छ्पी-अनछपी: 15 लाख घूस लेते एनएच के जीएम गिरफ्तार, मुस्लिम आरक्षण पर संसद में हंगामा
बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। सीबीआई ने एनएचआई के जीएम को 15 लाख रुपए घूस लेते पकड़ा है। कर्नाटक में मुस्लिम आरक्षण को लेकर संसद में हंगामा हुआ है। सांसदों का वेतन 24% बढ़ाने का फैसला हुआ है। जर्मनी 80 साल के बाद अपने रक्षा बजट को दोगुना करने की योजना बना रहा है। पटना के पास गौरीचक में मच्छर अगरबत्ती से लगी आग में दो बच्चों की मौत हो गई।
और, जानिएगा कि अदानी को धन और आरएसएस को संसाधन सौंपना राहुल गांधी के अनुसार किस पार्टी का मॉडल है
प्रभात खबर के अनुसार सीबीआई ने नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के जनरल मैनेजर रामप्रीत पासवान को एक निजी निर्माण कंपनी के मैनेजर से 15 लाख रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। सीबीआई ने रिश्वत दे रहे राम कृपाल सिंह कंस्ट्रक्शन कंपनी के महाप्रबंधक सहित तीन अन्य निजी व्यक्तियों को भी इस मामले में गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए एनएचएआई के जीएम के विभिन्न ठिकानों से करीब एक करोड़ 18 लाख रुपए कैश भी मिले हैं। सीबीआई की टीम ने पिछले दो दिनों से पटना, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, बेगूसराय, पूर्णिया, रांची और वाराणसी में आरोपितों के आवास व दफ्तर पर छापेमारी की है।
50 करोड़ रुपए का बिल पास करने के लिए हो रही थी रिश्वतखोरी
हिन्दुस्तान के अनुसार एनएचएआई पटना के महाप्रबंधक रामप्रीत पासवान की गिरफ्तारी का मामला करीब 50 करोड़ रुपये के बिल पास कराने के एवज में रिश्वत देने से जुडा है। सूत्रों के मुताबिक, मेसर्स रामकृपाल सिंह कंस्ट्रक्शन के द्वारा आमस-दरभंगा के चौथे पैकेज ताल दशहरा से बेला नवादा सेक्शन एनएच 119 डी का निर्माण कराया जा रहा है। सीबीआई को जानकारी मिली थी कि हाल के दिनों में वरूण कुमार, अमरनाथ झा और सुरेश महापात्रा के द्वारा बिल के एवज में कई बार एनएचएआई अधिकारियों को घूस दी गई। 20 फरवरी को अमरनाथ झा और सुरेश महापात्रा की बात जीएम रामप्रीत पासवान से 25 लाख के घूस को लेकर की गई थी। 28 फरवरी को दोबारा हुई चर्चा के बाद रामप्रीत पासवान को बकाया भुगतान देने की सूचना सीबीआई को मिली थी। सीबीआई ने आरोपी जीएम और एक निजी कंपनी के कर्मचारी के बीच बैठक स्थल पर छापा मारा, जहां रिश्वत का आदान-प्रदान होने के तुरंत बाद दोनों को पकड़ लिया गया।
कर्नाटक में ठेके में मुस्लिम आरक्षण के मुद्दे पर संसद में हंगामा
प्रभात खबर के अनुसार कर्नाटक में सरकारी ठेकों में मुस्लिम समुदाय को चार फीसद आरक्षण दिए जाने और वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं वहां के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के इसके लिए संविधान में बदलाव करने संबंधी कथित बयान को लेकर सोमवार को संसद के दोनों सदनों में हंगामा हुआ। लोकसभा में भाजपा सदस्यों ने इस मुद्दे को उठाया। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने शिवकुमार के संविधान बदलने वाले कथित बयान का उनका नाम लिए बगैर हवाला देते हुए कहा कि यदि कांग्रेस संविधान में विश्वास करती है तो उसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को बर्खास्त करना चाहिए। इधर राज्यसभा में कांग्रेस के मुख्य सचेतक जयराम रमेश ने किरेन रिजेजू के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया। इसमें कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवाकुमार द्वारा दिए गए कथित बयानों को लेकर सदन को गुमराह करने का आरोप है।
