छपी-अनछपी: ‘इंडिया’ गठबंधन की मुंबई बैठक आज से, स्कूलों में छुट्टियां कम होने पर सियासी बयानबाजी

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन की आज 31 अगस्त की बैठक की खबरों को अच्छी कवरेज मिली है। बिहार में स्कूलों की छुट्टियां कम करने पर सियासी बयानों को भी काफी जगह मिली है।

हिन्दुस्तान की पहली खबर है: बैठक से पहले ‘इंडिया’ गठबंधन का कुनबा बढ़ा। विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) की दो दिवसीय बैठक गुरुवार से मुंबई में शुरू होगी। बैठक से पहले ही गठबंधन ने दावा किया है कि उसके कुनबे में दो दल और जुड़ गए हैं। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष शरद पवार ने बुधवार को कहा कि 31 अगस्त और एक सितंबर को इंडिया की तीसरी बैठक में 28 दलों के 63 प्रतिनिधि शामिल होंगे। पवार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में विश्वास जताया कि विपक्षी गठबंधन राजनीतिक परिवर्तन लाने के लिए एक मजबूत विकल्प प्रदान करेगा। गठबंधन में महाराष्ट्र की वामपंथी पार्टी ‘पीजेंट्स एंड वर्कर्स पार्टी ऑफ इंडिया’ (पीडब्ल्यूपी) और एक अन्य क्षेत्रीय पार्टी शामिल हुई है। इससे पहले, बेंगलुरु की बैठक में 26 दल जुटे थे।

पीएम पद के कई दावेदार

जागरण की सबसे बड़ी सुर्खी है: मुंबई बैठक से पूर्व पीएम के दावेदार बढ़े। विपक्षी गठबंधन इंडिया की मुंबई बैठक से पहले बुधवार को गठबंधन के कई घटक दलों ने अपने-अपने नेताओं को प्रधानमंत्री पद के दावेदार के रूप में पेश कर दिया। आम आदमी पार्टी ने अरविंद केजरीवाल, जदयू ने नीतीश कुमार, समाजवादी पार्टी ने अखिलेश यादव शिवसेना ने उद्धव ठाकरे का नाम आगे बढ़ाया। लेकिन बाद में पार्टियों ने सफाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार का नाम सर्वसम्मति से तय किया जाएगा।

लोकसभा चुनाव की तैयारी

भास्कर की खबर है: लोकसभा चुनाव की तैयारी शुरू, एडीजी मुख्यालय गंगवार समय तीन सीनियर आईपीएस कोऑर्डिनेटर बनाए गए। अख़बार लिखता है कि राज्य सरकार ने एडीजी मुख्यालय जितेंद्र सिंह गंगवार समय तीन सीनियर आईपीएस को चुनाव के मद्देनजर कोआर्डिनेटर बनाया है। इस संबंध में सरकार के विशेष सचिव ने निर्वाचन विभाग के संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को पत्र लिखा है। एडीजी मुख्यालय जितेंद्र सिंह गंगवार को राज्य स्तरीय पुलिस नोडल पदाधिकारी, एडीजी अभियान सुशील खोपड़े को केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल कोऑर्डिनेटर और एडीजी आर्थिक अपराध इकाई नैयर हसनैन खान को राज्य स्तरीय नोडल पदाधिकारी निर्वाचन पदनामित किया गया है।

स्कूल में छुट्टी पर सियासत

शिक्षा विभाग ने पहली से लेकर 12वीं तक के विद्यालयों में दिसम्बर तक की छुट्टी आधी कर दी है। आरटीई के तहत प्रारंभिक स्कूलों में 200 दिन कक्षा की अनिवार्यता के मद्देनजर पर्व-त्योहारों को लेकर पूर्व से घोषित कुल 23 छुट्टियों को करीब आधा (11) कर दिया गया है। सरकारी स्कूलों में छुट्टी कटौती आदेश के रक्षाबंधन से ही लागू होते ही सियासी बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी तेज हो गया है। भाजपा ने जहां इसे राज्य सरकार की तुष्टिकरण की नीति करार दिया वहीं जदयू ने इसे छात्रहित में बताया है।

