छ्पी-अनछपी: ट्रंप ने फिर दी 48 घंटे की धमकी, एसडीपीओ की करोड़पति नौकरानी

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को एक बार फिर 48 घंटे में बर्बाद करने की धमकी दी है। भ्रष्टाचार के आरोप में सस्पेंड किए गए किशनगंज के एसडीपीओ की नौकरानी भी करोड़पति निकली है। पूर्वी चंपारण के तुरकौलिया में जहरीली शराब से मरने वालों की संख्या सात हो गई है। 

और, जानिएगा कि ट्रंप के दो बेटे खाड़ी के देश से कह रहे हैं कि वह उनसे मिसाइल खरीदें।

पहली ख़बर

ईरान युद्ध में अपने फाइटर जेट गंवाने के बाद तिलमिलाए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान को नया अल्टीमेटम दिया है। ट्रम्प ने शनिवार को कहा, ईरान ने 48 घंटे में होर्मुज को नहीं खोला तो तबाही झेलने को तैयार रहे, अब आर-पार होगा। उन्होंने कहा, ईरान के लिए वक्त तेजी से निकल रहा है। उसे पीस डील पर साइन कर देने चाहिए। मैंने ईरान को 6 अप्रैल तक की डेडलाइन दी थी, जो अब खत्म हो रही है। होर्मुज को लेकर ट्रम्प ने तीसरी बार बयान बदला है। पहले उन्होंने कहा था कि होर्मुज खोलना अमेरिका का काम नहीं है। अब ट्रम्प ने फिर से होर्मुज की रट लगा दी है। ट्रम्प के अल्टीमेटम के जवाब में ईरान के राष्ट्रपति मसूद पजेशकियान ने कहा, हमने ट्रम्प की फौज के लिए ताबूत तैयार कर लिए हैं। अमेरिकी जेट्स मार गिराने के बाद ट्रम्प को ईरानी वायुसेना की ताकत का पता चल गया है।

ईरान ने 24 घंटे में पांच अमेरिकी जहाज़ गिराए

जागरण के अनुसार पश्चिम एशिया में 36 दिनों से अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी सैन्य संघर्ष के बीच ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड ने पिछले 24 घंटों में अमेरिकी हवाई वर्चस्व को गंभीर चुनौती देने का दावा किया है। रिवोल्यूशनरी गार्ड के अनुसार, इस अवधि में दो अमेरिकी लड़ाकू विमानों को मार गिराया गया तथा तीन सैन्य हेलीकाप्टरों को नुकसान पहुंचाया गया। यदि इन दावों की पुष्टि होती है तो पिछले 20 वर्षों में यह पहला मौका होगा जब अमेरिकी लड़ाकू विमान को मार गिराया गया हो। पिछली बार 2003 में इराक युद्ध में ए-10 थंडरबोल्ट-2 के साथ ये वाक्या हुआ था। हालांकि पेंटागन और अमेरिकी सेना की सेंट्रल कमांड ने अभी तक इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। ईरान सेना ने दावा किया कि नई हवाई रक्षा प्रणाली सटीक काम कर रही हैं और हम जल्दी ही अपने हवाई क्षेत्र पर पूरी तरह नियंत्रण हासिल कर लेंगे।

मित्र देशों को मुफ्त, दूसरों को पैसे देकर होर्मुज से मिलेगा रास्ता

हिन्दुस्तान के अनुसार ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में अलग-अलग देशों के पोतों को रास्ता देने के लिए नई योजना बनाई है। इसके अनुसार, मित्र देशों के पोत मुफ्त तो तटस्थ देशों के पोत शुल्क चुकाकर होर्मुज को पार कर सकेंगे, जबकि शत्रु देशों के पोत पर प्रतिबंध रहेगा। ईरान ने अभी तक इन तीनों श्रेणियों के देशों की सूची उपलब्ध नहीं कराई है। समाचार चैनल अल जजीरा के अनुसार, फारस की खाड़ी के लगभग सभी अरब देशों को तटस्थ या शत्रु राष्ट्रों के रूप में वर्गीकृत किया गया है। इन देशों को या तो भारी शुल्क देना होगा या होर्मुज से गुजरने पर प्रतिबंध का सामना करना पड़ेगा। 