सांसदों का वेतन 24% बढ़ेगा
हिन्दुस्तान के अनुसार केंद्र सरकार ने सांसदों का वेतन 24 फीसदी बढ़ा दिया है। केंद्र सरकार ने सोमवार को लागत मुद्रास्फीति सूचकांक के आधार पर इसकी अधिसूचना जारी की। सांसदों को एक अप्रैल 2023 से बढ़ा हुआ वेतन मिलेगा। संसदीय कार्य मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार सांसदों को प्रतिमाह 1.24 लाख रुपये का वेतन मिलेगा। इससे पहले वेतन एक लाख रुपये प्रतिमाह था। दैनिक भत्ते को दो हजार रुपये से बढ़ाकर 2500 रुपये कर दिया है। सेवानिवृत्त सांसदों की पेंशन राशि 25 हजार रुपये से बढ़ाकर 31 हजार रुपये कर दी गई है। अधिसूचना के अनुसार पांच साल से अधिक समय तक सांसद रहने वालों को 2500 रुपये की अतिरिक्त पेंशन मिलेगी।
मच्छर अगरबत्ती से आग लगी, दो भाइयों की मौत
भास्कर के अनुसार पटना के पुनपुन प्रखंड गौके रीचक स्थित जनकपुर मोड़ के पास आग लगने से सुधीर नट के दो बच्चों की मौत हो गई। घटना सोमवार सुबह की है। जनकपुर के पास कुछ मजदूर झोपड़ी में रहते हैं। हर दिन की तरह सभी लोग अपने घर में रात का खाना खाकर सोने चले गए। सुधीर नट ने अपने फूसनुमा घर में मच्छर को भगाने के लिए मच्छर अगरबत्ती जलाई थी। सुबह अगरबत्ती से निकली चिंगारी से आग लग गई। धुआं होने पर घर के लोग किसी तरह बचने की कोशिश करने लगे। धीरे-धीरे आग ने जोर पकड़ ली और पांच घर जल गए।
कॉमेडियन कुणाल कामरा पर केस
हिन्दुस्तान के अनुसार स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। शिवसेना प्रमुख और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के खिलाफ कथित टिप्पणी के मामले में कामरा के फोन रिकॉर्ड और बैंक खातों की जांच की तैयारी है। महाराष्ट्र के गृह राज्य मंत्री योगेश कदम ने कहा कि कामरा के फोन कॉल रिकॉर्डिंग, सीडीआर और बैंक स्टेटमेंट की जांच की जाएगी। बता दें कि कुणाल कामरा एक बार फिर विवादों में हैं। इस बार वह महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के खिलाफ अपमानजक टिप्पणी करने के मामले में सुर्खियों में हैं।
जर्मनी रक्षा बजट को दोगुना करेगा
भास्कर के अनुसार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की धमकियों और वर्ल्ड ऑर्डर में अनिश्चितताओं के बीच जर्मनी रक्षा बजट बढ़ाने की योजना बना रहा है। द्वितीय विश्व युद्ध के बाद यानी 80 साल में पहली बार जर्मनी ऐसा करने जा रहा है। नव निर्वाचित चांसलर फ्रेडरिक मत्ज़ ने ऐलान किया है कि जर्मनी रक्षा पर जीडीपी का साढ़े तीन प्रतिशत खर्च करने की योजना बना रहा है जो अभी खर्च हो रहे बजट का दोगुना है। अभी जर्मनी का रक्षा बजट जीडीपी का करीब 2% है।
अदानी को धन, आरएसएस को संसाधन किसका मॉडल