हिन्दू विरोध का आरोप

भाजपा सांसद सुशील कुमार मोदी ने बुधवार को बयान जारी कर आरोप लगाया है कि सरकारी स्कूलों में रक्षाबंधन, जन्माष्टमी, जिउतिया जैसे प्रमुख हिंदू पर्व-त्योहारों पर छुट्टी रद करना राज्य सरकार की हिंदू-विरोधी मानसिकता का परिणाम है। भाजपा के वरिष्ठ नेता केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने ट्वीट कर कहा कि क्या पता बिहार में शरिया को लागू कर दिया जाए। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सम्राट चौधरी नेे कहा कि नीतीश सरकार हिंदुओं की भावनाओं को आहत करने से बाज नहीं आ रही है।

आरटीई के तहत छुट्टी

बिहार सरकार के जदयू कोटे के दो मंत्री, भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी तथा ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने शिक्षा विभाग द्वारा स्कूलों में कटौती को जायज ठहराया है तथा इसे गुणवत्ता शिक्षा की दिशा में एक अहम कदम बताया है। अशोक चौधरी ने कहा कि छुट्टी का जो भी फैसला हुआ है वह केन्द्र सरकार के शिक्षा अधिकार कानून 2009 के प्रावधानों के तहत हुआ है। इसमें पहली से आठवीं की कक्षा में कम से कम 200 दिन साल में कक्षा का प्रावधान है। उसी के तहत यह कटौती हुई है। भाजपा नेता गिरिराज सिंह के बयान पर कहा कि भाजपा के लोग सिर्फ धर्म की राजनीति करते हैं। शिक्षा से, कायदा-कानून से बच्चों के भविष्य तथा विकास से उनका कोई लेना-देना नहीं।

इमरान की जमानत से फ़ौज परेशान

भास्कर की खबर है: इमरान को राहत से फौज खफा, पूर्व आईएसआई चीफ नजरबंद। पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान को तोशाखाना केस में ज़मानत से फौज खफा है। आर्मी चीफ आसिम मुनीर के आदेश पर अब इमरान के करीबी आईएसआई के पूर्व चीफ फैज हमीद की गिरफ्तारी की तैयारी है। फैज इस्लामाबाद में नजरबंदी की हालत में हैं। उनके फार्म हाउस के बाहर सेना तैनात की गई है। उन्होंने फैज की गिरफ्तारी का प्लान दो कारणों से बनाया है। पहला, इमरान खान को सुप्रीम कोर्ट से 16 सितंबर से पहले बेल संभव है। दूसरा, फ़ैज़ की गिरफ्तारी से इमरान की पार्टी पीटीआई पूरी तरह टूट जाएगी। फैज ही इमरान के पीछे से अभी पीटीआई को चला रहे हैं।

सासाराम में सात की मौत

हिन्दुस्तान के अनुसार झारखंड के रजरप्पा देवी स्थान से बुधवार की सुबह कैमूर लौट रहे सात लोगों की सासाराम जीटी रोड पर सड़क हादसे में मौत हो गई। जिसमें एक परिवार के चार और दूसरे परिवार की दो बेटियों के साथ सात लोगों की जान चली गई। शिवसागर थाना क्षेत्र में फोरलेन पर टेकारी पेट्रोल पम्प के पास सुबह तीन बजे स्कॉर्पियो ने एक कंटेनर में टक्कर मार दी। इस हादसे में स्कॉर्पियो में सवार सात लोगों की मौत हो गई जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना का कारण चालक को झपकी आना बताया जा रहा है।

सरकारी स्कूल के समय कोचिंग नहीं

भास्कर की खबर है: सरकारी स्कूलों के समय में नहीं चलेंगे कोचिंग संस्थान…नियम के विरुद्ध गए तो लाइसेंस रद्द होगा, संपत्ति भी सब की जाएगी। अब सरकारी स्कूल के समय में कोचिंग संस्थान नहीं चलेंगे। कोचिंग संस्थान इस बात को सुनिश्चित करेंगे कि इस दौरान बच्चों को नहीं पढ़ाएंगे। कोचिंग संस्थान में किसी भी क्लास में न्यूनतम कॉर्पोरेट एरिया 300 वर्ग फुट से कम नहीं होगा। ये शर्तें बिहार कोचिंग संस्थान नियमावली 2023 में शामिल हैं। नियमावली का प्रारूप बुधवार को जारी किया गया है। इसके तहत हर कोचिंग संस्थान को संबंधित जिले में पंजीकरण करना होगा। नियमावली को विभाग की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है।

पेट्रोल-डीजल सस्ते क्यों नहीं?

