छ्पी-अनछपी: विधान परिषद डेटा चोरी में 9 नामजद, प्लाटिंग कर ज़मीन बेचने के लिए रेरा की मंजूरी ज़रूरी

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। बिहार विधान परिषद से डाटा चोरी के मामले में नौ कर्मचारियों को नामजद किया गया है। रेरा की मंजूरी के बिना जमीन की प्लॉटिंग कर बेचने पर मुकदमा होगा। महाराष्ट्र के शहर ठाणे में चलती ट्रेन से गिरने से चार यात्रियों की जान चली गई।

और, जानिएगा कि पिछले 6 वर्षों में केबल टीवी कनेक्शन की संख्या में 4 करोड़ की कमी आई।

पहली खबर

हिन्दुस्तान के अनुसार बिहार विधान परिषद की गोपनीय (नीति विषयक) शाखा के कंप्यूटर से महत्वपूर्ण डाटा की चोरी कर उसे मिटाने के मामले में आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने सोमवार को प्राथमिकी दर्ज कर ली है। इस मामले में शाखा के अवर सचिव सहित कुल नौ लोगों को आरोपित बनाया है। बीएनएस एवं आईटी एक्ट की धारा में आरोपितों पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। यह प्राथमिकी विधान परिषद के उप सचिव संजय कुमार के आवेदन के आधार पर दर्ज की गयी है। ईओयू ने डीएसपी स्तर के एक पदाधिकारी को मामले की जांच की जिम्मेदारी सौंपी है। इस मामले में विधान परिषद ने छह जून को ईओयू के एडीजी को पत्र लिख कंप्यूटर शाखा से डाटा चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। विधान परिषद के पत्र में लिखा गया है कि छह जून की दोपहर प्रतिवेदक रवि शेखर ने विधान परिषद के विस्तारित भवन की गोपनीय शाखा (कमरा संख्या 24) के कंप्यूटर को खोला। खोलने पर पता चला कि कंप्यूटर के सारे महत्वपूर्ण और गोपनीय डाटा को चोरी कर मिटा दिया गया है। यह कार्य किसी व्यक्ति के द्वारा अनाधिकृत, अवैध रूप से कमरे में घुसकर कंप्यूटर को एक्सेस कर बेईमानी एवं गलत मंशा से किया गया है।

रेरा की मंजूरी के बिना ज़मीन की प्लॉटिंग कर बेची तो मुकदमा होगा

प्रभात खबर के अनुसार अब जमीन या फ्लैट खरीदने वालों के लिए सुरक्षित निवेश आसान होगा। रेरा ने यह व्यवस्था दी है कि उसके निबंधित प्रोजेक्ट में ही फ्लैट, दुकान या प्लॉट की बिक्री की अनुमति होगी। एजेंट द्वारा खुद प्लॉट बनाकर जमीन की खरीद बिक्री करने पर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज होगा। रेरा ने इसके लिए आप सभी निबंध रियल एस्टेट एजेंट को भी क्यूआर कोड प्रदान कर दिया है। इस नई व्यवस्था को सोमवार से लागू कर दिया गया। अब सभी निबंधित एजेंट को अपने कार्यालय में अपने निबंधन प्रमाण पत्र के साथ-साथ इस कर कोड को भी प्रदर्शित करना होगा। इसके साथ-साथ अगर वह प्रचार प्रसार करते हैं तो उन्हें अपनी निबंधन संख्या के साथ इस क्यूआर कोड को भी प्रदर्शित करना होगा।