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष व कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोमवार को आरएसएस और उद्योगपति गौतम अदानी पर तीखा हमला बोला। राहुल ने कहा कि अगर शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह से संघ के हाथों में चली गई तो भारत बर्बादी की ओर बढ़ जाएगा। राहुल ने आरोप लगाया कि संघ देश का भविष्य और शिक्षा प्रणाली को नष्ट करना चाहता है और अगर इसे नहीं रोका गया तो लाखों युवाओं को नौकरियां नहीं मिलेगी। राहुल ने जंतर मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों से कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कभी भी बेरोजगारी और महंगाई पर नहीं बोलते हैं। राहुल बोले कि भाजपा का मॉडल है- अदानी को देश का धन और आरएसएस को देश के सारे संसाधन सौंपना। यह देश के लिए खतरनाक है और हम इसके खिलाफ एक हैं और साथ मिलकर लड़ेंगे।
कुछ और सुर्खियां:
- बिहार बोर्ड के इंटरमीडिएट परीक्षा का रिजल्ट आज होगा जारी
- नकदी मामले में चर्चित दिल्ली हाई कोर्ट के जज यशवंत वर्मा को इलाहाबाद हाईकोर्ट भेजने की सिफारिश
- बिहार के 10225 शिक्षकों का ऐच्छिक जिलों में हुआ तबादला
- पटना जिले के 5543 अपार्टमेंट में इलेक्ट्रॉनिक चार्जिंग स्टेशन लगेंगे
- बच्चों को ई-रिक्शा और ऑटो से स्कूल ले जाने पर 1 अप्रैल से रोक
अनछपी: बिहार में इन दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और पूर्व मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के बीच दिलचस्प बहस चल रही है। विधानसभा में दोनों के बीच पुराने दिनों में किसने क्या किया, यह याद दिलाया जा रहा है। दिलचस्प बात यह है कि 2005 से पहले की सरकार और लालू प्रसाद की राजनीति की आलोचना वह लोग भी करते हैं जो उस दौरान कभी ना कभी मंत्री रहे हैं जिनमें सम्राट चौधरी और जीतन राम मांझी के अलावा दूसरे लोग भी शामिल हैं। यानी लालू प्रसाद और राजद के शासनकाल में भी ऐसे लोगों ने मलाई मारी और अब उसी दौर की आलोचना कर फिर से मलाई खा रहे हैं। सम्राट चौधरी ही नहीं उनके पिता शकुनी चौधरी ने भी राजद के शासनकाल में सुख सुविधा का लाभ उठाया। सम्राट चौधरी की मां भी एमएलए रहीं लेकिन हैरत की बात है कि मीडिया में कभी उनके परिवारवाद की चर्चा नहीं हुई। अब सम्राट चौधरी यह बताने की कोशिश कर रहे हैं कि दरअसल लालू प्रसाद के कारण उन्हें काफी दुख सहना पड़ा। इधर तेजस्वी यादव का कहना है कि सम्राट चौधरी लालू प्रसाद की कृपा से ही विधायक बने और सदन पहुंचे। उन्होंने एक और दिलचस्प बात सम्राट चौधरी के बारे में यह भी कही कि नीतीश कुमार ने इनका मुरेठा तो खुलवा दिया लेकिन इनके दिमाग की बत्ती अब तक नहीं जली। याद करने की बात है कि सम्राट चौधरी ने मुरेठा बांधा था और कहा था कि जब तक नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री के पद से नहीं हटा लेते वह अपना मुरेठा नहीं खोलेंगे। इसके अलावा सम्राट चौधरी और उनके पिता शकुनी चौधरी ने नीतीश कुमार की भरपूर आलोचना कर रखी है। लेकिन राजनीति के खेल में ऐसी आलोचनाओं को दरकिनार कर सत्ता के लिए सारे समझौते किए जाते हैं और इसमें तेजस्वी यादव भी शामिल हैं। फिर भी राजनीति में कुछ मर्यादाएं रहनी चाहिए जिसका सम्राट चौधरी ने तब उल्लंघन किया था जब उन्होंने लालू प्रसाद की बेटी द्वारा किडनी देने के मामले में यह आरोप लगा दिया था कि उनकी बेटी टिकट लेना चाहती थी इसलिए किडनी दे रही है। तेजस्वी यादव सम्राट चौधरी को यह कहकर भी चिढ़ाते हैं कि वह तो भाजपा में नए-नए गए हैं। राजनीति में ऐसी पोल खोल होती रहनी चाहिए बस शर्त यह है कि मर्यादाओं का ध्यान रखा जाए।
374 total views
