लोजपा और राजद गुप्त समझौते के तहत काम कर रहे हैं- जदयू

बिहार लोक संवाद ब्यूरो

पटना 25 अक्टूबर: जदयू के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद वशिष्ठ नारायण सिंह ने लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान पर आरोप लगाया है कि वे राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सहयोगी की तरह काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में लोजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों की सूची से यह आरोप साबित हो जाता है।

वशिष्ठ नारायण नें आरोप लगाया कि इस बार के विधानसभा चुनाव में लोजपा और राजद गुप्त समझौते के तहत काम कर रहे हैं।

जदयू के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी चिराग पासवान के हताशा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ दिए जाने वाले बयानों को संजीदगी से नहीं लेती है। उन्होंने कहा कि लोजपा अस्तित्व के संकट जैसी चुनौती का सामना कर रही है। इसलिए वह ‘मरता क्या नहीं करता’ की तर्ज पर काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि बिहार में चुनाव प्रचार के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रशंसा की और दोनों नेताओें ने पूरे जोश के साथ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) प्रत्याशियों के पक्ष में चुनावी सभाएं भी कीं। जनता में किसी तरह के भ्रम की स्थिति नहीं है।
श्री सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार प्रतिदिन 14 घंटे काम करते हैं। उनकी ऊर्जा के सामने आज के युवा नेता कहीं भी नहीं ठहरते हैं। ज्ञातव्य हो कि राजद नेता एवं महागठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद के दावेदार तेजस्वी यादव ने कहा था कि मुख्यमंत्री थके-हारे नेता हैं।

 448 total views

Share Now

Leave a Reply