छपी-अनछपी: दिल्ली पहुंचे नीतीश बोले अब यहीं काम करेंगे, ईरान- अमेरिका वार्ता पाकिस्तान में
बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। राज्यसभा सदस्य की शपथ लेने दिल्ली पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि वहां का सबकुछ छोड़कर अब यहीं रहेंगे। पाकिस्तान आज अमेरिका और ईरान के बीच उच्च-स्तरीय वार्ता की मेजबानी करने वाला है। फारबिसगंज में ठेला वाले ने पिकअप ड्राइवर के सर को धड़ से अलग किया, हत्यारे को लोगों ने मार डाला।
पहली ख़बर
प्रभात खबर के अनुसार बिहार में नयी सरकार बनने का काउंटडाउन शुरू हो गया है. अगले सप्ताह किसी भी दिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने पद से इस्तीफा दे देंगे. इसके बाद एनडीए विधायक दल की बैठक में नये नेता का चुनाव होगा. शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा की सदस्यता ग्रहण करेंगे. इसी सिलसिले में वे गुरुवार को पटना से दिल्ली पहुंचे. दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत में नीतीश कुमार ने पहली बार खुलकर कहा कि हमने तय कर लिया या है, है, जिसके बारे में आप सभी को पहले ही बता दिया है. पिछले 20 वर्ष से बिहार में काम कर रहे हैं. अब दिल्ली में ही रहकर काम करेंगे. मुख्यमंत्री ने कहा कि वहां का सबकुछ छोड़कर अब यहीं रहेंगे. जब उनसे बिहार के मुख्यमंत्री पद और वहां की जिम्मेदारियों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वे तीन-चार दिन के बाद वापस जायेंगे और सब कुछ व्यवस्थित कर देंगे. नये लोग देखेंगे. इससे पहले गुरुवार दोपहर बाद पटना से दिल्ली पहुंचे नीतीश कुमार पार्टी के वरिष्ठ नेता केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के आवास पर गये.
- भाजपा कोर कमेटी की बैठक नई दिल्ली में आज
- उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा भी दिल्ली पहुंचे
- जदयू के वरिष्ठ नेता विजय चौधरी ने कहा 2 से 3 दिन इंतजार करें
- नई सरकार में मुख्यमंत्री बीजेपी का जदयू के दो उपमुख्यमंत्री होंगे
- नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार को मिल सकता है उपमुख्यमंत्री का पद
अमेरिका और ईरान के बीच आज इस्लामाबाद में वार्ता
हिन्दुस्तान के अनुसार पाकिस्तान शुक्रवार को अमेरिका और ईरान के बीच उच्च-स्तरीय वार्ता की मेजबानी करने वाला है, जिसका उद्देश्य युद्धविराम को मजबूत करना और तनाव को बढ़ने से रोकना है।।अमेरिका और ईरान बुधवार को दो हफ्ते के लिए एक सशर्त युद्धविराम पर सहमत हो गए। इसके बाद मतभेदों को सुलझाने और मौजूदा युद्धविराम को एक स्थायी शांति में तब्दील करने के लिए इस्लामाबाद में दोनों पक्षों के बीच बैठक होनी है। दोनों पक्षों के प्रतिनिधिमंडल इस्लामाबाद पहुंचने वाले थे। पाक में ईरान के राजदूत रजा अमीरी मोघादम ने तेहरान के प्रतिनिधिमंडल की भागीदारी की पुष्टि की है।
शांति समझौते में लेबनान को भी शामिल करने की मांग
लेबनान पर इसराइल के हमले और होर्मुज पर जारी तनाव के बीच अमेरिका-ईरान में संघर्ष विराम पर शनिवार को वार्ता होनी है। बातचीत में कोई खलल न पड़े इसके लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बेंजामिन नेतन्याहू से बात की। वहीं, रूस ने ईरान से कहा कि शांति समझौते में लेबनान को भी शामिल करे। उधर, ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी सेना की तैनाती ईरान के आस-पास तब तक बनी रहेगी जब तक समझौता पूरी तरह से लागू नहीं हो जाता। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट में कहा, अगर किसी भी वजह से समझौता नहीं होता है, जिसकी संभावना बहुत कम है – तो हमले फिर शुरू होंगे।
फारबिसगंज में पिकअप ड्राइवर के सर को धड़ से अलग किया
