छ्पी-अनछपी: अमेरिकी एजेंसी से फंडिंग पर घमासान, बीबीसी पर ईडी ने लगाया 3.4 करोड़ का जुर्माना
बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। अमेरिकी एजेंसी USAID के बारे में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दावों के बाद भारत में कांग्रेस और भाजपा में घमासान मचा है। ईडी ने बीबीसी पर 3.44 करोड़ रुपए का जुर्माना लगाया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने घोषणा की है कि गंगा पथ का विस्तार कोईलवर से मोकामा तक होगा। महाकुंभ से लौट रहे पटना के एक ही परिवार के 6 लोगों की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई।
और, जानिएगा कि नीतीश कुमार के बेटे निशांत ने उनकी सेहत के बारे में क्या जानकारी दी।
जागरण के अनुसार भारत में अमेरिकी फंडिंग को लेकर भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस में घमासान मच गया है। भाजपा ने कहा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और वहां की सरकार के डिपार्मेंट आफ गवर्नमेंट एफिशिएंसी का दावा है कि भारत में चुनावी प्रक्रिया में हस्तक्षेप के लिए USAID (यूनाइटेड स्टेट्स एजेंसी फॉर इंटरनेशनल डेवलपमेंट) से फंडिंग की गई है लेकिन यहां मीडिया का एक धड़ा और कथित फैक्ट चेकर लीपापोती में लगे हुए हैं जिनके तार गांधी परिवार से जुड़े हैं। मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि USAID की 2.1 करोड़ की राशि भारत के लिए नहीं बल्कि बांग्लादेश के लिए थी। इन्हीं रिपोर्ट को आधार बनाकर कांग्रेस ने भाजपा से माफी की मांग की और आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ पार्टी का बयान कांग्रेस के नेतृत्व वाली पिछली सरकारों को अस्थिर करने के लिए उसके द्वारा विदेशी धन के उपयोग से ध्यान हटाने के लिए है।
बीबीसी पर ईडी ने लगाया 3.44 करोड़ का जुर्माना
भास्कर के अनुसार ईडी मैं बीबीसी वर्ल्ड सर्विस पर विदेशी प्रत्यक्ष निवेश (एफडीआई) नियमों के उल्लंघन के आरोप में 3.44 करोड़ रुपए से अधिक का जुर्माना लगाया है। बीबीसी के तीन डायरेक्टर जाइल्स एंथनी हंट, इंदु शेखर सिन्हा और पॉल माइकल गिबन्स पर भी 1.14 करोड़ रुपए का जुर्माना लगाया है। यह कार्रवाई विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम फेमा के तहत की गई है। वहीं बीबीसी ने आदेश न मिलने की बात कही है। ईडी ने इस मामले में 4 अगस्त 2023 को कारण बताओ नोटिस जारी किया था।
कोईलवर से मोकामा तक बनेगा जेपी गंगा पथ
हिन्दुस्तान की सबसे बड़ी खबर के अनुसार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने घोषणा की है कि जेपी गंगा पथ का विस्तार पश्चिम में कोईलवर के वीर कुंवर सिंह सेतु और पूर्व की ओर मोकामा के राजेंद्र सेतु तक किया जाएगा। इस पथ की लंबाई 139 किलोमीटर हो जाएगी। अब-तक इसे कोईलवर से करजान (बख्तियारपुर) तक ही बनना था। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को पटना जिले की प्रगति यात्रा के दौरान इसके विस्तार का निर्देश दिया।
महाकुंभ से लौट रहे पटना के एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत
प्रभात खबर के अनुसार आरा-मोहनिया फोरलेन पर भोजपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के दुल्हिनगंज बाजार स्थित पेट्रोल पंप के पास गुरुवार की आधी रात कुंभ से लौट रहे पटना के एक ही परिवार के 6 लोगों की सड़क हादसे में मौत हो गई। यह हादसा तब हुआ जब उनकी बलेनो कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। स्थानीय लोगों के सहयोग से पुलिस ने कार में फंसे सभी मृतकों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। मृतकों में पटना के जक्कनपुर थाना क्षेत्र की जक्कनपुर सुदामा कॉलोनी निवासी 62 वर्षीय संजय कुमार, उनकी 58 वर्षीय पत्नी करुणा देवी, 25 वर्षीय पुत्र लाल बाबू सिंह, कौशलेंद्र कुमार की 20 वर्षीय पुत्री प्रियम कुमारी, इसी जिले के घोसवरी थाना क्षेत्र के कलहरा गांव निवासी चंद्रभूषण प्रसाद की 25 वर्षीय पुत्री जूही रानी और कुम्हार गांव निवासी आनंद सिंह की 25 वर्षीय पत्नी आशा किरण शामिल हैं। उधर कुंभ से ही लौट रहीं पूर्णिया की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर सोनी कुमार समेत चार लोगों की गुरुवार की रात यूपी के गाजीपुर में सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा गाजीपुर के बिरनो क्षेत्र में वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर खड़े ट्रॉली में डॉक्टर की कार के टकराने से हुआ।
रोहतास में नकल नहीं कराने पर दो छात्रों को गोली मारी, एक की मौत
भास्कर के अनुसार रोहतास जिले के सदर धौदांड़ थाना क्षेत्र के एनएच 2 पर गुरुवार को काव नदी पुल के पास परीक्षा देकर टेंपो से लौट रहे दो परीक्षार्थियों पर मैट्रिक परीक्षा में नकल नहीं कराने की वजह से एक दूसरे परीक्षार्थी ने गोली चला दी। इनमें से एक परीक्षार्थी अमित कुमार की इलाज के दौरान शुक्रवार को मौत हो गई। दूसरे घायल संजीत कुमार का इलाज चल रहा है। पुलिस ने आरोपी छात्र को उसके ननिहाल से गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को एसपी रोशन कुमार ने बताया कि गोली मारने वाला आरोपी उनके साथ ही परीक्षा देने वाला नाबालिग छात्र है। घटना में मृत छात्र अमित कुमार डेहरी के शंभू बीघा गांव का रहने वाला था।
रांची के परिवार के तीन लोगों की केरल में संदिग्ध परिस्थिति में मौत
रांची से हिन्दुस्तान की खबर है कि झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) के पहले बैच की टॉपर शालिनी विजय, उनके आईआरएस भाई मनीष विजय अग्रवाल और उनकी मां शकुंतला विजय का शव गुरुवार को संदिग्ध परिस्थियों में केरल में मिला। तीनों का शव मनीष के केरल के कोच्चि स्थित सेंट्रल एक्साइज क्वार्टर स्थित आवास में पाया गया। शालिनी के भाई मनीष कोच्चि में ही सीजीएसटी में सहायक आयुक्त थे। वे 2011 बैच के आईआरएस थे, वहीं शकुंलता विजय भी बोकारो के एक कॉलेज में प्रोफेसर रही थीं। पूरा परिवार रांची का ही है। कोच्चि पुलिस फिलहाल पारिवारिक विवाद, अंधविश्वास और आईआरएस मनीष विजय के विभागीय पहलू जैसे एंगल से पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
नीतीश कुमार को बेटे ने बताया सौ फीसद स्वस्थ
