बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। ईरान ने कहा है कि उसकी सेना अमेरिका को पीछे हटने और सरेंडर करने पर मजबूर कर देगी। दरभंगा में एक व्यक्ति ने पत्नी और तीन बच्चों की लोहे के पाइप से पीटकर हत्या कर दी। अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित सैन डिएगो की एक मस्जिद में हुई गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गई। हफ्ते में दूसरी बार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाये गए हैं।
पहली ख़बर
हिन्दुस्तान के अनुसार ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई के वरिष्ठ सलाहकार मोहसिन रजाई ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को उनके बार-बार हमले की धमकियों को लेकर चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि ईरान के सशस्त्र बलों की लोहे जैसी मुट्ठी अमेरिका को पीछे हटने और सरेंडर करने पर मजबूर कर देगी। रजाई ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि ट्रंप ने सैन्य हमले के लिए एक समय सीमा तय की और फिर खुद ही उसे रद्द कर दिया! वह व्यर्थ की उम्मीद पाले हुए हैं कि ईरानी राष्ट्र और अधिकारी उनके सामने घुटने टेक देंगे! शक्तिशाली सशस्त्र बलों और महान ईरानी राष्ट्र की लोहे जैसी मुट्ठी उन्हें पीछे हटने और समर्पण करने पर मजबूर कर देगी। इधर ईरानी सेना के प्रवक्ता मोहम्मद अकरमिनिया ने तेहरान में कहा कि यदि दुश्मन फिर कोई गलती करता है और एक बार फिर इसराइल के जाल में फंसकर ईरान पर हमला करता है, तो हम उनके खिलाफ नए मोर्चे खोलेंगे और नए हथियारों तथा तरीकों का इस्तेमाल करेंगे।
हम हमला करने ही वाले थे: ट्रंप
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि वह ईरान पर फिर से हमले शुरू करने का फैसला करने ही वाले थे, लेकिन कतर और यूएई जैसे मध्यस्थों के फोन आने के बाद फैसला टाल दिया। मध्यस्थों ने बताया कि शांति वार्ता में तेहरान समझदारी दिखा रहा है। व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा, हम पूरी तरह तैयार थे… यह अभी हो रहा होता, लेकिन तभी उनका फोन आया। वार्ताकारों ने कहा कि बीते दो दिनों में ईरान से वार्ता में प्रगति हुई है। सऊदी अरब, कतर, संयुक्त अरब अमीरात, कुवैत कुछ हद तक बहरीन और कुछ अन्य देश इसमें शामिल हैं। ट्रंप ने कहा कि वह ईरान को सीमित समय दे रहे हैं।
पत्नी और तीन बच्चों की हत्या
दरभंगा से जागरण की ख़बर है कि एक व्यक्ति ने बेरहमी से पत्नी और तीन बच्चों की लोहे के पाइप से पीटकर हत्या कर दी। इसके बाद अपने सिर पर पाइप मार खुद को जख्मी कर लिया। मंगलवार की सुबह करीब सात बजे पतोर थाना क्षेत्र के चंदनपट्टी में हुई इस वारदात को सुन लोग सकते में आ गए। आरोपित पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के सुंदरौली थाना क्षेत्र के महेशपुर निवासी संदीप दास का डीएमसीएच (दरभंगा मेडिकल कालेज व अस्पताल) में पुलिस अभिरक्षा में उपचार चल रहा है। वारदात का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन घरेलू विवाद बताया जा रहा। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पाइप को जब्त कर लिया है। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच नमूने लिए।
