बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। अयोध्या के चढ़ावा चोरी आरोपियों से 80 लाख रुपये और सोने-चांदी के आभूषण मिले हैं। बिहार के 36 जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई है। वेनेजुएला भूकंप में मरने वालों की संख्या 920 हो गई है।
और, धर्म बदलने वालों को बैकवर्ड क्लास मुस्लिम के रूप में मान्यता देने का क़ानून कोर्ट में नामंजूर।
पहली ख़बर
अयोध्या से हिन्दुस्तान के अनुसार श्रीराम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस ने शुक्रवार सुबह सभी आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें सोमवार तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। आरोपियों से 80 लाख रुपये और सोने-चांदी के आभूषण मिले हैं। इसकी जांच में आरोपियों के कब्जे से नगदी के अलावा सोने के आभूषण और कीमती वस्तुएं बरामद किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने इन वस्तुओं को क़ब्जे में लेकर अहम साक्ष्य बनाते हुए कोर्ट के समक्ष प्रस्तुत किया। आरोपियों से काफी समय से पूछताछ हो रही थी। ट्रस्ट सदस्य कृष्ण मोहन की तहरीर पर गुरुवार को थाना राम जन्मभूमि में केस दर्ज होने के बाद पुलिस ने मंदिर परिसर में कार्यरत सभी आठ आरोपियों रामशंकर ऊर्फ टिन्नू यादव, अनुर्कल्प मिश्रा, लवकुश मिश्र, मनीष यादव, रमाशंकर मिश्रा, सुभाष श्रीवास्तव, अविनाश शुक्ला और करुणेश पांडेय को गिरफ्तार कर लिया।
इस्तीफ़े की अटकलें
चढ़ावा चोरी प्रकरण के बीच शुक्रवार को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्र के इस्तीफे की चर्चाएं पूरे दिन जोरों पर रहीं। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी। चंपत राय से कई बार संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। कारसेवक पुरम स्थित उनके आवास भरत कुटी पर मौजूद सेवादार सुबोध मिश्रा और अन्य ने इस्तीफे की लगातार आ रही खबरों को पूरी तरह निराधार बताया।
36 ज़िलों में सामान्य से कम बारिश
प्रभात ख़बर के अनुसार बिहार में मॉनसून ने एक बार फिर अपनी असमान चाल से चिंता बढ़ा दी है. एक ओर उत्तर बिहार, तराई और सीमांचल के जिलों में लगातार बारिश से नदियां उफान पर हैं. वहीं, दूसरी ओर दक्षिण और मध्य बिहार के कई जिले अब भी पर्याप्त बारिश का इंतजार कर रहे हैं. मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के आंकड़े बताते हैं कि 26 जून तक बिहार के 36 जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई है. इनमें 18 जिलों में 50% से अधिक बारिश की कमी है. केवल किशनगंज और सुपौल ऐसे जिले हैं, जहां सामान्य से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गयी है. अल नीनो के शुरुआती प्रभाव और मॉनसून की कमजोर गति को इसकी प्रमुख वजह माना जा रहा है.
वेनेजुएला भूकंप में मरने वालों की संख्या 920
प्रभात ख़बर के अनुसार वेनेजुएला में भूकंप के बाद मौत का आंकड़ा 920 पहुंच गया है. प्रभावित इलाकों में रेस्क्यू ऑपरेशन और मलबे हटाने का काम जारी है. 3360 से ज्यादा लोग घायल भी हुए हैं. वेनेजुएला की सरकार ने बताया कि 39 हजार लोग लापता हैं. हताहतों की संख्या बढ़ने की आशंका है. भारत, संयुक्त राष्ट्र, आइएमएफ सहित कई दुनिया भर के देश मदद के लिए आगे आये हैं. भारत ने भी मदद के लिए सैनिकों का दल भेजा है.