यह सवाल पूछा है भास्कर ने अपनी इस खबर में: 15 महीने में क्रूड 31% सस्ता तेल कंपनियां ₹31000 करोड़ के मुनाफे में। अख़बार लिखता है कि केंद्र सरकार ने घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के दाम ₹200 घटकर राहत दी है हालांकि आम आदमी की दूसरी सबसे बड़ी जरूरत पेट्रोल डीजल के दाम पिछले 15 महीने से जस के तस हैं। सरकारी तेल कंपनियों ने आखिरी बार 21 में 2022 को पेट्रोल पर ₹8 और डीजल पर ₹6 प्रति लीटर उत्पाद शुल्क घटाया था। इससे पेट्रोल डीजल के दाम 9.5 रुपया और सात रुपए कम हो गए थे। तब कच्चा तेल 109.5 प्रति डॉलर था। इसके बाद जून 2023 में यह 31.5% गिरकर 75 रुपये प्रति डॉलर से नीचे आ गए लेकिन पेट्रोल डीजल सस्ते नहीं हुए।

कुछ और सुर्खियां

  • एसटीईटी के लिए एडमिट कार्ड जारी, 4 से 15 सितंबर तक आयोजित होगी परीक्षा
  • जदयू विधान पार्षद राधाचरण सेठ से एड ने की 9 घंटे तक पूछताछ
  • मंत्री सुरेंद्र यादव पर अभद्र टिप्पणी मामले में केस दर्ज
  • यूक्रेन का बड़ा हमला, युद्ध क्षेत्र से 660 किलोमीटर दूर ऋषि सेवा के चार विमान उड़ाए
  • सप्ताह में कक्षा 1 से 8 तक 39 और 9-12वीं तक 44 घंटियां होंगी
  • हाजीपुर में मां और दो बेटियों की गड़ासा से काटकर हत्या, नीचे पिता पड़े थे बेहोश

अनछपी: बिहार के स्कूलों में छुट्टियां को घटाने पर की जा रही राजनीति बेहद अफसोसनाक है। केंद्रीय गृहमंत्री गिरिराज सिंह को बात-बात पर सरिया की याद आती है लेकिन उन्हें यह बात कौन बताए कि रक्षाबंधन पर तो केंद्र द्वारा संचालित केंद्रीय विद्यालय में भी छुट्टी नहीं रहती है। भारतीय जनता पार्टी बात-बात में हिंदू-मुसलमान करने का बहाना ढूंढते हैं और दुर्भाग्य से उन्होंने अब स्कूल को भी निशाना बना लिया है। भारतीय जनता पार्टी के नेता चाहते तो स्कूलों में पढ़ाई के ऊपर राजनीति करते और इसका अच्छा असर जाता लेकिन पढ़ाई बढ़ाने के मामले को लेकर उनका विरोध घटिया राजनीति ही कही जा सकती है। इसके साथ उनका यह आरोप कि यह क़दम हिंदू-विरोधी है बेहद खतरनाक और समाज के लिए घातक है। सरकारी स्कूलों में वैसे भी विभिन्न सरकारी कार्यों में शिक्षकों को लगाए जाने के कारण अतिरिक्त छुट्टियां हो जाती हैं। इससे बच्चों को जो नुकसान होता है शायद उसकी भरपाई के लिए स्कूलों की छुट्टियां काम करना बेहद जरूरी हो गया था। सरकार की दलील है की छुट्टी शिक्षा के अधिकार अधिनियम के तहत जरूरी 200 दिनों की पढ़ाई पूरी करने के वास्ते काम की गई है। भारतीय जनता पार्टी के नेताओं को इस दलील का जवाब देना चाहिए लेकिन उन्होंने इसे हिंदू-मुस्लिम मामला बनाने में ज्यादा आसानी समझी ताकि ध्रुवीकरण का जो उनका मकसद है वह पूरा हो सके। अब सरकार और सरकारी दलों की जिम्मेदारी है कि वह इस मामले को हिंदू मुस्लिम होने से बचाए और लोगों को सही जानकारी दें की छुट्टियां कम करने की वजह क्या है और इससे उनके बच्चों को ही फायदा होगा। रोचक बात यह है कि अगर प्राइवेट स्कूलों और कोचिंग संस्थानों को देखा जाए तो वहां छुट्टियां और भी कम होती हैं लेकिन भारतीय जनता पार्टी उनका विरोध इसलिए नहीं करती क्योंकि उसे वोट बैंक बनाने में मदद नहीं मिलेगी।

 

 

 1,150 total views

Share Now

Leave a Reply