छ्पी-अनछपी: बिहार में 2.25 लाख करोड़ के इन्वेस्टमेंट का वादा, राजस्थान पंचायत चुनाव में भाजपा चित

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दावा किया है कि बिहार में सवा दो लाख करोड़ रुपए के इन्वेस्टमेंट का प्रस्ताव मिला है। राजस्थान के पंचायत चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को भारी हार का सामना करना पड़ा है। शेयर मार्केट और चढ़ने जबकि सोना और चांदी और गिरने के आसार बन रहे।

और, तेजस्वी ने उठाया सवाल- जो पुल एक साल से चालू, उसका उद्घाटन प्रधानमंत्री मोदी फिर क्यों करने आ रहे?

पहली ख़बर

हिन्दुस्तान के अनुसार बिहार के औद्योगीकरण की दिशा में बड़ी पहल हुई है। शुक्रवार को ऊर्जा समेत अन्य उद्योग में 2.25 लाख करोड़ के निवेश को लेकर करार हुआ। इनमें सर्वाधिक 1.72 लाख करोड़ की परियोजनाएं ऊर्जा क्षेत्र की हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की मौजूदगी में उद्योग और ऊर्जा विभाग तथा विभिन्न कंपनियों के साथ करारनामे का हस्तांतरण किया गया। मुख्यमंत्री ने स्थानीय होटल में आयोजित उद्यमियों से संवाद और एमओयू हस्तांतरण समारोह में कहा कि 2.25 लाख करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव राज्य के प्रति उद्यमियों और निवेशकों के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है। इस दौरान ऊर्जा क्षेत्र की छह महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए। इनमें दो परमाणु ऊर्जा संयंत्र तथा चार पंप्ड स्टोरेज परियोजनाएं शामिल हैं।

30 दिन में मंजूरी नहीं मिली तो खुद पास हो जाएंगे इन्वेस्टमेंट के प्रस्ताव

जागरण के अनुसार प्रदेश में निवेश से जुड़े प्रस्तावों को 30 दिनों के भीतर मंजूरी दी जाएगी। यदि किसी कारणवश तय अवधि में प्रशासनिक निर्णय नहीं हो पाता है, तो 31वें दिन उस प्रस्ताव को स्वतः स्वीकृत मान लिया जाएगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने यह घोषणा शुक्रवार को होटल मौर्य में उद्योग और ऊर्जा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘उद्यमियों से संवाद’ एवं ‘एमओयू एक्सचेंज़’ समारोह में की।

प्रधानमंत्री मोदी आज 34000 करोड़ की योजनाओं का उद्घाटन शिलान्यास करेंगे

एनडीए सरकार के एक साल पूरा होने के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को एक दिवसीय बिहार दौरे पर आ रहे हैं। प्रधानमंत्री वैशाली के जाफरपट्टी से राज्य की 34 हजार करोड़ से अधिक की योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन करेंगे। इससे पहले पीएम साढ़े छह महीने पहले सात मई को पटना के गांधी मैदान में सम्राट मंत्रिमंडल विस्तार में शामिल होने बिहार आए थे। जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री विशेष विमान से लगभग 12 बजे पटना एयरपोर्ट आएंगे। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, पूर्व सीएम नीतीश कुमार सहित एनडीए के अन्य वरिष्ठ नेता और केंद्र व राज्य सरकार के मंत्री उनकी आगवानी करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री हेलिकॉप्टर से राघोपुर पहुंचेंगे। लगभग एक बजे कच्ची दरगाह-बिदुपुर नीतीश सेतु का उद्घाटन करेंगे।

