छपी-अनछपी: बीजेपी एमएलए व एमपी की लड़ाई थाने पहुंची, बोले नीतीश- 2024 में होगी तगड़ी लड़ाई

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। अनुशासित होने का दावा करने वाली भारतीय जनता पार्टी के दो महत्वपूर्ण नेता मिथिलांचल में आपस में ही भिड़ रहे हैं। इसकी दबी दबी सी खबर दी गई है। 2024 के लोकसभा चुनाव के बारे में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि यह तगड़ी होगी और परिणाम देश हित में आएगा। उनके इस बयान को अच्छी जगह मिली है। अमीन बहाली परीक्षा का प्रश्न पत्र लीक और वायरल होने की खबर भी पहले पेज पर है।

जागरण की खबर है: भाजपा सांसद व विधायकों के बीच की लड़ाई थाने पहुंची। दरभंगा के भाजपा विधायकों और मधुबनी सांसद के बीच की लड़ाई अब थाने तक पहुंच गई है। दोनों तरफ से रैयाम थाने में प्राथमिक की दर्ज कराई गई है। पहली प्राथमिकी भाजपा के अलीनगर विधायक मिश्रीलाल यादव ने दर्ज कराई है। इसमें अपनी ही पार्टी के मधुबनी सांसद डॉ. अशोक कुमार यादव, केवटी विधायक डॉ मुरारी मोहन झा पंचाली मठ के महंत राम उदित दास उर्फ मौनी बाबा और भाजपा नेता राजेंद्र चौपाल सहित 32 लोगों को आरोपित किया गया है। विधायक द्वारा 2 अगस्त को दिए गए आवेदन के आधार पर प्राथमिकी नौ को दर्ज हुई। उधर भाजपा नेता राजेंद्र चौपाल ने 10 अगस्त को प्राथमिकी दर्ज कराई है। इसमें अली नगर विधायक मिश्रीलाल यादव और उनके पुत्र धीरज सहित चार अज्ञात लोगों को आरोपित किया गया है।

हत्या की साज़िश का आरोप

हिन्दुस्तान के अनुसार अलीनगर के भाजपा विधायक व केवटी प्रखंड के गोसाई टोला निवासी मिश्रीलाल यादव ने हत्या की साजिश करने का आरोप लगाते हुए अपनी ही पार्टी के सांसद व विधायक समेत 31 नामजद व 60-70 अज्ञात लोगों पर रैयाम थाने में प्राथमिकी दर्ज करवाई है। प्राथमिकी में उन्होंने मधुबनी के भाजपा सांसद डॉ. अशोक कुमार यादव, केवटी के भाजपा विधायक डॉ. मुरारी मोहन झा व पचाढ़ी स्थान के महंत राम उदित दास उर्फ मौनी बाबा सहित अन्य को आरोपित किया है।अलीनगर विधायक की ओर से रैयाम थाने में प्राथमिकी दर्ज कराये जाने के बाद भाजपा के जिला उपाध्यक्ष तथा प्रखंड के वनसारा निवासी राजेंद्र चौपाल ने भी विधायक मिश्रीलाल यादव तथा उनके पुत्र धीरज कुमार सहित अन्य चार-पांच लोगों पर केस दर्ज कराया है। इसमें जातिसूचक शब्द कहकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।

तगड़ी लड़ाई, अच्छा नतीजा होगा: नीतीश

हिन्दुस्तान की सबसे बड़ी खबर है 2024 के लोस चुनाव में तगड़ी लड़ाई होगी: सीएम। जागरण की पहली खबर भी यही है: 2024 का लोकसभा चुनाव परिणाम पक्का, अच्छा और देशहित में होगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि वर्ष 2024 लोकसभा चुनाव का परिणाम देशहित में होगा। “तगड़ी लड़ाई होगी। जो होगा बहुत अच्छा होगा।” वे गुरुवार को नई दिल्ली से लौटने के बाद पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 31 अगस्त और 1 सितंबर को मुम्बई में होने वाली इंडिया की बैठक में बहुत कुछ तय हो जाएगा। “हमारी एकजुटता और ताकत से भाजपा में बेचैनी है। विपक्षी एकता की शुरुआत हमने पटना से कराई थी। विपक्षी दलों की दो मीटिंग के बाद ही वे लोग परेशान हो गये हैं।”

