छपी-अनछपी: 25 ज़िलों में कोल्ड डे, ट्रंप बोले- तो…ईरान को कुचल देंगे

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। मौसम विभाग ने बिहार के 25 जिलों में बुधवार के लिए कोल्ड डे और घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान ने परमाणु कार्यक्रम फिर शुरू किया, तो कुचल देंगे। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा ज़िया का इंतकाल हो गया है।

और जानिएगा कि कैसे शंघाई में बैठे सर्जन ने मुंबई के दो मरीज़ों का ऑपरेशन किया।

पहली ख़बर

जागरण के अनुसार बिहार में घने कोहरे के बीच सर्द हवा से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। लोगों को पांच जनवरी तक राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग ने 25 जिलों में बुधवार के लिए कोल्ड डे और घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। राज्य के अधिकतर जिलों में कोल्ड डे जैसी स्थिति को लेकर आरेंज अलर्ट और घने कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। आगामी पांच दिनों के दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव के आसार नहीं है। हालांकि मंगलवार को पटना समेत 14 जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। वहीं गयाजी, औरंगाबाद, नालंदा में भीषण कोल्ड डे और डेहरी में कोल्ड डे की स्थिति बनी रही। राज्य में 7.7 डिग्री सेल्सियस के साथ राजगीर सबसे ठंडा रहा वहीं 19 डिग्री अधिकतम तापमान के साथ सबसे गम भी रहा।

ट्रंप बोले- तो… ईरान को कुचल देंगे

प्रभात खबर के अनुसार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इस्राइली पीएम बिन्यामिन नेतन्याहू के बीच फ्लोरिडा में ग़ज़ा शांति योजना को लेकर मुलाकात हुई. यह मुलाकात ट्रंप के निजी आवास मार ए लागो में हुई, जहां दोनों नेताओं ने दोपहर का भोजन किया. बैठक में दोनों नेताओं की वेस्ट बैंक में जारी हिंसा को लकर व्यापक बातचीत हुई. साथ ही हमास के निरस्त्रीकरण और ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर भी चर्चा हुई. ट्रंप ने ईरान को उसके परमाणु कार्यक्रम को फिर से शुरू करने के खिलाफ कड़ी चेतावनी दी. ट्रंप ने मीडिया से बात करते हुए दो टूक कहा कि ईरान ने परमाणु कार्यक्रम फिर शुरू किया, तो कुचल देंगे.

खालिदा जिया का इंतक़ाल

हिन्दुस्तान के अनुसार बांग्लादेश की पहली महिला पीएम खालिदा जिया का मंगलवार तड़के बीमारी के चलते निधन हो गया। उन्होंनेे 1980 के दशक में सैन्य तानाशाह जनरल इरशाद के खिलाफ आंदोलन चलाया था। अभिवाजित भारत में 1945 में जलपाईगुड़ी में जिया का जन्म हुआ था। बांग्लादेश में तीन दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की गई है। बांग्लादेश को आजादी मिलने के बाद सियासी उथल-पुथल, सैन्य तानाशाही के बीच खालिदा जिया ने राजनीति में कदम रख देश को लोकतांत्रिक शासन दिया और विकास के लिए बड़े कदम उठाए। सन 1971 में जब बांग्लादेश मुक्ति आंदोलन शुरू हुआ तो खालिदा घर संभाल रही थीं। उस दौरान पाक सेना में मेजर उनके पति जियाउर रहमान ने पाक के खिलाफ विद्रोह कर 27 मार्च 1971 को बांग्लादेश की स्वतंत्रता की घोषणा की। नौ महीन चले संघर्ष के बाद 16 दिसंबर 1971 को बांग्लादेश का जन्म हुआ। 21 अप्रैल 1977 को रहमान ने राष्ट्रपति पद संभाला और सितंबर 1978 में बीएनपी की नींव रखी। 30 मई 1981 में फिर सैन्य तख्तापलट हुआ और रहमान की हत्या कर दी गई। 3 जनवरी 1982 को खालिदा पार्टी की प्राथमिक सदस्य बनीं।

प्रियंका गांधी के बेटे की सगाई

जागरण के अनुसार कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और कारोबारी राबर्ट वाड्रा के बेटे रेहान वाड्रा ने अपनी प्रेमिका अवीवा बेग के साथ एक निजी समारोह में सगाई कर ली है। रेहान और अवीवा बचपन के दोस्त हैं। हाल ही में रेहान ने अवीवा को प्रपोज किया था। इस समय यह जोड़ा परिवार और दोस्तों के साथ राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले के रणथंभौर में है। प्रियंका गांधी अपने भाई राहुल गांधी, पति राबर्ट वाड्रा और परिवार के सदस्यों के साथ मंगलवार को रणथंभौर पहुंची हैं। चर्चा है कि वे नए साल पर रणथंभौर प्रवास के दौरान नए साल का स्वागत करेंगे। रेहान की अवीवा के साथ रिंग सेरेमनी का भी कार्यक्रम है।

