बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। पटना के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार ने पारिवारिक कारण बताकर मैदान छोड़ तो पार्टी ने दूसरे को उम्मीदवार खड़ा किया। सरकार के एलान से पता चलता है कि अब 100% शुद्ध पेट्रोल नहीं मिलेगा। अमेरिका के साथ नाजुक दौर में चल रही जंग बंदी के बीच इसराइल ने सोचा छोड़ा है कि ईरान राष्ट्रपति ट्रंप की हत्या करवाना चाहता है। सुप्रीम कोर्ट में एक बेहद शर्मनाक वाक्य में गुस्साए युवक ने मर्यादा तोड़ी।
और, निकाह में मटन की जगह मुर्ग़ा मिला तो लात घूंसे चले।
पहली ख़बर
बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तारीख से ठीक दो दिन पहले भाजपा ने अपने घोषित उम्मीदवार को बदल दिया. पार्टी ने यहां पहले अभिषेक कुमार सिन्हा बंटी को अपना उम्मीदवार बनाया था. अभिषेक ने गुरुवार को नामांकन भी कर दिया था, मगर शुक्रवार को पार्टी ने नये उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर दी. पार्टी ने पटना शहरी क्षेत्र मीठापुर के निवासी 31 वर्षीय नीरज कुमार सिन्हा को नया उम्मीदवार घोषित किया है. 1994 में जन्मे मूल रूप से नालंदा के रहुई ब्लॉक के नीरज सिन्हा स्नातक और अविवाहित हैं. 2006 में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ली थी. वह ‘नरेंद्र भारती मंडल’ के अध्यक्ष हैं. केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद दोपहर में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह के हस्ताक्षर से यह घोषणा की गयी. नीरज सोमवार को अपना पर्चा दाखिल करेंगे.
अभिषेक ने क्यों छोड़ा मैदान?
अभिषेक की नामांकन वापसी पर हिन्दुस्तान ने लिखा है कि शुक्रवार को नाटकीय घटनाक्रम में अभिषेक प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचे और संक्षिप्त प्रेस वार्ता कर चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा की। इसके पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी को लिखे पत्र में पारिवारिक कारणों से चुनाव नहीं लड़ने की बात कही। हालांकि, बताया जाता है कि चारा घोटाले में पिता रवीन्द्र प्रसाद और मां चंचला सिन्हा के नाम शामिल होने से उन्हें उम्मीदवारी गंवानी पड़ी।
100% शुद्ध पेट्रोल पेट्रोल नहीं मिलेगा
जागरण के अनुसार देशभर से सैकड़ों वाहन चालकों की तरफ से गुणवत्ता को लेकर शिकायत करने के बावजूद केंद्र सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि वह ई-20 ईंधन (20 प्रतिशत एथनाल मिश्रित पेट्रोल) बेचने के फैसले को वापस लेने नहीं जा रही है। परोक्ष रूप से यह इस बात का स्पष्ट संदेश है कि शुद्ध पेट्रोल या ई-10 पर लौटना अब संभव नहीं है। सरकार का कहना है कि पिछले कई वर्षों में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों ने एथनाल उत्पादन एवं संबंधित बुनियादी ढांचे में लगभग एक लाख करोड़ रुपये प्रतिवर्ष का निवेश किया है। इसके तहत समर्पित पक्षनाल संयंत्र, डिस्टिलरी, भंडारण सुविधाएं और लाजिस्टिक्स नेटवर्क बनाए गए हैं। हालांकि सरकार माना है कि ई-20 ईंधन से वाहनों का माइलेज पांच प्रतिशत तक घट जाता है।
सुप्रीम कोर्ट में गुस्साए युवक ने मर्यादा तोड़ी
हिन्दुस्तान के अनुसार । देश की आला अदालत में शुक्रवार को अपने मामले की खुद पैरवी कर रहे एक युवक ने मर्यादा तोड़ दी। प्रबल प्रताप नामक युवक ने शीर्ष अदालत में न सिर्फ अभद्र व्यवहार किया बल्कि देश के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) के लिए भी असंसदीय भाषा का इस्तेमाल किया। हालांकि, इस वाकये के तुरंत बाद, अदालत में मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उसे बाहर निकाल दिया। जस्टिस के.