अमीन बहाली का क्वेश्चन पेपर वायरल

भास्कर की सबसे बड़ी खबर है: अमीन बहाली परीक्षा का प्रश्नपत्र वायरल, एयरपोर्ट थाने में केस दर्ज। अमीन बहाली की बुधवार को हुई परीक्षा का प्रश्नपत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पटना के 30 ऑनलाइन केंद्रों पर परीक्षा ली जा रही है। अमीन के 8244 पदों के लिए 4 अगस्त शुरू हुई है। परीक्षा पहले फेज में 17 अगस्त तक ली गई। दूसरे पेज में 26 से 29 अगस्त तक परीक्षा होनी है। इस बीच 4 और 16 अगस्त की परीक्षा विवादों में आ गई। 4 अगस्त की परीक्षा नहीं हो पाई और बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा बोर्ड ने उसे रद्द कर दिया। इधर 16 अगस्त की परीक्षा का प्रश्न पत्र सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अभ्यर्थियों का आरोप है की परीक्षा माफियाओं ने सिस्टम को रिमोट पर लेकर प्रश्नपत्र सॉल्व किया है। इसको लेकर गुरुवार को अभ्यर्थियों के एक दल ने अधिकारियों से मुलाकात कर शिकायत की और वायरल प्रश्नपत्र सौंपा। शिकायत मिलने के बाद जांच का आदेश दिया गया है और एयरपोर्ट थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है।

चांद से 100 किलोमीटर दूर यान

भारत के महत्वाकांक्षी मिशन चंद्रयान-3 ने गुरुवार को बड़ी उपलब्धि हासिल की। इसके लैंडर मॉड्यूल यानी विक्रम लैंडर और प्रणोदन मॉड्यूल सफलतापूर्वक अलग हो गए हैं। शुक्रवार को विक्रम लैंडर चंद्रमा के और नजदीक पहुंच जाएगा। इसके भीतर ही प्रज्ञान रोवर मौजूद है। फिलहाल यह चंद्रमा की सतह से महज सौ किलोमीटर दूर है। इसरो ने गुरुवार को एक्स (ट्विटर) पर पोस्ट कर बताया कि विक्रम लैंडर ने प्रणोदन मॉड्यूल से अलग होते समय उसे एक संदेश भेजा। इसके बाद दोनों सफलतापूर्वक एक-दूसरे से अलग हो गए। अब शुक्रवार करीब चार बजे डीबूस्टिंग प्रक्रिया से गुजरते हुए विक्रम लैंडर के चंद्रमा के और करीब पहुंचने की उम्मीद है।

जब साया साथ छोड़ेगा

जागरण की खबर है: आज दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में होगा शून्य परछाई वाला दिन। अख़बार लिखता है कि ज़ीरो शैडो डे यानी शून्य परछाई वाला एक ऐसा दिन जब सूरज की किरणें सीधी पड़ने के कारण व्यक्ति या वस्तु की छाया कुछ पल के लिए गायब हो जाती है। उस समय सूर्य अक्षांश रेखा के ठीक ऊपर होता है। शुक्रवार को दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में शून्य छाया का दिन होगा। 18 अगस्त यानी शुक्रवार को मंगलौर, चेन्नई, बंटवाल, सकलेशपुर, हासन और बेंगलुरु आदि जगहों पर जीरो शैडो डे रहेगा।

रूस ने गूगल पर जुर्माना लगाया

रूस की एक अदालत ने यूक्रेन में संघर्ष के बारे में कथित रूप से गलत जानकारी हटाने में विफल रहने के लिए गूगल पर गुरुवार को 30 लाख रूबल (32,000 डॉलर) का जुर्माना लगाया। रूसी मीडिया की खबरों के अनुसार, अदालत ने पाया कि गूगल के स्वामित्व वाली यूट्यूब वीडियो सेवा ने संघर्ष के बारे में गलत जानकारी वाले वीडियो को नहीं हटाया है। रूस ने एप्पल पर भी अगस्त में जुर्माना लगाया था।

