छ्पी-अनछपी: भारत और पाकिस्तान के हमले में दर्जनों मरे, समस्तीपुर में बैंक से 5 करोड़ के जेवर की लूट

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। भारत में ऑपरेशन सिंदूर के बारे में विस्तृत जानकारी दी है लेकिन अखबारों ने इन हमलों में मरने वालों की संख्या अलग-अलग दी है। उधर सीमा पर पाकिस्तान की गोलाबारी से 15 नागरिकों के मरने की खबर है। समस्तीपुर में एक बैंक से पांच करोड़ के जेवर लूट लिए गए। जस्टिस यशवंत वर्मा के बारे में जांच समिति का कहना है कि उनके आवास पर नगदी मिली थी। रोहित शर्मा ने टेस्ट से संन्यास लेने की घोषणा की है।

और, जानिएगा कि बिहार के कितने लाख बच्चों को इस साल के लिए अब तक किताबें नहीं मिली हैं।

हिन्दुस्तान के अनुसार भारत की सशस्त्र सेनाओं ने मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर में नौ आतंकी ठिकानों को हवाई हमले कर मिट्टी में मिला दिया। हमले में 31 दहशतगर्द और उनके समर्थक मारे गए। इस दौरान नियंत्रण रेखा पर पाक सैनिकों द्वारा की गई गोलीबारी में पलवल के जवान समेत 15 भारतीय नागरिकों की जान चली गई। प्रभात खबर ने इस संख्या को सौ लिखा है जबकि भास्कर ने सौ से अधिक लिखा है।

हेडलाइन

हिन्दुस्तान- मिट्टी में मिला ही डाला

जागरण- 25 मिनट में 9 ठिकाने ध्वस्त, 70 आतंकी ढेर

प्रभात खबर- हमने घर में घुसकर मारा

भास्कर- दुनिया ने देखा सिंदूर का शौर्य

विदेश सचिव ने क्या जानकारी दी?

विदेश सचिव विक्रम मिस्री की मौजूदगी में विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने कर्नल सोफिया कुरैशी के साथ ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की अहम बातें बुधवार को बताईं। यह पहला मौका था जब दो महिला अफसर कार्रवाई की जानकारी देने मीडिया के सामने आईं। सैन्य अफसरों ने बताया कि 25 मिनट चले अभियान में 24 मिसाइलें दागकर बड़ी संख्या में दहशतगर्द मार गिराए गए। बहावलपुर में जैश-ए-मोहम्मद तथा पाक के पंजाब प्रांत के मुरीदके में लश्कर के प्रशिक्षण शिविर, लॉन्च पैड तथा मुख्यालय तबाह कर दिए गए। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन रात 1:05 बजे शुरू हुआ और 1:30 बजे पूरा किया गया। पाक में चार और पाक अधिकृत कश्मीर में पांच आतंकी शिविरों को नष्ट किया गया। उन्होंने बताया कि पहलगाम हमले के जिम्मेदार आतंकियों के साथ सात अन्य आतंकी घटनाओं-मुंबई हमला, पठानकोट एयरबेस, पुंछ, तीर्थयात्रियों पर हमले, कश्मीर में पुलिसकर्मियों की हत्या का बदला लिया।

पाकिस्तान की गोलाबारी में 15 कई मौत

आपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान बौखला गया और बुधवार को जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा के पास गांवों पर गोलीबारी की। इस घटना में 15 भारतीयों की मौत हो गई, जबकि 43 लोग घायल हो गए। अधिकारियों के मुताबिक, हमले में एक जवान भी शहीद हो गया। दरअसल, यह गोलाबारी भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में नौ आतंकवादी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए जाने के तुरंत बाद हुई।

यह जानकारियां भी मिलीं:

  • मंगलवार रात से भारत में 300 से अधिक हवाई उड़ानों को रद्द कर दिया गया
  • पीएम मोदी ने नॉर्वे, क्रोएशिया और नीदरलैंड की यात्रा स्थगित की
  • जम्मू, सांबा, कठुआ, राजौरी और पुंछ में स्कूल, कॉलेज बंद रखे गए
  • सांसत : पाक के पंजाब में आपातकाल का ऐलान
  • अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी घोषित मसूद अजहर के परिवार के 10 लोग मारे गए
  • पाकिस्तान ने अपना हवाई क्षेत्र 48 घंटे के लिए पूरी तरह बंद किया *
  • पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में आपातकाल घोषित किया गया, सभी शिक्षण संस्थान बंद

पाकिस्तान क्या बोला

पाकिस्तान की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद (एनएससी) ने बुधवार को कहा कि देश के सशस्त्र बलों को भारतीय सैन्य हमलों में पाकिस्तानी लोगों की मौत का बदला लेने के लिए अपनी पसंद के समय, स्थान और तरीके से जवाबी कार्रवाई करने का अधिकार दिया गया है। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद (एनएससी) की बैठक की अध्यक्षता की। इसमें कैबिनेट मंत्रियों, मुख्यमंत्रियों, सभी सेना के प्रमुख और वरिष्ठ अफसरों ने हिस्सा लिया।

समस्तीपुर में बैंक से 5 करोड़ के जेवर की लूट

प्रभात खबर के अनुसार समस्तीपुर नगर थाना क्षेत्र के काशीपुर मोहल्ला स्थित बैंक आफ महाराष्ट्र में बुधवार को दिनदहाड़े अपराधियों ने धावा बोलकर डकैती की घटना को अंजाम दिया। सुबह 11:30 बजे ग्राहक के रूप में आए 8 हथियारबंद बदमाशों ने पिस्तौल का भय दिखाकर बैंक कर्मी व ग्राहकों को बंधक बना लिया और कैश काउंटर से 15 लाख रुपए नक़द, लॉकर से गोल्ड लोन के साढ़े चार किलो के स्वर्ण आभूषण (अनुमानित मूल्य करीब 5 करोड़) और बैंक कर्मी व ग्राहकों का मोबाइल फोन लूट लिया।  बदमाशों ने बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे की हार्ड डिस्क भी लूट लिया।