15 जुलाई से होगी पेपरलेस रजिस्ट्री
भास्कर के अनुसार बिहार में 15 जुलाई से पेपरलेस रजिस्ट्री शुरू होगी। इसके बाद निबंधन विभाग खरीदार और विक्रेता से कोई ऑफलाइन दस्तावेज नहीं लेगा। आवेदन के समय सभी जानकारी ऑनलाइन देनी होगी। रजिस्ट्री पूरी होने के बाद खरीदार और विक्रेता के मोबाइल पर डीड की पीडीएफ का लिंक भेजा जाएगा। इसे घर बैठे डाउनलोड किया जा सकेगा। मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग ने राज्य के सभी निबंधन कार्यालयों में पेपरलेस रजिस्ट्री का ट्रायल पूरा कर लिया है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद ओरिजनल रजिस्ट्री पेपर का इंतजार भी नहीं करना पड़ेगा। विभाग के अधिकारियों के मुताबिक अब रजिस्ट्री के लिए कातिब से मजमून (विषय) लिखवाने की जरूरत नहीं होगी। जमीन रजिस्ट्री के लिए ऑनलाइन फॉर्म भरते ही मजमून के साथ पीडीएफ तैयार हो जाएगी। खरीदार और विक्रेता की पहचान आधार से होगी।
वेतन के मामले में एलन मस्क के बाद शंख मित्रा
भारतीय मूल के शंख मित्रा ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अमेरिकी हेल्थकेयर रियल एस्टेट कंपनी के सीईओ शंख मित्रा वर्ष 2025 में दुनिया के सबसे अधिक वेतन पाने वाले सीईओ को सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्हें करीब 821 मिलियन डॉलर यानी लगभग 7,000 करोड़ रुपये से अधिक का वेतन पैकेज मिला है। इस सूची में पहले स्थान पर एलन मस्क हैं। उनका यह वेतन दैनिक आधार पर लगभग 21 करोड़ रुपये बैठता है। शंख मित्रा मूल रूप से कोलकाता के रहने वाले हैं उन्होंने जादवपुर विश्वविद्यालय से इंस्ट्रूमेंटेशन एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में स्नातक की पढ़ाई की और बाद में अमेरिका के कोलंबिया बिजनेस स्कूल से एमबीए किया।
इस्लाम धर्म अपनाने वाले ‘पिछड़े वर्ग के मुस्लिम’ होने का नहीं कर सकते दावा
जागरण के अनुसार मद्रास हाई कोर्ट ने एक अहम और दूरगामी प्रभाव वाला फैसला दिया है। कोर्ट ने कहा है कि मतांतरण से आरक्षण नहीं मिलता। इस्लाम अपनाने वाला व्यक्ति केवल मुस्लिम बनता है, उसे किसी विशेष पिछड़े मुस्लिम समुदाय का सदस्य नहीं माना जा सकता। मतांतरण करने मात्र से किसी व्यक्ति को पिछड़ा वर्ग मुस्लिम के तहत आरक्षण का लाभ नहीं मिल सकता। इसके साथ ही हाई कोर्ट ने तमिलनाडु सरकार के नौ मार्च 2024 के सरकारी आदेश को असंवैधानिक करार देते हुए रद कर दिया। इसमें मतांतरण करने वालों को बैकवर्ड क्लास मुस्लिम के रूप में मान्यता देने का प्रविधान किया गया था। यह फैसला भविष्य में इसी तरह के मामलों के लिए एक महत्वपूर्ण मिसाल साबित हो सकता है। देशभर में मतांतरण और आरक्षण की नीति पर नई बहस को भी जन्म दे सकता है। यह महत्वपूर्ण फैसला न्यायमूर्ति जीआर स्वामिनाथन और पीबी बालाजी की पीठ ने 25 जून को दिया।
कुछ और सुर्खियां:
- बिहार में नया बिलिंग सिस्टम लाने के लिए बिजली की ऑनलाइन सर्विस आज रात 8:00 से 24 घंटे के लिए बंद रहेगी
- वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड के खिलाफ पहले टी 20 मैच में नहीं मिला मौका
- आयरलैंड में पहली बार भारत को टी20 मैच में हराया, 183 रनों के लक्ष्य के लिए खेलते हुए भारतीय टीम 148 रन बनाकर ऑल आउट
- फीफा वर्ल्ड कप 2026 में इक्वाडोर ने बड़ा उलटफेर करते हुए जर्मनी को 2-1 से मात दी
- बिहार में शुरू होने जा रहे 211 नए कॉलेजों में शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति का आदेश रद्द
- एनसीईआरटी की नौवीं क्लास की किताब से भारतीय संविधान की प्रस्तावना को हटाया गया
अनछपी: भारत में ड्रग्स के बेरोकटोक इस्तेमाल की वजह से जितने बड़े पैमाने पर तबाही और परेशानी पैदा हुई है उसके मद्देनजर केंद्रीय मंत्री अमित शाह का यह बयान बहुत अहम मान जा सकता है कि अगले तीन साल से भारत से ड्रग्स के कारोबार का खात्मा कर दिया जाएगा। अगर वाकई ऐसा होता है तो यह भारत के भविष्य के लिए बेहद फायदेमंद बात होगी। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मादक पदार्थ नियंत्रण पर विजन डॉक्यूमेंट 2026- 29 पेश करते हुए वादा किया कि नशे के धंधे के पूरे इकोसिस्टम पर ऐसा प्रभाव करेंगे कि वह दोबारा दशकों तक उठ नहीं सकेगा। दिल्ली में नार्को कोऑर्डिनेशन सेंट की दसवीं उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए श्री शाह ने नशे के खिलाफ निर्णायक जंग शुरू करने का ऐलान किया तो इसका स्वागत होना चाहिए। उन्होंने इस मौके पर 3 साल में 100 बड़े मादक पदार्थ का कारोबार करने वाले गिरोहों को खत्म करने का वादा किया। उन्होंने यह भी कहा कि पैसे की लेनदेन का पता लगाने, ड्रग्स के गलत इस्तेमाल पर सख्ती करने और नशा मुक्ति सेवाओं का विस्तार करने जैसी बातों पर अमल किया जाएगा। उन्होंने इस मामले में एक साल बाद समीक्षा की बात भी कही। उम्मीद है कि ड्रग्स के गलत इस्तेमाल पर काबू पाने की इस योजना में राज्य सरकारों से समन्वय की बात भी जरूर होगी। बिहार में भी यह समस्या काफी विकराल होती जा रही है और राज्य सरकार को चाहिए कि केंद्र से इस बारे में सहयोग ले।
59 total views