ठाणे में चलती ट्रेन से गिर चार यात्रियों की मौत

हिन्दुस्तान के अनुसार ठाणे में सोमवार सुबह भीड़ भरी चलती ट्रेन से गिरकर चार यात्रियों की मौत हो गई। हादसे में कम से कम नौ यात्री घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि घटना दिवा और कोपर रेलवे स्टेशनों के बीच उस वक्त हुई जब यात्रियों से भरी ट्रेन कसारा जा रही थी। रेलवे अधिकारियों ने मृतकों की संख्या की पुष्टि किए बिना बताया कि घटना संभवतः भीड़भाड़ वाली दो ट्रेन के पायदान से लटके यात्रियों और उनके बैग के टकराने के कारण हुई। दोनों ट्रेन विपरीत दिशाओं से गुजर रही थीं। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने आश्वासन दिया कि पीड़ितों और उनके परिवारों की हरसंभव सहायता की जाएगी।

लॉस एंजेलिस में नहीं रुक रही हिंसा

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आदेश पर लॉस एंजिलिस में ‘नेशनल गार्ड’ के जवानों की असाधारण तैनाती को लेकर रविवार को तनाव और बढ़ गया। हजारों प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतर आए, उन्होंने एक प्रमुख राजमार्ग पर जाम लगा दिया और गाड़ियों में आगजनी की। स्थानीय कानून प्रवर्तन अधिकारियों ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे और रबर की गोलियां चलाईं। इस दौरान पुलिसकर्मियों को घोड़ों पर सवार होकर सड़कों पर गश्त करते देखा गया और शील्ड पहने कुछ पुलिसकर्मी संघीय केंद्रों की सुरक्षा के लिए तैनात सैन्य जवानों के पीछे खड़े देखे गए। सैन्य जवानों को उस हिरासत केंद्र की सुरक्षा में भी तैनात किया गया है जहां हाल के दिनों में कुछ अप्रवासियों को ले जाया गया था।

हनीमून के दौरान पति की हत्या में पत्नी गिरफ्तार

भास्कर के अनुसार मेघालय की बहुचर्चित हनीमून मिस्ट्री से 18वें दिन पर्दा उठ गया। शिलॉन्ग में 2 जून को मृत मिले इंदौर के कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या उसकी पत्नी सोनम ने अपने प्रेमी राज कुशवाहा को सुपारी देकर कराई थी। हत्या के बाद से सोनम लापता थी। मेघालय पुलिस को 5 दिन का ट्रांजिट रिमांड मिला है। सोमवार की रात सोनम को लेकर मेघालय पुलिस पटना के लिए रवाना हो गई है। पटना से फ्लाइट से मंगलवार को लेकर उसे गुवाहाटी जाएगी। रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब 1:00 बजे वह शिलॉन्ग से 1162 किलोमीटर दूर उत्तर प्रदेश के वाराणसी गाजीपुर हाईवे पर स्थित काशी ढाबे पर पहुंची। उसने ढाबे के मालिक साहिल यादव के फोन से भाई गोविंद को कॉल कर सूचना दी। गोविंद शिलॉन्ग में था। उन्होंने तुरंत इंदौर पुलिस को सूचना दी। इंदौर पुलिस ने गाज़ीपुर पुलिस को काशी ढाबे पर भेजा। मेघालय पुलिस ने गाजीपुर पहुंचकर सोनम को हिरासत में ले लिया।

छह वर्षों में चार करोड़ केबल कनेक्शन की कमी

जागरण की खबर है की ओट की बढ़ती लोकप्रियता के बीच केबल टीवी कनेक्शन की संख्या में खासी कमी आई है। वर्ष 2018 में इस तरह के कनेक्शन की संख्या 15.10 करोड़ थी जो 4 करोड़ घटकर 2024 में 11.10 करोड़ रह गई। घटते केबल कनेक्शन की संख्या का सबसे बड़ा दुष्प्रभाव इस काम में लगे कर्मचारियों की संख्या पर पड़ा है और स्थानीय केवल ऑपरेटरों के यहां काम करने वाले लोगों की संख्या में 1.5 लाख से 1.95 लाख तक की कमी आई है। उद्योग निकाय ऑल इंडिया डिजिटल केबल फेडरेशन और ईवाई इंडिया की एक संयुक्त रिपोर्ट के अनुसार 2018 से एलसीओ द्वारा सृजित रोजगार में 31% की गिरावट आई है।

