छ्पी-अनछपी: तेजस्वी बोले- सीएम थका-हारा तो नीतीश भड़के, दुनिया का सबसे बड़े ट्रेड वॉर शुरू

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बारे में ‘सीएम थका हारा’ का तंज कसा तो नीतीश कुमार ने कहा लालू को हमने बनाया मुख्यमंत्री। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की घोषणा पर टैरिफ लगाने का काम शुरू हो गया जिसे दुनिया का सबसे बड़ा ट्रेड वॉर बताया जा रहा है। भारत ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में जगह बना ली है। बिहार सरकार ने स्पष्ट किया है कि मदरसा शिक्षकों की नियुक्ति पर रोक नहीं लगाई गई है। पाकिस्तान में सेना की छावनी पर आतंकी हमले में नौ लोगों की मौत हो गई।

और, जानिएगा कि किसी को मियां तियां और पाकिस्तानी कहना सुप्रीम कोर्ट की नजर में गलत तो है लेकिन अपराध नहीं।

भास्कर के अनुसार बिहार विधानसभा का सत्र मंगलवार को सत्ता और विपक्ष के बीच जोरदार आरोप प्रत्यारोप का गवाह बना पूर्ण राम तेजस्वी यादव ने सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताया तो नीतीश कुमार ने अपने कामों की स्थिति और तेजस्वी को निशाने पर लिया। तेजस्वी ने कहा, “एनडीए सरकार फेल है। सरकार खटारा, सिस्टम नाकारा, सीएम थका हारा और आम आदमी फिर रहा मारा मारा।” नीतीश ने तेजस्वी से विधानसभा में कहा, “तुम्हारे पिता (लालू यादव) को मुख्यमंत्री हम ही बनाए थे। तुम्हारी जाति के लोग भी मुझसे पूछ रहे थे कि मैं ऐसा क्यों कर रहा हूं। मैंने फिर भी उनका समर्थन किया। लेकिन बाद में जब गड़बड़ करने लगे तो अलग हो गया।”

अति पिछड़ों का हक छीना चाहते थे लालू: नीतीश

प्रभात खबर की सबसे बड़ी खबर के अनुसार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को विधान मंडल में कहा कि 1994 में जब तत्कालीन मुख्यमंत्री लालू प्रसाद अति पिछड़ों को अलग से आरक्षण की सुविधा खत्म कर अति पिछड़ा और पिछड़ा वर्ग को एक करना चाह रहे थे तो हमने विरोध किया पूर्ण राम इस समय हम उनसे अलग हो गए पूर्ण ग्राम राज्यपाल के अभिभाषण पर सरकार की ओर से जवाब दे रहे मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की नीतियों की चर्चा की।

सम्राट और तेजस्वी में नोक झोंक

बिहार विधानसभा में उसे समय अजीबोगरीब स्थिति पैदा हो गई जब विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बीच तीखे सवाल और जवाब का सिलसिला चल पड़ा। बात परिवारवाद से शुरू होकर एक दूसरे के पिता पर पहुंच गई थी। तेजस्वी ने कहा क्या आपने और आपके पिताजी (पूर्व मंत्री शकुनी चौधरी) ने भाजपा को गाली नहीं दी थी? जवाब में सम्राट ने कहा, आपके पिता ने बिहार को लूटने का काम किया। तेजस्वी ने कहा आखिरी बार राजद से ही चुनाव जीते थे, अब जीतेंगे भी नहीं। जवाब में सम्राट ने कहा, आप राजा हैं क्या?

