छ्पी-अनछपी: ट्रंप ने ईरान को सरेंडर करने के लिए धमकाया, एयर इंडिया की 7 उड़ानें रद्द
बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। इसराइल के साथ जारी जंग के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को सरेंडर करने के लिए धमकाया है। तकनीकी खराबी के कारण एयर इंडिया की सात उड़ानें रद्द हुईं तो डीजीसीए ने इसकी रिपोर्ट मांगी है। बिहार के स्कूलों में होने वाली तीन भर्तियों में डोमिसाइल नीति लागू होगी।
और, जानिएगा कि बिहार के किन छोटे शहरों से हवाई यात्रा शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
पहली खबर
जागरण के अनुसार इसराइल और ईरान के बीच जारी संघर्ष और तेज होने की आशंका है। कनाडा में जी7 शिखर सम्मेलन को बीच में छोड़कर अचानक वाशिंगटन लौटे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका का धैर्य खत्म होता जा रहा है। ट्रंप ने कहा, हर किसी को तत्काल तेहरान खाली कर देना चाहिए और ईरान को बिना शर्त आत्मसमर्पण करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान के सर्वोच्च नेता आयातुल्लाह अली ख़ामेनेई को अभी नहीं मारेंगे हालांकि अमेरिका को पता है कि वह कहां छिपे हैं और यह आसान लक्ष्य है। उधर इसराइल के रक्षा मंत्री ने कहा है कि ख़ामेनेई का भी वही हश्र हो सकता है जो इराकी राष्ट्रपति सद्दाम हुसैन का हुआ था। इस बयान बाजी के बीच इसराइल ने ईरान पर अपने हवाई हमले तेज कर दिए हैं। इसराइली सेना ने ईरान के युद्ध काल के चीफ ऑफ स्टाफ जनरल अली शादमानी को मार गिराने का दावा किया है।
इसराइली जासूसी एजेंसी मोसाद के ऑपरेशनल सेंटर पर हमला
इसराइल की सेना ने कहा है कि मंगलवार को ईरान की ओर से तेल अवीव और दक्षिणी इसराइल पर फिर मिसाइल छोड़ी गई और उत्तरी इसराइल में विस्फोटों की आवाज सुनी गई। इसराइल की सबसे बड़ी तेल रिफाइनरी कंपनी बजान ने घोषणा की कि हैफा पोर्ट पर स्थित उसके सभी केंद्र ईरानी मिसाइल हमले में नुकसान के कारण बंद हो गए हैं और उसके तीन कर्मचारी मारे गए हैं। ईरान के रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स ने कहा कि उन्होंने मंगलवार सुबह इसराइल के सैन्य खुफिया निदेशालय और जासूसी एजेंसी मोसाद के ऑपरेशनल सेंटर पर हमला किया हालांकि इसराइल ने इसकी पुष्टि नहीं की। ईरान ने यह भी दावा किया कि उसने तेहरान में मोसाद की ड्रोन उत्पादन फैक्टरी का भी भांडाफोड़ किया है। ईरान ने इसराइल पर अब तक लगभग 400 मिसाइलें और सैकड़ो ड्रोन दागे हैं।
भारतीयों की ईरान से वापसी शुरू
हिन्दुस्तान की खबर है कि केंद्र सरकार ने युद्धग्रस्त ईरान में फंसे भारतीयों को निकालने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। मंगलवार को 110 छात्रों को आर्मेनिया की सीमा पर पहुंचा दिया गया। यहां से उन्हें भारत लाया जाएगा। भारत ने अपने सभी नागरिकों को हिदायत दी है कि वे तुरंत तेहरान छोड़ दें। विदेश मंत्रालय के सूत्रों ने कहा कि इसराइल में रह रहे भारतीयों की वापसी के लिए अभियान शुरू करने पर भी विचार चल रहा है। इसराइल में बड़े पैमाने पर भारतीय कामगार हैं। उनके परिजनों ने भी चिंताएं जताई हैं। इसी को देखते हुए दोनों देशों में भारतीय दूतावासों द्वारा नागरिकों को निकालने पर कार्य किया जा रहा है।
एयर इंडिया के साथ उड़ानें रद्द, डीजीसीए ने रिपोर्ट तलब की
एयर इंडिया के विमानों में तकनीकी खराबी के मामले बढ़ रहे हैं। मंगलवार को तकनीकी खराबी के बाद एयर इंडिया ने सात अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को रद्द कर दिया। इसे लेकर नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने एयर इंडिया से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।एयर इंडिया की सैन फ्रांसिस्को से मुंबई आ रही उड़ान संख्या एआई 180 कोलकाता हवाई अड्डे पर रात पौने एक बजे पहुंची। इसे दो बजे मुंबई जाना था, मगर एक इंजन में तकनीकी खराबी के चलते इसे रद्द कर दिया गया। वहीं, अहमदाबाद से लंदन और दिल्ली से पेरिस जाने वाली उड़ान को भी रद्द किया गया। एयर इंडिया ने बताया कि यात्रियों की संख्या कम होने के चलते उड़ानें रद्द की गईं। मगर सूत्र बताते हैं कि विमान की तकनीकी जांच में कुछ खराबी नजर आई, जिसके बाद यह फैसला लिया गया। एयर इंडिया की लंदन से अमृतसर, दिल्ली से दुबई, बेंगलुरु से लंदन, दिल्ली से विएना की उड़ानों को भी रद्द किया गया है।