जस्टिस यशवंत वर्मा के आवास पर मिली थी नक़दी: जांच समिति

जागरण के अनुसार इलाहाबाद हाईकोर्ट के जस्टिस यशवंत वर्मा के घर से नकदी बरामद होने के मामले में सुप्रीम कोर्ट द्वारा नियुक्त समिति ने आरोप सही पाए हैं। माना जा रहा है कि चीफ जस्टिस संजीव खन्ना ने भी रिपोर्ट में सामने आए गंभीर आरोपों के चलते जस्टिस वर्मा से पद छोड़ने को कहा है। सूत्रों ने बताया कि या तो जस्टिस वर्मा को पद छोड़ना होगा या फिर महाभियोग का सामना करना पड़ेगा। सूत्रों का कहना है कि प्राकृतिक न्याय के सिद्धांत के तहत चीफ जस्टिस ने समिति की रिपोर्ट को जस्टिस वर्मा के पास भेज दिया है और उनका जवाब मांगा है।

रोहित शर्मा ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया

भास्कर के अनुसार भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने बुधवार रात 7:29 बजे सोशल मीडिया पर टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी। उन्होंने कहा कि सफेद जर्सी में देश का प्रतिनिधित्व करना सम्मान की बात रही। “अब मैं सिर्फ वनडे फॉर्मेट में खेलूंगा।” यह उनका एक साल में दूसरा संन्यास है। उन्होंने पिछले साल जून में टी 20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद उसे फॉर्मेट को अलविदा कहा था।

26 लाख बच्चों को अबतक नहीं मिली किताब
हिन्दुस्तान की खबर है कि बिहार के प्रारंभिक स्कूलों में पढ़ने वाले कक्षा एक से आठ तक के 26 लाख बच्चों को अब भी किताब का इंतजार है। शैक्षणिक सत्र 2025-26 के शुरू हुए एक माह से अधिक समय हो चुके हैं, लेकिन सभी नामांकित बच्चों के हाथ में किताब नहीं मिल सकी है। इस कारण बच्चे और अभिभावक परेशान हैं। राज्य के लगभग 69 हजार स्कूलों में विशेष अभियान के तहत कक्षा एक से आठ तक नामांकित लगभग 1.11 करोड़ बच्चों को नि:शुल्क किताब वितरण करना था। इनमें से 84 लाख बच्चों को किताब मिल चुकी है।

कुछ और सुर्खियां

  • सीयूईटी पीजी का रिजल्ट जारी, 191 विश्वविद्यालय जल्द जारी करेंगे कट ऑफ
  • सीयूईटी यूजी के लिए सिटी स्लिप जारी 13 मई से 3 जून तक होगी परीक्षा
  • मोकामा के घोसवरी थाना अंतर्गत ईशनगर में हर्ष फायरिंग में गोली लगने से दुल्हन के मौसा की मौत
  • रक्सौल के रास्ते भारत में घुसपैठ कर रहे चार चीनी नागरिक गिरफ्तार
  • केंद्र सरकार ने सभी अर्द्धसैनिक बलों की छुट्टियां रद्द कीं
  • ऑपरेशन सिंदूर के बाद घरेलू शेयर बाजारों में चौतरफा खरीदारी, मामूली गिरावट से उबर कर तेजी के साथ हुए बंद

अनछपी: युद्ध या युद्ध के जैसे हालात के समय में शांति की बात करना खुद को खतरे में डालना होता है लेकिन आखिरकार कभी ना कभी शांति की बात तो करनी ही पड़ेगी। 22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकी हमला हुआ, उसमें 26 निर्दोष लोग मारे गए और हर आदमी यह चाहता था कि आतंकवादियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई हो। भारत की ओर से वह कार्रवाई कर दी गई है और अब हर तरफ यह आशंका जताई जा रही है कि पाकिस्तान इसका क्या जवाब देगा। जाहिर है पाकिस्तान के जवाब के बाद मामला और बढ़ सकता है हालांकि भारत ने अपने बयान में यह कहा है कि उसकी कार्रवाई मामले को आगे बढ़ाने वाली नहीं थी बल्कि नपी तुली थी। इसलिए लोग तो यही चाहेंगे कि मामला आगे ना बढ़े और आतंकवाद का सदा के लिए खात्मा भी हो। युद्ध के हालात को दूर से देखना आसान होता है लेकिन जो लोग इसको झेलते हैं उनसे कोई जाकर पूछे कि वह क्या महसूस करते हैं। पाकिस्तान की गोलाबारी में जिन 15 लोगों की मौत हो गई उनके घर वालों की क्या हालत होगी इसे भी सोचना चाहिए। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यूक्रेन-रूस युद्ध के मामले में कह चुके हैं कि आज युद्ध का जमाना नहीं है। इसलिए जो लोग युद्ध की मांग कर रहे हैं उन्हें भी यह बात समझनी चाहिए कि युद्ध अंतिम उपाय होता है और इसे शौक से नहीं किया जा सकता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह भी कहा था कि किसी मामले को सुलझाने का तरीका बातचीत और कूटनीति है। जब यह बात रूस और यूक्रेन के युद्ध के लिए कही जा सकती है तो इसे दूसरी जगह भी लागू करने के बारे में विचार करना चाहिए। हमेशा यह सोचा जाना चाहिए कि कैसे मामला आगे ना बढ़े और आतंकवाद पर काबू करने की कोशिशों के बावजूद मामला युद्ध तक न पहुंचे।

 523 total views

Share Now