दुनिया का सबसे बड़ा ट्रेड वॉर शुरू

जागरण के अनुसार मंगलवार को सबसे बड़े वैश्विक ट्रेड वॉर की शुरुआत हो गई। अमेरिकी प्रशासन ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की घोषणा पर अमल करते हुए कनाडा, मेक्सिको और चीन से आयात होने वाले कई सामान पर अतिरिक्त शुल्क लगा दिया। अमेरिका ने मंगलवार को कनाडा और मेक्सिको से स्टील, एल्युमिनियम समेत कई धातुओं और अन्य उत्पादों के आयात पर 25% टैक्स लगाया जबकि कनाडा ने ऊर्जा उत्पादों के आयात पर 10% शुल्क लगाया। इसके जवाब में कनाडा ने भी अमेरिका से होने वाले आयात पर 25% टैरिफ लगा दिया। यह पहली बार है जब नेटो के दो सदस्य देशों के बीच ट्रेड वॉर की नौबत आई है।

ऑस्ट्रेलिया को हारा भारत चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में

चैंपियंस ट्रॉफी के पहले सेमीफाइनल में भारत में ऑस्ट्रेलिया को चार विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। ऑस्ट्रेलिया ने पहले खेलते हुए अपने सभी विकेट खोकर 264 रन बनाए। भारत की ओर से मोहम्मद शमी ने तीन और वरुण चक्रवर्ती ने दो विकेट लिए। भारत में 48.1 ओवर में 267 रन बनाकर चार विकेट से मैच जीत लिया। भारत की ओर से सबसे ज्यादा विराट कोहली ने 84 रन और श्रेयस अय्यर ने 45 रन बनाए।

मदरसा शिक्षकों की बहाली पर रोक नहीं

जागरण के अनुसार शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने मंगलवार को विधानसभा में आए एक प्रश्न के जवाब में बताया कि मदरसा शिक्षकों की नियुक्ति पर कोई रोक नहीं है। इसके लिए पोर्टल भी लाइव है। बहादुरगंज के विधायक मोहम्मद अंजार नईमी ने इस प्रश्न को उठाया था। उन्होंने कहा कि काफी लंबे समय से मदरसा शिक्षकों की नियुक्ति पर रोक लगी हुई है। इस कारण सैकड़ों मदरसों में या तो एक शिक्षक की या फिर शिक्षकविहीन होने की स्थिति है।

पाकिस्तान सेना की छावनी पर आतंकी हमला 9 की मौत

हिन्दुस्तान के अनुसार पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा के बन्नू जिले में मंगलवार को सैन्य छावनी पर आत्मघाती हमले में नौ लोगों की मौत हो गई और 16 अन्य घायल हो गए। आतंकियों ने सेना को निशाना बनाते हुए विस्फोटकों से लदे दो वाहनों को छावनी क्षेत्र में घुसने की कोशिश की। हमला होते ही सेना ने भी मोर्चा संभाल लिया और छह आतंकियों को मौके पर ही मार गिराया। तहरीक-ए-तालिबान से जुड़े गुट जैश अल फुरसान ने हमले की जिम्मेदारी ली है।

गया के सात लोको पायलट गिरफ्तार

लोको पायलट प्रोन्नति परीक्षा में सेंधमारी और रिश्वत मामले में सीबीआई टीम ने 26 रेलकर्मियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही टीम ने दो रेल अफसरों के ठिकानों से 1.17 करोड़ नगदी बरामद की है। दो बड़े अफसरों समेत 26 कर्मचारियों को गिरफ्तार कर टीम लखनऊ रवाना हो गई। उनमें गया के 7 लोको पायलट भी हैं। विभागीय सूत्रों ने बताया कि मुख्य लोको निरीक्षकों के पदों के लिए गया हेडक्वार्टर से सात लोको पायलट (पैसेंजर, गुड्स, मेल और एल एम पी,) शामिल हुए थे। जांच के दौरान 17 उम्मीदवारों के पास हाथ से लिखे प्रश्नपत्रों की फोटोकॉपी पाई गईं।

मियां-तियां कहना गलत, अपराध नहीं: कोर्ट

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि किसी को ‘मियां-तियां’ और ‘पाकिस्तानी’ कहना गलत है, लेकिन यह धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का अपराध नहीं है। अदालत ने झारखंड सरकार के एक कर्मचारी की शिकायत पर एक व्यक्ति पर दर्ज मुकदमा रद्द करते हुए यह टिप्पणी की। जस्टिस बी.वी. नागरत्ना और सतीश चंद्र शर्मा की पीठ ने कहा, अपीलकर्ता हरि नंदन सिंह के खिलाफ आईपीसी की धारा 298 के तहत यानी किसी की धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने का कोई अपराध नहीं बनता। अदालत ने कहा, निस्संदेह ऐसे शब्दों का इस्तेमाल अनुचित है।