वी. विश्वनाथन और आलोक अराधे की पीठ के समक्ष इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ अपील पर सुनवाई हो रही थी। अपीलकर्ता युवक प्रबल प्रताप अपने मामले में खुद दलील पेश कर रहा था। सुनवाई शुरू होते ही याचिकाकर्ता ने असामान्य रूप से आक्रामक रुख अपनाते हुए आपा खो दिया। काले कोट में कोर्ट में उपस्थित प्रबल ने पीठ से कहा कि ‘न्यायिक सेवक महोदय, मैं आपको आदेश देता हूं कि आप लखनऊ के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दें। इसके अलावा, देशभर में साइबर ठगों के खिलाफ मामलों में भी कार्रवाई करने का आदेश देने की मांग की। इस पर जस्टिस विश्वनाथन ने हैरानी जताते हुए कहा कि ‘आप हमें आदेश दे रहे हैं? फिर प्रबल प्रताप ने अपने मामले की फाइल से कागजात निकालकर हवा में उछाले और खुली अदालत में असंसदीय शब्दों का इस्तेमाल किया। इससे खलबली मच गई। वहां मौजूद सुरक्षाकर्मी तुरंत हरकत में आए और उसे बाहर कर दिया। इस दौरान उसने सीजेआई सूर्यकांत के लिए भी अपात्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया।
पूर्व विधायक सुनील पांडेय मर्डर के आरोप से बरी
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से हिन्दुस्तान की ख़बर है कि अष्टभुजा पहाड़ी पर वर्ष 2010 में हुई बक्सर निवासी कन्हैया की हत्या में एमपी-एमएलए कोर्ट ने बिहार के पूर्व विधायक सुनील पांडेय समेत आठ आरोपियों को बरी कर दिया है। एमपी-एमएलए कोर्ट ने अभियोजन पक्ष की ओर से आरोप संदेह से परे सिद्ध न कर पाने पर सभी आरोपितों को संदेह का लाभ देते हुए दोषमुक्त करने का फैसला सुनाया। अष्टभुजा वाहन स्टैंड के पास 2010 में कन्हैया प्रसाद को कुछ लोगों ने गोली मार दी थी। बिहार के बक्सर जिले के ब्रह्मपुर निवासी कन्हैया को गंभीर हालत में पहले जिला अस्पताल लाया गया। चिकित्सकों ने उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया, जहां विधायक सुनील पांडेय उर्फ नरेंद्र पांडेय उनकी मौत हो गई थी। बिहार के पूर्व समेत सभी आठ लोगों को आरोपी बनाया गया था। मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने न्यायालय में 17 गवाहों के बयान दर्ज कराए।
3035 फर्जी शिक्षक बर्खास्त, वसूले जाएंगे वेतन के 1400 करोड़
भास्कर के अनुसार बिहार के शिक्षा विभाग ने भ्रष्टाचार के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने जाली दस्तावेजों के आधार पर नौकरी कर रहे 3035 शिक्षकों को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। गफार अब इन शिक्षकों से वेतन के में दी गई 1400 करोड़ रुपए की भारी-भरकम राशि वसूलेगी। यह वसूली साधारण नहीं बल्कि ब्याज सहित की जाएगी। इन शिक्षकों ने सिस्टम में सेंध लगाने के लिए फर्जी जाति, आधार, उम्र और दिव्यांगता प्रमाणपत्रों का सहारा लिया था। कई शिक्षकों के सीटीईटी और टीईटी प्रमाणपत्र भी जांच में फर्जी पाए गए। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने पुष्टि की है कि बर्खास्तगी के साथ-साथ इन सभी पर कानूनी कार्रवाई मुकदमा दर्ज करने की तैयारी है।
इसराइल का शोशा- ट्रंप की हत्या करवाना चाहता है ईरान
हिन्दुस्तान के अनुसार इसराइल ने इस सप्ताह अमेरिका के साथ ऐसी नई और खुफिया जानकारी साझा की है, जिसमें ईरान पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया गया है। अमेरिकी मीडिया की रिपोर्टों में यह दावा किया गया है। सीएनएन ने सूत्रों के हवाले से बताया कि अमेरिकी एजेंसियां लंबे समय से ट्रंप की हत्या की संभावित योजनाओं से जुड़ी खुफिया सूचनाओं पर नजर रखे हुए थीं, लेकिन इसरायल की ओर से मिली यह जानकारी नई थी और कथित तौर पर एक विशेष साजिश से संबंधित थी। वहीं, द वॉल स्ट्रीट जर्नल ने भी सूत्रों के हवाले से इसे ट्रंप के खिलाफ नई साजिश बताया। ईरान लंबे समय से ट्रंप के खिलाफ कार्रवाई की धमकी देता रहा है।
निकाह में मटन की जगह मुर्ग़ा मिला तो लात घूंसे चले
सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा) से जागरण की ख़बर है कि महिषी प्रखंड के राजनपुर गांव में गुरुवार को एक निकाह समारोह के दौरान खाने के मेन्यू को लेकर हिंसक झड़प हो गई। विवाद तब शुरू हुआ जब शादी के भोज में कथित तौर पर खस्सी (मटन) की जगह मुर्गा (चिकन) परोसा गया। इस पर बराती और सराती आमने-सामने आ गए और कहासुनी देखते-देखते मारपीट में बदल गई। दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे, कुर्सियां और लाठी-डंडे चले। जानकारी के अनुसार, नगर परिषद सिमरी बख्तियारपुर के वाई संख्या-12 बलुआपार निवासी मु अनवर के पुत्र मु. अब्दुल्ला उर्फ चांद का निकाह महिषी प्रखंड के राजनपुर निवासी मु. जाविद उर्फ मोटो की पुत्री के साथ तय था। गुरुवार की दोपहर करीब तीन बजे निकाह की रस्में संपन्न हुई। इसके बाद बरातियों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई जिसमें मटन-चिकन का झगड़ा हो गया।
कुछ और सुर्खियां:
- वर्ल्ड कप फुटबॉल में मोरक्को को 2-0 से हराकर सेमी फाइनल में पहुंच फ्रांस
- पटना के अनुग्रह नारायण सामाजिक अध्ययन संस्थान को बनाया जाएगा विश्वविद्यालय
- ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस के 12 और बैंक खाते फ्रीज, 1000 करोड़ रुपए से अधिक की राशि पर रोक
- बीपीएससी की 72वीं संयुक्त प्रारंभिक परीक्षा- पीटी 26 जुलाई को
- पटना हाई कोर्ट की चीफ जस्टिस मीनाक्षी मदन राय के रिटायर होने से सबसे सीनियर जज सुधीर सिंह को एक्टिंग चीफ जस्टिस बनाया गया
अनछपी: हमारे समाज में दूसरे धर्म की ‘भाभी’ लाने का मानसिक रोग धीरे-धीरे भयानक रूप लेता जा रहा है। पढ़े-लिखे लोगों ने कम पढ़े-लिखे लोगों का ऐसा गिरोह बना लिया है जिसे इस बात में बहुत आनंद आता है कि उसने दूसरे धर्म की लड़की को भाभी बना लिया।
पिछले दिनों नवादा में इस मानसिक रोग ने एक और भयंकर रूप तब ले लिया जब एक ही समुदाय के युवक और युवती की जबरदस्ती ‘शादी’ करवाई गई, लड़के से लड़की के मांग में सिंदूर भरवारा गया और यह दावा किया गया कि यह लड़की मुस्लिम है और सिंदूर डालने वाला लड़का हिंदू है। यही नहीं इसका एक वीडियो एक गाने के साथ वायरल किया गया जिसमें बाइक चला रहे युवक के पीछे एक ऐसी युवती नजर आ रही है जिसने काली चादर ओढ़ रखी है। पुलिस आमतौर पर ऐसे मामलों में लापरवाही बरती है लेकिन इस मामले में नवादा पुलिस की तारीफ की जानी चाहिए क्योंकि उसने इस कांड की तस्वीर में मेहनत लगाई और ईमानदारी के साथ लोगों को बताया कि दरअसल यह कोई हिंदू मुस्लिम का मामला नहीं है बल्कि दोनों युवक युवती मुस्लिम समुदाय के ही हैं। पुलिस ने अपनी तफ्तीश बढ़ाते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार किया जिनमें एक गोविंदपुर प्रखंड के थाली बाजार के शिवनंदन लाल हलवाई का बेटा धर्मेंद्र कुमार और माधोपुर गांव के कृष्ण चौधरी उर्फ नेपाली चौधरी का बेटा बहादुर चौधरी है। इस मामले में कुल 15 लोगों को नामजद किया गया है उम्मीद है कि पुलिस बाकी बदमाशों की भी गिरफ्तारी जल्द कर लेगी।
खबरों में बताया गया है कि लड़की अपने फुफेरे भाई के साथ गोविंदपुर के स्कूल से परीक्षा देकर लौट रही थी और धूप की वजह से दोनों किसी पेड़ के पास बैठकर पानी पी रहे थे। इसी दौरान यह सभी बदमाश उनके पास पहुंचे और यह समझकर कि लड़का हिंदू है और लड़की मुस्लिम है, मांग भरवाने की बीमार मानसिकता का प्रदर्शन किया।
इस बीमार मानसिकता का इलाज करने के लिए ठोस कदम उठाया जाना जरूरी है ताकि समाज को बेमतलब की बहस और झगड़े में नहीं डाला जाए। सबसे जरूरी बात यह है कि इस मामले में जिन बदमाशों की भी गिरफ्तारी हो उन्हें कठोर से कठोर सजा दिलाने में पुलिस कोई कोर कसर न छोड़े और अगर ऐसा कुछ होता है तो समाज उस पर अपनी नजर बनाए रखे।
162 total views