कुछ और सुर्खियां:

  • पटना सिटी में घर के दरवाजे पर मां बेटी की गोली मारकर हत्या, पिता जख्मी
  • वैशाली जिले के लालगंज प्रखंड की बीडीओ नीलम कुमारी पीएम आवास योजना में बीस हज़ार घूस लेते गिरफ्तार
  • इसराइल की सेना ने ग़ज़ा में मानवीय सहायता पहुंचाने जा रहे जहाज को जब्त किया, सामाजिक कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग गिरफ्तार
  • छत्तीसगढ़ के सुकमा में नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी विस्फोट में एडिशनल पुलिस सुपरिटेंडेंट की मौत
  • आरएसएस के सरसंघचालक मोहन भागवत 2 दिन के बिहार यात्रा पर आज पहुंचेंगे पटना
  • बिहार के B.Ed. कॉलेज में दाखिले के लिए हुई प्रवेश परीक्षा का रिजल्ट जारी
  • 14 जून को जारी हो सकता है नीट यूजी का रिजल्ट

अनछपी: बिहार में सड़क दुर्घटना तब तक बड़ी खबर नहीं बनती जब तक कि बहुत ज्यादा लोगों की मौत ना हुई हो। वैसे तो सरकार का दावा है कि शराबबंदी के बाद सड़क दुर्घटनाओं में कमी आई है लेकिन ओवरलोडिंग, ट्रेनिंग की कमी, बिना लाइसेंस की ड्राइविंग और दूसरी वजहों से सड़क दुर्घटना में मौत होती रहती है। कुछ समय पहले पटना में एक ऑटो के पलटने से सात लोगों की मौत हो गई तो पुलिस सक्रिय हुई और ओवरलोडिंग बंद करने के नाम पर ऑटो का किराया भी बढ़ाया गया। ऑटो का किराया तो बढ़ गया लेकिन ओवरलोडिंग फिर से चालू हो गई। ओवरलोडिंग के अलावा एक बड़ी समस्या यह भी है की सवारी गाड़ी पर माल की ढुलाई होती है। पुलिस या तो इसे नजअंदाज करती है या पैसे लेकर छोड़ देती है लेकिन जमुई के पास की एक घटना हमें यह बताती है कि सवारी गाड़ी पर माल ढोना कितना खतरनाक हो सकता है। ऑटो रिक्शा पर सरिया यानी छड़ लदा था जिससे बाइक सवार की टक्कर हो गई और सरिया चेहरे में घुस गया। इस दुर्घटना में घायल बाइक सवार की मौत हो गई जबकि दो लोगों का इलाज चल रहा है। सवाल यह है कि ऑटो रिक्शा पर इस तरह छड़ लाद कर चलने की इजाजत कैसे दी गई? पुलिस दुर्घटना के बाद गाड़ियों को तो जब्त कर लेती है लेकिन दुर्घटना से पहले लापरवाह बनी रहती है। ऑटो रिक्शा के साथ-साथ जुगाड़ गाड़ी या झरझरिया पर भी इसी तरह का खतरनाक सामान ढोया जाता है जो किसी बड़ी दुर्घटना का कारण आसानी से बन सकता है। इस मामले में ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह नाकाम है। इसलिए ट्रैफिक व्यवस्था को चुस्त करना जरूरी है ताकि सवारी गाड़ी पर सामान ढोने का काम बंद हो। इसके साथ-साथ गाड़ी मालिक और ड्राइवर की भी इस बात के लिए ट्रेनिंग होनी चाहिए कि वह इस तरह का सामान नहीं ढोएं। सड़क दुर्घटनाओं के प्रति समाज को भी सचेत होना होगा और सरकार को भी इसमें ज्यादा सख्ती से काम लेना होगा ।

 728 total views

Share Now