कुछ और सुर्खियां:

  • मुजफ्फरपुर-वैशाली सीमा पर फकुली और मौना के बीच ट्रक ने अलग-अलग जगह छह लोगों को रौंद डाला, चार की मौत
  • जेडीयू एमएलसी गुलाम गौस ने 13 अल्पसंख्यक आवासीय स्कूलों को चलाने की मांग की
  • पटना यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट यूनियन का चुनाव 29 मार्च को, 10 से मिलेगा फॉर्म
  • ट्रेड वॉर की चिंता से सेंसेक्स 73000 अंक से नीचे फिसला
  • पटना एम्स में ऑर्थोपेडिक इंप्लांट डिवाइस खरीदने में गड़बड़ी की जांच करने सीबीआई पहुंची
  • 7 महीने कार्यवाहक अध्यक्ष रहने के बाद दिलीप जायसवाल बिहार भाजपा के 17वें अध्यक्ष नियुक्त

अनछपी: क्या आपने महाराष्ट्र के बीड जिले के मसजोग गांव के सरपंच संतोष देशमुख की हत्या की खबर सुनी? यह हत्या 9 दिसंबर को कथित डबल इंजन वाली सरकार में हुई। इसके बारे में जो जानकारी मिली उसे पता चला कि देशमुख को कपड़े उतार कर बेरहमी से पीटा गया। उनकी पीठ की चमड़ी उधाड़ दी गई। उन्हें गाड़ी से बांधा गया और मौत के बाद उनके चेहरे पर पेशाब किया गया। यह वीभत्स घटना अगर किसी गैर भाजपाई राज्य में होती तो अब तक मीडिया में इसकी पूरी तहसील सामने आ जाती। लेकिन टुकड़े-टुकड़े में इसकी जानकारी अब सामने आ रही है क्योंकि इस मामले में महाराष्ट्र के मंत्री धनंजय मुंडे का नाम सामने आया और उन्हें मजबूर होकर इस्तीफा देना पड़ा है। इस सरपंच की हत्या के पीछे एक ऊर्जा कंपनी को निशाना बनाकर की जा रही जबरन वसूली के प्रयास को रोकने की कोशिश करना बताया जा रहा। उन्हें पहले अगवा किया गया और जबरदस्त तौर पर प्रताड़ित कर मार दिया गया। इस मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है जिन में मंत्री धनंजय मुंडे के करीबी माने जाने वाले वाल्मीकि कराड भी शामिल है। विपक्ष ने जब इस मामले को काफी मजबूती से उठाया तो लंबे इंतजार के बाद धनंजय मुंडे को इस्तीफा देना पड़ा। हालांकि उन्होंने इस्तीफा देने की वजह जमीर को बताया जो लगभग तीन महीने के बाद जाग पाया है। धनंजय मुंडे शरद पवार की नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी को तोड़कर अलग पार्टी बनाने वाले अजीत पवार की पार्टी से मंत्री थे। बताया जा रहा है कि जब धनंजय मुंडे से यह कहा गया कि या तो वह इस्तीफा दें, नहीं तो बर्खास्त होंगे तब उन्होंने अंतरात्मा और स्वास्थ्य का हवाला देखकर इस्तीफा सौंपा है। इस घटना से यह पता चला कि महाराष्ट्र की डबल इंजन की सरकार में अगर कोई भ्रष्टाचार का विरोध करता है तो मंत्री पद पर बैठे लोगों के गुर्गे द्वारा उसकी हत्या करवाई जा सकती है। इसके अलावा एक बार फिर यह पता चला कि ऐसी जघन्य हत्या के मामले को मीडिया कैसे दबा सकता है। मीडिया के इस दोहरे चरित्र पर बार-बार बात की जाती रहनी चाहिए।

 

 528 total views

Share Now