सर्जन शंघाई में, मरीज़ मुंबई में- हो गई रोबोटिक सर्जरी

जागरण लिखता है कि यह विज्ञान का एक और चमत्कार है। चीन के शंघाई शहर से एक सर्जन ने मुंबई के एक निजी अस्पताल में भर्ती दो मरीजों का पांच हजार किलोमीटर की दूरी पर बैठे बैठे आपरेशन कर दिया। अस्पताल ने दावा किया कि यह भारत में पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर की गई रिमोट रोबोटिक सर्जरी थी। मुंबई के अंधेरी इलाके में स्थित कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी  अस्पताल में भर्ती मरीजों पर टूमाई रिमोट रोबोटिक सर्जरी सिस्टम का उपयोग करके रेडिकल प्रोस्टेटेक्टामी और पार्शियल नेफ्रेक्टामी की सर्जरी की गई। टूमाई एक अत्याधुनिक रिमोट रोबोटिक सर्जरी सिस्टम है, जिसके जरिये डाक्टर हजारों किलोमीटर दूर से भी जटिल आपरेशन कर सकते हैं। इसमें 3डी, एचडी विजुअलाइजेशन और 5 जी/ब्राडबैंड जैसी तकनीकों का उपयोग होता है, जिससे सर्जरी में लगने वाला समय कम होता है और मरीजों को जल्द ठीक होने में मदद मिलती है। यह आपरेशन अत्याधुनिक डाटा संचरण तकनीक पर आधारित था, जिसमें मात्र 132 मिली सेकंड का विलंब हुआ। अस्पताल के अनुसार, तात्कालिक कनेक्शन ने उपकरणों की निर्बाध आवाजाही और सटीक आपरेशन को संभव बनाया, जिससे यह सुनिश्चित हुआ कि शल्यक्रियाएं पारंपरिक प्रक्रियाओं जितनी ही सुरक्षित और विश्वसनीय थीं। इन प्रक्रियाओं का नेतृत्व शंघाई में बैठकर डा. टीबी युवराज ने किया, जिनके पास 4,100 से अधिक रोबोटिक सर्जरी का अनुभव है। वह कोकिलाबेन अस्पताल में यूरो-आन्कोलाजी और रोबोटिक सर्जरी के निदेशक हैं।

कुछ और सुर्खियां:

  • उत्तराखंड के अल्मोड़ा में अचानक स्टीयरिंग फेल होने से 100 फीट गहरी खाई में गिरी बस, 7 लोगों की मौत
  • बिजली के स्मार्ट मीटर घोटाला मामले में सस्पेंड किए गए आईएएस अधिकारी संजीव हंस का निलंबन खत्म, रिवेन्यू बोर्ड में हुई पोस्टिंग
  • बिहार में ड्राइवर सिपाही के 4361 पदों के लिए हुई परीक्षा में 15516 शारीरिक परीक्षा के लिए चुने गए
  • रोहतास में रोपवे गिरने के मामले में ठेकेदार ब्लैकलिस्टेड, दो इंजीनियर सस्पेंड
  • ईरान में महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन, कई विश्वविद्यालय तक फैला आंदोलन

अनछपी: राजनीति की बहुत सी परिभाषाएं हो सकती हैं लेकिन इस वक्त भारत में जो राजनीति चल रही है उसे हम बयानों की जंग के तौर पर देख सकते हैं। हिंदी में इसके लिए बयान वीर शब्द का भी इस्तेमाल होता है। तो बयान वीरता के ताज़ा दौर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आमने-सामने हैं। आपने सरहद पर तनाव और चुनाव के बारे में एक शेर सुना होगा। इस मामले में फिलहाल कोई बड़ा तनाव तो नहीं लेकिन बात सरहद की ही है और चुनाव से जुड़ी हुई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बिहार के बाद पश्चिम बंगाल में भी लगातार यह आरोप लगा रहे हैं कि वहां बड़ी संख्या में घुसपैठिए हैं और इसके लिए वह ममता बनर्जी को जिम्मेदार बताते हैं। अमित शाह का आरोप है कि फेंसिंग के लिए ममता बनर्जी की सरकार जमीन नहीं दे रही है। अमित शाह ने बिहार में भी घुसपैठ का आरोप लगाया था लेकिन यह नहीं बताया था कि डबल इंजन की सरकार रहते हुए भी ऐसा क्यों हो रहा है और क्या इसके लिए उन्हें, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जिम्मेदार न माना जाए? दिलचस्प बात यह है कि अमित शाह कह रहे हैं कि जब असम और त्रिपुरा जैसे राज्यों में घुसपैठ रुक सकती है तो पश्चिम बंगाल में क्यों नहीं हालांकि असम के मुख्यमंत्री बराबर घुसपैठ होने का दावा करते रहे हैं। दूसरी तरफ मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अमित शाह से सवाल किया कि क्या घुसपैठ केवल बंगाल में है? उन्होंने दिल्ली विस्फोट और कश्मीर हमले का जिक्र करते हुए शाह की जवाबदेही तय करने को कहा। फेंसिंग या बाड़बंदी के लिए जमीन न देने के आरोप को खारिज करते हुए उन्होंने पेट्रापोल और दूसरे प्रोजेक्ट की मिसाल दी। वैसे कुल मिलाकर यह बहस इस बात के लिए है कि 2026 में होने वाला बंगाल का चुनाव भारतीय जनता पार्टी जीतेगी या नहीं। अमित शाह ने 2021 के चुनाव के दौरान भी दावा किया था कि वहां भारतीय जनता पार्टी सरकार बना रही है लेकिन वैसा कुछ हुआ नहीं। ममता बनर्जी का कहना है कि इस बार भी ऐसा कुछ नहीं होगा। आप यह पॉलिटिक्स तो समझ ही रहे होंगे।

 417 total views

Share Now