक्षर
जागरण ने लिखा है कि अध्यक्ष ओम बिरला पर पक्षपात से लेकर विपक्षी महिला सांसदों को झूठे आरोपों के जरिये बदनाम करने का आरोप लगाते हुए विपक्षी दलों ने उनके विरुद्ध मंगलवार को अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस दे दिया। तृणमूल कांग्रेस को छोड़कर आइएनडीआइए में शामिल सभी विपक्षी दलों के करीब 120 लोकसभा सदस्यों ने नोटिस पर हस्ताक्षर किए। तृणमूल ने बिरला को दो दिनों की मोहलत देने की पैरोकारी करते हुए हस्ताक्षर करने से परहेज किया। बिरला ने नोटिस को आगे की प्रक्रिया के लिए लोकसभा सचिवालय भेज दिया है। साथ ही फैसला किया है कि अविश्वास प्रस्ताव की प्रक्रिया खत्म होने तक सदन की कार्यवाही का संचालन नहीं करेंगे। वह मंगलवार को बजट चर्चा के दौरान आसन पर नहीं बैठे। अविश्वास प्रस्ताव पर नौ मार्च को चर्चा हो सकती है।
पूर्णिया मेडिकल कॉलेज से दो बच्चे चोरी
प्रभात ख़बर के अनुसार पूर्णिया के जीएमसीएच परिसर से दो महिलाएं दो छोटे बच्चों को चुराकर ले गयीं. दोनों महिला फर्जी रिश्तेदार बनकर वार्ड में घुसी और महज 10 मिनट में बच्चों को चुरा ले गयी. घटना सौंमवार की देर शाम की है. चोरी गये बच्चों में लक्ष्मी कुमारी (3 वर्ष) और शुभम कुमार (4 वर्ष) शामिल है. बच्चों की मां का नाम गुड़िया देवी (35 वर्ष) है. उसे टीवी की गंभीर बीमारी के बाद 27 जनवरी को जीएमसीएच के ऑल पीओपी वार्ड में भर्ती कराया गया था. घटना की चश्मदीद पीड़िता की बड़ी बेटी शिवानी कुमारी (8 वर्ष) ने बताया कि वह अस्पताल में मां और अपने भाई बहन के साथ थी. इसी दौरान दो महिला रिश्तेदार बनकर आयीं. वे दोनों खाने का सामान भी लेकर आयीं थी, जिसे उसने खाने से मना कर दिया. इसके बाद बहला-फुसलाकर उसे और उसके छोटे भाई-बहनों को साथ ले जाने के लिए राजी कर लिया. महिला चोरों ने उसे कुछ रुपये देने का लालच दिया और इसी बहाने उसे अस्पताल परिसर से बाहर गयीं. उसने रुपये दिये और जव भाई-बहनों को ले गयी.
बेटा होने की बात कह बेटी थमाने की शिकायत, अब डीएनए टेस्ट होगा
हाजीपुर सदर अस्पताल में नवजात शिशु की अदला-बदली मामले में जिला प्रशासन ने तीन डॉक्टरों सहित पांच कर्मियों का तबादला कर दिया है. वहीं, दो कर्मियों की सेवा समाप्त कर दी गयी है. यह कार्रवाई डीएम वर्षा सिंह के निर्देश पर बनी तीन स्तरीय जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर की गयी है. जिनका तबादला किया गया है, उनमें चिकित्सक डॉ सीमा सिन्हा, डॉ नीरज कुमार, डॉ अजय लाल, जीएमएम अर्चना कुमारी और शल्य कक्ष सहायक सुशील कुमार शामिल हैं. आउटसोर्सिंग के तहत कार्यरत अमोद कुमार और आदित्य सिंह चंदेल की सेवाएं समाप्त कर दी गयी हैं. कार्रवाई सिविल सर्जन के अनुमोदन के बाद की गयी. इस मामले में पीड़िता के परिजन द्वारा नगर थाना में भी प्राथमिकी करायी गयी है. वैशाली की डीएम वर्षा सिंह ने बताया कि नवजात शिशु के अदला-बदली मामले में प्रसूता और नवजात शिशु के डीएनए जांच प्रक्रिया शुरू है. अगर दोनों का डीएनए मैच नहीं करता है तो फिर आगे बड़ी कार्रवाई की जायेगी.