प्रिवेंटिव हिरासत की अवधि

सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को कहा कि यदि सलाहकार बोर्ड पुष्टि करता है तो किसी व्यक्ति को तीन माह से अधिक समय तक निवारक (प्रिवेंटिव) हिरासत में रखा जा सकता है। हिन्दुस्तान के अनुसार शीर्ष कोर्ट ने संवैधानिक योजना से जुड़े मसले पर यह फैसला दिया। मुख्य न्यायाधीश डी. वाई. चंद्रचूड़ और न्यायमूर्ति जे.बी. पारदीवाला और न्यायमूर्ति मनोज मिश्रा की पीठ ने कहा कि यदि सलाहकार बोर्ड के पास व्यक्ति को निवारक हिरासत में रखने के पर्याप्त कारण हैं तो कानून का वह प्रावधान लागू नहीं होगा जिसमें किसी व्यक्ति को तीन माह से अधिक निवारक हिरासत में नहीं रखा जा सकता।

कुछ और सुर्खियां

  • बिलकीस बानो मामले में गुजरात व केंद्र ने सुप्रीम कोर्ट में कहा: रेयरेस्ट ऑफ रेयर केस नहीं
  • कश्मीर के अलगाववादी नेता यासीन मलिक की बीवी पाकिस्तान की कार्यवाहक सरकार में मंत्री
  • शिक्षा विभाग ने बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के वीसी व प्रो वीसी का वेतन बंद किया
  • बनारस से नरेंद्र मोदी के खिलाफ लड़ने वाले अजय राय को उत्तर प्रदेश कांग्रेस की बागडोर
  • भाजपा ने मध्य प्रदेश में 39 और छत्तीसगढ़ में 21 प्रत्याशियों की घोषणा की
  • चलती ट्रेन में 4 लोगों की हत्या का आरोपी कॉन्स्टेबल चेतन सिंह बर्खास्त

अनछपी: मीडिया में किसी खबर को कैसे बढ़ा चढ़ा कर पेश किया जाता है और कैसे किसी को दबा दिया जाता है इसका ताजा उदाहरण मिथिलांचल में भारतीय जनता पार्टी के नेताओं की आपसी लड़ाई की खबर की कवरेज है। यही खबर अगर अखबारों के दरभंगा संस्करण में देखी जाए तो कुछ बेहतर कवरेज नजर आती है लेकिन पटना आते-आते और दिल्ली पहुंचते-पहुंचते यह इस तरह दब जाती है कि इस पर कोई खास चर्चा नहीं होती। इस तरह हत्या की साजिश का आरोप लगाने वाली एफआईआर अगर दूसरी पार्टी या दूसरे गठबंधन के किसी दल के नेताओं के बीच होती तो अब तक इस पर काफी हंगामा मचा चुका होता। अभी तो इस बात पर भी चर्चा होती है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दिल्ली गए तो उनके साथ तेजस्वी यादव क्यों नहीं गए। लेकिन क्या यह गंभीर चर्चा का विषय नहीं होना चाहिए कि भारतीय जनता पार्टी के एक विधायक ने अपनी ही पार्टी के सांसद और अपने ही विधायक पर ऐसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पिछले विधानसभा और लोकसभा चुनाव में मिथिलांचल में भारतीय जनता पार्टी का काफी अच्छा प्रदर्शन रहा है और यह पार्टी हमेशा अनुशासित मानी जाती रही है। लेकिन ऐसा गंभीर आरोप अगर सच है तो भारतीय जनता पार्टी के लिए चिंता की बात है और अगर यह फर्जी आरोप है तो और अधिक चिंता का विषय हो सकता है। अब यह देखना रोचक होगा कि पुलिस दोनों ओर से दर्ज कराई गई एफआईआर के मामले में कब और कैसी कार्रवाई करती है। पुलिस जांच में शायद यह मालूम हो कि आरोप सच है या नहीं, और अगर आरोप गलत हैं तो इसके पीछे क्या वजह है कि ऐसा गलत आरोप लगाया गया है। जाहिर है ऐसे आपसी झगड़े का भारतीय जनता पार्टी के प्रदर्शन पर असर पड़ेगा और आम लोगों के बीच भी उसकी छवि अच्छी नहीं बनेगी। यह बात भी देखने की होगी कि मीडिया में इस खबर को कितना फॉलो किया जाता है या इसे नजरअंदाज किया जाता है।

 

 537 total views

Share Now

Leave a Reply