स्पेंडेड एसडीपी की नौकरानी भी करोड़प

किशनगंज में इन दिनों एक ही नाम हर जुबान पर है- निलंबित एसडीपीओ गौतम कुमार. वजह भी ऐसी कि हर नया रहस्योद्घाटन पिछले से ज्यादा चौंकाने वाला साबित हो रहा है. यह मामला अब भ्रष्टाचार की ‘फुल फिल्म’ बन चुका है. गौतम कुमार की ‘काली कमाई’ का दायरा जितना खुल रहा है, उतना ही हैरान कर रहा है. इओयू की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे इस ‘काली कमाई’ की कहानी में नये किरदार जुड़ते जा रहे हैं. अब तक पत्नी और कथित प्रेमिका के नाम पर करोड़ों की संपत्ति की बात हो रही थी. अब घर की नौकरानी भी करोड़पति निकली. ताजा खुलासे के मुताबिक पारो नाम की नौकरानी, जो एसडीपीओ के घर काम करती थी, खुद लग्जरी लाइफ जीती रही है. बताया जा रहा है कि वह करीब 35 लाख रुपये की महंगी गाड़ी से काम पर आती थी. इतना ही नहीं, उसके पास रॉयल एनफील्ड बुलेट बाइक भी है, जो कथित तौर पर उसे ‘गिफ्ट’ में मिली थी.

जहरीली शराब से मरने वालों की संख्या सात

पूर्वी चंपारण के तुरकौलिया में शराब के सेवन से मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के हरदिया गांव निवासी लाल किशोर राय (50) और तुरकौलिया थानाक्षेत्र के शंकर सरैया, शेख टोली निवासी मो. इलियास अंसारी ने दम तोड़ दिया। इससे मृतकों की संख्या सात हो गई है जबकि प्रभात खबर ने यह संख्या आठ बताई है। निजी अस्पताल में भर्ती पीड़ित बालगंगा मुसहरी टोला निवासी लड्डू साह की स्थिति नाजुक है। उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है। इस बीच, डॉक्टरों की टीम आधा दर्जन प्रभावित गांवों में पहुंचकर मेडिकल कैंप लगा इलाज कर रही है। उधर, बीते 24 घंटे में 23 और धंधेबाज गिरफ्तार किए गए हैं।

सिपाही भर्ती परीक्षा घपले में पूर्व डीजीपी सिंगल से लिखित सवाल

प्रभात ख़बर के अनुसार केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) के चेयरमैन रह चुके बिहार के पूर्व डीजीपी एसके सिंघल की मुश्किलें फिर से बढ़ गयी हैं. सिपाही बहाली परीक्षा में कथित धांधली और पेपर लीक मामले में आर्थिक अपराध इकाई ने जांच तेज करते हुए उनसे जवाब तलब किया है. एसके सिंघल 2023 की सिपाही बहाली प्रक्रिया के दौरान चयन परिषद के अध्यक्ष थे. यह चयन प्रक्रिया जांच एजेंसियों के दायरे में है, आर्थिक अपराध इकाई इस बहुचर्चित परीक्षा घोटाले की परतें खंगाल रही हैं और इसी क्रम में सिंघल को लिखित प्रश्नों की सूची भेजी गयी है. सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसी ने उनसे परीक्षा प्रक्रिया, प्रश्नपत्र की सुरक्षा और चयन प्रणाली से जुड़े कई बिंदुओं पर स्पष्टीकरण मांगा है. अधिकारियों का कहना है कि यदि उनके जवाब संतोषजनक नहीं पाये गये, तो उन्हें व्यक्तिगत रूप से बुलाकर पूछताछ की जा सकती है. इस मामले ने उस समय तूल पकड़ा था जब सिपाही बहाली परीक्षा में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं और पेपर लीक की बात सामने आयी थी. जांच में संकेत मिले कि प्रश्नपत्र छपाई से लेकर वितरण तक की प्रक्रिया में कई स्तरों पर गड़बड़ियां हुई हैं. प्रिंटिंग प्रेस और जिला कोषागार स्तर तक कथित मिली भगत की बात सामने आई है. 