राजस्थान में कांग्रेस ने 16 जिला परिषद जीती, भाजपा 5 पर सिमटी

भास्कर के अनुसार राजस्थान के जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव में कांग्रेस ने सत्तारूढ़ भाजपा को बड़ा झटका दिया है। निगम चुनावों में हार के बाद कांग्रेस ने जोरदार वापसी की और गांवों में सरकार बनाने की स्थिति में आ गई। प्रदेश की 41 जिला परिषदों में से 37 की मतगणना हुई। इनमें कांग्रेस को 16, भाजपा को केवल 5 और आरएलपी को एक में पूर्ण बहुमत मिला। पिछली बार 33 जिला परिषदों में भाजपा के 17, कांग्रेस के 13 और तीन निर्दलीय जिला प्रमुख बने थे। जिला परिषद के 1,275 वाडों में कांग्रेस के 695 और भाजपा के 321 सदस्य जीते। पंचायत समितियों में भी कांग्रेस आगे है। 7,543 वाडों में कांग्रेस के 3,758 और भाजपा के 2,213 सदस्य जीते। रात आठ बजे तक कांग्रेस 265 और भाजपा 77 समितियों में प्रधान बनाने की स्थिति में थीं। आरएलपी के 497 और बीएपी के 278 सदस्य जीते।

शेयर मार्केट चढ़ेंगे, सोना-चांदी का भाव गिरेगा

भास्कर के अनुसार पिछले हफ्ते भारतीय शेयर बाजार में जोरदार तेजी रही। सेंसेक्स 2,300 अंक से ज्यादा चढ़ा। पीएसयू बैंक शेयरों में 6.72% की सबसे बड़ी तेजी आई। मेटल शेयर 2.94% टूटे। बाजार ने 25,500 और 83,000 के अहम स्तर पार किए हैं। जब तक बाजार इन स्तरों से ऊपर है, तेजी संभव है। निफ्टी 26,000 से 26,300 व सेंसेक्स 84,500-85,000 तक जा सकता है। सोना और चांदी दबाव में हैं। फेडरल रिजर्व के सख्त रुख, मजबूत डॉलर और एआई शेयरों की बिकवाली से नकदी की मांग बढ़ी है। इससे सोना-चांदी गिरे। कच्चे तेल में शुरुआती उछाल के बाद नरमी आई। बेंट क्रूड 90 डॉलर के पास और डब्ल्यूटीआई 81 डॉलर के करीब आ गया। वहीं, विदेशी निवेश और मजबूत बाजार से रुपए में तेजी आई।

दिल्ली की समिट में शामिल हुए पाकिस्तान के मंत्री, पीएम मोदी ने किया उद्घाटन

प्रभात ख़बर के अनुसार  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय राजधानी के ऐतिहासिक पुराना किला परिसर में शुक्रवार को पहले तीन दिवसीय शंघाई सहयोग संगठन सभ्यतागत संवाद मंच का उद्घाटन किया. इसमें कई देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए हैं. इनमें पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक भी शामिल हैं. ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार पाकिस्तान का कोई मंत्री भारत आया है. इस मौके पर पीएमम मोदी ने कहा कि जब दुनिया में युद्ध और अशांति पर चर्चा हो रही है, तब भारत में सभ्यताओं के बीच संवाद हो रहा है.

पीयूसीएल के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रभाकर सिन्हा का निधन

हिन्दुस्तान के अनुसार नागरिक आजादी के पहरुआ पीपुल्स यूनियन फॉर सिविल लिबर्टीज (पीयूसीएल) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. प्रभाकर सिन्हा का शुक्रवार की सुबह पटना के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। वे 88 वर्ष के थे। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उन्हें दो दिनों से अस्पताल में वेंटीलेटर पर रखा गया था। उनके निधन से बिहार ही नहीं देश में मानवाधिकार आंदोलन का एक अध्याय समाप्त हो गया। प्रभाकर सिन्हा समाजवादी विचारक सच्चिदानंद सिन्हा के छोटे भाई थे।

तेजस्वी ने पूछा, जो पुल एक साल से चालू, उसका उद्घाटन फिर क्यों करने आ रहे?