बिहार के स्कूलों की तीन भारतीयों में डोमिसाइल नीति लागू होगी
बिहार के सरकारी विद्यालयों में करीब 15000 पदों पर पुस्तकालयाध्यक्ष, लिपिक और परिचारी बहाल होंगे। मंगलवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में इस प्रस्ताव को हरी झंडी मिल गयी। इन नियुक्तियों में डोमिसाइल नीति का पालन किया जाएगा। तीनों पदों पर चयन के लिए जो योग्यता तय की गई है, उसके अनुसार आवेदक को भारत का नागरिक होने के साथ-साथ बिहार का निवासी होना अनिवार्य है। अन्य राज्यों के निवासी इन पद के लिए आवेदन नहीं कर सकेंगे। शिक्षा विभाग द्वारा तैयार नियुक्ति नियमावली में यह प्रावधान है।
छह नए शहरों में हवाई अड्डा बनाने की मंजूरी
भास्कर के अनुसार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को कैबिनेट की बैठक में कुल 20 प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इनमें 6 नए शहरों में हवाई अड्डे बनाने की मंजूरी भी शामिल है। इससे मुजफ्फरपुर, मधुबनी, मुंगेर, सहरसा, वीरपुर और वाल्मीकि नगर को भी एयर कनेक्टिविटी मिलेगी। हवाई अड्डे विकसित करने के लिए बिहार सरकार और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के बीच मेमोरेंडम का अंडरस्टैंडिंग पर दस्तख़त होंगे। इसके अलावा पटना में होटल पाटलिपुत्र अशोक की जगह नया फाइव स्टार होटल बनाने का प्रस्ताव भी मंजूर किया गया।
कुछ और सुर्खियां:
- बिहार पहुंचा मानसून, भागलपुर, रोहतास, औरंगाबाद, छपरा, अरवल और गया में झमाझम बारिश हुई
- रिटायर्ड सीओ कृष्ण कुमार सिंह पर पास 66 लाख व अजय कुमार राय पर 46 लाख आय से अधिक संपत्ति के मामले में छापेमारी
- रूस का यूक्रेन पर 440 ड्रोन और 32 मिसाइल से हमला
- अहमदाबाद विमान हादसे में 163 मृतकों की डीएनए मिलान से हुई पहचान, 124 शव परिजनों को सौंपे गए
अनछपी: अहमदाबाद के दिल दहला देने वाले प्लेन क्रैश के बाद भारत में ऐसा लग रहा है कि विमान की देखरेख के मामले में हम काफी पीछे और लापरवाह हैं। अहमदाबाद दुर्घटना की जांच अभी जारी है और उसका कोई अंतिम निर्णय सामने नहीं आया है लेकिन उसके बाद हमने यह देखा की ताबड़तोड़ विमानों को या तो बीच से वापस किया गया इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई या यात्रा रद्द की गई। इसमें घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों उड़ानें शामिल हैं। दरअसल इसकी जानकारी तो हमें पहले से थी लेकिन शायद हम उस पर जो जरूरी काम करना था वह नहीं कर पाए। एयर इंडिया की हालत टाटा द्वारा खरीदे जाने से पहले भी अच्छी नहीं बताई जा रही थी लेकिन लोगों को उम्मीद थी कि टाटा के हाथों में आने के बाद एयर इंडिया की सेवा बेहतर होगी। इसमें कोई दो राय नहीं कि लोगों के इस उम्मीद पर टाटा ग्रुप खरा नहीं उतरा है। आखिर टाटा ग्रुप में रहते हुए एयर इंडिया के जहाजों की सही देखरेख नहीं होने और लापरवाही की शिकायतें क्यों आ रही हैं? यह बात ठीक है कि ब्रांड का अपना महत्व होता है लेकिन सिर्फ ब्रांड की वजह से सेवा ठीक हो जाएगी यह तो जरूरी नहीं है। टाटा समूह को अपने ब्रांड की चिंता तो करनी ही चाहिए लेकिन उससे ज्यादा अहम बात यह है कि लोगों की जिंदगी खतरे में ना पड़े, इसकी देखरेख की उसकी पहली जिम्मेदारी है और यह जिम्मेदारी भारत सरकार की भी है। इसलिए डीजीसीए ने सही कदम उठाते हुए टाटा ग्रुप से एयर इंडिया के बारे में रिपोर्ट तलब की है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय की इस मामले में ज्यादा जिम्मेदारी बनती है। भारत में आम तौर पर सड़क दुर्घटनाओं में लोगों की मौत को बिल्कुल महत्व नहीं दिया जाता। इससे कुछ ज्यादा चिंता रेलवे दुर्घटनाओं पर होती है और सबसे ज्यादा चर्चा हवाई दुर्घटना पर होती है। लेकिन अक्सर चर्चा के कुछ समय बाद हम फिर उन्हीं गलतियों को दोहराते हैं जिन गलतियों से ऐसी दुर्घटनाएं होती हैं। सड़क से लेकर आसमान तक लोगों की जान की सुरक्षा को जितनी प्राथमिकता मिलनी चाहिए शायद हम भारत में नहीं दे पाते। इसके लिए मानसिकता बदलने की जरूरत है।
322 total views