खाड़ी देशों पर मिसाइल खरीदने का दबाव डाल रहे हैं ट्रंप के बेटे

भस्कर के अनुसार अमेरिका, इसराइल-ईरान युद्ध के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के बेटों ने जिस ड्रोन कंपनी में पैसा लगाया है, अब वही कंपनी खाड़ी देशों को अपने इंटरसेप्टर ड्रोन व मिसाइल बेचने की कोशिश कर रही है। फ्लोरिडा स्थित ऑटोनॉमस ड्रोन कंपनी पावरस में एरिक ट्रम्प और डोनाल्ड ट्रम्प जूनियर प्रमुख निवेशक हैं। इसका विलय ऑरियस ग्रीनवे होल्डिंग्स में करके नई संयुक्त कंपनी बनाई जा रही है। पावरस के सह संस्थापक नेट्नकोविच के मुताबिक उनकी टीम इस समये मध्य-पूर्व के कई देशों में डेमोकर रही है। दावा है कि ये इंटरसेप्टर ड्रोन ईरान के हमलों से रक्षा कर लोगों की जान बचा सकते हैं। कंपनी पर आरोप है कि वह जंग से मुनाफा कमाना चाहती है, जिसे ट्रम्प ने शुरू किया है।

 कुछ और सुर्खियां:

  • कटिहार के फलका थाना में हिरासत में युवक की मौत के बाद बवाल, पुलिस की राइफल छीनी-,तोड़फोड़
  • चुनाव आयोग ने कोलकाता में अमित शाह के रोड शो में कानून व्यवस्था की नाकामी पर डीसीपी को सस्पेंड किया
  • दरभंगा ज्वेलरी लूट कांड में बेगूसराय से 6 अपराधी गिरफ्तार
  • बिहार में बिना ट्रीटमेंट के 507 नालों का पानी नदियों में गिर रहा 

अनछपी: केरल या कहें केरलम में 9 अप्रैल को वोटिंग होनी है और इंडिया गठबंधन में शामिल कम्युनिस्ट पार्टी की सरकार के बारे में राहुल गांधी का दावा है कि वह संघ और भारतीय जनता पार्टी के गुप्त समझौते से चल रही है। राहुल गांधी इंडिया गठबंधन के सबसे बड़े नेता माने जा सकते हैं लेकिन अपने ही गठबंधन में शामिल पार्टी के मुख्यमंत्री पी. विजयन के बारे में वह यह कह रहे हैं कि प्रधानमंत्री और उनके बीच पार्टनरशिप चल रही है। इसके लिए उन्होंने यह तर्क भी इस्तेमाल किया कि आखिर केंद्र की एजेंसियां सीएम विजयन के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं कर रही। यह सही है कि गठबंधन में शामिल होने के बावजूद कांग्रेस और कम्युनिस्ट पार्टी पश्चिम बंगाल और केरल में अलग-अलग चुनाव लड़ते हैं लेकिन क्या इस तरह अपने ही गठबंधन के मुख्यमंत्री के बारे में शक रखना और साफ-साफ यह कहना कि भाजपा और एलडीएफ यानी लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट के बीच गुप्त समझौता है, विपक्ष की राजनीति को सही दिशा देने वाला है? दिलचस्प बात यह है कि भारतीय जनता पार्टी के नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस बात पर चुटकी लेते हैं कि कांग्रेस और कम्युनिस्ट पार्टी में दिल्ली में दोस्ती रहती है और राज्यों में कुश्ती का नाटक चलता है। बिहार के लोगों के लिए यह बात भी जानने की है कि राजद नेता तेजस्वी यादव केरलम में कांग्रेस का नहीं बल्कि कम्युनिस्ट पार्टी का समर्थन कर रहे हैं जबकि वह बिहार में राहुल गांधी के साथ चुनाव अभियान में लगते हैं। इस समय विपक्ष की राजनीति का यह एक गंभीर संकट है और इस बात की एक बड़ी वजह कि उन्हें क्यों कामयाबी नहीं मिलती। अगर अलग-अलग चुनाव लड़ने की मजबूरी भी हो तब भी आरोप लगाने में राहुल गांधी को एहतियात बरतना चाहिए या फिर उनके साथ राष्ट्रीय स्तर पर कोई समझौता नहीं करना चाहिए। 

 130 total views

Share Now

Leave a Reply