जागरण विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लैन पुल के नामकरण एवं प्रस्तावित उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर सरकार पर कटाक्ष किया है। उन्होंने दावा किया कि तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सहमति थी कि इस हम पुल का नामकरण अक्षयवट रोय के नाम पर किया जाए। तेजस्वी ने कहा कि उन्होंने विधानसभा में गैर सरकारी संकल्प के माध्यम से भी यह मांग दोहराई थी। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि अब पुल का नाम एक जीवित व्यक्ति के नाम पर कर दिया गया है, जिनकी राजनीति भाजपा पहले ही समाप्त कर चुकी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित उद्घाटन कार्यक्रम पर भी प्रश्न खड़े किए हैं। कहा कि पुल का उद्‌घाटन पहले हो चुका है। एक वर्ष से इस पर वाहनों का परिचालन भी जारी है। प्रधानमंत्री दूसरी बार उद्घाटन कर अपने नाम का शिलापट्ट लगवाना चाहते हैं। तेजस्वी ने दावा किया कि पुल के निर्णय और निर्माण में केंद्र सरकार का कोई आर्थिक योगदान नहीं रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री पर वैशाली और राघोपुर की ऐतिहासिक धरती पर केवल फोटो खिंचवाने के लिए आने का आरोप लगाते हुए उन्हें फोटोजीवी बताया है।

कुछ और सुर्खियां:

  • बिहार विधान परिषद में भर्ती पर विवाद के बाद अब वहां नियुक्ति बीपीएससी और बीएसइससी से होगी
  • बिहार के इंजीनियरिंग कॉलेजों और पॉलिटेक्निक में 3284 पदों पर भर्ती होगी
  • नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह कल आएंगे भारत, प्रधानमंत्री मोदी से होगी बातचीत
  • बीएससी की 72वीं सिविल सेवा की प्रारंभिक परीक्षा (पीटी) 17 जनवरी को
  • बिहार के 32 स्टेट हाईवे और पुलों पर टोल टैक्स की दर तय, किलोमीटर के हिसाब से अलग-अलग गाड़ियों पर अलग-अलग टैक्स लगेगा

अनछपी: पाकिस्तान के साथ भारत के संबंध लंबे अरसे से खराब चल रहे हैं और यह बात कई बार कही जा चुकी है कि टेरर और टॉक यानी आतंक और बातचीत एक साथ नहीं चल सकती लेकिन 20 नवंबर को पाकिस्तानी मंत्री भारत आए और उनका यह दौर बहुत चर्चा में नहीं रहा। इस बीच भारत की ओर से पाकिस्तान की तरफ जाने वाली नदियों के पानी को रोकने का विवाद भी काफी गहराया। दरअसल पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मूसद्दिक़ मसूद मलिक दिल्ली में आयोजित शंघाई कोऑपरेशन ऑर्गेनाइजेशन (एससीओ) के एक प्रोग्राम में शामिल होने आए थे जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। तीन साल में किसी पाकिस्तानी मंत्री की ये पहली भारत यात्रा है। खबरों में बताया गया है कि मलिक इस प्रोग्राम के दौरान पाकिस्तान में आतंकवादी संगठनों को पनाह देने और आतंकी नेटवर्क के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं होने से जुड़े सवालों का जवाब देने से बचते रहे। उन्होंने पाकिस्तान को पीड़ित दिखाने की कोशिश करते हुए कार्रवाई से बचने के लिए ‘सबूतों’ पर आधारित एक व्यवस्था बनाने की मांग की। उन्होंने माना कि भारत को कई आतंकी हमलों का सामना करना पड़ा है। यह बात सही है कि भारत और पाकिस्तान दोनों जगह आतंकी हमले हुए हैं और बेकसूर लोग मारे गए हैं और इसे रोक जाना सबसे ज्यादा जरूरी काम है। इस मामले में कांग्रेस प्रधानमंत्री मोदी पर हमलावर है क्योंकि उसका कहना है कि जो मंत्री भारत आए थे उन्होंने भारत को धमकी दी थी। समझने की बात यह है कि पाकिस्तानी मंत्री किसी द्विपक्षीय कार्यक्रम में नहीं बल्कि एक अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में शामिल होने भारत आए थे। अब इस मौके का इस्तेमाल सकारात्मक पहल के लिए होना चाहिए।

 65 total views

Share Now

Leave a Reply