थोक दवा मंडी में आज हड़ताल
हिन्दुस्तान के अनुसार ई-फार्मेसी के खिलाफ ऑल इंडिया आर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स ने बुधवार को देशव्यापी बंद का ऐलान किया है। हालांकि, सभी प्रमुख फार्मेसी श्रृंखलाएं, अस्पताल-आधारित मेडिकल स्टोर और जन औषधि केंद्र खुले रहेंगे। इसके अतिरिक्त कई राज्य स्तरीय फार्मेसी संघ पहले ही हड़ताल से बाहर रहने का निर्णय कर चुके हैं। बिहार सहित पूरे देश में ऑनलाइन दवा की बिक्री के खिलाफ थोक दवा कारोबार बुधवार को बंद रहेगा। इसे खुदरा दवा व्यापारी संघ एवं सेल्स रिप्रजेंटेटिव संघ का भी समर्थन प्राप्त है। इससे राज्य के सभी जिलों में दवा कारोबार प्रभावित रहने के आसार हैं। इससे बिहार में करीब 30 लाख का कारोबार प्रभावित होगा। दवा के थोक कारोबारियों से राज्य सरकार को पांच फीसदी अर्थात करीब 1.5 लाख टैक्स नुकसान होने का अनुमान है।
अमेरिका की मस्जिद में गोलीबारी से तीन लोगों की मौत, दोनों हमलावर भी मारे गए
जागरण के अनुसार अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित सैन डिएगो में सोमवार को गोलीबारी की घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। सैन डिएगो काउंटी की सबसे बड़ी मस्जिद इस्लामिक सेंटर आफ सैन डिएगो में दो किशोर हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। बाद में दोनों संदिग्ध किशोर भी एक वाहन में मृत पाए गए।
पेट्रोल-डीज़ल फिर महंगा
पश्चिम एशिया संकट और कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल के बीच देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार बढ़ोतरी की गयी है. मंगलवार को पेट्रोल-डीजल के दाम 90 पैसे प्रति लीटर बढ़ाये गये. इससे पहले 15 मई को चार साल में पहली बार दोनों ईंधनों के दाम तीन-तीन रुपये प्रति लीटर बढ़ाये गये थे. नयी वृद्धि के बाद देश के 15 राज्यों में पेट्रोल 100 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच गया है, जबकि 17 राज्यों में डीजल 90 रुपये से अधिक बिक रहा है. दिल्ली में पेट्रोल 98.64 रुपये और डीजल 91.58 रुपये प्रति लीटर हो गया है. पटना में पेट्रोल की कीमत 96 पैसे बढ़ कर 108.55 रुपये से 109.51 रुपये प्रति लीटर हो गयी, जबकि डीजल के दाम 95 पैसे बढ़ कर 94.63 रुपये से 95.58 रुपये हो गये. बिहार के दूसरे जिलों में परिवहन दर के कारण मूल्य में अंतर आ सकता है.
ख़तरनाक कुत्तों को मौत का इंजेक्शन दें: सुप्रीम कोर्ट
प्रभात खबर के अनुसार सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को मानव जीवन की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए रेबीज से संक्रमित, लाइलाज बीमारी से ग्रस्त या बेहद खतरनाक आवारा कुत्तों को ‘जान से मारने’ (यूथेनेशिया) की अनुमति दे दी. जस्टिस विक्रम नाथ, जस्टिस संदीप मेहता और जस्टिस एनवी अंजारिया की पीठ ने कहा कि जहां आवारा कुत्तों की संख्या चिंताजनक स्तर तक पहुंच गई हो और लगातार हमलों से जनसुरक्षा खतरे हो, वहां स्थानीय निकाय विशेषज्ञों की सलाह के बाद ऐसा निर्णय ले सकते हैं.
