छ्पी-अनछपी: बिहार में 64559 पद खाली- भर्ती जल्द, बोकारो में आठ हार्डकोर नक्सली ढेर

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। बिहार सरकार ने घोषणा की है कि 64559 पद खाली चल रहे हैं और इन पर बहाली की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। बोकारो में एक करोड़ के इनामी के साथ कल 8 नक्सली मारे गए हैं। मुर्शिदाबाद हिंसा में केंद्र को बंगाल में कार्रवाई के निर्देश की मांग पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि हम पर तो पहले ही दखलंदाजी के आरोप लग रहे हैं। ईसाइयों के सबसे बड़े धर्मगुरु को फ्रांसिस नहीं रहे। बिहार से सबसे ज्यादा हज पर जाने वाले यात्री पटना के, लखीसराय का कोई नहीं।

और, जानिएगा कि पटना में सोना लखटकिया होने से कितने कदम दूर है।

पहली ख़बर

हिन्दुस्तान के अनुसार बिहार सरकार के विभिन्न विभागों में खाली पड़े पदों को भरने की कार्रवाई जल्द ही शुरू होने जा रही है। 10 विभिन्न विभागों में खाली पड़े 64 हजार 559 पदों को भरा जाएगा। इन खाली पदों में से 14 हजार 968 पदों पर बहाली के लिए संबंधित दस विभागों की ओर से अधियाचना आयोग को भेजी जा चुकी है। मुख्य सचिव अमृतलाल मीणा ने शेष 49 हजार 591 पदों को जल्द भरने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिया है। सोमवार को मुख्य सचिवालय के सभागार में मुख्य सचिव ने संबंधित विभागों के नोडल अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और कहा कि खाली पदों को भरने की कार्रवाई तेजी से पूरी की जाए।

बोकारो में आठ नक्सली मारे गए

भास्कर के अनुसार बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड के लुगू पहाड़ व चोरगांवा से सटे जंगल में सोमवार की सुबह पुलिस और सीआरपीएफ के ज्वाइंट ऑपरेशन में तीन इनामी सहित आठ नक्सली मारे गए। मुठभेड़ सुबह 5:30 बजे शुरू हुई और 2 घंटे तक चली। झारखंड पुलिस और सीआरपीएफ को सूचना मिली थी कि भाकपा माओवादी संगठन के टॉप लीडर इलाके में है और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने कि साजिश रच रहे हैं। सुरक्षा बलों द्वारा मारे गए नक्सलियों में एक करोड रुपए का इनामी धनबाद का प्रयाग मांझी उर्फ विवेक, 10 लाख रुपए का इनामी गिरिडीह का साहबराम मांझी और जमुई का अरविंद यादव शामिल है। अरविंद पर बिहार सरकार ने 5 लाख इनाम घोषित कर रखा है।

हम पर तो पहले ही दखलंदाजी के आरोप: सुप्रीम कोर्ट

जागरण के अनुसार सुप्रीम कोर्ट ने मुर्शिदाबाद समेत बंगाल में वक़्फ़ कानून के विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा की जांच करने और अनुच्छेद 355 के तहत कार्रवाई के लिए केंद्र को निर्देश की मांग वाली अर्जी पर मंगलवार को सुनवाई के अनुरोध पर कहा कि आप मांग कर रहे हैं कि केंद्र कोर्ट को निर्देश जारी करें, हमारे ऊपर तो पहले ही संसद और कार्यपालिका के कार्यों में दखल देने के आरोप लग रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट की इस टिप्पणी को कोर्ट के हाल में आए फ़ैसलों की हो रही आलोचना से जोड़कर देखा जा रहा है। बाद में कोर्ट में अनुरोध स्वीकार करते हुए बंगाल हिंसा पर अर्जी को मंगलवार को पहले से लंबित मुख्य मामले के साथ सुनवाई पर लगाने का आदेश दे दिया।

पोप फ्रांसिस नहीं रहे

प्रभात खबर के अनुसार कैथोलिक ईसाई धर्म ग्रुप को फ्रांसिस नहीं रहे। वेटिकन के कासा सांता मार्टा स्थित अपने निवास पर सोमवार की सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। कार्डिनल केविन फॉरेल ने उनके निधन की जानकारी दी। उन्होंने कहा, पोप फ्रांसिस 7:35 बजे प्रभु यीशु के घर लौट गए। वे लंबे समय से बीमार थे। उन्हें 14 फरवरी को रूम के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके दोनों फेफड़ों में निमोनिया था। पोप फ्रांसिस ईस्टर के अवसर पर लंबे समय के बाद लोगों के सामने आए थे। वह रोमन कैथोलिक चर्च के पहले लैटिन अमेरिकी पोप थे। अर्जेंटीना में जॉर्ज मारियो बगोंगग्लियो के रूप में जन्मे को फ्रांसिस 1969 में कैथोलिक पादरी बने थे। 28 फरवरी 2013 को पोप बेनेडिक्ट 16 के इस्तीफ़े के बाद उसी साल 13 मार्च को उन्हें 266वां पोप चुना गया था। यहीं से वह पोप फ्रांसिस के नाम से जाने गए।

बिहार से सबसे ज्यादा हज यात्री पटना के

जागरण के अनुसार हज यात्रा 2025 शुरू होने में अब 2 सप्ताह का समय शेष रह गया है। इस बार बिहार से हज यात्रा पर जाने वालों की संख्या काफी कम है। इस बात को लेकर बिहार राज्य हज कमेटी चिंतित हैं। हर बार बिहार को मिलने वाला हज कोटा खाली रह जा रहा है। किस बार भी कोटा से 50% कम लोग ही हज के लिए जा रहे हैं। पटना से सबसे ज्यादा 272 यात्री हज के लिए जाएंगे। लखीसराय जिले से एक भी हज यात्री नहीं है। कटिहार से 163, पूर्णिया से 160, किशनगंज से 157 और दरभंगा से 127 लोग हज पर जा रहे हैं। अरवल से केवल चार लोग हज पर जा रहे हैं।