जागरण के फारविसगंज (अररिया) में एक पिकअप चालक व सत्तू विक्रेता के बीच किसी बात को लेकर गुरुवार सुबह 09:15 बजे विवाद हो गया। मारपीट के बाद सत्तू विक्रेता ने पिकअप चालक के पेट में चाकू घौंप दिया। उसे जमीन पर पटक छाती पर बैठकर गला रेतने के बाद सिर काटकर धड़ से अलग कर दिया। मृतक के कटे सिर को उसने बीच सड़क पर रख दिया और करीब 10 मिनट तक लोगों को धमकाता रहा। इसके बाद उन्मादी भीड़, जिसमें पिकअप चालक के स्वजन भी बताए जाते हैं, ने सत्तू विक्रेता को पीटकर मार डाला। मृतक जोगबनी थाना क्षेत्र अंतर्गत अमैना वार्ड संख्या 21 निवासी नबी हुसैन (45) था। भीड़ का शिकार रवि चौहान हुआ।
एक सब्ज़ी लाता था, दूसरा सत्तू-अनानास बेचता था
कृषि उत्पादन उत्पादन बाजार समिति में नबी हुसैन पिकअप पर सब्जी ले जाता था। गेट संख्या दो पर फारबिसगंज थाना क्षेत्र की मटियारी पंचायत के चौहान टोला वार्ड संख्या चार का निवासी रवि चौहान (35) ठेला लगाकर सत्तू एवं अनानास बेचता था। पहले रवि, और फिर बाद में नबी ने ठेले के पीछे छिपकर कोई नशा किया। इसके बाद किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। नबी ने रवि को एक घूंसा मारा जिसके बाद रवि ने बटखारा फेंककर नबी को मारा। फिर नबी ने रवि पर हमला किया। इसपर रवि ने अनानास काटने वाला चाकू लेकर नबी के पेट में घौंप दिया। नबी के नीचे गिरते ही रवि उसकी छाती पर चह बैठ गया और चाकू से गला रेतकर नबी के सिर को धड़ से अलग कर दिया। इस दौरान इस जगह से इक्का-दुक्का बाइक गाड़ियां गुजरती रहीं, लेकिन भय से कोई नहीं रुका। घटना के बाद रवि चैहान लगभग 10 मिनट तक वहीं खड़ा रहा। मृतक नबी के कटे सिर को दूसरे स्थान पर रखने के बाद आसपास मौजूद लोगों को चाकू दिखाकर धमकाता भी रहा। जब भीड़ बड़ी तो रवि भाग कर पास की झाड़ी में छिप गया लेकिन लोगों ने उसे यह भरोसा दिलाकर वहां से निकला कि उसके साथ मारपीट नहीं होगी। वहां से निकलते ही भीड़ ने बेरहमी से लाठी-डंडा और लात-घूंसों से पीट कर उसे मार डाला।
कुछ और सुर्खियां:
- बिहार में अब शादी में कमर्शियल गैस सिलेंडर लेने के लिए एसडीओ को देना होगा आवेदन
- बिहार में 15% तक महंगी हो सकती है सरकारी बस की सवारी
- बिहार विधान परिषद की सदस्यता के लिए भोजपुर बक्सर स्थानीय निकाय निर्वाचन क्षेत्र का उपचुनाव 12 मई को
अनछपी: फारबिसगंज में जिस तरह एक ड्राइवर की ठेला दुकानदार ने गला रेतकर हत्या की और उसके कटे हुए सिर का तमाशा बनाया वह सरकार की नहीं बल्कि समाज की नाकामी है। इस हत्या के बाद हत्यारे को भी पीट-पीट कर मार डाला गया। इसका यह मतलब नहीं कि सरकार की कोई ज़िम्मेदारी नहीं लेकिन पहली बात यह देखने की है कि समाज में एक साथ रहने वाले निम्न वर्गीय परिवार के दो लोग कैसे जानी दुश्मन बन गए और मर्डर के लिए इतने भयावह तरीके को अपनाया जो एक व्यक्तिगत हत्या नहीं बल्कि सामूहिक दहशत का डरावना मामला है। बताया जाता है कि दोनों ने ड्रग्स लिया था। सूखे नशे का यही मामला हमारे समाज को घुन की तरह अंदर से खोखला कर रहा और बाहर हमें इसका एहसास नहीं। यह एक ऐसा मुद्दा है जहां सरकार का रोल बेहद अहम हो जाता है। हम पहले पंजाब के बारे ऐसी बातें सुनते थे लेकिन अब उड़ता पंजाब की तरह उड़ता बिहार भी कड़वी सच्चाई बनती जा रही है। समाज के लिए एक और अहम बात यह है कि यह वारदात ऐसी जगह हुई जहां दूसरे लोग मौजूद थे लेकिन किसी ने दोनों के झगड़े को छुड़ाने में दिलचस्पी नहीं ली, या कहिए कि सब कोई इस झगड़े में पड़ने से बचता रहा। इसलिए यह कहा जा सकता है कि अगर उन्हें सही वक्त पर अलग करने की कोशिश की जाती तो दोनों की जान बच सकती थी। सरकार और समाज दोनों को यह सूचना होगा कि ऐसे छोटे-मोटे झगड़ा को रोकने के लिए लोग क्यों आगे नहीं आते और फिर यह मामला जानलेवा बन जाता है।
126 total views