देश में आने वाला है आर्थिक तूफान: राहुल
हिन्दुस्तान के अनुसार दो दिवसीय दौरे पर उत्तर प्रदेश के रायबरेली आए नेता प्रतिपक्ष व सांसद राहुल गांधी ने खीरों में आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि देश में आर्थिक तूफान आने वाला है। दुख इस बात का है कि इसका नुकसान यूपी के साथ देश की गरीब जनता, किसान, छोटे व्यापारियों व युवाओं को उठाना पड़ेगा। राहुल ने केंद्र की भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि 12 साल की सरकार में सिर्फ नफरत व लोगों का ध्यान भटकाने की राजनीति की गई है। उन्होंने ईरान व अमेरिका युद्ध को लेकर भी भाजपा पर हमला बोला। साथ ही सरकार पर एक्शन न लेने का आरोप लगाया। राहुल ने यहां बछरावां विकास खंड के ठकुराईन खेड़ा में बारात घर का लोकार्पण किया। राहुल ने कहा कि यूपी की जनता के साथ ही देश की जनता को आर्थिक शॉक लगने वाला है। सरकार ने किसानों, मजदूरों, छोटे व्यापारियों का पैसा अपने दोस्तों को दे दिया है।
कुछ और सुर्खियां:
- रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भारत में 12-13 सितंबर को आयोजित ब्रिक्स समिट में हिस्सा लेंगे
- ईशान किशन 3 साल बाद भारतीय क्रिकेट टीम में शामिल, अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट और वनडे में खेलेंगे
- बिहार में आज आंधी बारिश का अलर्ट
अनछपी: यह बात तो सबको मालूम है कि भारत में घात प्रतिघात की राजनीति अपने चरण की ओर जा रही है और नेता चुनाव में कब क्या बोलेंगे इसका पता लगाना मुश्किल है। यह बात भी याद रखने की है कि नेता बदले हुए हालात में जो बात कहते हैं दरअसल इसका मतलब वह नहीं होता है जो आम जनता समझती है। अगर सरकार बदल जाए तो नेताओं के बोल भी उसी हिसाब से बदलते हैं। हम यह बात पश्चिम बंगाल में हुए हाल के विधानसभा चुनाव और धांधली के आरोपों के बीच भारतीय जनता पार्टी की जीत के संदर्भ में कह रहे हैं। आपको याद होगा कि पश्चिम बंगाल के फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में उत्तर प्रदेश के एक आईपीएस अधिकारी की हरकतों की वजह से काफी हंगामा हुआ था। इस सीट से तृणमूल कांग्रेस के जहांगीर खान उम्मीदवार थे और उनकी कथित दबंगई की चर्चा पूरे देश में हुई थी। फिर चुनाव आयोग ने यहां होने वाले मतदान की तारीख बढ़ा दी। उस समय भी चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगे थे। मतदान की तारीख बढ़ाकर यहां 21 मई की गई थी लेकिन इससे ठीक दो दिन पहले तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार जहांगीर खान ने खुद को चुनाव से अलग करने की घोषणा की। उन्होंने इसकी जो वजह बताई उसपर कोई विश्वास नहीं कर सकता। उन्होंने कहा, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी द्वारा क्षेत्र के विकास के लिए विशेष पैकेज देने संबंधी वादे के कारण उन्होंने यह निर्णय लिया। खान ने कहा, “मैं फाल्टा का बेटा हूं और मैं चाहता हूं कि यह क्षेत्र शांतिपूर्ण तथा विकसित हो।” राजनीति की थोड़ी भी समझ रखने वाला आदमी यह कह सकता है कि जहांगीर खान और नई सरकार चलाने वाली भारतीय जनता पार्टी के बीच कोई ऐसी बात हुई है जो सामने नहीं लाई गई है। ऐसा लगता है कि जहांगीर खान पर सरकार की तरफ से भारी दबाव था और इससे बचने के लिए उन्होंने समझौते के तौर पर चुनावी मैदान से अपना नाम वापस ले लिया है क्योंकि उनकी पार्टी ने कहा है कि यह फैसला उनका है, तृणमूल कांग्रेस का नहीं। चुनावी हेराफेरी और जोड़-तोड़ के बीच भारतीय जनता पार्टी का नाम इसलिए भी जाना जाता है कि वह मुकाबले में रहने वाले उम्मीदवारों को कई जगह से हटा चुकी है। अब मैदान में कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि इस सियासी खेल में रिजल्ट किस की तरफ जाता है।
32 total views