तमिलनाडु में तीन करोड़ की ठगी, पटना से तीन गिरफ्तार
तमिलनाडु पुलिस ने साइबर ठगी के एक मामले में फरार तीन आरोपितों को पटना के कोतवाली इलाके से गिरफ्तार कर लिया. इनमें शास्त्रीनगर का सोनू कुमार, राजीव नगर का आशीष कुमार और भोजपुर जिले का गोपाल शेखर शामिल हैं. इन तीनों के खिलाफ तमिलनाडु के कृष्णागिरी थाने में केस दर्ज है. कोतवाली पुलिस के अनुसार इन आरोपितों पर तीन करोड़ से अधिक की ठगी का आरोप है. इस गिरोह ने आरबीआइ की फर्जी वेबसाइट बना कर लोगों से ठगी की है. पुलिस ने तीनों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। बताया जाता है कि करोड़ों की ठगी के मामले में तमिलनाडु के कृष्णागिरी थाने में 28 जनवरी, 2026 को 11 लोगों को नामजद आरोपित बनाते हुए केस दर्ज किया गया था.
कुछ और सुर्खियां:
- मनी लॉन्ड्रिंग मामले में रिलायंस ग्रुप के चेयरमैन अनिल अंबानी और उनकी पत्नी टीना अंबानी को ईडी का समन
- मकान पर जबरदस्ती कब्जा करने के मामले में जेल गए सांसद पप्पू यादव को जमानत मिली
- मणिपुर के उखरुल जिले में 3 दिन से हिंसा जारी, 5 दिनों के लिए इंटरनेट सेवा सस्पेंड
- जनगणना के काम में बिहार के शिक्षकों को भी लगाया जाएगा
- अरवल में गाड़ियों की जांच से बचने के लिए ट्रक का बैलेंस बिगड़ा, कुचलकर सिपाही की मौत
अनछपी: अमेरिका के साथ भारत के ट्रेड डील के बारे में आशंकाओं के बीच चिंता बढ़ने वाली यह खबर भी आई है कि अमेरिका का बांग्लादेश के साथ जो समझौता हो रहा है, उससे भारत के टेक्सटाइल इंडस्ट्री को बड़ी चुनौती का सामना करना पड़ सकता है। मीडिया में थोड़ी बहुत इसकी खबर तो आ रही है लेकिन यह आम लोगों के बीच यह चर्चा का विषय नहीं बन पाया है और ऐसा लगता है कि सरकार भी नहीं चाहती कि लोग इसके बारे में बहुत जानें। अमेरिका और बांग्लादेश के बीच होने जा रहे समझौते में एक नई व्यवस्था बनाई जा रही है, जिसके तहत अमेरिका द्वारा बांग्लादेश से आयात होने वाले कपड़े पर आयात शुल्क ज़ीरो रखा जाएगा। तय मसौदे के हिसाब से दोनों पक्षों के बीच होने जा रहे व्यापार समझौते में टेक्सटाइल को खास सुविधा दी जाएगी। बांग्लादेश से जितने मूल्य का अमेरिका कॉटन आयात करेगा उतने ही मूल्य के कपड़े एवं गारमेंट्स अमेरिका को जीरो टैरिफ पर निर्यात कर पाएगा। इससे अमेरिका बाजार में बांग्लादेश के कारोबारी एवं निर्यातक सस्ती दरों पर अपने कपड़े और लिबास बेच पाएंगे। ऐसे में भारतीय कारोबारियों के लिए अमेरिकी बाजार में मुक़ाबला करना मुश्किल होगा। यह खबर इसलिए भी चिंताजनक है कि इस समय भारत और बांग्लादेश के बीच कूटनीतिक रिश्ते सबसे खराब दौर में चल रहे हैं और भारत और बांग्लादेश ने एक दूसरे के व्यापार पर कई तरह की पाबंदी भी लगाई है। इस पाबंदी का असर और केवल बांग्लादेश के व्यापारियों पर नहीं पड़ा है बल्कि मक्का और जूट का कारोबार करने वाले भारतीय व्यापारी भी से प्रभावित हुए हैं।
208 total views