पटना में सोना हुआ लखटकिया

हिन्दुस्तान के अनुसार पटना में सोना अपने सर्वकालिक मूल्य पर बिक रहा है। सोमवार को 24 कैरेट सोना का मूल्य एक लाख तेरह रुपये प्रति दस ग्राम रहा। वैश्विक मांग के कारण सोमवार को सोने की कीमत में 515 रुपये की बढ़ोतरी हुई। इसके बाद इसकी कीमत बढ़कर एक लाख तेरह रुपये प्रति दस ग्राम हो गई। पाटलिपुत्र सर्राफा संघ के मूल्य निर्धारण कमेटी के मोहित गोयल ने बताया कि बाजार में 24 कैरेट सोने का मूल्य जारी होने के बाद उसपर 3% जीएसटी जोड़ा जाता है। इसके बाद ही ग्राहकों के लिए खरीदारी मूल्य तय होता है। सोमवार को प्रति दस ग्राम 24 कैरेट सोना का मूल्य 97,100 रुपये रहा। इसमें तीन प्रतिशत जीएसटी 2,913 रुपये जोड़कर ग्राहकों के लिए सोना खरीदारी मूल्य जारी किया गया।

खनन विभाग में 31 करोड़ के जुर्माना को 33 लाख करने का खेल

गया जिले के चार बालू घाट संवेदकों से दो साल पुराने मामले में 30.69 करोड़ रुपये जुर्माना की वसूली होगी। साथ ही जुर्माना राशि को 33 लाख तक घटा देने वाली आरोपित तथा निलंबित जिला खनन पदाधिकारी निधि भारती के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही होगी। सोमवार को खान एवं भूतत्व विभाग के मंत्री व उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने विभागीय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी। मंत्री ने बताया कि गया की तत्कालीन खनिज विकास पदाधिकारी निधि भारती ने उस वर्ष मानसून के बाद अधिरोपित जुर्माना की राशि को आश्चर्यजनक रूप से संशोधित कर बेहद कम मात्र 33 लाख कर दिया।

कुछ और सुर्खियां:

  • बगहा के मूल निवासी कर्नाटक के पूर्व डीजीपी ओमप्रकाश की हत्या में पत्नी और बेटी गिरफ्तार
  • राजद प्रमुख लालू प्रसाद एम्स में इलाज करने के बाद दिल्ली में बड़ी बेटी मीसा भारती के आवास पर लौटे
  • पटना के जीरो माइल पर यात्रियों से भरी बेतिया जा रही बस पर अपराधियों ने फायरिंग की, ड्राइवर दुष्यंत मिश्रा की मौत
  • बिहार में अगले तीन दिनों में 12 4 से 6 डिग्री तक ऊपर चढ़ेगा

अनछपी: बिहार में शराबबंदी है और हम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तमाम आलोचनाओं के बावजूद इस कॉलम में उनकी इस नीति के लिए प्रशंसा करते रहे हैं। फिर भी शराब बारे में कभी-कभी ऐसी खबर आती है जिससे आदमी सिहर जाता है। आज सीवान जिले के आंदर थाना क्षेत्र के भंवराजपुर गांव में एक बेटे द्वारा नशे में धुत होकर अपने बाप को पीट-पीट कर मार डालने की खबर ऐसी ही है। यह खबर इसलिए भी ज्यादा दुखदाई है कि जिस मुस्लिम समाज में शराब को शुरू से ही बुरा माना गया है उसी के एक परिवार में यह घटना हुई है। खबरों के अनुसार 72 साल के हदीस अंसारी ने अपने बेटे किताबुद्दीन अंसारी को बाइक की चाबी इसलिए नहीं दी क्योंकि उन्हें लगा कि वह नशे में है और अगर वह इस हालत में गाड़ी चलाता है तो हादसा हो सकता है। लेकिन नशेड़ी बेटे ने बाप की बात मानने के बदले उन्हें ही लाठी और लत से मार कर उनकी जान ले ली। पुलिस ने हत्यारे बेटे किताबुद्दीन अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है। सरकार और पुलिस पर पहले भी यह आरोप लगता रहा है कि शराबबंदी के बावजूद तस्कर हर जगह शराब पहुंचा रहे हैं। इस घटना ने एक बार फिर इस बात की जरूरत बताई है कि शराबबंदी केवल सरकार के कानून से लागू नहीं हो सकती बल्कि इसके लिए समाज को भी जागरूक होना पड़ेगा। यह सवाल तो पूछा जाना चाहिए ही कि आखिर उस हत्यारे को शराब कहां से मिली लेकिन यह बात भी गौर करने की है कि आखिर घर में शराब पीने की इजाजत कैसे दी जाती रही। यह बात भी अहम है कि जिस समाज में शराब को इतना बुरा माना जाता है उसमें भी शराब पीने की लत कैसे पड़ रही है। शराब से ही जुड़ी हुई एक दूसरी खबर सासाराम से आई है जहां बाराती नशे की हालत में शादी के लिए पहुंचे तो लड़की के बाप ने दरवाजे से ही बारात लौटा दी। इसके बाद शराबी दूल्हा को उसके शराबी दोस्तों के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। यह एक बेहद अच्छी खबर है और इससे समाज में अच्छा संदेश जाएगा।

 878 total views

Share Now