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार ने कहा है कि बिहार में चुनाव है, पहले भी कहां हूं, अब भी कह रहा हूं कि सभी जनता से अनुरोध है कि बिहार में एनडीए की सरकार बनाएं। “फिर से मेरे पिताजी को मुख्यमंत्री बनाएं। वह पूरी तरह स्वस्थ हैं। पिताजी विकास का क्रम जारी रखेंगे।” वह शुक्रवार को दिल्ली से लौटने के क्रम में पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बात कर रहे थे। पत्रकारों ने सवाल किया कि नेता प्रतिपक्ष आरोप लगा रहे हैं कि मुख्यमंत्री की तबीयत ठीक नहीं है, इस पर निशांत ने कहा कि वह सौ प्रतिशत स्वस्थ हैं। उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री ने इतना अच्छा काम किया है 19 वर्षों में। काम किया है तभी मांग रहे हैं। जनता के लिए इतना करते हैं तो जनता को भी सोचना चाहिए। उनके राजनीति में आने की चर्चा के सवाल पर उन्होंने कुछ भी नहीं कहा।
कुछ और सुर्खियां:
- चैंपियंस ट्रॉफी में दक्षिण अफ्रीका ने अफगानिस्तान को 107 रनों से हराया
- पटना हाई कोर्ट को पांच नए जज मिलेंगे, आलोक कुमार सिन्हा, रितेश कुमार, सोनी श्रीवास्तव, सौरेंद्र पांडे व अंशुल राज के नाम को मंजूरी
- भाजपा के अलीनगर (दरभंगा) विधायक मिश्रीलाल यादव समेत दो को तीन माह कैद की सजा
- सुप्रीम कोर्ट ने कहा, एससी सूची में बदलाव का हक केवल संसद को
- दिल्ली की भाजपा सरकार ने आम आदमी पार्टी सरकार की मोहल्ला क्लीनिक का नाम बदलकर आरोग्य मंदिर किया
अनछपी: भारतीय जनता पार्टी आम दिनों में तो यह कहती है कि जब राष्ट्र का मुद्दा हो तो विदेशी लोगों की बात पर ध्यान नहीं देना चाहिए लेकिन जब ऐसी बातें कांग्रेस पर हमला करने का मौका दे तो यही पार्टी इससे नहीं चूकती है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप घरेलू राजनीति में बढ़त के लिए अपने ही पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन पर तरह-तरह के आरोप लगा रहे हैं। ट्रंप के उन्हीं आरोपों में से एक आरोप यह है कि अमेरिकी एजेंसी USAID ने भारत में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए 2.1 करोड़ डॉलर की फंडिंग की। ट्रंप की यह बात तो समझ में आने वाली है कि भारत में मतदान प्रतिशत बढ़ाने की उन्हें क्यों चिंता हो। लेकिम उन्होंने इसे दलाली क्यों बताया? वह पहले भी यह कह चुके हैं कि दरअसल बाइडन किसी खास पार्टी को भारत में जिताना चाहते थे। यहां याद रखने की बात यह है कि खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका जाकर सबसे नारा लगवाया था, ‘अबकी बार, ट्रंप सरकार’, यह और बात है कि उसे चुनाव में ट्रंप हार गए थे। भाजपा का आरोप है कि राहुल गांधी और कांग्रेस का चरित्र भारत विरोधी बन गया है लेकिन उसके नेता यह नहीं बता रहे कि मतदान प्रतिशत बढ़ाने का काम कैसे भारत विरोधी हो गया? इधर कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाया कि उसने कांग्रेस की नेतृत्व वाली पिछली सरकार को अस्थिर करने के लिए विदेशी धन का उपयोग किया और उससे ध्यान बंटाने के लिए आरोप लगा रही है। कांग्रेस ने यह भी मांग की कि सरकार यूएसएड की फंडिंग के साथ-साथ ऐसी ही अन्य एजेंसियों द्वारा भारत में फंडिंग पर व्हाइट पेपर जारी करे। भारतीय जनता पार्टी के लिए यह बहुत ही अच्छा मौका है कि उसकी सरकार एक व्हाइट पेपर जारी करे। विदेश मंत्रालय ने भी कहा है कि यूएसएड की फंडिंग की जांच हो रही है। दरअसल याद रखने की बात यह है कि भारत में विदेशी फंडिंग कोई अनोखी बात नहीं। यूनिसेफ और दूसरी एजेंसियां भी विदेशी फंडिंग का ही रूप है। भारत में पोलियो उन्मूलन का इतना बड़ा काम विदेशी फंडिंग से ही हुआ है। कहीं ऐसा ना हो कि राजनीतिक विरोधियों को चित करने के लिए विदेश से मिल रही जरूरी मदद को ही कुर्बान कर दिया जाए।
984 total views
